आस्था, स्वास्थ्य और शिक्षा को मिली नई सौगात: विधायक प्रदीप लारिया ने 1.71 करोड़ के विकास कार्यों का किया शुभारंभ
तीनबत्ती न्यूज: 01 जून,2026
सागर । नरयावली विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति देते हुए विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने सोमवार को जरुआखेड़ा में लगभग 1 करोड़ 71 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत विभिन्न जनहितकारी परियोजनाओं का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इस दौरान स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक अधोसंरचना से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों की शुरुआत की गई।
विधायक लारिया ने 93 लाख रुपये की लागत से बनने वाले नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन, 50 लाख रुपये की लागत से निर्मित मंगल भवन तथा 28 लाख रुपये की लागत से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की बाउंड्री वॉल निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, सामाजिक गतिविधियों के लिए सुविधाजनक भवन तथा विद्यार्थियों को सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा।
कार्यक्रम प्रदेश एवं बुंदेलखंड के प्रसिद्ध आस्था केंद्र ठाकुर बाबा सिद्ध स्थल पर आयोजित किया गया, जहां विकास और जनआस्था का अनूठा संगम देखने को मिला। बड़ी संख्या में उपस्थित क्षेत्रवासियों ने इन विकास कार्यों को नरयावली विधानसभा के निरंतर प्रगति पथ पर अग्रसर होने का प्रमाण बताया।
इस अवसर पर विधायक प्रदीप लारिया ने कहा कि विकास का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि आमजन के जीवन स्तर को बेहतर बनाना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क और सामाजिक अधोसंरचना के क्षेत्र में उनकी प्रतिबद्धता लगातार जारी रहेगी और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि नरयावली विधानसभा में पिछले वर्षों में हुए विकास कार्यों ने नई संभावनाओं के द्वार खोले हैं और आने वाले समय में भी क्षेत्र को विकास के नए आयामों तक पहुंचाने का कार्य जारी रहेगा।
कार्यक्रम में गुलाब सिंह राजपूत सहित जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, मातृशक्ति एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने विकास कार्यों के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
-------------
---------
एडिटर : विनोद आर्य
________
---------------











0 comments:
एक टिप्पणी भेजें