Editor: Vinod Arya | 94244 37885

सागर में बैंकिंग संस्थानों की सुरक्षा जांच, CCTV और पार्किंग निगरानी बढ़ाने के निर्देश

बैंकिंग संस्थानों की सुरक्षा को लेकर सागर पुलिस का विशेष अभियान, जिलेभर में हुई जांच

तीनबत्ती न्यूज:15 सितम्बर, 2026

सागर। बैंकिंग एवं वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से सागर पुलिस द्वारा जिलेभर में विशेष चेकिंग एवं निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया एवं नरेंद्र सोलंकी के मार्गदर्शन में विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने बैंकों, एटीएम एवं अन्य वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

यह भी पढ़ें: दिग्विजय सिंह ने बंडा शराब कांड पर सरकार को घेरा, SP हटाने और उनकी EOW जांच की मांग • बंडा कांड के चार पीड़ित परिवारों को लिया गोद • कलेक्टर ने नहीं उठाए फोन, करेंगे शिकायत • भार्गव - भूपेंद्र और गोविंद राजपूत वाली भाजपा में बताया फर्क

अभियान के दौरान पुलिस ने बैंक प्रबंधकों एवं सुरक्षा प्रभारियों से चर्चा कर सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं और संभावित जोखिमों की जानकारी ली। साथ ही सुरक्षा उपायों को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।


बैंक के बाहर और पार्किंग में भी CCTV लगाने पर जोर


सागर पुलिस ने बैंकिंग संस्थानों में CCTV कैमरों की संख्या और कवरेज बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। बैंक के प्रवेश और निकास द्वार, कैश काउंटर, लॉकर क्षेत्र, गलियारों के साथ-साथ परिसर के बाहर पार्किंग और आसपास के महत्वपूर्ण स्थानों को भी CCTV की निगरानी में लाने के लिए कहा गया।



पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गुणवत्तापूर्ण CCTV फुटेज अपराध की रोकथाम के साथ-साथ किसी घटना के बाद संदिग्ध व्यक्ति, वाहन और उसके आवागमन की पहचान में महत्वपूर्ण साक्ष्य उपलब्ध करा सकता है।

संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल पुलिस को सूचना देने के निर्देश


बैंक प्रबंधकों एवं कर्मचारियों को बैंक के आसपास किसी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन अथवा असामान्य गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने के लिए कहा गया। पुलिस और बैंक अधिकारियों के बीच बेहतर एवं त्वरित समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।


पुलिस ने सुरक्षा गार्डों को सतर्क रखने, CCTV कैमरों की कार्यशीलता एवं रिकॉर्डिंग की नियमित जांच करने तथा प्रवेश-निकास द्वारों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।

लगातार जारी रहेगा सुरक्षा अभियान

सागर पुलिस के अनुसार यह अभियान केवल औपचारिक जांच तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य बैंकिंग एवं वित्तीय संस्थानों में अपराध की रोकथाम, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और पुलिस-बैंकिंग संस्थानों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करना है। जिले के सभी थाना क्षेत्रों में बैंकों एवं वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा और चेकिंग आगे भी जारी रहेगी।

Share:

बंडा मामला: मिथाइल अल्कोहल से प्रभावित 17 मरीज डिस्चार्ज, 5 का इलाज जारी

बंडा मामला: मिथाइल अल्कोहल से प्रभावित 17 मरीज डिस्चार्ज, 5 का इलाज जारी


तीनबत्ती न्यूज: 15 सितम्बर, 2026

सागर। बंडा मामले में मिथाइल अल्कोहल के सेवन से प्रभावित मरीजों के उपचार में राहत की खबर सामने आई है। बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, सागर में भर्ती मरीजों में से 17 मरीजों को उपचार के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है, जबकि 5 मरीजों का विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उपचार जारी है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. देवेश पटेरिया ने बताया कि 6 सितंबर 2026 को बंडा मामले में बीएमसी सागर में कुल 102 मरीज भर्ती हुए थे। इनमें 75 मरीजों को आंखों से संबंधित परेशानियां हुई थीं।

यह भी पढ़ें: बंडा शराब कांड: तीन दिन में पीड़ित परिवारों के खातों में पहुंचेगी मुआवजा राशि : मंत्री गोविंद राजपूत • तीन मरीजों की आंखों में गंभीर परेशानी, भोपाल एम्स भेजा

चिकित्सकीय जांच के अनुसार, संभवतः मिथाइल अल्कोहल के सेवन से शरीर में बनने वाले फॉर्मिक एसिड के कारण ऑप्टिक नर्व में एक्सोनल इंजरी और सूजन की स्थिति उत्पन्न हुई। चिकित्सकों के अनुसार ऐसी स्थिति सामान्यतः 3-4 से 4-6 सप्ताह में सामान्य होने की संभावना रहती है।

प्रारंभ में प्रभावित 22 मरीजों की आंखों की रोशनी पूरी तरह बंद हो गई थी। इन सभी मरीजों को चिकित्सकीय निगरानी में मिथाइल प्रेडनिसोलोन थेरेपी दी गई। उपचार के बाद 17 मरीजों के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हुआ और उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया।

वहीं, शेष 5 मरीजों का विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख एवं सतत निगरानी में उपचार जारी है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इन मरीजों के स्वास्थ्य में भी सुधार अपेक्षित है।


Share:

सीएसआईआर-यूजीसी नेट जून 2026 में डॉ. हरिसिंह गौर विवि के 17 विद्यार्थियों का चयन

सीएसआईआर-यूजीसी नेट जून-2026 में डॉ गौर विवि सागर के अनुप्रयुक्त भूविज्ञान विभाग के 17 विद्यार्थियों की शानदार सफलता

तीनबत्ती न्यूज: 15 सितम्बर, 2026

सागर। डॉक्टर हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय, सागर के अनुप्रयुक्त भूविज्ञान विभाग के विद्यार्थियों ने संयुक्त सीएसआईआर-यूजीसी नेट जून-2026 परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय एवं विभाग का नाम रोशन किया है। परीक्षा परिणाम में विभाग के कुल 17 विद्यार्थियों का विभिन्न श्रेणियों में चयन हुआ है।

जेआरएफ श्रेणी में तीन विद्यार्थियों ने हासिल की सफलता

जेआरएफ श्रेणी में सूर्यांचल सिंह, चांदनी चंदा एवं साक्षी पंजवानी ने सफलता प्राप्त की है। वहीं नेट-एलएस श्रेणी में उत्कर्ष चौबे, उज्जवल शुक्ला, राकेश काले एवं खुशी गुप्ता चयनित हुए हैं।

इसके अलावा नेट-पीएचडी पात्रता श्रेणी में विभाग के नीरज दुबे, प्रियांशु कुशवाहा, विवेकराज पटेल, करुणा राय, धृति मिश्रा, एलन जोसेफ, सोनम दीक्षित, निशांत सिन्हा, हर्ष लोधी एवं यशकुमार रजक ने सफलता हासिल की है।

यह भी पढ़ें: डॉ. गौर विश्वविद्यालय और जीवाजी विश्वविद्यालय के बीच होगा शैक्षणिक समझौता • जीवाजी विश्वविद्यालय के कुलगुरु पद का कार्यभार संभालने के बाद पहली बार सागर पहुंचे प्रो. दिवाकर सिंह राजपूत, डॉ. गौर को किया नमन

कुलपति ने दी बधाई

विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. वाई. एस. ठाकुर ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, लगन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है।

विभागाध्यक्ष प्रो. ए. के. सिंह ने भी चयनित विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित सीएसआईआर-यूजीसी नेट परीक्षा में विभाग के विद्यार्थियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन विभाग की शैक्षणिक एवं शोधपरक गुणवत्ता को दर्शाता है।

उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय एवं विभाग का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। विभाग के समस्त शिक्षकों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों ने सफल अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल अकादमिक एवं शोध भविष्य की कामना की।।

Share:

सागर में स्कूल-कॉलेज और शराब दुकानों के आसपास अतिक्रमण पर प्रशासन और नगरनिगम की संयुक्त कार्रवाई : हटाए ठेले-गुमटियां

सागर में स्कूल-कॉलेज और शराब दुकानों के आसपास अतिक्रमण पर प्रशासन और नगरनिगम की संयुक्त कार्रवाई : हटाए ठेले-गुमटियां


तीनबत्ती न्यूज: 14 सितम्बर, 2026

सागर। शहर में अतिक्रमण के खिलाफ जिला प्रशासन, पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने रविवार को कार्रवाई की। नगर पालिक निगम सागर आयुक्त राजकुमार खत्री के निर्देश पर की गई कार्रवाई में स्कूल-कॉलेजों और शराब दुकानों के आसपास किए गए अतिक्रमण को हटाया गया।

कार्रवाई के दौरान स्कूल एवं कॉलेजों के आसपास संचालित ठेले, टपरे और गुमटियों को हटाया गया। इसके अलावा शराब दुकानों के आसपास अवैध रूप से संचालित अहातों तथा ठेले-गुमटियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।

संयुक्त कार्रवाई में गोपालगंज थाना प्रभारी, नायब तहसीलदार सहित नगर निगम की अतिक्रमण टीम मौजूद रही।


नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि स्कूल-कॉलेजों एवं शराब दुकानों के आसपास अनधिकृत रूप से ठेले, गुमटियां अथवा अन्य अतिक्रमण संचालित नहीं होने दिए जाएंगे। शहर को अतिक्रमणमुक्त और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

Share:

Sagar News: मेडिकल स्टोर्स का निरीक्षण: चार दवाओं के नमूने जांच के लिए लिए

Sagar News: मेडिकल स्टोर्स का निरीक्षण: चार दवाओं के नमूने जांच के लिए लिए



तीनबत्ती न्यूज:14 सितंबर 2026

सागर। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिले की केसली तहसील में औषधि विक्रय प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर दवाओं की गुणवत्ता और बिक्री संबंधी नियमों की जांच की। कार्रवाई कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के मार्गदर्शन में औषधि निरीक्षक द्वारा की गई।

निरीक्षण के दौरान इंडियन मेडिकल स्टोर, केसली की जांच की गई। यहां से औषधियों के चार नमूने लिए गए हैं, जिन्हें गुणवत्ता परीक्षण के लिए औषधि प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। साथ ही मेडिकल स्टोर संचालक को अन्य औषधियों के क्रय-विक्रय से संबंधित अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।


इसके अलावा वरुण मेडिकल स्टोर का भी निरीक्षण किया गया। संचालक को औषधियों के क्रय-विक्रय से संबंधित बिल एवं अभिलेख तीन दिवस के भीतर कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।


इसी क्रम में अंजनी मेडिकल स्टोर एवं महावीर मेडिकल स्टोर का भी निरीक्षण किया गया। दोनों प्रतिष्ठानों से औषधियों के क्रय-विक्रय संबंधी आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने को कहा गया है।


बिना वैध पर्चे के एनआरएक्स दवाओं की बिक्री पर रोक


निरीक्षण के दौरान औषधि विक्रेताओं को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि एनआरएक्स श्रेणी की दवाओं का क्रय-विक्रय चिकित्सक के वैध पर्चे के बिना नहीं किया जाए। एक्सपायरी दवाओं को बिक्री के लिए काउंटर पर नहीं रखने की भी हिदायत दी गई। इसके साथ ही चार वर्ष से कम आयु के बच्चों को कफ सिरप चिकित्सकीय परामर्श के बिना नहीं बेचने के निर्देश दिए गए।


विभाग के अनुसार निरीक्षण एवं जांच की कार्रवाई प्रचलित नियमों और निर्धारित प्रक्रिया के तहत की जा रही है। निरीक्षण के दौरान प्राप्त अभिलेखों और कार्रवाई के आधार पर प्रकरण में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई का प्रतिवेदन वरिष्ठ अधिकारियों को भी भेजा जा रहा है।

Share:

सिदगुवां में प्रशासन का बुलडोजर, आधा दर्जन से अधिक अवैध ढाबे-निर्माण हटाए

सिदगुवां में प्रशासन का बुलडोजर, आधा दर्जन से अधिक अवैध ढाबे-टपरे हटाए



तीनबत्ती न्यूज:14 सितंबर 2026

सागर। शासकीय भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देश पर सोमवार को राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम सिदगुवां में बड़ी कार्रवाई करते हुए जेसीबी और बुलडोजर से आधा दर्जन से अधिक अवैध ढाबों एवं निर्माणों को ध्वस्त किया।



प्रशासनिक टीम ने अलग-अलग खसरा नंबरों पर किए गए अतिक्रमण को हटाया। कार्रवाई के दौरान खसरा नंबर 389 एवं 388/2 पर हरीश दुबे के अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया। खसरा नंबर 499 पर ऋषिकेश भट्ट का ढाबा हटाया गया।

यह भी पढ़ें: दिग्विजय सिंह ने बंडा शराब कांड पर सरकार को घेरा, SP हटाने और उनकी EOW जांच की मांग • बंडा कांड के चार पीड़ित परिवारों को लिया गोद • कलेक्टर ने नहीं उठाए फोन, करेंगे शिकायत • भार्गव - भूपेंद्र और गोविंद राजपूत वाली भाजपा में बताया फर्क

इसी तरह खसरा नंबर 721/1 पर स्थित आकाश ढाबा, खसरा नंबर 718 पर राजा ढाबा तथा खसरा नंबर 572/2 पर कृष्ण कुमार आठिया और गुलाब सिंह ठाकुर द्वारा बनाए गए अवैध टपरों को भी बुलडोजर चलाकर हटा दिया गया।



शासकीय भूमि पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ आगे भी वैधानिक एवं दंडात्मक कार्रवाई जारी रहेगी। कार्रवाई के बाद मुक्त कराई गई भूमि को पुनः शासन के आधिपत्य में ले लिया गया है।

मुख्य बात: सिदगुवां में प्रशासन की इस कार्रवाई को शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की कड़ी के रूप में देखा जा रहा है।

Share:

डॉ. गौर विश्वविद्यालय और जीवाजी विश्वविद्यालय के बीच होगा शैक्षणिक समझौता • जीवाजी विश्वविद्यालय के कुलगुरु पद का कार्यभार संभालने के बाद पहली बार सागर पहुंचे प्रो. दिवाकर सिंह राजपूत, डॉ. गौर को किया नमन

डॉ. गौर विश्वविद्यालय और जीवाजी विश्वविद्यालय के बीच होगा शैक्षणिक समझौता

• जीवाजी विश्वविद्यालय के कुलगुरु पद का कार्यभार संभालने के बाद पहली बार सागर पहुंचे प्रो. दिवाकर सिंह राजपूत, डॉ. गौर को किया नमन


तीनबत्ती न्यूज: 14 सितम्बर, 2026

सागर। डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय, सागर के समाजशास्त्र एवं समाजकार्य विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष, डीन एवं अकादमिक अफेयर्स के निदेशक रहे प्रो. दिवाकर सिंह राजपूत ने जीवाजी विश्वविद्यालय, ग्वालियर के कुलगुरु पद का कार्यभार ग्रहण करने के बाद पहली बार सागर आगमन किया। इस दौरान उन्होंने गौर समाधि पहुंचकर डॉ. हरिसिंह गौर को श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर स्थित डॉ. गौर की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।

यह भी पढ़ें: बंडा जहरीली शराब कांड: ₹30 हजार का इनामी आरोपी शिवांजय राजपूत पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार • पुलिस टीम को देखकर आरोपी ने किए तीन फायर, जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली; कट्टा, कारतूस, मोबाइल और बाइक बरामद •अभी तक दो आरोपी शार्ट इन काउंटर से पकड़े गये

विश्वविद्यालय की प्रभारी कुलपति प्रो. वर्षा शर्मा ने भी डॉ. गौर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। इसके बाद विश्वविद्यालय में प्रभारी कुलपति की अध्यक्षता में आयोजित संवाद कार्यक्रम में प्रो. दिवाकर सिंह राजपूत का शाल, श्रीफल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।

यह भी पढ़ें: दिग्विजय सिंह ने बंडा शराब कांड पर सरकार को घेरा, SP हटाने और उनकी EOW जांच की मांग • बंडा कांड के चार पीड़ित परिवारों को लिया गोद • कलेक्टर ने नहीं उठाए फोन, करेंगे शिकायत • भार्गव - भूपेंद्र और गोविंद राजपूत वाली भाजपा में बताया फर्क

