Editor: Vinod Arya | 94244 37885

जैसीनगर में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का खंड स्तरीय शिविर, 7 दिन में शिकायतों के निराकरण के निर्देश • मंत्री गोविंद राजपूत ने जनता से किया संवाद

जैसीनगर में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का खंड स्तरीय शिविर, 7 दिन में शिकायतों के निराकरण के निर्देश

• मंत्री गोविंद राजपूत ने जनता से किया संवाद


तीनबत्ती न्यूज:  21 अगस्त 2026

सागर। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत जैसीनगर में खंड स्तरीय जन विश्वास शिविर आयोजित किया गया। शिविर में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, कलेक्टर प्रतिभा पाल, पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया, जिला पंचायत सीईओ विवेक केवी सहित जिला एवं ब्लॉक स्तर के अधिकारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़े : सागर को बड़ी रेल सौगात: उदयपुर-शालीमार एक्सप्रेस अब सप्ताह में 2 दिन चलेगी

मंत्री ने कहा- शासन आपके द्वार पहुंचा है


कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने आमजन से सीधे संवाद करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप शासन अब लोगों के द्वार तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि लगातार चलने वाली प्रक्रिया है। जनवरी 2027 तक हर शुक्रवार को शिविरों के माध्यम से आमजन की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।


मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयुष्मान कार्ड, संबल योजना, प्रधानमंत्री आवास सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचाया जाए। उन्होंने जैसीनगर अस्पताल के विकास की जानकारी देते हुए कहा कि करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से अस्पताल का कायाकल्प कर अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही शासकीय कॉलेज और सांदीपनि विद्यालय के माध्यम से क्षेत्र में शिक्षा सुविधाओं को मजबूत करने पर भी जोर दिया।





7 दिन में शिकायतों के निराकरण के निर्देश


कलेक्टर प्रतिभा पाल ने कहा कि शिविर का उद्देश्य लंबे समय से लंबित आवेदनों और शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नामांतरण, सीमांकन, कब्जा, प्रधानमंत्री आवास, बिजली बिल, पेयजल, राशन और मरम्मत सहित अन्य शिकायतों का 7 दिनों के भीतर निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

कलेक्टर ने किसानों को स्वरोजगार के लिए माइक्रोफाइनेंस, उद्योग विभाग और एमएसएमई की योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने उद्यम क्रांति योजना के माध्यम से स्वरोजगार स्थापित करने की अपील भी की। साथ ही बच्चों के स्वास्थ्य, कुपोषण और नशे से दूर रहने को लेकर जागरूक किया।

यह भी पढ़ें: कटनी जमीन घोटाला: सीएम मोहन यादव का बड़ा एक्शन, CSP नेहा पच्चीसिया निलंबित, कार्यालय सील • 80 लाख की जमीन 18 लाख में ट्रांसफर कराने का आरोप : सीएसपी सहित तीन पर FIR

घरेलू हिंसा और महिला अपराधों पर एसपी ने जताई चिंता


पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने कहा कि पुलिस जनता की सुरक्षा और सहायता के लिए हमेशा तत्पर है। उन्होंने बताया कि डायल-112 के आंकड़ों में घरेलू हिंसा और महिलाओं से संबंधित अपराधों की शिकायतें सामने आ रही हैं।

एसपी ने कहा कि ऐसे मामलों को रोकने के लिए केवल पुलिस ही नहीं, बल्कि परिवार और समाज की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि कई विवादों को सामाजिक और पारिवारिक स्तर पर भी समझदारी से सुलझाया जा सकता है। शैक्षणिक संस्थानों के आसपास असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए भी कार्रवाई जारी है।


प्राकृतिक खेती को लेकर हुआ कृषि संवाद

शिविर में कृषि संवाद भी आयोजित किया गया। स्थानीय किसान देवेंद्र पांडे ने प्राकृतिक खेती के अनुभव साझा करते हुए 'जीवे जीव आधार' के सिद्धांत के साथ खेती करने की जानकारी दी। उन्होंने रासायनिक खाद के बिना प्राकृतिक तरीके से उत्पादन बढ़ाने के अपने अनुभव बताए।

शिविर में अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और दर्जनों समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया। शेष आवेदनों को निर्धारित समय सीमा में निराकृत करने का आश्वासन दिया गया।

Share:

सागर को बड़ी रेल सौगात: उदयपुर-शालीमार एक्सप्रेस अब सप्ताह में 2 दिन चलेगी

सागर लोकसभा को बड़ी रेल सौगात: उदयपुर–शालीमार सुपरफास्ट एक्सप्रेस अब सप्ताह में दो दिन चलेगी : सांसद लता वानखेड़े



तीनबत्ती न्यूज: 21 अगस्त, 2026

सागर। सागर लोकसभा क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए सांसद डॉ. लता वानखेड़े के लगातार प्रयासों को बड़ी सफलता मिली है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद को पत्र लिखकर जानकारी दी है कि ट्रेन क्रमांक 20971/20972 उदयपुर सिटी–शालीमार सुपरफास्ट एक्सप्रेस के संचालन की आवृत्ति सप्ताह में एक दिन से बढ़ाकर दो दिन करने की स्वीकृति दी गई है।

यह भी पढ़ें: कटनी जमीन घोटाला: सीएम मोहन यादव का बड़ा एक्शन, CSP नेहा पच्चीसिया निलंबित, कार्यालय सील • 80 लाख की जमीन 18 लाख में ट्रांसफर कराने का आरोप : सीएसपी सहित तीन पर FIR

सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने लोकसभा सत्र के दौरान सागर लोकसभा क्षेत्र की रेल सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को लगातार रेल मंत्रालय के समक्ष उठाया था। ट्रेनों के फेरे बढ़ाने और क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी बेहतर करने की मांगों पर लगातार प्रयास किए गए, जिसके परिणामस्वरूप क्षेत्र को यह महत्वपूर्ण रेल सुविधा मिली है।

विद्यार्थियों और व्यापारियों को मिलेगा लाभ

सांसद ने कहा कि ट्रेन के फेरे बढ़ने से सागर, बीना-मलखेड़ी सहित आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों, व्यापारियों, कारीगरों और आम यात्रियों को लाभ मिलेगा। खासतौर पर कोटा में अध्ययनरत सागर लोकसभा क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए आवागमन और घर आने-जाने की सुविधा बेहतर होगी।



कई राज्यों से जुड़ेगा सागर

उदयपुर से सागर होते हुए यह ट्रेन बिलासपुर, रायगढ़, झारसुगुड़ा, राउरकेला, टाटानगर और शालीमार तक जाती है। इसके चलते सागर क्षेत्र को छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल और कोलकाता क्षेत्र से बेहतर रेल संपर्क मिलता है।ट्रेन के फेरे बढ़ने से व्यापार, पर्यटन, रोजगार और आवागमन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। सप्ताह में दो दिन ट्रेन उपलब्ध होने से यात्रियों को यात्रा के लिए अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे।

प्रधानमंत्री और रेल मंत्री का जताया आभार

सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने इस महत्वपूर्ण रेल सुविधा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया।उन्होंने कहा, “सागर लोकसभा क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी को बेहतर बनाना मेरी प्राथमिकता है। जनता की आवश्यकता के अनुरूप रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए मेरे प्रयास लगातार जारी रहेंगे।”


Share:

कटनी जमीन घोटाला: सीएम मोहन यादव का बड़ा एक्शन, CSP नेहा पच्चीसिया निलंबित, कार्यालय सील • 80 लाख की जमीन 18 लाख में ट्रांसफर कराने का आरोप : सीएसपी सहित तीन पर FIR

कटनी जमीन घोटाला: सीएम मोहन यादव का कड़ा एक्शन, CSP नेहा पच्चीसिया तत्काल निलंबित, दफ्तर सील

• 80 लाख की जमीन 18 लाख में ट्रांसफर कराने का आरोप : सीएसपी सहित तीन पर FIR 


तीनबत्ती न्यूज: 21 अगस्त , 2026

भोपाल/कटनी: कटनी जिले में सामने आए चर्चित जमीन घोटाला मामले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा प्रशासनिक एक्शन लिया है। सीएम के निर्देश के बाद पुलिस मुख्यालय (PHQ) के आदेश पर नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) नेहा पच्चीसिया को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। इसके साथ ही कटनी स्थित सीएसपी कार्यालय को भी सील कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें: दमोह : कलेक्टर का जिला अस्पताल और CMHO कार्यालय का निरीक्षण : दवा स्टोर में मिलीं गंभीर अनियमितताएं, दो कर्मचारी सस्पेंड • 24 घंटे में इंडेंट जारी करने के निर्देश; 8 में से 6 दवाओं के स्टॉक में मिली विसंगति ,एक्सपायरी डेट की मिली दवाएं : गैरहाजिर 21 कर्मचारियों का तीन दिन का वेतन काटने के आदेश

कार्यालय सील, केस डायरी व डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित

 एफआईआर (FIR क्र. 0738/2026) दर्ज होने के बाद पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशों पर कटनी सीएसपी दफ्तर को सील करने की कार्रवाई की गई। इस कदम का मुख्य उद्देश्य कंहवारा जमीन सौदे से जुड़ी केस डायरी, सीएसपी दफ्तर के रिकॉर्ड्स और डिजिटल साक्ष्यों को पूरी तरह सुरक्षित रखना है, ताकि जांच प्रक्रिया प्रभावित न हो सके। निलंबन आदेश के साथ ही गृह विभाग ने विभागीय और एसआईटी (SIT) जांच की प्रक्रिया भी तेज कर दी है।

यह भी पढ़ें: सागर पुलिस ने ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क का किया पर्दाफाश, ₹2.69 करोड़ नकद और 30 लाख का सोना बरामद

82.86 लाख की जमीन मात्र 18.20 लाख में कराई ट्रांसफर

यह पूरी कार्रवाई हत्या के नामजद आरोपी रमेश लोधी पर दबाव बनाकर उसकी कंहवारा स्थित जमीन को कौड़ियों के दाम में हस्तांतरित कराने के आरोपों के तहत की गई है।

जमीन का गाइडलाइन मूल्य: ₹82.86 लाख

बेची गई कीमत: मात्र ₹18.20 लाख (मारूफ अहमद हनफी 'फ्रंटमैन' के नाम पर)

फंडिंग: जांच रिपोर्ट के अनुसार, इस जमीन सौदे में सीएसपी के करीबी क्षितिज राज बारापत्रे के खातों से फंडिंग की गई थी।

इनके खिलाफ गंभीर धाराओं में FIR दर्ज 

कुठला थाने में आरोपी सीएसपी नेहा पच्चीसिया, क्षितिज राज बारापत्रे और मारूफ अहमद हनफी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 61, 198, 199(b), 308(7) और 318(4) के तहत गंभीर आपराधिक मामले दर्ज किए गए हैं।

सीएम डॉ. मोहन यादव ने ट्वीट कर दी चेतावनी 

मुख्यमंत्री के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से इस संबंध में जानकारी साझा करते हुए सीएम डॉ. मोहन यादव ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था और पुलिस प्रशासन से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही, दबाव या पद का दुरुपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मुख्य सचिव और वरिष्ठ अधिकारियों को निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए हैं।



Share:

दमोह : कलेक्टर का जिला अस्पताल और CMHO कार्यालय का निरीक्षण : दवा स्टोर में मिलीं गंभीर अनियमितताएं, दो कर्मचारी सस्पेंड • 24 घंटे में इंडेंट जारी करने के निर्देश; 8 में से 6 दवाओं के स्टॉक में मिली विसंगति ,एक्सपायरी डेट की मिली दवाएं : गैरहाजिर 21 कर्मचारियों का तीन दिन का वेतन काटने के आदेश

दमोह : कलेक्टर का जिला अस्पताल और CMHO  कार्यालय का निरीक्षण : दवा स्टोर में मिलीं गंभीर अनियमितताएं, दो कर्मचारी सस्पेंड

•  24 घंटे में इंडेंट जारी करने के निर्देश; 8 में से 6 दवाओं के स्टॉक में मिली विसंगति ,एक्सपायरी डेट की मिली दवाएं : गैरहाजिर 21 कर्मचारियों का तीन दिन का वेतन काटने के आदेश



तीनबत्ती न्यूज: 20 अगस्त, 2026

दमोह। शासन की योजनाओं के तहत अस्पतालों को उपलब्ध कराई जा रही दवाओं का लाभ मरीजों को समय पर मिले, इसे लेकर कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने गुरुवार को जिला अस्पताल के स्टोर रूम और सीएमएचओ कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दवा वितरण और स्टॉक प्रबंधन में गंभीर लापरवाही सामने आई। कलेक्टर ने दवा स्टोर की जिम्मेदारी संभाल रहे दोनों कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया।


निरीक्षण में वर्ष 2025 के विभिन्न शासकीय अस्पतालों से प्राप्त 16 इंडेंट अब तक जारी नहीं किए जाने तथा जनवरी 2026 से 39 इंडेंट लंबित पाए गए। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि दवाओं की उपलब्धता होने पर इंडेंट प्राप्त होने के 24 घंटे के भीतर दवाएं संबंधित अस्पतालों को जारी की जाएं। यदि कोई दवा उपलब्ध नहीं है तो उसकी उपलब्धता के लिए तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए।

8 में से 6 दवाओं के स्टॉक में मिली विसंगति

स्टोर रूम में दवाओं के स्टॉक का सत्यापन किया गया। इस दौरान 8 मदों में से 6 में स्टॉक संबंधी विसंगतियां सामने आईं। कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्टोर की जिम्मेदारी संभाल रहे दोनों कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि दवाओं को इस तरह व्यवस्थित रखा जाए कि आवश्यकता पड़ने पर उन्हें तत्काल खोजकर अस्पतालों को उपलब्ध कराया जा सके। साथ ही एक्सपायरी दवाओं को अलग रखने और पूरे स्टोर को व्यवस्थित कराने के निर्देश दिए।

छह फ्रिज मिले बंद, एक्सपायरी दवाएं भी मिलीं

निरीक्षण के दौरान एक्सपायरी डेट की दवाएं भी स्टोर में रखी मिलीं। इसके अलावा निर्धारित तापमान में रखी जाने वाली दवाओं के लिए लगे सभी छह फ्रिज बंद पाए गए। कलेक्टर ने इसे गंभीर एवं आपत्तिजनक स्थिति बताते हुए फ्रिज की मरम्मत अथवा आवश्यकतानुसार उन्हें बदलने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि निर्धारित तापमान में दवाओं का भंडारण नहीं होने से मरीजों के लिए गंभीर जोखिम पैदा हो सकता है। इसलिए तापमान व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त कराया जाए।


ई-औषधि पोर्टल से होगी स्टॉक की निगरानी

कलेक्टर ने कहा कि शासन द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली दवाओं के लिए ई-औषधि पोर्टल लागू है, जिसमें लाइव डिमांड और ऑनलाइन इश्यू की व्यवस्था है। इससे दवाओं के स्टॉक की किसी भी समय निगरानी और सत्यापन किया जा सकता है। उन्होंने इस व्यवस्था का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


सीएमएचओ कार्यालय में 21 कर्मचारी अनुपस्थित

कलेक्टर ने सीएमएचओ कार्यालय का भी निरीक्षण किया। सुबह 10:20 बजे 21 कर्मचारी अनुपस्थित मिले। कलेक्टर ने सभी संबंधित कर्मचारियों के तीन दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि शासकीय कार्यालयों में अधिकारी-कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति और कार्यों का समयबद्ध निष्पादन सुशासन की महत्वपूर्ण कड़ी है। लापरवाही पाए जाने पर जवाबदेही तय की जाएगी।

कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कहा कि शासन की योजनाओं के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही दवाओं का पूरा लाभ आमजन और मरीजों को समय पर मिले, यही प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी और जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Share:

संत रविदास जयंती पर सागर में सामाजिक समरसता अभियान, कलश वंदन यात्रा शुरू

संत रविदास जयंती वर्ष पर सागर विधानसभा में सामाजिक समरसता अभियान का शुभारंभ, निकली कलश वंदन यात्रा


