रजनीश अग्रवाल सागर के पहले नेता जो राज्यसभा में जायेंगे: भाजपा ने रजनीश अग्रवाल को बनाया राज्यसभा उम्मीदवार
▪️सागर जिले के मंडी बामोरा से रखते हैं संबंध
तीनबत्ती न्यूज: 04 जून,2026
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी ने राज्यसभा चुनाव 2026 और ओडिशा में होने वाले राज्यसभा उपचुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति द्वारा जारी सूची में मध्य प्रदेश की दो सीटों के लिए वरिष्ठ नेता तरुण चुग और भाजपा प्रदेश सचिव रजनीश अग्रवाल को उम्मीदवार बनाया गया है। नामों की घोषणा के साथ ही प्रदेश की राजनीति में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। रजनीश अग्रवाल कुशल संगठक के रूप में जाने जाते है। बुंदेलखंड और सागर जिले के राजनीतिक इतिहास में राज्यसभा में पहुंचने वाले पहले नेता रजनीश अग्रवाल होंगे। अभी तक किसी राज्यसभा में कोई जनप्रतिनिधि इस अंचल से नहीं पहुंचा।
----------------
यह ही पढ़े:
भाजपा ने रजनीश अग्रवाल को बनाया राज्यसभा उम्मीदवार : सागर का बढ़ा कद
------+-------
सागर जिले से सीधा नाता
रजनीश अग्रवाल मूल रूप से सागर जिले के मंडी बामोरा के निवासी हैं। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से की थी और लंबे समय से भाजपा संगठन में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। वर्तमान में वे मध्य प्रदेश भाजपा के प्रदेश सचिव हैं तथा इससे पहले पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं।
संगठन में रजनीश अग्रवाल को बूथ प्रबंधन और चुनावी रणनीति का विशेषज्ञ माना जाता है। भाजपा के विभिन्न चुनाव अभियानों में उन्होंने संगठनात्मक स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली हैं। कार्यकर्ताओं के बीच मजबूत नेटवर्क और चुनावी प्रबंधन की क्षमता के कारण वे पार्टी के भरोसेमंद संगठनात्मक नेताओं में गिने जाते हैं।
भाजपा का बड़ा संदेश
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि संगठन में लंबे अनुभव और चुनावी प्रबंधन में दक्षता को देखते हुए भाजपा ने उन्हें राज्यसभा के लिए उम्मीदवार बनाकर संगठन को मजबूत संदेश दिया है। राजनीतिक हलकों में कई नाम गूंज रहे थे।
उल्लेखनीय है कि 12 राज्यों की 26 राज्यसभा सीटों के लिए 18 जून को मतदान होना है, जिनमें मध्य प्रदेश की तीन सीटें भी शामिल हैं। भाजपा द्वारा रजनीश अग्रवाल को उम्मीदवार बनाए जाने से सागर जिले सहित पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।
ऐसे है रजनीश
प्रदेश मंत्री और बूथ प्रबंधन प्रभारी हैं रजनीश : रजनीश अग्रवाल भाजपा मध्यप्रदेश के प्रदेश मंत्री और बूथ प्रबंधन प्रभारी हैं। उनका जन्म 2 अप्रैल 1976 को हुआ।
इलेक्ट्रॉनिक विज्ञान में स्नातक और डॉ हरिसिंह गौर विवि सागर से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर किया है।
बचपन से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े रहे हैं। 1990 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से सक्रिय राजनीति में आए। ABVP में नगर संयोजक, विश्वविद्यालय प्रमुख, जिला दायित्व और प्रदेश कार्यालय मंत्री जैसी जिम्मेदारियां संभालीं।2005 से भाजपा में सक्रिय संगठनात्मक भूमिका निभा रहे हैं।भारतीय जनता युवा मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यसमिति के सदस्य भी रहे।
2021 से भाजपा प्रदेश मंत्री और बूथ प्रबंधन प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। 2023 विधानसभा चुनाव में बूथ प्रबंधन प्रभारी के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।कई चुनावी अभियान, यात्राओं और संगठनात्मक कार्यक्रमों के संचालन से जुड़े रहे हैं।
सागर जिले को मिला सम्मान, राज्यसभा प्रत्याशी बने रजनीश अग्रवाल — भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने दी बधाई
भारतीय जनता पार्टी द्वारा राज्यसभा चुनाव के लिए गुरुवार को उम्मीदवारों की सूची जारी की गई, जिसमें मध्यप्रदेश से पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव श्री तरुण चुग एवं भाजपा प्रदेश मंत्री तथा सागर जिले के मंडी बामोरा निवासी श्री रजनीश अग्रवाल को प्रत्याशी बनाया गया है। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने नेता द्वय को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
जिलाध्यक्ष श्री तिवारी ने श्री रजनीश अग्रवाल को राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि मंडी बामोरा जैसी सामान्य पृष्ठभूमि से निकलकर संगठन में वर्षों तक निष्ठा, समर्पण एवं कार्यकर्ता भावना के साथ कार्य करने वाले श्री रजनीश अग्रवाल को पार्टी नेतृत्व द्वारा राज्यसभा प्रत्याशी बनाया जाना सागर जिले के लिए गौरव एवं सम्मान का विषय है। यह कार्यकर्ता आधारित राजनीति तथा संगठन की मजबूत कार्यसंस्कृति का उत्कृष्ट उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ही ऐसा राजनीतिक संगठन है, जहां एक साधारण कार्यकर्ता भी अपनी मेहनत, निष्ठा एवं प्रतिबद्धता के बल पर सर्वोच्च दायित्व तक पहुंच सकता है। श्री अग्रवाल को मिली यह जिम्मेदारी लाखों कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
जिलाध्यक्ष श्री श्याम तिवारी ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन,मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खंडेलवाल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी नेतृत्व ने सागर जिले के कार्यकर्ता को इतना महत्वपूर्ण दायित्व देकर जिले का मान बढ़ाया है। उन्होंने राज्यसभा के लिए घोषित अन्य सभी प्रत्याशियों को भी शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
------------
---------
एडिटर : विनोद आर्य
________
---------------











0 comments:
एक टिप्पणी भेजें