Editor: Vinod Arya | 94244 37885

अवैध शराब पर हाई अलर्ट मोड में कार्रवाई के निर्देश: सभी शराब दुकानों पर दो दिन में लगेंगे CCTV कैमरे • संभाग कमिश्नर दिलीप कुमार और आईजी इरशाद वली ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, संदिग्ध गांवों में सप्ताह में दो बार होगी जांच

अवैध शराब पर हाई अलर्ट मोड में कार्रवाई के निर्देश: सभी शराब दुकानों पर दो दिन में लगेंगे CCTV कैमरे

• संभाग कमिश्नर दिलीप कुमार और आईजी इरशाद वली ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, संदिग्ध गांवों में सप्ताह में दो बार होगी जांच


तीनबत्ती न्यूज :12 नवंबर, 2026

सागर।  सागर जिले में शराब से हुई मौतों के बाद संभाग में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए प्रशासन और पुलिस ने निगरानी बढ़ाने की तैयारी की है। संभाग कमिश्नर दिलीप कुमार एवं आईजी इरशाद वली ने आबकारी विभाग के अधिकारियों को अवैध मदिरा से जुड़ी गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

संभाग कमिश्नर दिलीप कुमार ने कहा कि आबकारी विभाग के सभी अधिकारी हाई अलर्ट मोड में रहकर सतर्कता के साथ काम करें। अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और भंडारण के लिए जिम्मेदार लोगों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि संभाग में शराब से संबंधित कोई अप्रिय घटना नहीं होनी चाहिए। ऐसी किसी घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और पुलिस तत्काल कार्रवाई करें।

दो दिन में सभी शराब दुकानों पर लगेंगे CCTV कैमरे

कमिश्नर ने आगामी दो दिनों के भीतर संभाग के सभी जिलों की शराब दुकानों पर CCTV कैमरे लगवाने के निर्देश दिए। दुकानों के पिछले हिस्से और आसपास के क्षेत्रों में भी पर्याप्त कैमरे लगाने को कहा गया है, ताकि अवैध गतिविधियों पर निगरानी रखी जा सके।

उन्होंने अवैध शराब निर्माण और बिक्री के संदिग्ध गांवों में सप्ताह में दो बार निरीक्षण करने तथा कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही अवैध शराब बनाने, बेचने और भंडारण के संभावित स्थानों को चिह्नित कर लगातार निगरानी रखने को कहा। सभी जिलों में संयुक्त टीमें गठित कर उन्हें फील्ड में कार्रवाई के लिए भेजने के निर्देश भी दिए गए।



थिनर और एथेनॉल की उपलब्धता वाले क्षेत्रों पर भी नजर

कमिश्नर ने थिनर एवं एथेनॉल की उपलब्धता वाले औद्योगिक क्षेत्रों और प्रतिष्ठानों पर विशेष निगरानी रखने को कहा। सिंथेटिक एवं अन्य प्रकार की अवैध मदिरा से जुड़ी गतिविधियों पर भी नजर रखने के निर्देश दिए गए। इस काम में खाद्य सुरक्षा और पुलिस विभाग के अधिकारियों को भी संयुक्त निगरानी एवं कार्रवाई में शामिल किया जाएगा।

लंबित प्रकरणों और आबकारी राजस्व की भी समीक्षा

बैठक में आबकारी विभाग के लंबित विभागीय एवं न्यायालयीन प्रकरणों की समीक्षा की गई। कमिश्नर ने कलेक्टर स्तर पर लंबित मामलों, न्यायालय में विचाराधीन प्रकरणों और आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज मामलों की जानकारी लेकर समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा आबकारी राजस्व की पुरानी बकाया राशि की स्थिति की समीक्षा की गई। सीएम हेल्पलाइन में 100 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण कर पेंडेंसी समाप्त करने को कहा गया।

बैठक में सहायक आबकारी आयुक्त श्रीमती वंदना पांडे, एडिशनल एसपी जयवीर सिंह भदौरिया, संभागीय आबकारी विभाग एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Share:

