डायल-112 की तत्परता से टली संभावित अनहोनी, रात 3 बजे सुनसान सड़क पर मिली नाबालिग बालिका को सुरक्षित परिजनों से मिलाया
तीनबत्ती न्यूज: 19 जुलाई, 2026
सागर। सागर पुलिस की सतर्कता और डायल-112 की त्वरित कार्रवाई से एक संभावित अनहोनी टल गई। खुरई क्षेत्र में रात करीब 3 बजे सुनसान सड़क पर अकेली घूम रही 14-15 वर्षीय नाबालिग बालिका को एफआरवी टीम ने सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचाया। बेटी के सकुशल मिलने पर परिजनों ने सागर पुलिस, डायल-112 और एफआरवी टीम का आभार व्यक्त किया।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देश पर जिले में बच्चों से संबंधित प्रत्येक सूचना पर सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 18 जुलाई की रात 3:01 बजे डायल-112 के राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम भोपाल से सूचना मिली कि खुरई क्षेत्र के निर्तला पेट्रोल पंप के पास एक नाबालिग बालिका अकेली घूम रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम सागर ने एफआरवी-27 खुरई को मौके पर रवाना किया। टीम ने पहुंचकर बालिका से संवेदनशीलता के साथ बातचीत की और उसके परिजनों की जानकारी जुटाई। इसके बाद उसके पिता और भाई से संपर्क कर बालिका को सुरक्षित उसके गांव वेरखेड़ी पहुंचाकर सुपुर्द कर दिया।
पुलिस के अनुसार रात के समय सुनसान सड़क पर अकेली नाबालिग बालिका का होना किसी भी संभावित अपराध, दुर्घटना या अप्रिय घटना का कारण बन सकता था। समय पर एक जागरूक नागरिक द्वारा डायल-112 पर सूचना देना और पुलिस की त्वरित कार्रवाई संभावित अनहोनी को टालने में निर्णायक साबित हुई।
इस कार्रवाई में एफआरवी-27 खुरई के आरक्षक संजय कुमार और पायलट शिव कुमार दांगी की तत्परता एवं मानवीय संवेदनशीलता सराहनीय रही। पुलिस कंट्रोल रूम सागर ने भी सूचना मिलते ही प्रभावी समन्वय स्थापित कर कार्रवाई सुनिश्चित की
सागर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई बच्चा या बच्ची असहाय, भटका हुआ या संदिग्ध परिस्थितियों में दिखाई दे तो तत्काल डायल-112 पर सूचना दें। आपकी एक सूचना किसी मासूम की जिंदगी बचाने और संभावित अपराध को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें