Editor: Vinod Arya | 94244 37885

डॉ गौर विवि - आईजीआरएमएस भोपाल के बीच एमओयू : शोध और विद्यार्थियों के लिए खुलेंगे नए अवसर

डॉ गौर विवि - आईजीआरएमएस भोपाल के बीच एमओयू :  शोध और विद्यार्थियों के लिए खुलेंगे नए अवसर


तीनबत्ती न्यूज: 24 अगस्त, 2026

सागर। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की गरिमामयी उपस्थिति में सागर स्थित डॉ. हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय (आईजीआरएमएस), भोपाल के बीच महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।

यह एमओयू अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान, भोपाल द्वारा आयोजित “समृद्ध मध्यप्रदेश के लिए केंद्र पोषित संस्थानों का योगदान – एक संस्थान, एक वादा” कॉन्क्लेव के दौरान हुआ। कार्यक्रम का आयोजन भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे हॉल, इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में किया गया।

एमओयू का आदान-प्रदान

डॉ. हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय की ओर से कुलपति प्रो. वाय. एस. ठाकुर एवं प्रो. अजीत जायसवाल, निदेशक (संकाय कार्य) एवं अध्यक्ष, मानव विज्ञान विभाग तथा आईजीआरएमएस की ओर से निदेशक प्रो. अमिताभ पांडेय ने किया।

इस समझौते के माध्यम से भारतीय ज्ञान परंपरा, मानव विज्ञान और संस्कृति के विभिन्न आयामों पर संयुक्त शोध एवं अकादमिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। दोनों संस्थान ज्ञान और संसाधनों के आदान-प्रदान के साथ शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों को नई शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य करेंगे।

एमओयू के तहत विद्यार्थियों के लिए इंटर्नशिप, फील्डवर्क और प्रशिक्षण के नए अवसर भी विकसित होंगे। इससे विद्यार्थियों को संग्रहालय, मानव विज्ञान, संस्कृति और भारतीय ज्ञान परंपरा से जुड़े विषयों का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

समृद्ध मध्यप्रदेश @2047 के लक्ष्य में सहयोग

इस साझेदारी का उद्देश्य मध्यप्रदेश के विकास में केंद्र पोषित संस्थानों की भूमिका को मजबूत करना और शैक्षणिक संस्थानों के बीच सहयोग को बढ़ावा देना है। दोनों संस्थान मिलकर “समृद्ध मध्यप्रदेश @2047” के लक्ष्य को साकार करने में योगदान देंगे।

कॉन्क्लेव में प्रदेश के विकास में केंद्र पोषित संस्थानों की भूमिका, नवाचार, शोध और संस्थागत सहयोग जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

Share:

Sagar news : शराब पीकर स्कूल पहुंचने वाला शिक्षक निलंबित : सागर कमिश्नर ने की कार्रवाई

शराब का सेवन कर विद्यालय पहुंचने और अनियमितताओं पर शिक्षक विजय सिंह राजपूत निलंबित


तीनबत्ती न्यूज: 24 अगस्त 2026

सागर। संभागायुक्त श्री अनिल सुचारी ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय काछी पिपरिया, विकासखंड रहली में पदस्थ उच्च माध्यमिक शिक्षक श्री विजय सिंह राजपूत को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई कलेक्टर सागर द्वारा 24 अगस्त 2026 को प्रस्तुत नोटशीट एवं जांच प्रतिवेदन के आधार पर की गई है।

कलेक्टर द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव के अनुसार शिक्षक श्री विजय सिंह राजपूत के विरुद्ध प्राप्त शिकायत की जांच विकासखंड शिक्षा अधिकारी, रहली के माध्यम से कराई गई थी। जांच के बाद प्रस्तुत प्रतिवेदन में शिक्षक द्वारा शराब का सेवन कर विद्यालय में उपस्थित होने, विद्यालय का वातावरण दूषित करने तथा छात्र-छात्राओं को परेशान करने सहित अन्य अनियमितताएं किए जाने संबंधी शिकायतें प्रमाणित पाई गईं।

जांच प्रतिवेदन 23 सितंबर 2025 को प्रस्तुत किया गया था। इसके बाद संबंधित शिक्षक को समक्ष में उपस्थित कराकर समझाइश भी दी गई, लेकिन इसके बावजूद उनकी कार्यप्रणाली में अपेक्षित सुधार नहीं आया।

कलेक्टर से प्राप्त प्रस्ताव के अवलोकन एवं परीक्षण के बाद संभागायुक्त श्री सुचारी ने श्री राजपूत को प्रथम दृष्ट्या दोषी माना। आदेश में कहा गया है कि शिक्षक का उक्त कृत्य पदीय दायित्वों के निर्वहन में स्वेच्छाचारिता एवं अनुशासनहीनता का द्योतक है तथा यह मध्यप्रदेश सिविल सेवा आचरण नियम, 1965 के नियम 3 के प्रावधानों के उल्लंघन की श्रेणी में आता है।

इसके आधार पर मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के नियम 9 के तहत प्रदत्त अधिकारों का उपयोग करते हुए श्री विजय सिंह राजपूत को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।


निलंबन अवधि में श्री विजय सिंह राजपूत का मुख्यालय कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी, जिला सागर निर्धारित किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।


Share:

सागर जिला शहर कांग्रेस की कार्यकारिणी घोषित: अध्यक्ष महेश जाटव ने जारी की सूची

सागर जिला शहर कांग्रेस की कार्यकारिणी घोषित: अध्यक्ष महेश जाटव ने जारी की सूची


 तीनबत्ती न्यूज: 24 अगस्त 2026

सागर: जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मंशानुरूप, मध्यप्रदेश कांग्रेस के प्रभारी हरीश चौधरी की सहमति एवं मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष  जीतू पटवारी की स्वीकृति से जिला शहर कांग्रेस कमेटी, सागर की कार्यकारिणी घोषित की है। इसके पहले भी कार्यकारिणी घोषित हुई थी। जिसे पार्टी हाईकमान ने कुछ दिन बाद रद्द कर दी थी ।

यह भी पढ़ें :महिलाओं को अपने अधिकारों के लिए आगे आना होगा, कांग्रेस हक दिलाने संकल्पित : रीना बोरासी,प्रदेश अध्यक्ष • सागर महिला कांग्रेस अध्यक्ष रिचा सिंह ने किया पदभार ग्रहण

घोषित कार्यकारिणी इस प्रकार है -

संगठन महासचिव: रामकुमार पचौरी

कोषाध्यक्ष: प्रशांत समैया

प्रवक्ता: कमलेश तिवारी

सोशल मीडिया प्रभारी: नीलेश अहिरवार

जिला चुनाव अभिकर्ता: एडवोकेट अकील सिद्दिकी

उपाध्यक्ष: शरद पुरोहित, आनंद हैला, सुल्तान कुरैशी, समीर खान, जितेंद्र रोहण, राहुल चौबे

महामंत्री: चैतन्य कृष्ण पांडेय, प्रीतम यादव, जगदीश साहू, मीरा अहिरवार, नौशाद अब्बासी, फ़िरदौस कुरैशी, जाहिद ठेकेदार, राजेश कोरी, शरद राजा सेन, जितेंद्र चौधरी

सचिव: नीरज रैकवार, अलीम ख़ान तज्जु, अमित चौरसिया, पवन जाटव, नरेश सनकत, देवेन्द्र बाल्मीकि, ज्योति मलैया, शेर खान, मुबीन खान, गगन जैन

स्थाई आमंत्रित सदस्य: अमित राम जी दुबे, मुकुल पुरोहित, पूर्व विधायक सुनील जैन, चंद्र भूषण गुड्डू राजा बुंदेला, बाबू सिंह बब्बू यादव 

विशेष आमंत्रित सदस्य: पूर्व मंत्री प्रकाश जैन, पूर्व नगर निगम अध्यक्ष संतोष पांडे, पूर्व नगर निगम अध्यक्ष त्रिलोकी नाथ कटारे, कैलाश सिंघई, श्रीमती निधि जैन, पुरुषोत्तम मुन्ना चौबे, अशोक श्रीवास्तव, सुरेंद्र सुहाने, जगदीश यादव, राजकुमार पचौरी, स्वदेश जैन, संतोष प्रजापति, राकेश राय, प्रदीप गुप्ता, लीलाधर सूर्यवंशी, सुरेंद्र चौबे, नरेंद्र सोनी, श्रीमती रेखा चौधरी, राजू बख्शी, विजय साहू, भैयन पटेल, साजिद राइन, अंकलेश्वर अन्नी दुबे, डॉक्टर दिनेश पटैरिया, चक्रेश सिंघई, लक्ष्मी नारायण सोनकिया,जितेंद्र चावला, एडवोकेट रजनी ठाकुर, अभिलाष जैन, हरिश्चंद्र सोनवार, बृजेन्द्र नगरिया, रमाकांत यादव, सुधा रजक, कुंदन जाट, वीरेंद्र महावते

जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए पार्टी की रीति-नीति के अनुरूप संगठन को मजबूत करने के लिए कार्य करने का आह्वान किया है।



Share:

महिलाओं को अपने अधिकारों के लिए आगे आना होगा, कांग्रेस हक दिलाने संकल्पित : रीना बोरासी,प्रदेश अध्यक्ष • सागर महिला कांग्रेस अध्यक्ष रिचा सिंह ने किया पदभार ग्रहण

महिलाओं को अपने अधिकारों के लिए आगे आना होगा, कांग्रेस हक दिलाने संकल्पित : रीना बोरासी,प्रदेश अध्यक्ष

• सागर महिला कांग्रेस अध्यक्ष रिचा सिंह ने किया पदभार ग्रहण


तीनबत्ती न्यूज, 23 अगस्त 2026

सागर। जिला महिला कांग्रेस सागर ग्रामीण की नवनियुक्त अध्यक्ष रिचा सिंह गोंड ने रविवार को भव्य रैली के साथ पदभार ग्रहण किया। मकरोनिया स्थित स्टेट पैराडाइज होटल से निकली रैली कांग्रेस जिंदाबाद और महिला कांग्रेस जिंदाबाद के नारों के बीच पद्माकर नगर स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय पहुंची, जहां रैली विशाल सभा में परिवर्तित हो गई। रैली में मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी सेतिया प्रमुख रूप से शामिल हुईं। जिला कांग्रेस सागर ग्रामीण के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मुहासा ने नवनियुक्त जिला ग्रामीण महिला कांग्रेस अध्यक्ष ऋचा सिंह गोंड को पदभार ग्रहण कराया। इस दौरान महिला कांग्रेस अध्यक्ष का तीर-कमान भेंट कर अभिनंदन भी किया गया।

यह भी पढ़ें : पिकनिक मनाने गये 9 युवक - युवतियां आबचंद गुफा के पास गदेरी नदी में फंसे : पुलिस और SDRF ने किया रेस्क्यू • पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव पहुंचे बचाव कार्य का लिया जायजा

महिलाओं को अपने अधिकारों के लिए आगे आना होगा : रीना बोरासी

प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना बोरासी सेतिया ने कहा कि आधी आबादी को पूरा हक और सम्मान दिलाना कांग्रेस का संकल्प है। मध्य प्रदेश में महिलाओं को अब अपने अधिकारों के लिए आगे आना होगा और अपनी आवाज को मजबूती से बुलंद करना होगा।उन्होंने कहा कि महिलाओं को केवल आर्थिक सहायता के नाम पर कुछ राशि देकर उनकी वास्तविक समस्याओं और अधिकारों से मुंह नहीं मोड़ा जा सकता। आज महंगाई ने हर परिवार का बजट बिगाड़ दिया है। महिलाओं को केवल सहायता नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता, सम्मान और निर्णय लेने का अधिकार चाहिए।


रीना बोरासी ने महिलाओं से सामाजिक और राजनीतिक निर्णयों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसा समाज बनाना होगा, जहां महिला सुरक्षित हो, युवाओं को रोजगार मिले, किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य मिले और हर नागरिक सम्मान के साथ जीवन जी सके। इसके लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं और महिला शक्ति को गांव-गांव तथा घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करना होगा।

यह भी पढ़ें: साप्ताहिक राशिफल 24 से 30 अगस्त 2026: इन राशियों पर रहेगी विशेष कृपा, जानें शुभ तारीख और उपाय • पंडित अनिल पाण्डेय

जिला कांग्रेस सागर ग्रामीण अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मुहासा ने ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि गांवों में महिलाएं अनेक सामाजिक समस्याओं का सामना कर रही हैं। ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को अपने अधिकारों के लिए संगठित होकर आगे आना होगा।उन्होंने कहा कि ग्रामीण कांग्रेस कमेटी महिलाओं की इस लड़ाई में मजबूती से उनके साथ खड़ी है। कांग्रेस का लक्ष्य केवल राजनीति करना नहीं, बल्कि गांव के हर परिवार को सुरक्षित, सम्मानजनक और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के लिए संघर्ष करना है।

जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने कहा कि आम आदमी के लिए परिवार चलाना लगातार मुश्किल होता जा रहा है। खाद्य सामग्री, पेट्रोल, गैस, शक्कर सहित रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार वृद्धि से गरीब और मध्यम वर्ग सबसे अधिक प्रभावित है।


प्रदेश महासचिव रेखा चौधरी ने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ जनजागरण समय की आवश्यकता है। जनता को अपने अधिकारों और लोकतांत्रिक ताकत का एहसास कराते हुए जनहित के मुद्दों को मजबूती से सामने लाना होगा।

रिचा सिंह ने जताया आभार

नवनियुक्त जिला ग्रामीण महिला कांग्रेस अध्यक्ष ऋचा सिंह ने कहा कि प्रदेश और जिले की कांग्रेस संगठन ने उन्हें जो दायित्व सौंपा है, उसका वे पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ पालन करेंगी। उन्होंने महिला कांग्रेस को गांव-गांव तक मजबूत करने और महिलाओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का संकल्प व्यक्त किया।

कार्यक्रम को जिला शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष किरण लता सोनी और प्रदेश महिला सचिव रेखा सोनी ने भी संबोधित किया।सभा का संचालन पूर्व जनपद अध्यक्ष देवरी एवं जिला कांग्रेस कमेटी सागर ग्रामीण की महामंत्री आंचल अथिया ने किया। आभार प्रदेश महिला कांग्रेस सचिव एवं पार्षद सीमा चौधरी ने व्यक्त किया। कार्यक्रम की शुरुआत कांग्रेस की परंपरा के अनुसार वंदे मातरम गान से हुई, जिसे सेवादल शहर अध्यक्ष सिन्टू कटारे एवं विजय साहू ने संपन्न कराया।

नवनिर्वाचित अधिवक्ता संघ अध्यक्ष अंकलेश्वर दुबे का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान जिला अधिवक्ता संघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अंकलेश्वर दुबे का जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से स्वागत किया गया। जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मुहासा एवं संगठन महासचिव आशीष ज्योतिषी ने उन्हें शाल, श्रीफल एवं पुष्पहार भेंट कर सम्मानित किया। उपस्थित कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई दी।

बारिश के बीच बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ता

पदभार ग्रहण कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से सैकड़ों की संख्या में महिला एवं पुरुष कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। बारिश के बावजूद कार्यकर्ता पूरे उत्साह के साथ रैली और सभा में मौजूद रहे।

इस अवसर पर पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष जगदीश यादव, अमित रामजी दुबे, राजकुमार धनोरा, मीडिया प्रभारी अभिषेक गौर, आरआर पाराशर, अशोक कुशवाहा, चक्रेश सिंघई, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह, कर्रापुर देवेंद्र कुर्मी, गजेंद्र लोधी, अवधेश तोमर, शैलेंद्र तोमर, आनंद तोमर, प्रवक्ता सूर्य शुक्ला, हेमकुमारी कुर्मी, मनोज पवार, जय पाराशर, अक्षय दुबे, संजना कुर्मी, कमल चौधरी सहित जिला कांग्रेस शहर एवं ग्रामीण के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Share:

किसानों की उपज का सुरक्षित भंडारण और समय पर भुगतान होगा बेहतर: संजय नगायच,अध्यक्ष,मध्यप्रदेश वेयरहाउसिंग एवं लॉजिस्टिक्स कारपोरेशन

किसानों की उपज के सुरक्षित भंडारण और समय पर भुगतान व्यवस्था को बनाया जाएगा और बेहतर

• आधुनिक तकनीक और नवाचार से बदलेगा मध्यप्रदेश वेयरहाउसिंग कारपोरेशन का स्वरूप : संजय नगायच


तीनबत्ती न्यूज : 23 अगस्त 2026

सागर। मध्यप्रदेश वेयरहाउसिंग एवं लॉजिस्टिक्स कारपोरेशन के अध्यक्ष संजय नगायच ने कहा कि प्रदेश में किसानों की उपज के सुरक्षित भंडारण, खाद्यान्न की गुणवत्ता बनाए रखने और जरूरतमंद परिवारों तक खाद्यान्न समय पर पहुंचाने की व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाया जाएगा। इसके साथ ही किसानों को समय पर भुगतान की व्यवस्था को भी बेहतर करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

यह भी पढ़ें : पिकनिक मनाने गये 9 युवक - युवतियां आबचंद गुफा के पास गदेरी नदी में फंसे : पुलिस और SDRF ने किया रेस्क्यू • पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव पहुंचे बचाव कार्य का लिया जायजा

श्री नगायच इन दिनों प्रदेश के विभिन्न संभागों में समीक्षा बैठकें करने के साथ वेयरहाउसों का निरीक्षण कर रहे हैं। इस दौरान वे अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सीधे संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी ले रहे हैं तथा मौके पर सामने आने वाली समस्याओं के निराकरण के निर्देश दे रहे हैं। सागर में उन्होंने विभागीय समीक्षा बैठक के साथ ही मीडिया से चर्चा की । 

यह भी पढ़ें: साप्ताहिक राशिफल 24 से 30 अगस्त 2026: इन राशियों पर रहेगी विशेष कृपा, जानें शुभ तारीख और उपाय • पंडित अनिल पाण्डेय

उन्होंने बताया कि कारपोरेशन का मुख्य फोकस दो प्रमुख विषयों पर है। पहला, वेयरहाउसों का नियमित निरीक्षण कर वहां सामने आने वाली कमियों को दूर करना और दूसरा, अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कार्यप्रणाली, अनुशासन तथा निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना। उन्होंने बताया कि पन्ना जिले में भी वेयरहाउसों के निरीक्षण के दौरान नियमों के समान रूप से पालन पर विशेष जोर दिया गया था।

आधुनिक तकनीक और नवाचार पर जोर

श्री नगाईच ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप कारपोरेशन की कार्यप्रणाली में नवाचार और पारदर्शिता को बढ़ावा दिया जा रहा है। गेहूं, चना, धान, मूंग सहित किसानों की विभिन्न उपज का बड़े स्तर पर भंडारण वेयरहाउसिंग कारपोरेशन द्वारा किया जाता है। भंडारित खाद्यान्न का बड़ा हिस्सा सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचता है। इसलिए खाद्यान्न की सुरक्षा और गुणवत्ता बनाए रखना कारपोरेशन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में मध्यप्रदेश वेयरहाउसिंग एवं लॉजिस्टिक्स कारपोरेशन को आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में काम किया जाएगा। वेयरहाउस परिसरों में सोलर लाइट, ई-वेयरहाउसिंग और ई-कॉमर्स गतिविधियों को बढ़ावा देने की संभावनाओं पर कार्य किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें: कटनी जमीन घोटाला: सीएम मोहन यादव का बड़ा एक्शन, CSP नेहा पच्चीसिया निलंबित, कार्यालय सील • 80 लाख की जमीन 18 लाख में ट्रांसफर कराने का आरोप : सीएसपी सहित तीन पर FIR

ई-कॉमर्स कंपनियों से जोड़ने की योजना

श्री नगाईच ने बताया कि शहरी क्षेत्रों में स्थित वेयरहाउसों को बड़ी ई-कॉमर्स कंपनियों से जोड़ने तथा कारपोरेशन की उपलब्ध भूमि का बेहतर उपयोग करने की योजना पर भी विचार किया जा रहा है। इसके अलावा वेयरहाउसों के आसपास फ्रूट फॉरेस्ट अथवा अन्य उपयोगी गतिविधियां विकसित करने की संभावनाएं भी देखी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही मध्यप्रदेश वेयरहाउसिंग एवं लॉजिस्टिक्स कारपोरेशन प्रदेश में नए और आधुनिक स्वरूप में दिखाई देगा। किसानों को वेयरहाउस से संबंधित समस्याओं के निराकरण के लिए निर्धारित विभागीय माध्यमों के साथ-साथ सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्मों के माध्यम से अपनी समस्या और सुझाव साझा करने की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।

Share:

सागर: दुष्कर्म और अश्लील फोटो से ब्लैकमेल करने वाले आरोपी को 10 साल की सजा

दुकान पर आने-जाने के दौरान महिला से दुष्कर्म और अश्लील फोटो के जरिए ब्लैकमेल करने वाले आरोपी को 10 साल की सजा


तीनबत्ती न्यूज:23 अगस्त 2026

सागर। जिला न्यायालय सागर के सप्तम अपर जिला न्यायाधीश श्री उत्तम कुमार डार्वी की अदालत ने दुष्कर्म के मामले में आरोपी अनिल रजक को दोषी ठहराते हुए 10 वर्ष के सश्रम कारावास और 5 हजार रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई। सजा सुनाए जाने के बाद आरोपी को केंद्रीय जेल सागर भेज दिया गया।

यह भी पढ़ें : पिकनिक मनाने गये 9 युवक - युवतियां आबचंद गुफा के पास गदेरी नदी में फंसे : पुलिस और SDRF ने किया रेस्क्यू • पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव पहुंचे बचाव कार्य का लिया जायजा

अभियोजन की ओर से पैरवी करने वाले अपर लोक अभियोजक  दीपक पौराणिक ने बताया कि राहतगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम भानगढ़ निवासी पीड़िता वर्तमान में अपने पति और बच्चों के साथ भोपाल में रहती है। गांव में पीड़िता की किराने की दुकान थी, जहां आरोपी अनिल रजक राजश्री गुटखा सहित अन्य सामान खरीदने के बहाने आता था।


अभियोजन के अनुसार आरोपी ने किसी माध्यम से पीड़िता का मोबाइल नंबर प्राप्त कर उसे फोन करना शुरू किया। पीड़िता द्वारा बात करने से मना करने के बावजूद आरोपी लगातार फोन करता रहा। बाद में दोनों के बीच बातचीत होने लगी। आरोपी पीड़िता से मिलने का दबाव बनाता था।

यह भी पढ़ें: साप्ताहिक राशिफल 24 से 30 अगस्त 2026: इन राशियों पर रहेगी विशेष कृपा, जानें शुभ तारीख और उपाय • पंडित अनिल पाण्डेय

पीड़िता के अनुसार एक दिन आरोपी राजश्री लेने के बहाने दुकान के अंदर आया और उसके साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। इसके बाद वह उसे घर के पीछे कमरे में ले गया, जहां कथित तौर पर उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। अभियोजन ने बताया कि बाद में आरोपी पीड़िता से बिना कपड़ों के फोटो मांगने लगा और उसके द्वारा भेजे गए फोटो का इस्तेमाल कर उसे धमकाने और ब्लैकमेल करने लगा।


पीड़िता के पति को मामले की जानकारी होने के बाद उसने आरोपी से बातचीत बंद कर दी। इसके बाद भी आरोपी कथित रूप से पीड़िता पर दबाव बनाता रहा और उसकी तस्वीरें वायरल कर बदनाम करने की धमकी देता रहा। पति के साथ पीड़िता 13 जनवरी 2023 को भोपाल चली गई, जिसके बाद उसने अयोध्यानगर थाना भोपाल में शिकायत दर्ज कराई।

------------

वीडियो देखने क्लिक करे

सागर में बड़ा हादसा टला: आपचंद गुफा के पास नदी में फंसे 9 युवक-युवतियों का SDRF ने किया रेस्क्यू

------------

मामले में अयोध्यानगर थाना पुलिस ने प्रारंभिक रूप से धारा 376, 376(2)(n), 509 और 506 भारतीय दंड संहिता के तहत जीरो पर प्रकरण दर्ज किया। बाद में मामला राहतगढ़ थाना पुलिस को भेजा गया, जहां विवेचना के बाद आगे की कार्रवाई की गई।

अदालत में अभियोजन पक्ष ने कुल 14 गवाहों के बयान, मेडिकल रिपोर्ट एवं चिकित्सक के बयान, पीड़िता और उसके परिजनों सहित पुलिस अधिकारियों के बयान प्रस्तुत किए। अभियोजन की ओर से 19 दस्तावेज प्रदर्शित कराए गए।

न्यायालय ने मामले में प्रस्तुत साक्ष्यों और अभियोजन पक्ष की दलीलों के आधार पर आरोपी अनिल रजक को दोषी ठहराते हुए धारा 376 एवं 376(2)(n) भारतीय दंड संहिता के तहत 10 वर्ष के सश्रम कारावास और 5 हजार रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई। शासन की ओर से मामले में पैरवी अपर लोक अभियोजक श्री दीपक पौराणिक ने की।

Share:

पिकनिक मनाने गये 9 युवक - युवतियां आबचंद गुफा के पास गदेरी नदी में फंसे : पुलिस और SDRF ने किया रेस्क्यू • पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव पहुंचे बचाव कार्य का लिया जायजा

पिकनिक मनाने गये 9 युवक - युवतियां आबचंद गुफा के पास गदेरी नदी में फंसे :  पुलिस और SDRF ने किया रेस्क्यू 

• पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव पहुंचे, बचाव कार्य का लिया जायजा

तीनबत्ती न्यूज: 23 अगस्त 2026

सागर। सागर जिले के  प्रसिद्ध पर्यटन स्थल आबचंद गुफा क्षेत्र में 22 अगस्त की शाम उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब गदेरी नदी का जलस्तर और बहाव अचानक बढ़ने से पिकनिक मनाने पहुंचे सागर शहर के 9 युवक-युवतियां नदी के बीच पानी से घिरे टापू पर फंस गए। एक पत्थर पर ढाई घंटे बैठे रहे । सूचना मिलते ही सागर पुलिस, एसडीआरएफ, होमगार्ड और स्थानीय ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से साहसिक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। मौके पर पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव पहुंचे और सुरक्षित निकालने के निर्देश दिए।

------------

वीडियो देखने क्लिक करे

सागर में बड़ा हादसा टला: आपचंद गुफा के पास नदी में फंसे 9 युवक-युवतियों का SDRF ने किया रेस्क्यू

------------

पिकनिक मनाने गये थे

घटना की सूचना 22 अगस्त की शाम करीब 6:50 बजे डायल-112 और पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से मिली। बताया गया कि आबचंद गुफा क्षेत्र में तेज बहाव के कारण 9 लोग चारों ओर से पानी से घिर गए हैं। परिस्थितियां बेहद चुनौतीपूर्ण थीं और अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी जोखिम था।

एसपी ने संभाली कमान, वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे

सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया ने पूरे घटनाक्रम की पल-पल मॉनिटरिंग शुरू कर दी और संबंधित विभागों से समन्वय करते हुए तत्काल आवश्यक संसाधन मौके पर भेजने के निर्देश दिए। आबचंद गुफा की ओर से सीधे घटनास्थल तक पहुंचना बेहद कठिन और जोखिमपूर्ण था। इसके बाद आबचंद गांव की ओर से वैकल्पिक रास्ते से पहुंचने की रणनीति बनाई गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  नरेंद्र सोलंकी एवं एसडीओपी रहली प्रकाश मिश्रा पुलिस टीम के साथ करीब 4 किलोमीटर घने जंगल और दुर्गम रास्ते से पैदल घटनास्थल की ओर रवाना हुए।

यह भी पढ़ें: साप्ताहिक राशिफल 24 से 30 अगस्त 2026: इन राशियों पर रहेगी विशेष कृपा, जानें शुभ तारीख और उपाय • पंडित अनिल पाण्डेय

अंधेरा, घना जंगल और जंगली जानवरों के खतरे के बावजूद टीम ने हिम्मत नहीं छोड़ी। स्थानीय ग्रामीणों की मदद, जीपीएस नेविगेशन और सर्चलाइट की सहायता से रेस्क्यू टीम बच्चों के निकट पहुंची।

तेज बहाव के बीच SDRF ने संभाला मोर्चा

नदी का पानी चारों तरफ से बढ़ रहा था और सभी 9 लोग नदी के बीच टापू पर फंसे हुए थे। स्थिति को देखते हुए होमगार्ड कमांडेंट श्री भूपेंद्र सिंह के नेतृत्व में एसडीआरएफ टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

एसडीआरएफ जवानों ने तेज बहाव और अंधेरे के बीच अत्यंत सावधानी से नदी में उतरकर एक-एक कर सभी 9 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस, एसडीआरएफ, होमगार्ड और स्थानीय ग्रामीणों के बेहतर समन्वय से ऑपरेशन सफल रहा।


पूर्व मंत्री और क्षेत्रीय विधायक गोपाल भार्गव ने लिया जायजा

घटना की जानकारी मिलने के बाद  पूर्व मंत्री और क्षेत्रीय विधायक  गोपाल भार्गव भी मौके पर पहुंचे और प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों से रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी ली। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्य की स्थिति का जायजा लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें: जिला अधिवक्ता संघ सागर चुनाव: अंकलेश्वर दुबे अध्यक्ष, जितेंद्र राठौर सचिव और आरती जैन कोषाध्यक्ष निर्वाचित

सभी 9 लोग सुरक्षित

रेस्क्यू किए गए सभी 9 लोगों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। सभी के स्वस्थ पाए जाने के बाद उन्हें सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

रेस्क्यू किए गए लोगों में रिया पिता संजय अहिरवार, उम्र 19 वर्ष, उपासना पिता प्रकाश अहिरवार, उम्र 20 वर्ष, सानिया पिता प्रकाश अहिरवार, उम्र 18 वर्ष, निक्की उर्फ निकिता पिता प्रकाश अहिरवार, उम्र 19 वर्ष, डाली पिता संजय अहिरवार, उम्र 16 वर्ष, राज पिता सीताराम अहिरवार, उम्र 18 वर्ष राजा पिता सीताराम अहिरवार, उम्र 17 वर्ष, नीरज अहिरवार पिता संतोष अहिरवार, उम्र 18 वर्ष, सिया पिता संजय अहिरवार, उम्र 17 वर्ष शामिल है। सभी इंजीनियरिंग कॉलेज रोड, बहेरिया, जिला सागर के निवासी बताए गए हैं।

यह भी पढ़ें : कलेक्टर ने रहली में अनाधिकृत कॉलोनी निर्माण हटाने एवं कॉलोनाइजरों के खिलाफ FIR दर्ज करने के दिए आदेश

पुलिस और SDRF टीम की सराहनीय भूमिका

रेस्क्यू ऑपरेशन में हवलदार भागवती पटेल, एसडीआरएफ आरक्षक मुकुल यादव, मनोज देशमुख, धर्मेंद्र चौहान, नीरज सौर, प्रयास तिवारी, एसके जितेंद्र पटेल, एसके राकेश विश्वकर्मा सहित पुलिस एवं एसडीआरएफ के जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

यह भी पढ़ें: उल्दन बांध ओवरफ्लो, कई मार्गों पर आवाजाही प्रभावित; प्रशासन ने जारी की वैकल्पिक मार्गों की सूचना

इसके अलावा थाना प्रभारी गढ़ाकोटा गौरव तिवारी एवं उनकी टीम, थाना प्रभारी रहली संजय ऋषीश्वर एवं उनकी टीम, चौकी शाहपुर प्रभारी उप निरीक्षक मनीषा एवं उनकी टीम, थाना प्रभारी बहेरिया शशिकांत गुर्जर एवं उनकी टीम तथा कंट्रोल रूम प्रभारी आर.के.एस. चौहान एवं उनकी टीम ने भी रेस्क्यू ऑपरेशन में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।

कंट्रोल रूम द्वारा बनाए गए व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से विभिन्न टीमों के बीच लगातार समन्वय और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई।

Share:

साप्ताहिक राशिफल 24 से 30 अगस्त 2026: इन राशियों पर रहेगी विशेष कृपा, जानें शुभ तारीख और उपाय • पंडित अनिल पाण्डेय

साप्ताहिक राशिफल 24 से 30 अगस्त 2026: इन राशियों पर रहेगी विशेष कृपा, जानें शुभ तारीख और उपाय

• पंडित अनिल पाण्डेय



तीनबत्ती न्यूज: 23 अगस्त, 2026

कविवर श्रेष्ठ श्री कुमार विश्वास जी की पंक्ति — "राम राजा भी हैं और तपस्वी भी हैं" — श्री रामचंद्र जी के समग्र और आदर्श व्यक्तित्व का पूर्ण चित्रण करती है। 'भजन' का अर्थ है आराध्य का निरंतर स्मरण करना। नियमपूर्वक किए गए भजन से जीवन के उपरांत रघुवर पुर (वैकुंठ/अयोध्या) में स्थान प्राप्त होता है और व्यक्ति 'हरि-भक्त' कहलाता है। श्री राम जी के चरित्र में ही श्री हनुमान जी का स्वरूप समाहित है। श्री हनुमान चालीसा का संपुट पाठ हनुमत कृपा प्राप्त करने, सभी दुखों के नाश तथा परलोक सुधारने का उत्तम माध्यम है।

विशेष चौपाई संपुट: अन्त काल रघुबर पुर जाई। जहाँ जन्म हरि-भक्त कहाई॥ (संसार के समस्त रोगों व पीड़ाओं के निवारण के उपायों का विस्तृत विवरण "नाशे रोग हरे सब पीरा" पुस्तक में उपलब्ध है।)

इस सप्ताह का ग्रह गोचर

  • सूर्य एवं बुध: सिंह राशि में
  • शुक्र: कन्या राशि में
  • मंगल: मिथुन राशि में
  • गुरु (बृहस्पति): कर्क राशि में
  • शनि: मीन राशि में (वक्री)
  • राहु: कुंभ राशि में

राशिवार साप्ताहिक राशिफल (24 - 30 अगस्त 2026)

♨️ मेष राशि (Aries)

  • करियर व प्रतिष्ठा: प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। माता जी का स्वास्थ्य अच्छा रहेगा और भाग्य का साथ मिलेगा। छात्रों की पढ़ाई अच्छी चलेगी व संतान से सहयोग और सफलता प्राप्त होगी। स्वास्थ्य में सुधार होगा। अधिकारियों व कर्मचारियों को सतर्क रहकर कार्य करना होगा; व्यापारियों के लिए समय सामान्य रहेगा।
  • शुभ तारीखें: 25, 26 और 27 तारीख।
  • सावधान रहने का दिन: 30 तारीख।
  • विशेष उपाय: प्रतिदिन काले उड़द की दाल का दान करें और शनिवार को शनि मंदिर में दर्शन-पूजन करें।
  • शुभ दिन: मंगलवार।


♉ वृष राशि (Taurus)

  • करियर व प्रतिष्ठा: भाई-बहनों के साथ संबंध ठीक रहेंगे। प्रतिष्ठा बढ़ेगी तथा संतान के लिए सप्ताह उत्तम रहेगा। भाग्य से मदद मिलने की संभावना थोड़ी कम है, लेकिन विद्यार्थियों की पढ़ाई ठीक चलेगी। माता जी, आपका एवं जीवनसाथी का स्वास्थ्य उत्तम रहेगा।
  • शुभ तारीखें: 27, 28 और 29 तारीख।
  • सावधान रहने का दिन: 24 तारीख।
  • विशेष उपाय: प्रतिदिन राम रक्षा स्तोत्र का पाठ करें।
  • शुभ दिन: शुक्रवार।

♊ मिथुन राशि (Gemini)

  • करियर व प्रतिष्ठा: धन लाभ में वृद्धि होगी। कर्मचारियों व अधिकारियों के लिए समय ठीक है। दुर्घटनाओं से बचाव रहेगा। अपनी प्रतिष्ठा के प्रति सचेत रहें, कुछ लोग आपकी छवि प्रभावित करने का प्रयास कर सकते हैं। भाई-बहनों से संबंध अच्छे रहेंगे।
  • शुभ तारीखें: 24 और 30 तारीख।
  • सावधान रहने की तारीखें: 25, 26 और 27 तारीख।
  • विशेष उपाय: प्रतिदिन काले कुत्ते को तंदूर की बनी रोटी खिलाएं।
  • शुभ दिन: रविवार।

♋ कर्क राशि (Cancer)

  • करियर व प्रतिष्ठा: अल्प प्रयास से अधिक धन लाभ का योग है। कचहरी के कार्यों में सतर्कता बरतें। भाई-बहनों के संबंधों में तनाव हो सकता है। आपका व माता-पिता का स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। प्रेम संबंधों में वृद्धि होगी।
  • शुभ तारीखें: 25, 26 और 27 तारीख की दोपहर तक।
  • सावधान रहने का समय: सप्ताह के शेष दिन।
  • विशेष उपाय: प्रतिदिन हनुमान चालीसा का पाठ करें और शनिवार को दक्षिणमुखी हनुमान जी के समक्ष 3 बार हनुमान चालीसा का पाठ करें।
  • शुभ दिन: रविवार।

♌ सिंह राशि (Leo)

  • करियर व प्रतिष्ठा: आत्मविश्वास अच्छा रहेगा और व्यापार में वृद्धि होगी। धन आने के योग हैं, परंतु खर्चों में बढ़ोतरी संभव है। इस वर्ष मांगलिक कार्य, विवाह या भूमि/संपत्ति क्रय में बड़ा धन व्यय हो सकता है। भाई-बहनों के साथ थोड़ा तनाव हो सकता है।
  • शुभ तारीखें: 27 तारीख दोपहर के बाद, 28 और 29 तारीख।
  • सावधान रहने की तारीखें: 25, 26, 27 (दोपहर तक) और 30 अगस्त।
  • विशेष उपाय: प्रतिदिन विष्णु सहस्रनाम का पाठ करें।
  • शुभ दिन: सोमवार।

♍ कन्या राशि (Virgo)

  • करियर व प्रतिष्ठा: अविवाहितों के लिए यह सप्ताह अच्छा रहेगा, विवाह के प्रस्ताव आएंगे। पुराने संबंधों में प्रगाढ़ता आएगी और नए संबंध बन सकते हैं। धन लाभ का सुंदर योग है। कचहरी के कार्यों में सावधानी से सफलता मिल सकती है। कर्मचारियों व अधिकारियों को सतर्क रहना होगा।
  • शुभ तारीखें: 24 और 30 अगस्त।
  • सावधान रहने की तारीखें: 27, 28 और 29 तारीख।
  • विशेष उपाय: प्रतिदिन लाल मसूर की दाल का दान करें और मंगलवार को हनुमान मंदिर में 3 बार हनुमान चालीसा का पाठ करें।
  • शुभ दिन: रविवार।

