SAGAR : सिटी बस सेवा चालू, ई-बस सेवा की तैयारी : सागर झील में म्यूजिकल फाउंटेन संचालन में तकनीकी अड़चन: सप्लायर को नोटिस
▪️विधानसभा में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने विधायक जैन को दी जानकारी
तीनबत्ती न्यूज: 31 जुलाई ,2025
सागर। नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय ने विधानसभा में विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन के प्रश्न का उत्तर देते हुए कहा कि सागर नगर में सिटी बस सेवा का संचालन 20 अक्टूबर 2022 से शुरू किया गया था। इस सेवा के लिए 26 बसों का प्रावधान किया गया था और वर्तमान में अनुबंध के अनुसार बसों का संचालन किया जा रहा है।
अनुबंधानुसार बस सेवा चालू, लेकिन चुनौतियाँ बरकरार
मंत्री ने बताया कि फिलहाल बसों का संचालन नियत अनुबंध के अनुसार हो रहा है, लेकिन संचालन की भरपाई संबंधी कुछ आर्थिक समस्याएँ सामने आई हैं। इसके समाधान हेतु सागर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेस लिमिटेड के बोर्ड में निर्णय लिया जाएगा, जिसके बाद सेवा को पूर्णतः विधिवत एवं सुचारु रूप से संचालित करने के प्रयास किए जाएंगे। हालांकि, इसके लिए कोई निश्चित समय-सीमा बताना संभव नहीं है। मंत्री ने बताया कि द्वितीय चरण के अंतर्गत 14 अंतर्शहरी ई-बसों को स्वीकृति दी गई है। इन बसों के लिए निविदा प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है, और अब अनुबंध निष्पादन के उपरांत ई-बस सेवा प्रारंभ की जाएगी।
लाखा बंजारा झील का उन्नयन पूर्ण: म्यूजिकल फाउंटेन संचालन में तकनीकी अड़चन
शहर की ऐतिहासिक लाखा बंजारा झील के उन्नयन एवं सौन्दर्यीकरण कार्य अब पूर्ण हो चुका है। यह जानकारी नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन द्वारा पूछे गए प्रश्न के उत्तर में विधानसभा में दी। मंत्री ने बताया कि स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत झील के उन्नयन और सौंदर्यीकरण के लिए 95.93 करोड़ रुपये (GST रहित) की राशि स्वीकृत थी। समस्त कार्य 24 दिसंबर 2024 को पूर्ण कर लिए गए हैं।
म्यूजिकल फाउंटेन संचालन में दिक्कत
प्रश्न के उत्तर में मंत्री ने स्वीकार किया कि पर्यटन और मनोरंजन की दृष्टि से झील में म्यूजिकल फाउंटेन लगाने का प्रावधान था, जिसे स्थापित कर दिया गया है, लेकिन वर्तमान में तकनीकी समस्याओं के कारण इसका संचालन बाधित है। मंत्री ने बताया कि सप्लायर एजेंसी को नोटिस जारी किया गया है तथा संचालन की समस्या की जांच के लिए विशेष तकनीकी समिति का गठन किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि तकनीकी अड़चनों को दूर करने की प्रक्रिया जारी है।









0 comments:
एक टिप्पणी भेजें