सागर जिले की प्रारूप मतदाता सूची जारी, 17.06 लाख मतदाता दर्ज; 11 दिसंबर तक जुड़वा सकेंगे नाम • जिले के 2,213 मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची का प्रकाशन, 13,393 नए युवा मतदाता शामिल; 4 जनवरी 2027 को जारी होगी अंतिम सूची

सागर जिले की प्रारूप मतदाता सूची जारी, 17.06 लाख मतदाता दर्ज; 11 दिसंबर तक जुड़वा सकेंगे नाम

• जिले के 2,213 मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची का प्रकाशन, 13,393 नए युवा मतदाता शामिल; 4 जनवरी 2027 को जारी होगी अंतिम सूची

तीनबत्ती न्यूज: 12 नवंबर, 2026

सागर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत गुरुवार, 12 नवंबर को सागर जिले की सभी आठ विधानसभा क्षेत्रों की प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक लेकर उन्हें प्रारूप मतदाता सूची सौंपी। इसके बाद मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद कर पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी दी।



जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, सागर जिले के कुल 2,213 मतदान केंद्रों पर 17 लाख 6 हजार 393 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 9 लाख 5 हजार 53 पुरुष, 8 लाख 1 हजार 316 महिला और 24 अन्य श्रेणी के मतदाता शामिल हैं। जिले का कुल जेंडर रेशो 885 तथा ईपी रेशो 60.83 दर्ज किया गया है।



बंडा में सर्वाधिक और बीना में सबसे कम मतदाता

विधानसभा वार आंकड़ों के अनुसार बंडा विधानसभा क्षेत्र में सर्वाधिक 2 लाख 46 हजार 485 मतदाता दर्ज हैं, जबकि बीना विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम 1 लाख 79 हजार 977 मतदाता हैं। रहली विधानसभा क्षेत्र में जिले के सर्वाधिक 310 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। सागर विधानसभा क्षेत्र का जेंडर रेशो 945 के साथ सबसे बेहतर है, जबकि रहली विधानसभा क्षेत्र का ईपी रेशो 63.35 सर्वाधिक दर्ज किया गया है।



13,393 नए युवा मतदाता सूची में शामिल

प्रारूप मतदाता सूची में 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 13 हजार 393 नए युवा मतदाता शामिल हैं। इनमें सर्वाधिक 2,157 युवा मतदाता रहली विधानसभा क्षेत्र में हैं। इसी तरह 85 वर्ष से अधिक आयु के 10 हजार 699 वरिष्ठ मतदाता तथा 13 हजार 697 दिव्यांग मतदाता पंजीकृत हैं। वरिष्ठ मतदाताओं की सर्वाधिक संख्या 1,795 देवरी विधानसभा क्षेत्र में और दिव्यांग मतदाताओं की सर्वाधिक संख्या 2,365 बंडा विधानसभा क्षेत्र में है।



11 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावे और आपत्तियां

निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार प्रारूप मतदाता सूची पर 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। मतदाताओं की सुविधा के लिए 21 एवं 22 नवंबर तथा 5 एवं 6 दिसंबर को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में बीएलओ उपस्थित रहेंगे।

मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रारूप-6, नाम हटवाने के लिए प्रारूप-7 और नाम या अन्य प्रविष्टियों में सुधार के लिए प्रारूप-8 के माध्यम से आवेदन किया जा सकेगा। प्राप्त दावे और आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होगा।

राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील

बैठक में भाजपा की ओर से रामेश्वर नामदेव एवं मनीष नेमा, कांग्रेस से शैलेन्द्र तोमर, बीएसपी से हरीश राय चौधरी, सीपीआई (एम) से रामचरण लंबरदार और आम आदमी पार्टी से पुष्पेन्द्र सिंह राजपूत उपस्थित रहे।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी आरती यादव ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को जिले की मतदाता सूची के विभिन्न आंकड़ों और पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी दी। कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने सभी राजनीतिक दलों से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण में सक्रिय सहयोग करने की अपील की।

मीडिया से मतदाता जागरूकता बढ़ाने का आग्रह

राजनीतिक दलों की बैठक के बाद कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि मीडिया अपने समाचार माध्यमों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए विशेष शिविरों का प्रचार-प्रसार करे, ताकि पात्र मतदाता अपना नाम सूची में जुड़वा सकें। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों के सवालों और जिज्ञासाओं के जवाब भी दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर अविनाश रावत, उप जिला निर्वाचन अधिकारी आरती यादव और सिटी मजिस्ट्रेट शैलेष द्विवेदी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


Share:

सागर: जनजातीय गौरव सप्ताह 18 नवंबर तक, 15 नवंबर को जुड़ेंगे PM मोदी – गोविंद सिंह राजपूत

जनजातीय गौरव सप्ताह के तहत 18 नवंबर तक होंगे प्रदेशभर में आयोजन, 15 नवंबर को प्रधानमंत्री मोदी जुड़ेंगे : मंत्री गोविंद राजपूत

तीनबत्ती न्यूज: 12 नवंबर, 2026

सागर। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती और जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में गुरुवार को धर्मश्री स्थित संभागीय भाजपा कार्यालय में खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने मीडिया से आयोजन को लेकर चर्चा की। उन्होंने 11 से 18 नवंबर तक आयोजित होने वाले जनजातीय गौरव सप्ताह की जानकारी देते हुए जनजातीय समाज के विकास के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं तथा भगवान बिरसा मुंडा के योगदान पर प्रकाश डाला।

मंत्री राजपूत ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी हुकूमत के अन्याय और शोषण के खिलाफ समाज को संगठित कर उलगुलान आंदोलन का नेतृत्व किया। उनका संघर्ष जनजातीय समाज के स्वाभिमान, जल-जंगल-जमीन के अधिकार और सामाजिक न्याय की प्रेरणा है। 15 नवंबर 1875 को जन्मे बिरसा मुंडा का योगदान देश के स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में अविस्मरणीय है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर वर्ष 2021 से 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस मनाया जा रहा है। इस वर्ष भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर प्रदेश में 11 से 18 नवंबर तक जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जाएगा। वहीं 14 से 16 नवंबर तक तीन दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यक्रम होंगे। 15 नवंबर को धार जिले के डही और आलीराजपुर जिले के जोबट में मुख्य आयोजन होंगे, जिनसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी जुड़ेंगे।

जनजातीय नायकों को मिलेगा सम्मान

राजपूत ने कहा कि प्रदेश सरकार भगवान बिरसा मुंडा, टंट्या मामा, भीमा नायक और रानी दुर्गावती जैसे जनजातीय महानायकों के योगदान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए काम कर रही है। प्रमुख भवनों, सड़कों और चौराहों का नामकरण इनके नाम पर करने का संकल्प लिया गया है। प्रदेश के 89 जनजातीय विकासखंडों के स्कूलों में विद्यार्थियों को जनजातीय इतिहास और गौरवशाली परंपराओं से परिचित कराया जा रहा है।

6,500 गांवों में घर-घर पहुंच रहा राशन

मंत्री ने बताया कि मध्यप्रदेश में राशन आपके द्वार योजना के माध्यम से 20 जिलों के 89 जनजातीय विकासखंडों के 6,500 से अधिक गांवों में वाहनों से राशन पहुंचाया जा रहा है। इससे 7 लाख से अधिक जनजातीय परिवार लाभान्वित हो रहे हैं।

शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार पर फोकस

राजपूत ने कहा कि जनजातीय बच्चों को बेहतर शिक्षा के अवसर देने के लिए एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों, छात्रावासों और आश्रम शालाओं का विस्तार किया जा रहा है। छात्रवृत्ति और उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने सिकल सेल मिशन के तहत जांच, उपचार और परामर्श की सुविधाओं, वन धन विकास केंद्रों के जरिए लघु वनोपज के प्रसंस्करण एवं विपणन तथा वन अधिकार पट्टों के वितरण की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महिलाओं को स्व-सहायता समूहों के माध्यम से स्वरोजगार से जोड़ने और युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देने पर भी जोर दिया जा रहा है।

सुरखी का जनजातीय समाज हमारा परिवार

अपने विधानसभा क्षेत्र सुरखी का उल्लेख करते हुए मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि यहां का जनजातीय समाज उनके परिवार का अभिन्न हिस्सा है। जनजातीय बस्तियों में सड़क, बिजली, पेयजल, प्रधानमंत्री आवास, स्वास्थ्य शिविर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा जैसी सुविधाओं के लिए लगातार काम किया जा रहा है। युवाओं को कौशल प्रशिक्षण और महिलाओं को स्व-सहायता समूहों से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास जारी हैं। उन्होंने कहा कि उनका संकल्प है कि सुरखी क्षेत्र का कोई भी पात्र जनजातीय परिवार विकास योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

ये रहे उपस्थित

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी, विधायक शैलेन्द्र जैन, नरयावली विधायक इंजी. प्रदीप लारिया, जिला उपाध्यक्ष जगन्नाथ गुरैया, अभियान टोली के सह संयोजक विक्रम सोनी, राहुल वैद्य और सागर ग्रामीण अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जय सिंह उपस्थित रहे। संचालन जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन ने  तथा आभार सह मीडिया प्रभारी आलोक केशरवानी ने व्यक्त किया।

Share:

सागर: निर्माण कार्यों में लापरवाही पर बंडा नगर परिषद के उपयंत्री आकाश राठौर निलंबित

सागर: निर्माण कार्यों में लापरवाही पर बंडा नगर परिषद के उपयंत्री आकाश राठौर निलंबित


तीनबत्ती न्यूज : 11 नवंबर 2026

सागर। नगर परिषद बंडा में निर्माण कार्यों में लापरवाही और अनियमितता बरतने के मामले में कमिश्नर सागर संभाग दिलीप कुमार ने उपयंत्री आकाश राठौर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

निलंबन आदेश के अनुसार, उपयंत्री आकाश राठौर के जिम्मे मुख्यमंत्री अधोसंरचना निर्माण योजना, कायाकल्प योजना (बरा चौराहा), प्रधानमंत्री आवास योजना-2.0, अमृत 2.0 योजना, ओएसटी फिल्टर निर्माण और एसडीआरएफ योजना के विभिन्न निर्माण कार्य थे। इन सभी कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं पाई गई।

यह भी पढ़ें : सागर में खाद वितरण में लापरवाही पर दो अधिकारियों को नोटिस

इसके अलावा नगर के मुख्य मार्गों का सौंदर्यीकरण और विभिन्न स्थानों पर फुटपाथ निर्माण सहित अन्य विकास कार्यों की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली।

बरा चौराहे के सौंदर्यीकरण में भी लापरवाही

कायाकल्प योजना के तहत बरा चौराहे के सौंदर्यीकरण कार्य में भी लापरवाही सामने आई। नगर परिषद के संकल्प क्रमांक 14, दिनांक 8 जुलाई 2026 के अनुसार उपयंत्री द्वारा कोई कार्यवाही प्रस्तावित नहीं की गई। इसके साथ ही सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण भी नहीं किया जा रहा था।

यह भी पढ़ें: सागर में खाद वितरण में लापरवाही: बंद मिला गोदाम, धूप में खड़े किसान थे परेशान • कलेक्टर ने मार्कफेड गोदाम प्रभारी को किया निलंबित

नोटिस का जवाब नहीं मिला संतोषजनक

इस मामले में कलेक्टर द्वारा 15 सितंबर 2026 को उपयंत्री आकाश राठौर को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया था। उनके द्वारा प्रस्तुत जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया।

प्रकरण के परीक्षण और प्राप्त प्रस्ताव के अवलोकन के बाद पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही, स्वेच्छाचारिता एवं अनियमितता पाए जाने पर कमिश्नर दिलीप कुमार ने निलंबन की कार्रवाई की।

यह कार्रवाई मध्यप्रदेश नगरपालिका सेवा (कार्यपालन) नियम 1973 के नियम 36 तथा मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 9 के तहत की गई है।

Share:

सागर नगर निगम ने रचा इतिहास: स्वच्छ सर्वेक्षण में देशभर में तीसरा स्थान: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिया राष्ट्रीय पुरस्कार

सागर नगर निगम ने रचा इतिहास: स्वच्छ सर्वेक्षण में देशभर में तीसरा स्थान:  राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिया राष्ट्रीय पुरस्कार

• विज्ञान भवन, नई दिल्ली में सम्मानित हुआ सागर नगर निगम: निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने राष्ट्रपति से ग्रहण किया पुरस्कार

• सीएम डॉ मोहन यादव ने दी निगम कमिश्नर को बधाई, कार्यों की सराहना की


तीनबत्ती न्यूज: 11 नवंबर, 2026

सागर। स्वच्छता के क्षेत्र में सागर ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए पूरे देश में अपना परचम लहराया है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में सागर नगर निगम को देशभर में तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है। 50 हजार से 3 लाख तक की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में मिली इस उपलब्धि पर 11 नवंबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित राष्ट्रीय समारोह में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने सागर को तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया।

राष्ट्रपति के करकमलों से नगर निगम आयुक्त एवं सागर स्मार्ट सिटी के कार्यकारी निदेशक राजकुमार खत्री ने यह पुरस्कार ग्रहण किया। खास बात यह है कि सागर ने पिछले वर्ष की दसवीं रैंकिंग से आगे बढ़ते हुए देश में तीसरा स्थान हासिल किया है।

यह भी पढ़ें : सागर में खाद वितरण में लापरवाही पर दो अधिकारियों को नोटिस

दसवीं रैंकिंग से तीसरे स्थान तक पहुंचा सागर

स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण के दसवें संस्करण में सागर की इस उपलब्धि के पीछे बेहतर सफाई व्यवस्था, घर-घर कचरा संग्रहण, कचरे का प्रभावी निष्पादन, नागरिकों की भागीदारी और स्वच्छता के क्षेत्र में किए गए नवाचार प्रमुख रहे। बुंदेली लोक संस्कृति के माध्यम से लोगों को स्वच्छता अभियान से जोड़ने और शहर के सौंदर्यीकरण के प्रयासों ने भी सागर की उपलब्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


नगर निगम में आतिशबाजी और ढोल-नगाड़ों के साथ मना जश्न

नई दिल्ली में आयोजित समारोह का नगर निगम के नवीन कार्यालय में बड़ी एलईडी स्क्रीन पर लाइव प्रसारण किया गया। जैसे ही राष्ट्रीय मंच से सागर का नाम तीसरे पुरस्कार के लिए घोषित हुआ, निगम परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन, निगमाध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, एमआईसी सदस्य, पार्षद, निगम अधिकारी-कर्मचारी और नागरिकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की। इस अवसर पर भव्य आतिशबाजी की गई और ढोल-नगाड़ों की धुन पर नृत्य कर इस ऐतिहासिक उपलब्धि का जश्न मनाया गया।


विधायक बोले- प्रत्येक सागरवासी के सामूहिक प्रयासों का परिणाम

विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन ने कहा कि यह राष्ट्रीय सम्मान किसी एक व्यक्ति या विभाग की उपलब्धि नहीं, बल्कि शहर के प्रत्येक नागरिक, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक एवं व्यावसायिक संगठनों, निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों और स्वच्छता मित्रों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।

महापौर ने सफाई मित्रों और जागरूक नागरिकों को समर्पित किया पुरस्कार

महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी ने इस उपलब्धि को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि पिछले वर्ष की दसवीं रैंकिंग से आगे बढ़कर तीसरा स्थान हासिल करना सागर के लिए गौरव की बात है।

उन्होंने यह पुरस्कार नगर निगम के सफाई मित्रों और जागरूक नागरिकों को समर्पित करते हुए कहा कि उनकी मेहनत, समर्पण और सक्रिय सहभागिता से ही सागर को यह सम्मान मिला है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी के सामूहिक प्रयासों से सागर भविष्य में देश में प्रथम स्थान हासिल करेगा।




निगमाध्यक्ष वृंदावन अहिरवार ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण की तैयारियों के लिए किए गए निरंतर प्रयासों, बेहतर सफाई व्यवस्था, घर-घर कचरा संग्रहण, कचरे के प्रभावी निष्पादन और नागरिकों के सहयोग से यह उपलब्धि हासिल हुई है।

ये रहे शामिल

इस अवसर पर विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन, निगमाध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, एमआईसी सदस्य अनूप उर्मिल, रुपेश यादव, मेघा दुबे, धर्मेंद्र खटीक, पार्षद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता शैलेष केसरवानी, पार्षद देवेन्द्र अहिरवार, विशाल खटीक, नरेश धानक, नीरज कोरी, पूर्व पार्षद नीरज जैन, एल्डरमैन आशालता सिलाकारी सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दी निगमायुक्त राजकुमार खत्री को बधाई 

स्वच्छ सर्वेक्षण प्रतियोगिता 2025-26 में नगर निगम सागर द्वारा देशभर में तीसरा स्थान प्राप्त करने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने निगमायुक्त राजकुमार खत्री को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। नई दिल्ली स्थित मध्यप्रदेश भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव  ने सागर को मिली इस राष्ट्रीय उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए निगमायुक्त को बधाई दी।


इस अवसर पर निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को सागर की स्वच्छता यात्रा और उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि नगर निगम सागर ने स्वच्छ सर्वेक्षण में निरंतर बेहतर प्रदर्शन करते हुए अपनी रैंकिंग में उल्लेखनीय सुधार किया है। एक समय 70वीं रैंक पर रहे सागर ने बेहतर कार्ययोजना, प्रभावी सफाई व्यवस्था, निरंतर नवाचारों एवं नागरिकों की सहभागिता से पिछले वर्ष देश में दसवां स्थान प्राप्त किया था। इस वर्ष स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सागर ने देशभर में तीसरा स्थान हासिल किया है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सागर नगर निगम द्वारा स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, शहर के सौंदर्यीकरण एवं नागरिकों की जनभागीदारी के क्षेत्र में किए गए कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि शहर के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने इस सफलता के लिए निगमायुक्त सहित नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों, सफाई मित्रों एवं सागरवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। 


Share:

सागर में खाद वितरण में लापरवाही पर दो अधिकारियों को नोटिस

सागर में खाद वितरण में लापरवाही पर कलेक्टर सख्त, उपसंचालक कृषि और जिला विपणन अधिकारी को नोटिस


तीनबत्ती न्यूज: 11 नवंबर, 2026

सागर। जिले में किसानों को खाद वितरण में हो रही परेशानियों और खाद विक्रय केंद्रों की लचर व्यवस्था पर कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर के निर्देश पर उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विभाग राजेश त्रिपाठी और जिला विपणन अधिकारी रोहित बघेल को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। दोनों अधिकारियों से तीन दिन के भीतर लिखित जवाब मांगा गया है।

यह भी पढ़ें: सागर में खाद वितरण में लापरवाही: बंद मिला गोदाम, धूप में खड़े किसान थे परेशान • कलेक्टर ने मार्कफेड गोदाम प्रभारी को किया निलंबित