♎ तुला राशि (Libra)

  • करियर व प्रतिष्ठा: धन का आगमन आपकी मेहनत पर निर्भर करेगा। योजनाबद्ध परिश्रम से अधिक लाभ होगा। व्यापारियों, अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए समय काफी अच्छा रहेगा। संतान से अपेक्षित सहयोग नहीं मिलेगा; भाग्य से मदद कम मिलेगी, इसलिए कर्म पर ही ध्यान दें।
  • शुभ तारीखें: 25, 26 और 27 तारीख।
  • सावधान रहने का दिन: 30 अगस्त।
  • विशेष उपाय: प्रतिदिन गाय को हरा चारा खिलाएं।
  • शुभ दिन: बुधवार।

♏ वृश्चिक राशि (Scorpio)

  • करियर व प्रतिष्ठा: कर्मचारियों, अधिकारियों और व्यापारियों के लिए सप्ताह बहुत अच्छा रहेगा। सरकारी ठेके से जुड़े लोगों को विशेष लाभ होगा। पूर्ण धन लाभ और भाग्य का साथ मिलेगा। भाई-बहनों से तनाव हो सकता है। संतान से सहयोग प्राप्त होगा। दुर्घटनाओं से सतर्क रहें।
  • शुभ तारीखें: 27, 28 और 29 तारीख।
  • सावधान रहने का समय: सप्ताह के बाकी दिन भी ठीक-ठाक हैं।
  • विशेष उपाय: प्रतिदिन शिव पंचाक्षर मंत्र का जाप करें।
  • शुभ दिन: बृहस्पतिवार।

🏹 धनु राशि (Sagittarius)

  • करियर व प्रतिष्ठा: भाग्य का भरपूर सहयोग मिलेगा, जिससे थोड़े से प्रयास में अधिक सफलता मिलेगी। आपका स्वास्थ्य उत्तम रहेगा, परंतु पिता एवं जीवनसाथी के स्वास्थ्य पर ध्यान दें। कर्मचारियों व अधिकारियों को सचेत रहना चाहिए। भाई-बहनों के साथ दूरियाँ बढ़ सकती हैं।
  • शुभ तारीखें: 24 और 30 अगस्त।
  • सावधान रहने का समय: सप्ताह के बाकी दिन भी ठीक-ठाक हैं।
  • विशेष उपाय: प्रतिदिन रुद्राष्टक का पाठ करें।
  • शुभ दिन: रविवार।

♑ मकर राशि (Capricorn)

  • करियर व प्रतिष्ठा: जीवनसाथी को हर क्षेत्र में सफलता मिलेगी। माता-पिता का स्वास्थ्य सामान्य रहेगा। सावधानीपूर्वक कार्य करने पर कचहरी के कार्यों में सफलता मिल सकती है। भाग्य का सहयोग कम मिलेगा, अतः अपने कर्म पर विश्वास रखें। भाई-बहनों के साथ संबंध सामान्य से थोड़े अलग रह सकते हैं।
  • शुभ तारीखें: 25, 26 और 27 तारीख।
  • सावधान रहने का दिन: 24 तारीख।
  • विशेष उपाय: प्रतिदिन शिवलिंग पर दूध और जल से अभिषेक करें।
  • शुभ दिन: शनिवार।

♒ कुंभ राशि (Aquarius)

  • करियर व प्रतिष्ठा: यह सप्ताह जीवनसाथी और व्यापारियों के लिए उत्तम है। पेट से संबंधित पुराना रोग दूर हो सकता है। हालांकि, विद्यार्थियों की पढ़ाई में रुकावटें आ सकती हैं। संतान पक्ष से सहयोग नहीं मिल पाएगा। मामूली धन लाभ होने का योग है।
  • शुभ तारीखें: 27 तारीख दोपहर से 28 और 29 तारीख।
  • सावधान रहने की तारीखें: 25, 26 और 27 तारीख दोपहर तक।
  • विशेष उपाय: प्रतिदिन शिव पंचाक्षर स्तोत्र का पाठ करें।
  • शुभ दिन: शनिवार।

♓ मीन राशि (Pisces)

  • करियर व प्रतिष्ठा: नौकरीपेशा लोगों के लिए समय अच्छा रहेगा। प्रयासों से शत्रुओं पर विजय मिलेगी। मानसिक तनाव थोड़ा बढ़ सकता है, पर नियंत्रण पा लेंगे। संतान से अच्छा सहयोग मिलेगा। सामाजिक प्रतिष्ठा के प्रति सतर्क रहें, विरोधी नुकसान पहुँचाने का प्रयास कर सकते हैं।
  • शुभ तारीखें: 24 और 30 तारीख।
  • सावधान रहने की तारीखें: 27, 28 और 29 तारीख।
  • विशेष उपाय: प्रतिदिन गणेश अथर्वशीर्ष का पाठ करें।
  • शुभ दिन: रविवार।

विशेष नोट: यह सामान्य भविष्यवाणी है। व्यक्तिगत एवं सटीक विश्लेषण के लिए दूरभाष या व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर कुंडली का विश्लेषण कराएं। माँ शारदा से प्रार्थना है कि आप सदैव स्वस्थ, सुखी और संपन्न रहें।

जय मां शारदा।

निवेदक: पंडित अनिल कुमार पाण्डेय (सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता) प्रश्न कुंडली एवं वास्तु शास्त्र विशेषज्ञ साकेत धाम कॉलोनी, मकरोनिया, सागर (मध्य प्रदेश) - 470004 मो.: 8959594400

Share:

www.Teenbattinews.com

Archive