स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर सख्त हुए सागर कमिश्नर, दमोह-पन्ना के सीएमएचओ को नोटिस
▪️चाइल्ड डेथ रिव्यूह में उदासीनता बरतने पर संभाग के सभी BMO को नोटिस
तीनबत्ती न्यूज: 01 जून 2026
सागर: सागर संभाग के कमिश्नर अनिल सुचारी ने स्वास्थ्य सेवाओं के बेहतर क्रियान्वयन को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा आमजन के लिए संचालित स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए और इसके लिए सभी चिकित्सा अधिकारी, चिकित्सक एवं मैदानी कर्मचारी संवेदनशीलता और सेवा भाव के साथ कार्य करें।
गर्भवती महिलाओं के पंजीयन पर जताई नाराजगी
स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा श्रम विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक में कमिश्नर ने संभाग के सभी जिलों में गर्भवती महिलाओं के पंजीयन की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने पाया कि अधिकांश जिलों में पंजीयन की स्थिति संतोषजनक नहीं है। इस पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों को मैदानी अमले की सक्रियता बढ़ाने तथा नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए।
दमोह और पन्ना के सीएमएचओ को नोटिस जारी करने के निर्देश
बैठक में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर कमिश्नर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी दमोह और पन्ना को नोटिस जारी कर कार्रवाई करने के निर्देश संयुक्त संचालक स्वास्थ्य सेवाएं को दिए। वहीं चाइल्ड डेथ रिव्यू और स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में उदासीनता बरतने पर संभाग के सभी खंड चिकित्सा अधिकारियों के खिलाफ भी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
रोगी कल्याण समितियों की नियमित बैठकें कराने पर जोर
कमिश्नर ने कहा कि सभी अस्पतालों में रोगी कल्याण समितियों की बैठकें नियमित रूप से आयोजित की जाएं और उनमें लिए गए निर्णयों का प्रभावी क्रियान्वयन भी सुनिश्चित किया जाए।
एनीमिया पीड़ित महिलाओं की स्क्रीनिंग और उपचार के निर्देश
बैठक में गंभीर एनीमिया से पीड़ित महिलाओं की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कमिश्नर ने उनकी नियमित मॉनिटरिंग और समुचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पन्ना और निवाड़ी जिलों में एनीमिक महिलाओं की पर्याप्त स्क्रीनिंग नहीं होने पर संबंधित कलेक्टरों से चर्चा कर स्क्रीनिंग अभियान तेज करने को कहा गया।
सागर में बन रहे कैंसर अस्पताल की ली जानकारी
कमिश्नर ने बुंदेलखंड चिकित्सा महाविद्यालय में निर्माणाधीन कैंसर अस्पताल की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. पी.एस. ठाकुर ने बताया कि कैंसर अस्पताल के निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है। साथ ही मेनपानी में स्नातकोत्तर विद्यार्थियों के लिए छात्रावास निर्माण की जानकारी भी दी गई।
श्रम विभाग की समीक्षा के दौरान कमिश्नर ने श्रमिकों का अधिक से अधिक पंजीयन कराने और उन्हें विभागीय योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने संबल योजना, अत्युष्टि सहायता योजना, साइकिल अनुदान योजना और ई-स्कूटर योजना की प्रगति की भी समीक्षा की।
महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने सभी जिलों में जिला पोषण समिति की नियमित बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही मातृ वंदना योजना की जिलेवार प्रगति की भी समीक्षा की गई।
ये रहे मौजूद
बैठक में बुंदेलखंड चिकित्सा महाविद्यालय के डीन डॉ. पी.एस. ठाकुर, संयुक्त संचालक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. नीना गिडियन, संयुक्त आयुक्त विकास श्री राकेश शुक्ला, संयुक्त संचालक महिला एवं बाल विकास श्री बी.एल. प्रजापति सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
-------------
---------
एडिटर : विनोद आर्य
________
---------------









0 comments:
एक टिप्पणी भेजें