तीनबत्ती न्यूज: 20 अगस्त, 2026

सागर। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर सागर विधानसभा में सामाजिक समरसता अभियान एवं कलश वंदन यात्रा का शुभारंभ संत कुंजीदास एवं डेलन दास जी महाराज के सानिध्य में किया गया। कार्यक्रम में संत रविदास जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और सामाजिक समरसता, समानता एवं भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लिया गया। मुख्य कार्यक्रम संत रविदास मंदिर परिसर में आयोजित हुआ। सागर सांसद डॉ. लता वानखेड़े, विधायक शैलेंद्र कुमार जैन, नरयावली विधायक प्रदीप लारिया, महापौर संगीता तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं संतों ने संत रविदास जी के चित्र एवं कलश का विधिवत पूजन किया।

सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने कहा कि संत रविदास जी केवल महान संत ही नहीं, बल्कि समाज को सही दिशा देने वाले युगपुरुष थे। उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं। हमें उनके वचनों को केवल सुनना नहीं, बल्कि अपने आचरण में उतारना चाहिए। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सामाजिक समरसता अभियान चलाया जा रहा है।

विधायक शैलेंद्र जैन ने कहा कि अभियान का उद्देश्य समाज में समरसता का मजबूत ताना-बाना तैयार करना है। संत रविदास जी ने कर्म को प्रधानता दी और आर्थिक रूप से कमजोर एवं शोषित वर्ग की सहायता को भी धर्म का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।उन्होंने कहा कि संत रविदास जी का संदेश जाति-भेद और असमानता से ऊपर उठकर मानवता की सेवा का संदेश है। उनकी जन्मस्थली से लाई गई पवित्र मिट्टी के कलश की यात्रा सागर विधानसभा के विभिन्न क्षेत्रों में निकाली जाएगी।

नरयावली विधायक प्रदीप लारिया ने कहा कि संत रविदास जी ने विपरीत परिस्थितियों में भी अपने सिद्धांतों का त्याग नहीं किया। उनकी ‘बेगमपुरा’ की कल्पना ऐसे समाज की थी, जहां दुख, भेदभाव और असमानता न हो। उनकी वाणी आज भी समाज को समानता और भाईचारे का संदेश देती है तथा युवाओं को नई दिशा देने की क्षमता रखती है।


भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने बताया कि संत रविदास जी की जन्मस्थली की पवित्र मिट्टी को कलश के माध्यम से भोपाल से सागर लाया गया है। यह कलश यात्रा के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचेगा, जहां श्रद्धालु इसका पूजन कर संत रविदास जी के संदेश को आत्मसात करने का संकल्प लेंगे।नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार ने कहा कि सागर के बड़तूमा में संत रविदास जी के भव्य मंदिर एवं स्मारक का लगभग 101 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संतों एवं महापुरुषों के सम्मान की दिशा में यह महत्वपूर्ण कार्य है।

महिलाओं ने निकाली कलश वंदन यात्रा

कार्यक्रम के दौरान सागर एवं नरयावली विधानसभा के विभिन्न मंडलों के लिए कलशों का वितरण किया गया। इसके बाद कलश वंदन यात्रा निकाली गई। बड़ी संख्या में मातृशक्ति ने सिर पर कलश धारण कर यात्रा में सहभागिता की। मुख्य कलश को जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा जिलाध्यक्ष ने अपने सिर पर धारण किया। यात्रा के विभिन्न पड़ावों पर श्रद्धालुओं ने कलश का पूजन किया और पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। बड़ी संख्या में वार्डवासी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक यात्रा में शामिल हुए।



Share:

नरयावली विधानसभा विकास कार्यों पर विधायक लारिया ने कलेक्टर से की चर्चा

नरयावली विधानसभा के विकास कार्यों को लेकर विधायक लारिया ने कलेक्टर से की चर्चा

• मकरोनिया और कर्रापुर में भूमि आवंटन सहित विभिन्न विकास कार्यों पर हुई विस्तृत चर्चा, समरसता कलश वंदन यात्रा की तैयारियों पर भी हुआ विचार-विमर्श