मामला 10 नवंबर 2026 को खुरई रोड स्थित न्यू गल्ला मंडी के मार्कफेड गोदाम के औचक निरीक्षण से जुड़ा है। कलेक्टर के निर्देश पर अनुविभागीय कृषि अधिकारी एवं जिला उर्वरक निरीक्षक सागर ने गोदाम का निरीक्षण किया था। इस दौरान गोदाम बंद मिला और वरिष्ठ क्षेत्र सहायक एवं गोदाम प्रभारी राजाराम सोनी भी मौके से अनुपस्थित पाए गए।

टोकन होने के बावजूद परेशान होते रहे किसान

निरीक्षण के दौरान किसानों ने अधिकारियों को मोबाइल पर संपर्क कर खाद वितरण केंद्र नहीं खुलने की शिकायत की। किसानों ने जनरेटेड ई-टोकन की पर्चियां साझा कर अपनी परेशानी बताई। इससे स्पष्ट हुआ कि टोकन होने के बावजूद किसानों को खाद प्राप्त करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।

सुबह 8 से रात 8 बजे तक खुलने चाहिए गोदाम

कारण बताओ नोटिस में कहा गया है कि उप संचालक कृषि राजेश त्रिपाठी और जिला विपणन अधिकारी रोहित बघेल द्वारा खाद विक्रय केंद्रों के समय पर खुलने और सुचारू वितरण की उचित मॉनिटरिंग नहीं की जा रही थी। शासन के निर्देशानुसार खाद वितरण गोदाम सुबह 8 बजे से शाम 8 बजे तक खुलने निर्धारित हैं, लेकिन इस व्यवस्था के पालन में गंभीर लापरवाही सामने आई।

तीन दिन में देना होगा जवाब

शासकीय दायित्वों के निर्वहन में उदासीनता और लापरवाही को पदीय कर्तव्यों के प्रतिकूल मानते हुए दोनों अधिकारियों को मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 16 के तहत नोटिस जारी किया गया है। उन्हें तीन दिन के भीतर स्वयं उपस्थित होकर लिखित स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए हैं।

कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने स्पष्ट किया है कि किसानों को सुगमता, पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से खाद उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। खाद वितरण व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


Share:

सागर में खाद वितरण में लापरवाही: बंद मिला गोदाम, धूप में खड़े किसान थे परेशान • कलेक्टर ने मार्कफेड गोदाम प्रभारी को किया निलंबित

सागर में खाद वितरण में लापरवाही: बंद मिला गोदाम, धूप में खड़े किसान थे परेशान 

• कलेक्टर ने मार्कफेड गोदाम प्रभारी को किया निलंबित


तीनबत्ती न्यूज: 11 नवंबर, 2026

सागर। किसानों को खाद के लिए परेशान होना पड़ रहा है और दूसरी ओर खाद वितरण केंद्रों पर लापरवाही के मामले भी सामने आ रहे हैं। सागर में ऐसी ही एक शिकायत पर कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने सख्त कार्रवाई की है। खुरई रोड स्थित नई गल्ला मंडी के मार्कफेड खाद गोदाम का औचक निरीक्षण करने पहुंची टीम को गोदाम बंद मिला। इस पर गोदाम प्रभारी राजाराम सोनी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।


मंगलवार को कलेक्टर के निर्देश पर अनुविभागीय कृषि अधिकारी अनिल राय एवं वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कुलदीप क्रिश्चियन ने खाद गोदाम का निरीक्षण किया। टीम दोपहर करीब 12:30 बजे पहुंची तो गोदाम बंद था और खाद वितरण शुरू नहीं हुआ था। दूर-दराज से आए किसान तेज धूप में खाद मिलने का इंतजार कर रहे थे।स्थिति को देखते हुए निरीक्षण दल ने तत्काल गोदाम खुलवाया और मौके पर मौजूद किसानों को ई-टोकन प्रणाली के माध्यम से खाद वितरण शुरू कराया। इस दौरान पूरी कार्रवाई का पंचनामा भी तैयार किया गया।

