Sagar Crime : पुलिस ने किया लाखों की चोरी का खुलासा: बेटे ने ही घर से उड़ाए थे जेवर और नगदी
तीनबत्ती न्यूज: 31 मई,2026
सागर। देवरी थाना पुलिस ने एक सनसनीखेज चोरी का खुलासा करते हुए लाखों रुपए के जेवर और नगदी बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हैरानी की बात यह रही कि चोरी किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि परिवार के ही सदस्य ने की थी। आरोपी ने लालच में आकर अपने ही घर को निशाना बनाया।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा एवं एसडीओपी रहली प्रकाश मिश्रा के मार्गदर्शन में देवरी पुलिस ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार बाजार वार्ड निवासी एक महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 18 मई 2026 को वह अपने पति परसोत्तम रैकवार को इलाज के लिए सागर लेकर गई थीं। घर में ताला लगाकर उसकी चाबी बाथरूम में रखे ब्रश के डिब्बे में रखी थी, जिसकी जानकारी परिवार के सदस्यों को थी। अगले दिन उनके भाई ने सूचना दी कि मकान के दरवाजे खुले हैं और घर का सामान बिखरा पड़ा है।
घर पहुंचकर महिला ने देखा कि ताले गायब हैं और घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण तथा एक लाख रुपए नगद चोरी हो चुके हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
बेटा ही निकला चोर
तकनीकी साक्ष्यों और गहन पूछताछ के दौरान पुलिस का संदेह शुभम रैकवार पर गया। पूछताछ में वह बार-बार बयान बदलता रहा, लेकिन पुलिस की सघन विवेचना के सामने आखिरकार टूट गया और चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
आरोपी ने बताया कि उसे घर में रखे जेवर और नगदी की पूरी जानकारी थी। इसी लालच में उसने चोरी की योजना बनाकर घटना को अंजाम दिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गया पूरा माल बरामद कर लिया।
बरामद मशरूका में सोने का हार, पांचाली, चार चूड़ियां, दो जोड़ी झुमकी, तीन अंगूठियां, चांदी की करधनी, बड़ी पायल, तीन जोड़ी पायल, तीन जोड़ी बिछिया तथा ₹1 लाख नगद शामिल हैं। बरामद संपत्ति की कुल कीमत लगभग ₹7 लाख 57 हजार 500 आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी शुभम रैकवार (27 वर्ष) निवासी बाजार वार्ड देवरी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
देवरी पुलिस की इस कार्रवाई से न केवल लाखों रुपए की चोरी गई संपत्ति बरामद हुई, बल्कि यह भी साबित हुआ कि अपराधी चाहे कितना भी करीबी क्यों न हो, कानून की पकड़ से बच नहीं सकता। थाना प्रभारी हरिराम मानकर एवं उनकी टीम की सतर्कता और सूक्ष्म विवेचना की क्षेत्र में सराहना हो रही है।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें