Editor: Vinod Arya | 94244 37885

कलेक्टर ने रहली में अनाधिकृत कॉलोनी निर्माण हटाने एवं कॉलोनाइजरों के खिलाफ FIR दर्ज करने के दिए आदेश

कलेक्टर ने रहली में अनाधिकृत कॉलोनी निर्माण हटाने एवं कॉलोनाइजरों के खिलाफ FIR दर्ज करने के दिए आदेश


तीनबत्ती न्यूज: 22 अगस्त 2026 
सागर: कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने कार्यवाही करते हुए रहली में बन रही अवैध कॉलोनी के निर्माण को हटाने एवं कॉलोनाइजरों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने हेतु अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) रहली को आदेशित किया है।

जारी आदेश के अनुसार सौरभ कुमार पिता संतोष तिवारी एवं संतोष पिता रामनाथ तिवारी, निवासी वार्ड नं. 03, रहली द्वारा ग्राम बमूराजैसिंह, तहसील रहली स्थित भूमि पर तथा पप्पू पिता टीपू पटेल, निवासी रहली एवं राधेश्याम, राजकुमार पिता रामकिशन, ममता पिता रामकिशन, आरतीरानी उर्फ सुनीता पुत्री रामकिशन, बसंती उर्फ राधारानी पुत्री रामकिशन, पार्वती बेवा रामकिशन, मोहन, प्रशांत पिता अशोक, गायत्री, पूजा पुत्री अशोक, गीता बेवा अशोक, सभी निवासी वार्ड नं. 14, पटनाककरी, रहली द्वारा ग्राम रहलीखास, तहसील रहली स्थित भूमि पर अवैध रूप से कॉलोनी का निर्माण किया जा रहा है।

15 दिन का दिया गया समय

कलेक्टर श्रीमती पाल ने आदेशित किया कि मध्यप्रदेश नगर पालिका (कॉलोनी विकास) नियम, 2021 के नियम 22 के तहत अनाधिकृत कॉलोनी के सभी चिन्हांकन और सभी प्रकार के निर्माण हटाने के लिए अनावेदकों को 15 दिवस का समय दिया जाए तथा अनाधिकृत कॉलोनी की भूमि में किसी भी तरह के अंतरण न करने की जानकारी सार्वजनिक सूचना, समाचार पत्र एवं अन्य माध्यमों से प्रकाशित कराई जाए एवं इसकी एक प्रति उप रजिस्ट्रीकरण कार्यालय को भेजी जाए। सार्वजनिक सूचना में अनाधिकृत कॉलोनी के स्थान आदि के सभी स्पष्ट विवरण का समावेश किया जाए।

निश्चित समयावधि में अनाधिकृत कॉलोनी के सभी चिन्हांकन और सभी प्रकार के निर्माण न हटाए जाने की दशा में अनाधिकृत निर्माण हटाए जाने की नियमानुसार कार्यवाही करते हुए संबंधित भूमि के खसरों के कॉलम नंबर 12 में अहस्तांतरणीय दर्ज किया जाए, साथ ही उक्त के विरुद्ध दाण्डिक कार्यवाही हेतु एफआईआर दर्ज कराई जाए।
  
कलेक्टर के इस आदेश से रहली क्षेत्र में अनाधिकृत कॉलोनी विकसित करने वालों में हड़कंप की स्थिति है। प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिया है कि बिना अनुमति कॉलोनी विकसित करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


Share:

सागर में भक्तों के द्वार पहुंचे संत श्री रावतपुरा सरकार, गौमाता के लिए मांगी पहली रोटी

संत रविदास वार्ड में भक्तों के द्वार पहुंचे संत श्री रावतपुरा सरकार, गौसेवा के लिए मांगी पहली रोटी



तीनबत्ती न्यूज, 22 अगस्त 2026

सागर। गौसेवा और सनातन संस्कारों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से अनंत श्री विभूषित श्री रविशंकर जी महाराज ‘रावतपुरा सरकार’ शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे संत रविदास वार्ड में भक्तों के द्वार पहुंचे। नंगे पैर हाथों में झोली लेकर उन्होंने घर-घर पहुंचकर लोगों से गौमाता के लिए पहली रोटी निकालने का आह्वान किया।

महाराज श्री ने संदेश दिया कि “झोली अपने लिए नहीं, गौमाता के लिए फैली है।” उन्होंने कहा कि बच्चे वही सीखते हैं जो वे अपने घर में देखते हैं। जब बच्चे अपने घर की पहली रोटी गौमाता के लिए निकलते हुए देखेंगे, तो करुणा और सेवा उनके संस्कारों का स्वाभाविक हिस्सा बन जाएगी।



रावतपुरा सरकार का घर-घर पहुंचकर पहली रोटी गौमाता के लिए निकालने का आग्रह केवल गौसेवा का संदेश नहीं, बल्कि परिवार और समाज में सेवा, संवेदना एवं करुणा के संस्कारों को मजबूत करने का प्रयास है। अभियान के माध्यम से लोगों को प्रतिदिन अपने भोजन में से पहली रोटी गौमाता के लिए निकालने और गौसेवा को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।

महाकाली मंदिर से शुरू हुई यात्रा

कार्यक्रम के दौरान यात्रा महाकाली मंदिर से प्रारंभ हुई और संत रविदास वार्ड के विभिन्न मार्गों से होते हुए श्री भूतेश्वर मंदिर पहुंची। यहां चल रहे शिवलिंग निर्माण कार्यक्रम में रावतपुरा सरकार शामिल हुए। उन्होंने श्रद्धालुओं को आशीर्वचन देते हुए गौसेवा, संस्कार और सेवा भावना के महत्व पर संदेश दिया। महाराज श्री के आशीर्वचनों से उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए।

कार्यक्रम के समापन के बाद महाराज श्री रावतपुरा सरकार पंतनगर वार्ड स्थित वेदांती आश्रम के लिए रवाना हो गए।

मुख्य संदेश: हर घर से पहली रोटी गौमाता के नाम—गौसेवा को दैनिक संस्कार बनाने का संकल्प।

Share:

बुंदेलखंड मेडिकल कालेज के शासकीय कॉलेज ऑफ नर्सिंग को मिली 60 सीटों की मंजूरी, बुंदेलखंड के विद्यार्थियों को मिलेगा बड़ा लाभ

बीएमसी के शासकीय कॉलेज ऑफ नर्सिंग को मिली 60 सीटों की सौगात : बुंदेलखंड के विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ

• डीन डॉ. पी.एस. ठाकुर के निरंतर प्रयासों से मिली बड़ी उपलब्धि




तीनबत्ती न्यूज: 22 अगस्त 2026

सागर। बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी), सागर के शासकीय कॉलेज ऑफ नर्सिंग को 60 नर्सिंग सीटों की मंजूरी मिल गई है। यह उपलब्धि संस्थान के डीन डॉ. पी.एस. ठाकुर के पिछले दो वर्षों से किए जा रहे निरंतर प्रयासों, प्रशासनिक पहल और दूरदर्शी कार्यप्रणाली का परिणाम मानी जा रही है। नर्सिंग कॉलेज को मिली इस मंजूरी से सागर सहित पूरे बुंदेलखंड अंचल में नर्सिंग शिक्षा के विस्तार का मार्ग प्रशस्त हुआ है।

वर्ष 2024 में नर्सिंग कॉलेज में प्रवेश पर रोक लग गई थी। इसके बाद संस्थान की व्यवस्थाओं को व्यवस्थित करने, आवश्यक मानकों को पूरा करने तथा पुनः मान्यता और नर्सिंग सीटें प्राप्त करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। लंबे प्रयासों के बाद अब कॉलेज को 60 सीटों की मंजूरी मिलना बीएमसी के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

इस उपलब्धि पर डीन डॉ. पी.एस. ठाकुर ने प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद प्रेषित किया है।


क्षेत्रीय विद्यार्थियों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का रास्ता खुला


बीएमसी सागर बुंदेलखंड क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं का प्रमुख केंद्र है। नर्सिंग कॉलेज में 60 सीटों की उपलब्धता से चिकित्सा एवं नर्सिंग शिक्षा के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होने की उम्मीद है।

इसका लाभ सागर के अलावा दमोह, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी सहित आसपास के जिलों के विद्यार्थियों को मिलेगा। क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को अब नर्सिंग शिक्षा के लिए बड़े शहरों का रुख करने की आवश्यकता कम होगी और उन्हें अपने ही क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।


प्रशिक्षित नर्सिंग अमले की उपलब्धता से स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती


नर्सिंग की 60 सीटों की मंजूरी से भविष्य में प्रशिक्षित और कुशल नर्सिंग स्टाफ तैयार करने में मदद मिलेगी। इसका सीधा लाभ बीएमसी के साथ-साथ आसपास के शासकीय अस्पतालों को भी मिल सकता है।

कुशल नर्सिंग कर्मियों की उपलब्धता से मरीजों की देखभाल, उपचार व्यवस्था और अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन को और बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी। इस तरह नर्सिंग शिक्षा का विस्तार आने वाले समय में पूरे बुंदेलखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।


डीन के प्रयासों को मिली सफलता


बीएमसी के मीडिया प्रभारी डॉ. सौरभ जैन ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि डीन डॉ. पी.एस. ठाकुर के कुशल नेतृत्व और सतत प्रयासों से संस्थान को यह महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है।

उन्होंने कहा कि 60 नर्सिंग सीटों का मिलना बीएमसी के शैक्षणिक एवं चिकित्सीय विस्तार की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। इससे अंचल के छात्र-छात्राओं को अपने घर के नजदीक गुणवत्तापूर्ण नर्सिंग शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। साथ ही भविष्य में अस्पतालों को दक्ष एवं प्रशिक्षित नर्सिंग अमला उपलब्ध होगा, जो जन-स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

बीएमसी के शासकीय कॉलेज ऑफ नर्सिंग को मिली 60 सीटों की मंजूरी को क्षेत्र में नर्सिंग शिक्षा के विस्तार की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। इससे न केवल विद्यार्थियों के लिए नए अवसर पैदा होंगे, बल्कि आने वाले वर्षों में बुंदेलखंड की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए प्रशिक्षित मानव संसाधन भी तैयार होगा।

Share:

प्रदेश स्तरीय कांग्रेस सेवादल बैठक : सागर शहर सेवादल अध्यक्ष सिंटू कटारे ने बताई सात साल की उपलब्धि

भोपाल में आयोजित प्रदेश स्तरीय बैठक में शहर कांग्रेस सेवादल परिवार ने दर्ज कराई सहभागिता



तीनबत्ती न्यूज: 22 अगस्त, 2026

भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस सेवादल के प्रदेश पदाधिकारियों एवं जिला संगठनों की प्रदेश स्तरीय बैठक भोपाल में आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न जिलों से पहुंचे सेवादल पदाधिकारियों ने संगठन की गतिविधियों, कार्यशैली और आगामी कार्यक्रमों को लेकर अपनी बात प्रदेश संगठन के समक्ष रखी।

बैठक में जिला शहर कांग्रेस सेवादल  सागर  की ओर से शहर सेवादल अध्यक्ष सिंटू कटारे ने सहभागिता की। उन्होंने अपने सात वर्ष के कार्यकाल के दौरान किए गए संगठनात्मक कार्यों, उपलब्धियों और कार्यशैली की विस्तृत जानकारी प्रदेश संगठन के सामने रखी।

सिंटू कटारे के साथ प्रदेश महासचिव विजय साहू, ग्रामीण सेवादल अध्यक्ष बी.डी. पटेल, पार्षद श्रीमती सीमा कमल चौधरी, यंग ब्रिगेड अध्यक्ष दीपक कुर्मी, लल्ला यादव, जयदीप उपाध्याय, मनोज पवार, हरिनाम पटेल एवं हरिनाथ पटेल सहित अन्य पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी भोपाल पहुंचकर बैठक में अपनी सहभागिता निभाई।

प्रदेश स्तरीय बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने तथा कांग्रेस सेवादल की गतिविधियों को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाने को लेकर चर्चा हुई। शहर सेवादल परिवार की सहभागिता को संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


Share:

विद्युत पेंशनर्स हित रक्षक संघ की प्रादेशिक सभा में पेंशनर्स हितों पर मंथन

विद्युत पेंशनर्स हित रक्षक संघ की प्रादेशिक सभा में पेंशनर्स हितों पर हुआ मंथन

• पेंशन की गारंटी, महंगाई राहत, सेवांत लाभ और कैशलेस स्वास्थ्य योजना सहित विभिन्न मुद्दों पर हुई चर्चा


तीनबत्ती न्यूज, 21 अगस्त, 2026

सागर :  विद्युत मंडल कैंपस, मकरोनिया स्थित सभा गृह में विद्युत पेंशनर्स हित रक्षक संघ की प्रादेशिक सभा आयोजित की गई। सभा में प्रदेश कार्यकारिणी भोपाल के पदाधिकारियों के साथ सतना, शहडोल, दमोह, पन्ना एवं सागर शाखाओं के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में पेंशनर्स शामिल हुए। सभा की अध्यक्षता विद्युत पेंशनर्स हित रक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष एवं संयोजक अशोक गुप्ता ने की, जबकि संचालन आर. डी. मिश्रा, सतना ने किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में बाहर से आए पदाधिकारियों एवं पेंशनर्स का सागर कार्यकारिणी के सदस्यों ने माल्यार्पण कर स्वागत किया।



पेंशनर्स हितों से जुड़े मुद्दों पर हुआ मंथन

प्रादेशिक सभा में पेंशनर्स के हितों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। संघ की ओर से पेंशनर्स के हित में किए जा रहे प्रयासों तथा विभिन्न न्यायालयीन प्रकरणों की वर्तमान स्थिति की जानकारी भी दी गई।

यह भी पढ़ें: टीकमगढ़ में महाकाल की तर्ज पर बनेगा कुंडेश्वर लोक, लापरवाही पर जिला पंजीयक सहकारिता निलंबित • जन-विश्वास अभियान में सीएम डॉ. मोहन यादव ने सुनीं सीएम हेल्पलाइन की शिकायतें, अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहने के निर्देश

बैठक में पेंशन की गारंटी, महंगाई राहत का समय पर भुगतान, सेवांत लाभों का समयबद्ध भुगतान, कैशलेस स्वास्थ्य योजना, पात्र पेंशनर्स को 35 वर्षीय उच्चतर वेतनमान तथा सारांशीकृत पेंशन की वसूली की युक्तिसंगत गणना जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए।


पदाधिकारियों ने पेंशनर्स की समस्याओं और सुझावों की जानकारी भी ली तथा उनके निराकरण के लिए आवश्यक स्तर पर प्रयास किए जाने का भरोसा दिलाया।



प्रदेश पदाधिकारियों ने रखे विचार


सभा को प्रदेश कार्यकारिणी के आशुतोष अवस्थी, बी. एल. पटेल, आर. बी. वैश्य, बी. आर. बंठ एवं एम. एल. सोनी सहित अन्य पदाधिकारियों ने संबोधित किया। इंजी. जी. डी. त्रिपाठी, सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता आई. पी. पटेल, इंजी. सी. बी. यादव एवं आर. बी. वैश्य सहित अन्य सदस्यों ने भी पेंशनर्स से जुड़े विषयों पर अपने विचार रखे।

यह भी पढ़ें: कटनी जमीन घोटाला: सीएम मोहन यादव का बड़ा एक्शन, CSP नेहा पच्चीसिया निलंबित, कार्यालय सील • 80 लाख की जमीन 18 लाख में ट्रांसफर कराने का आरोप : सीएसपी सहित तीन पर FIR

दमोह शाखा की ओर से एल. पी. तिवारी, आर. के. पाण्डेय, अश्विनी कुमार अवस्थी, बाल मुकुंद रैकवार एवं पूरन लाल प्रजापति तथा पन्ना से डी. के. अग्रवाल, एस. पी. जड़िया एवं डी. सी. दास ने सहभागिता की। इस अवसर पर वरिष्ठ सेवानिवृत्त लेखाधिकारी आर. एन. शर्मा का भी स्वागत किया गया।






सागर शाखा ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका


कार्यक्रम के आयोजन में सागर शाखा के संजय भाटिया, जे. एल. चौरसिया, हरिशंकर एवं बेनी प्रसाद ने सक्रिय भूमिका निभाई। श्रवण कुमार चौरसिया ने सागर शाखा का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।


आयोजन में सागर से इंजी. डी. एस. राठी, आर. एल. पटेल, प्रदीप कुमार गुप्ता, एन. एस. बुंदेला, सी. बी. यादव, आर. के. गुप्ता, आर. एस. प्रजापति, के. के. अग्रवाल, सतीश मेहता, राम विवेक गौतम, एम. के. जैन, वीरेंद्र जैन, शीतल जैन, आर. सी. चौरहा, जाहिद खान सहित बड़ी संख्या में पेंशनर्स उपस्थित रहे।

संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान

प्रांतीय पदाधिकारियों ने विद्युत पेंशनर्स हित रक्षक संघ द्वारा पेंशनर्स के हित में किए जा रहे कार्यों को रेखांकित किया। उन्होंने संगठन को और मजबूत बनाने के लिए अधिक से अधिक पेंशनर्स से संघ की सदस्यता लेने तथा संगठन को सहयोग देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में अध्यक्ष राजकुमार भट्ट ने सभी उपस्थित पेंशनर्स एवं पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Share:

टीकमगढ़ में महाकाल की तर्ज पर बनेगा कुंडेश्वर लोक, लापरवाही पर जिला पंजीयक सहकारिता निलंबित • जन-विश्वास अभियान में सीएम डॉ. मोहन यादव ने सुनीं सीएम हेल्पलाइन की शिकायतें, अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहने के निर्देश

टीकमगढ़ में महाकाल की तर्ज पर बनेगा कुंडेश्वर लोक, लापरवाही पर जिला पंजीयक सहकारिता निलंबित

• जन-विश्वास अभियान में सीएम डॉ. मोहन यादव ने सुनीं सीएम हेल्पलाइन की शिकायतें, अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहने के निर्देश



तीनबत्ती न्यूज: 21 अगस्त, 2026

टीकमगढ़। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार, 21 अगस्त को जन-विश्वास अभियान के तहत टीकमगढ़ पहुंचकर जिला विकास समिति की बैठक में जिले के विकास और शासन की प्राथमिकताओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि टीकमगढ़ में महाकाल की तर्ज पर कुंडेश्वर लोक विकसित किया जाएगा। पर्यटन विभाग द्वारा इसकी समुचित योजना तैयार कर कार्य को आगे बढ़ाया जाएगा।

यह भी पढ़ें: कटनी जमीन घोटाला: सीएम मोहन यादव का बड़ा एक्शन, CSP नेहा पच्चीसिया निलंबित, कार्यालय सील • 80 लाख की जमीन 18 लाख में ट्रांसफर कराने का आरोप : सीएसपी सहित तीन पर FIR

मुख्यमंत्री ने कहा कि टीकमगढ़ के पारंपरिक पीतल शिल्प और कारीगरों की कला को भी प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि स्थानीय हुनर को नई पहचान मिलने के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ें।

उद्योग और रोजगार पर फोकस

डॉ. यादव ने कहा कि जिले की आवश्यकताओं और प्राथमिकताओं के आधार पर विकास कार्यों की योजना तैयार की जाएगी। उन्होंने बताया कि निवाड़ी-टीकमगढ़ के बीच करीब 3 हजार करोड़ रुपये की इस्पात उद्योग इकाई प्रारंभ हो चुकी है। प्रदेश में फूड प्रोसेसिंग आधारित उद्योगों को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

उन्होंने कहा कि आईटीआई और कौशल विकास कार्यक्रमों के माध्यम से उद्योगों की आवश्यकता के अनुरूप कुशल श्रमिक तैयार किए जाएंगे। सरकार किसान सम्मान निधि, लाड़ली बहना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है। निराश्रित बच्चों को 4 हजार रुपये प्रतिमाह की सहायता भी दी जा रही है।

लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि सुशासन सरकार की प्राथमिकता है। सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का समय सीमा में प्रभावी निराकरण किया जाए। नल-जल योजना, राशन वितरण और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को लगातार फील्ड भ्रमण कर योजनाओं की जमीनी स्थिति देखने और स्थानीय स्तर पर जनता की समस्याओं का प्रभावी निराकरण करने के निर्देश दिए।


सीएम हेल्पलाइन की शिकायत सुनीं, जिला पंजीयक सहकारिता निलंबित

जन-विश्वास अभियान के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने टीकमगढ़ में सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों को भी सुना। उन्होंने शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद कर उनके प्रकरणों की जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

इस दौरान सहकारी बैंक की मवई शाखा द्वारा दयाराम लोधी की मां स्व. रानीबाई की मृत्यु के बाद नॉमिनी के खाते में राशि अंतरित नहीं किए जाने की शिकायत सामने आई। मामले में कार्य में लापरवाही पाए जाने पर मुख्यमंत्री ने जिला पंजीयक सहकारिता एसके कौशिक को निलंबित करने के निर्देश दिए।


मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्य में लापरवाही करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी, जबकि उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय सेवकों को सम्मानित किया जाएगा।

उचित मूल्य दुकानों की भी समीक्षा

मुख्यमंत्री ने जिले में शासकीय उचित मूल्य दुकानों के वास्तविक स्थान पर संचालन सुनिश्चित करने के संबंध में भी चर्चा की और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

इस अवसर पर राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार एवं टीकमगढ़ जिले की प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर, पूर्व राज्य मंत्री एवं जतारा विधायक हरिशंकर खटीक, मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. सुदाम खाड़े, आयुक्त जनसंपर्क मनीष सिंह, कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

सीएम डॉ. यादव ने ली जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक : अधिकारियों को दिए रोडमैप तैयार करने के निर्देश

- गौशालाओं को डीबीटी से भेजी 109.79 करोड़ रुपये की अनुदान राशि

सीएम डॉ. मोहन यादव ने  मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत टीकमगढ़ में जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए उद्योग, व्यापार, कृषि, पशुपालन सहित सभी क्षेत्रों में स्थानीय संभावनाओं का प्रभावी उपयोग किया जाए। जिले के पारंपरिक कौशल एवं स्थानीय उत्पादों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ के सिद्धांत के अनुरूप राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए रोडमैप तैयार किया जाए। इस मौके पर सीएम डॉ. यादव ने गौशालाओं को डीबीटी से 109.79 करोड़ रुपये की अनुदान राशि वितरित की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जिले की स्थानीय आवश्यकताओं, उपलब्ध संसाधनों, पारंपरिक कौशल, नवाचारों और जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न हितधारकों के सुझावों को विकास की कार्य योजना में शामिल करते हुए स्थानीय संभावनाओं को रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों के अवसरों में परिवर्तित किया जाए। उन्होंने कहा कि नवीन उद्योग नीतियों एवं ऋण आधारित योजनाओं का लाभ लेने के लिए इच्छुक उद्यमियों को आगे आने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर किए जा रहे सफल प्रयासों और नवाचारों को चिन्हित कर उन्हें योजनाबद्ध रूप से क्रियान्वित किया जाए, ताकि जिले की अर्थव्यवस्था को और अधिक गति मिल सके। पीतल की मूर्तियों सहित स्थानीय कला एवं हुनर को प्रोत्साहित करने, उनके विक्रय के लिये बाजार उपलब्ध कराने तथा स्थानीय प्रतिभाओं को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया गया।

पशुपालन होगा आय का बेहतर साधन

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पशुपालन को लाभ का व्यवसाय बनाने की दिशा में भी विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने सहकारी क्षेत्र से अधिक से अधिक दुग्ध उत्पादकों एवं गोपालकों को जोड़ने तथा गौशालाओं में अच्छी नस्ल के पशुओं के संवर्धन एवं नस्ल सुधार के लिए समुचित प्रयास करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अच्छी नस्ल की बछियों की उपलब्धता बढ़ने से गोपालकों को लाभ मिलेगा और कृषि के साथ पशुपालन को भी आय का बेहतर माध्यम बनाया जा सकेगा। टीकमगढ़़ जिले में धार्मिक एवं पर्यटन की संभावनाओं को विकसित करने पर भी चर्चा हुई। कुंडेश्वर धाम के विकास एवं धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने तथा स्थानीय स्तर पर पर्यटन गतिविधियों को आर्थिक अवसरों से जोड़ने की दिशा में कार्य किए जाने पर जोर दिया गया। टीकमगढ़ जिला विकास सलाहकार समिति द्वारा उद्योग, व्यापार, कृषि, जल संरचनाओं के संरक्षण, निर्यात, खनिज, पर्यावरण, रोजगार एवं अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में जिले की दीर्घकालीन विकास कार्य योजना को लेकर सुझाव दिए जाएंगे। समिति स्थानीय परिस्थितियों, उपलब्ध संसाधनों और संभावनाओं के आधार पर विकास की प्राथमिकताएं निर्धारित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। 

जनता ने दिए अहम सुझाव

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विकास केवल वृहद कार्यों तक सीमित नहीं है। जनभागीदारी, सामुदायिक भावना और स्थानीय ज्ञान एवं अनुभव के प्रभावी उपयोग से भी विकास को नई गति मिलती है। उन्होंने समाज के विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी करने, सामुदायिक विवाहों को प्रोत्साहित करने तथा सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को आपसी सौहार्दृ के साथ मनाने का आह्वान किया। बैठक में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा जिले के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर सुझाव दिए गए। जिला प्रशासन द्वारा समिति के माध्यम से प्राप्त सुझावों एवं अनुशंसाओं को विभिन्न विकास योजनाओं एवं कार्यों में शामिल करने की दिशा में आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत आयोजित समिति की बैठक जिले के विकास को स्थानीय आवश्यकताओं, जनभावनाओं, संसाधनों और नवाचारों से जोड़ते हुए आत्मनिर्भर एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।


सरकार का फोकस गौशालाओं पर भी

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि गौशालाओं में उपलब्ध गौवंश के भरण-पोषण के लिए दिए जाने वाले अनुदान को बढ़ाकर 40 रुपये प्रति गौवंश प्रतिदिन किया गया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में गौशालाओं को अनुदान वितरण के लिए 620.50 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा गौशालाओं के बेहतर संचालन और गौवंश के समुचित संरक्षण के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सीएम डॉ. यादव ने गौशालाओं को डीबीटी से 109.79 करोड़ रुपये की अनुदान राशि वितरित की। उन्होंने बताया कि गौशालाओं को अनुदान प्रदाय करने की व्यवस्था को अधिक पारदर्शी एवं सुगम बनाने के लिए सिंगल क्लिक डीबीटी प्रणाली लागू की गई है। इसके माध्यम से अनुदान की राशि सीधे गौशालाओं के बैंक खातों में अंतरित की जा रही है। इससे भुगतान व्यवस्था में पारदर्शिता के साथ समयबद्धता एवं सुशासन सुनिश्चित हुआ है। उन्होंने बताया कि सरकार गठन से अब तक प्रदेश में 1 हजार से अधिक नवीन गौशालाओं का संचालन प्रारंभ किया जा चुका है, जिनमें 2 लाख से अधिक गौवंश का व्यवस्थित व्यवस्थापन किया जा रहा है।


Share:

भापेल फूलनाथ बाबा मंदिर के पास निर्माण पर रोक की मांग, विधायक प्रदीप लारिया ने SDM को लिखा पत्र

भापेल में मंदिर के समीप निर्माण कार्य पर रोक की मांग, विधायक लारिया ने SDM को लिखा पत्र



तीनबत्ती न्यूज: 21 अगस्त, 2026

सागर। नरयावली विधानसभा क्षेत्र के ग्राम भापेल स्थित प्राचीन भगवान फूलनाथ बाबा मंदिर के समीप चल रहे निर्माण कार्य और कथित अतिक्रमण को लेकर विवाद सामने आया है। ग्रामीणों की आपत्तियों के बीच नरयावली विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), सागर को पत्र लिखकर निर्माण कार्य पर पुनः रोक लगाने का आग्रह किया है।

विधायक लारिया ने पत्र में बताया कि मंदिर परिसर के समीप निर्माण कार्य पूर्व में रोका गया था, लेकिन रोक समाप्त होने के बाद दोबारा निर्माण की स्थिति बनी है। उन्होंने कहा कि भगवान फूलनाथ बाबा मंदिर धार्मिक एवं ऐतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल है। यहां वृहद मेले का आयोजन होता है और वर्षभर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।

ग्रामीणों ने उठाए निर्माण और भूमि से जुड़े सवाल

ग्राम पंचायत भापेल एवं ग्रामीणों की ओर से की गई शिकायत में स्नेहधारा वेलफेयर सोसायटी की संचालक फिलोमिना पजहुरू परमबिल पुत्री जोसेफ पर संबंधित भूमि का संपूर्ण डायवर्सन नहीं कराए जाने तथा निर्माण के लिए आवश्यक अनुमति और नक्शा स्वीकृति प्राप्त नहीं होने के आरोप लगाए गए हैं।

शिकायत में भूमि की खुदाई, पेड़ों को हटाने और पहाड़ी क्षेत्र में निर्माण कार्य किए जाने से मंदिर तक जाने वाले मार्ग एवं आसपास के क्षेत्र की स्थिति प्रभावित होने की आशंका भी जताई गई है।

SDM के समक्ष भी पहुंचा मामला

मामला अनुविभागीय दंडाधिकारी, सागर के समक्ष भी पहुंच चुका है। ग्रामीणों ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 164 के तहत आवेदन प्रस्तुत कर निर्माण कार्य पर रोक लगाने तथा आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

विधायक ने जांच और रोक की मांग की

विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने प्रशासन से भूमि के स्वामित्व एवं उपयोग, डायवर्सन, निर्माण अनुमति और अतिक्रमण से जुड़े तथ्यों की जांच कराने का आग्रह किया है। उन्होंने धार्मिक स्थल की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच पूरी होने तक निर्माण कार्य पर पुनः रोक लगाने की मांग की, ताकि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की धार्मिक तनाव की स्थिति उत्पन्न न हो।


Share:

सागर में संकल्प फाउंडेशन ने विद्यार्थियों को बांटी छतरियां, बारिश में स्कूल आने-जाने में मिलेगी सुविधा

बारिश में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए संकल्प फाउंडेशन ने बांटी छतरियां


तीनबत्ती न्यूज: 21 अगस्त, 2026

सागर। बारिश के मौसम में स्कूल आने-जाने वाले विद्यार्थियों की परेशानी को देखते हुए संकल्प फाउंडेशन की ओर से पटकुई बारारू स्थित पीएम श्री स्कूल में छतरी वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। संकल्प फाउंडेशन के अध्यक्ष रिशांक तिवारी के नेतृत्व में टीम ने विद्यालय पहुंचकर विद्यार्थियों को छतरियां वितरित कीं।

फाउंडेशन के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को बारिश से बचाव का उपयोगी साधन उपलब्ध कराने के साथ उनके नियमित स्कूल आवागमन को सुविधाजनक बनाना है। छतरियां मिलने पर विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी। बच्चों ने बताया कि बरसात के दिनों में स्कूल आते-जाते समय छतरियां उनके लिए काफी उपयोगी रहेंगी।



विद्यार्थियों से पढ़ाई और दैनिक जरूरतों पर संवाद

कार्यक्रम के दौरान संकल्प फाउंडेशन की टीम ने विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई, स्कूल आने-जाने की दिनचर्या और दैनिक आवश्यकताओं को लेकर बातचीत की। विद्यार्थियों ने भी टीम के सदस्यों के साथ अपने पढ़ाई से जुड़े अनुभव साझा किए। फाउंडेशन के सदस्यों ने विद्यालय के प्रधानाचार्य और शिक्षकों से भी विद्यार्थियों की शैक्षणिक जरूरतों तथा बारिश के दौरान सामने आने वाली व्यावहारिक परेशानियों की जानकारी ली।

जरूरत के अनुसार सेवा कार्य पर जोर

संकल्प फाउंडेशन के अध्यक्ष रिशांक तिवारी ने कहा कि फाउंडेशन प्रत्येक सेवा कार्य को समय, स्थान और लोगों की वास्तविक जरूरतों के अनुसार करने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि बरसात में छतरी विद्यार्थियों के लिए केवल एक वस्तु नहीं, बल्कि रोजाना स्कूल आने-जाने से जुड़ी आवश्यक सुविधा है।

उन्होंने कहा कि बच्चों का नियमित रूप से विद्यालय पहुंचना, मौसम की कठिनाइयों से सुरक्षित रहना और बिना असुविधा के पढ़ाई जारी रखना महत्वपूर्ण है। विद्यार्थियों की वास्तविक जरूरतों को समझने के लिए उनसे और शिक्षकों से सीधा संवाद जरूरी है।

रिशांक तिवारी ने बताया कि संकल्प फाउंडेशन शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सेवा से जुड़े क्षेत्रों में जनहितकारी गतिविधियां संचालित कर रहा है।

बच्चों को नियमित स्कूल आने के लिए किया प्रेरित

कार्यक्रम के दौरान फाउंडेशन की टीम ने विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने और भविष्य के लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया। बच्चों से कहा गया कि पढ़ाई या दैनिक जीवन से जुड़ी किसी समस्या को शिक्षकों और अभिभावकों के साथ साझा करें, ताकि समय रहते आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जा सके।

ये रहे शामिल

कार्यक्रम में पीएम श्री स्कूल के प्रधानाचार्य सतीश चंद्र पांडे, शिक्षिकाएं भारती तिवारी एवं संगीता खरे तथा संकल्प फाउंडेशन के सदस्य नीरज करोसिया, निष्कर्ष दुबे, कार्तिक जाटव, कमलेश नन्नू जाटव, शिवांक तिवारी, शुभम गौतम और अभिषेक राजपूत सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

Share:

www.Teenbattinews.com

Archive