तीनबत्ती न्यूज: 20 अगस्त 2026

सागर। नरयावली विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया ने गुरुवार को कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल से मुलाकात कर नरयावली विधानसभा क्षेत्र में चल रहे और प्रस्तावित विभिन्न विकास कार्यों को लेकर विस्तृत चर्चा की। बैठक में मकरोनिया एवं कर्रापुर क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए लंबित भूमि आवंटन के प्रकरणों तथा प्रस्तावित निर्माण कार्यों को गति देने पर विशेष रूप से चर्चा हुई।

विधायक लारिया ने बताया कि मकरोनिया में विभिन्न विकास कार्यों के लिए भूमि आवंटन संबंधी 11 आवेदन प्रस्तुत किए गए हैं। इनमें मकरोनिया स्थित सहकारी गोदाम परिसर की भूमि पर नगर विकास एवं पुनर्धनीकरण (Redensification) योजना के तहत पार्किंग एवं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स निर्माण का प्रस्ताव भी शामिल है।

इसके अलावा नगरपालिका परिषद मकरोनिया द्वारा विभिन्न स्थानों पर प्रस्तावित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, दिव्यांग पार्क, जनपद कार्यालय भवन सहित अन्य विकास कार्यों के लिए भूमि आवंटन के मामलों पर भी चर्चा की गई।


कर्रापुर और नरयावली के विकास कार्यों पर भी चर्चा


कर्रापुर क्षेत्र में विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए भूमि आवंटन के प्रस्तुत आवेदनों तथा सीएम राइज स्कूल के लिए भूमि आवंटन के विषय को भी विधायक ने कलेक्टर के समक्ष रखा। वहीं नरयावली क्षेत्र में प्रस्तावित 132/33 के.व्ही. विद्युत उपकेंद्र के लिए भूमि आवंटन तथा लव-कुश मंदिर के लिए स्वीकृत राशि से संबंधित विषयों पर भी चर्चा हुई।


विधायक लारिया ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के लिए भूमि आवंटन सहित आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रियाओं का शीघ्र निराकरण जरूरी है। इससे जनहित से जुड़े विकास कार्य समय-सीमा में पूरे किए जा सकेंगे।


समरसता कलश वंदन यात्रा की तैयारियों पर भी चर्चा

मुलाकात के दौरान आगामी समरसता कलश वंदन यात्रा की तैयारियों को लेकर भी विधायक लारिया और कलेक्टर प्रतिभा पाल के बीच चर्चा हुई। यात्रा के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं, जनभागीदारी और प्रशासनिक समन्वय से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।

विधायक लारिया ने यात्रा को सामाजिक समरसता और जनभागीदारी का व्यापक संदेश देने वाला महत्वपूर्ण आयोजन बताते हुए इसकी व्यवस्थाओं को बेहतर ढंग से सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

Share:

सागर में रानी अवंतीबाई लोधी विश्वविद्यालय की एमए परीक्षा का निरीक्षण, कुलगुरू ने दिए निर्देश

रानी अवंतीबाई लोधी विश्वविद्यालय के कुलगुरू ने किया एमए परीक्षाओं का निरीक्षण


तीनबत्ती न्यूज: 20 अगस्त, 2026

सागर। रानी अवंतीबाई लोधी विश्वविद्यालय, सागर से संबद्ध शासकीय महाविद्यालय खुरई एवं विश्वविद्यालय अध्ययन केंद्र में आयोजित एमए द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षाओं का विश्वविद्यालय के कुलगुरू प्रो. विनोद कुमार मिश्रा ने निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कुलगुरू ने दोनों परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा व्यवस्था, अनुशासन और परीक्षा के सुचारू संचालन का जायजा लिया। उन्होंने परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए परीक्षा संचालन से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

कुलगुरू ने परीक्षा प्रक्रिया में निर्धारित नियमों एवं अनुशासन का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली।