सुबह 8 से रात 8 बजे तक खुलना है गोदाम

शासकीय निर्देशों के अनुसार खाद गोदाम के संचालन का समय सुबह 8 बजे से शाम 8 बजे तक निर्धारित है। इसके बावजूद निरीक्षण के समय गोदाम बंद मिला। वरिष्ठ क्षेत्र सहायक एवं गोदाम प्रभारी राजाराम सोनी भी अपने कार्यस्थल से अनुपस्थित पाए गए।

कलेक्टर के आदेश पर निलंबन

किसानों को हुई असुविधा और शासकीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने गोदाम प्रभारी राजाराम सोनी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश जारी किए।

खाद वितरण केंद्रों को सख्त निर्देश

प्रशासन ने जिले के सभी खाद वितरण केंद्रों को निर्धारित समय पर खोलने और ई-टोकन प्रणाली से पारदर्शी तरीके से खाद वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसानों से जुड़ी व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Share:

सागर में 7वें गुरु-आज्ञा वर्षायोग 2026 का समापन, 2553 निर्वाण लाडू समर्पण एवं पिच्छिका परिवर्तन समारोह संपन्न

सागर में 7वें गुरु-आज्ञा वर्षायोग 2026, 2553 निर्वाण लाडू समर्पित एवं पिच्छिका परिवर्तन समारोह संपन्न


तीनबत्ती न्यूज: 10 नवंबर, 2026

सागर :  श्री 1008 आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर, बड़कुल जी, विजय टॉकीज चौराहा परिसर में परम पूज्य सारस्वत कवि आचार्य श्री 108 विभवसागर जी महाराज की सुयोग्य शिष्या श्रमणी आर्यािका श्री 105 अद्योम् श्री माताजी ससंघ के सान्निध्य में भव्य धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर 7वें गुरु-आज्ञा वर्षायोग 2026, 2553 निर्वाण लाडू समर्पण तथा पिच्छिका परिवर्तन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी बंधुओं ने उपस्थित होकर धर्मलाभ अर्जित किया।

-------------

वीडियो देखने क्लिक करे

सागर में कलेक्टर जनसुनवाई में 171 आवेदनों की माला लेकर पहुंचा गौसेवक,

-----------;--

इस अवसर पर मंगलाचरण, चित्र अनावरण, दीप प्रज्ज्वलन, आचार्य श्री पूजन, चातुर्मास निष्ज्ञापन एवं कलश वितरण तथा आचार्य श्री 108 विभव सागर जी महाराज की मंगल देशना संपन्न हुई। समारोह में शहर के कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से जिला विकास सलाहकार समिति के सदस्य और भाजपा नेता देवेंद्र फुसकेले और नरेश यादव  पूर्व पार्षद सहित अनेक उपस्थित थे। इस मौके पर इनका सम्मान किया गया। 


कार्यक्रम को सफल बनाने में श्रमणी आर्यािका श्री 105 अद्योम् श्री माताजी ससंघ, पुल्लिका श्री 105 संस्तुति श्री माताजी, क्षुल्लिका श्री 105 सामायिक श्री माताजी तथा अशोक चितौरा, डमरू बडकुल, विजय पड़ा वाले, प्रदीप नायक, दीपक बड़कुल, निवेदिता पड़रूआ, सविता बड़कुल, वंदना जैन, दीपाली जैन का विशेष योगदान रहा। इसके अलावा विधानाचार्य-नगर पुरोहित पं. अंकित ओजस्वी शास्त्री (वर्धमान कॉलोनी, सागर) ने विधि-विधान संपन्न कराया।आयोजक एवं निवेदक बड़कुल दिगंबर जैन मंदिर ट्रस्ट कमेटी, युवा मण्डल, महिला मण्डल एवं सकल दिगंबर जैन समाज, सागर (म.प्र.) द्वारा इस धार्मिक अनुष्ठान को सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया।



Share:

www.Teenbattinews.com

Archive