खुरई महाविद्यालय के परीक्षा केंद्र पर प्राचार्या डॉ. वंदना गोस्वामी, डॉ. अंकिता चौरसिया, डॉ. अंजलि निरालिया, डॉ. मृत्युंजय सिंह एवं आर्यन सिंह राजपूत मौजूद रहे। वहीं विश्वविद्यालय अध्ययन केंद्र पर डॉ. मिथलेश शरण चौबे, डॉ. राजपाल सिंह एवं डॉ. दिनेश अहिरवार उपस्थित रहे।

SEO सेटअप

SEO Title: सागर में रानी अवंतीबाई लोधी विश्वविद्यालय की एमए परीक्षा का निरीक्षण, कुलगुरू ने दिए निर्देश

Search Description: सागर में रानी अवंतीबाई लोधी विश्वविद्यालय के कुलगुरू प्रो. विनोद कुमार मिश्रा ने खुरई महाविद्यालय और विश्वविद्यालय अध्ययन केंद्र में एमए द्वितीय सेमेस्टर परीक्षा का निरीक्षण किया।

Blogger Permalink: rani-avanti-bai-lodhi-university-sagar-ma-exam-inspection-2026

Labels: Sagar, Education, University, Rani Avanti Bai Lodhi University, Khurai, MA Exam, Madhya Pradesh

Focus Keywords: रानी अवंतीबाई लोधी विश्वविद्यालय, सागर विश्वविद्यालय, एमए द्वितीय सेमेस्टर परीक्षा, कुलगुरू विनोद कुमार मिश्रा, खुरई महाविद्यालय

Share:

Sagar News : बंडा-बांदरी मार्ग पर बिजली का खंभा गिरा, बाइक सवार दो शिक्षक बाल-बाल बचे : दस दिन पहले लगाए गए थे खम्बे

Sagar News : बंडा-बांदरी मार्ग पर बिजली का खंभा गिरा, बाइक सवार दो शिक्षक बाल-बाल बचे : दस दिन पहले लगाए गए थे खम्बे


तीनबत्ती न्यूज: 20 अगस्त, 2026

सागर। सागर जिले के बंडा-बांदरी मार्ग पर ग्राम रीछई के पास गुरुवार सुबह सड़क किनारे लगा बिजली का खंभा अचानक उखड़कर गिर गया। इसी दौरान वहां से बाइक पर गुजर रहे दो शिक्षक खंभे की चपेट में आ गए। हादसे में बाइक सवार दोनों शिक्षक सड़क पर गिर गए, हालांकि उन्हें गंभीर चोट नहीं आई और दोनों सुरक्षित हैं।


जानकारी के अनुसार, बिनैका शासकीय स्कूल में पदस्थ शिक्षक राजेंद्र राजपूत और हरिनारायण रावत बाइक से स्कूल जा रहे थे। दोनों ग्राम रीछई के पास पहुंचे ही थे कि सड़क किनारे लगा बिजली का खंभा अचानक उखड़कर गिर गया। खंभे की चपेट में आने से उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई।


घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने बिजली कंपनी और पुलिस को घटना की सूचना दी। गनीमत रही कि खंभा शिक्षकों के ऊपर नहीं गिरा, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।


करीब 10 दिन पहले लगाया गया था खंभा

मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि गांव में बिजली के पोल लगाने का काम चल रहा है और यह खंभा करीब 10 दिन पहले ही लगाया गया था। लगातार बारिश के कारण जमीन कमजोर होने और पोल लगाने के दौरान बरती गई कथित लापरवाही के चलते खंभा उखड़ने की बात सामने आई है।

ग्रामीणों के मुताबिक बंडा-बांदरी रोड व्यस्त मार्ग है। इस रास्ते से रोजाना स्कूली बच्चों समेत बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। ऐसे में सड़क किनारे लगाए गए बिजली के खंभों की मजबूती और सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।


बाल-बाल बचे शिक्षक

हादसे में दोनों शिक्षकों के सुरक्षित बचने को ग्रामीणों ने राहत की बात बताया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि खंभा सीधे बाइक सवार शिक्षकों के ऊपर गिरता तो गंभीर हादसा हो सकता था। घटना के बाद बिजली कंपनी से सड़क किनारे लगाए गए अन्य खंभों की भी जांच कराने की मांग की गई है।



Share:

www.Teenbattinews.com

Archive