डॉ. गौर की प्रेरणा से मिली उपलब्धियां

इस अवसर पर प्रभारी कुलपति प्रो. वर्षा शर्मा ने प्रो. राजपूत को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रो. राजपूत का जीवाजी विश्वविद्यालय के कुलगुरु पद पर पहुंचना डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय के लिए गौरव और प्रसन्नता की बात है।

उन्होंने प्रो. राजपूत के मिलनसार एवं सहज व्यक्तित्व की सराहना करते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि डॉ. गौर की प्रेरणा और आशीर्वाद का परिणाम है। उन्होंने दोनों विश्वविद्यालयों के बीच परस्पर संवाद, सहयोग और अकादमिक संबंधों को मजबूत करने की बात कही।



"मैं आज जो कुछ हूं, डॉ. गौर के कारण हूं"

प्रो. दिवाकर सिंह राजपूत ने विश्वविद्यालय की प्रभारी कुलपति सहित सभी अधिकारियों एवं शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे आज जो कुछ भी हैं, उसमें डॉ. हरिसिंह गौर का महत्वपूर्ण योगदान है। डॉ. गौर की प्रेरणा से उन्होंने जीवन में अपने लक्ष्यों को हासिल किया है।उन्होंने कहा कि डॉ. गौर को स्मरण करने से कठिन से कठिन रास्ता भी आसान हो जाता है। डॉ. गौर एक प्रेरक पुंज के रूप में हमेशा हमारे सामने विद्यमान हैं। इसी भावना के साथ उन्होंने जीवाजी विश्वविद्यालय के कुलगुरु के रूप में पदभार ग्रहण करने के बाद सबसे पहले अपने कुलगुरु कक्ष में डॉ. गौर की प्रतिमा स्थापित करवाई। प्रो. राजपूत ने कहा कि जीवाजी विश्वविद्यालय में भी डॉ. हरिसिंह गौर को श्रद्धा के साथ याद किया जाता है। उनके द्वारा किए गए महान कार्य पूरी दुनिया के लिए प्रेरणादायी हैं।


दोनों विश्वविद्यालयों के बीच होगा शैक्षणिक समझौता

प्रो. राजपूत ने कहा कि उनकी उपलब्धियों की यात्रा में डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय के सभी सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है, जिसके लिए वे सदैव आभारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि कुलगुरु के रूप में नई जिम्मेदारी संभालने के बाद भी डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय से उनका संवाद, संपर्क और सहयोग निरंतर बना रहेगा।

उन्होंने बताया कि शीघ्र ही डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय और जीवाजी विश्वविद्यालय के बीच शैक्षणिक समझौता (एमओयू) किया जाएगा। इससे दोनों विश्वविद्यालयों के बीच अकादमिक गतिविधियों के साथ-साथ प्रशासनिक स्तर पर भी सहयोग और संवाद को बढ़ावा मिलेगा। दोनों संस्थानों के शिक्षक, शोधार्थी एवं विद्यार्थी इससे लाभान्वित हो सकेंगे।



गौर अध्ययन केंद्र और तीनबत्ती पहुंचकर भी किया नमन

सागर प्रवास के दौरान प्रो. राजपूत ने शहर के तीनबत्ती स्थित डॉ. हरिसिंह गौर की प्रतिमा पर भी पुष्पांजलि अर्पित की। इसके अलावा उन्होंने गौर अध्ययन केंद्र पहुंचकर भी डॉ. गौर को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान प्रभारी कुलपति प्रो. वर्षा शर्मा, प्रो. आशीष वर्मा और प्रो. राजेंद्र यादव ने भी पुष्प अर्पित किए।

संवाद कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. एस.पी. उपाध्याय, संकाय मामलों के निदेशक प्रो. अजीत जायसवाल, प्रो. अनिल जैन, प्रो. यू.के. पाटिल, प्रो. नागेश दुबे, प्रो. रश्मि सिंह, प्रो. अष्मिता गजभिये, प्रो. राजेंद्र यादव, प्रो. एम.एस. पाहवा, उपकुलसचिव सतीश कुमार, दीपक शाक्य, डॉ. पंकज तिवारी, राहुल गिरी गोस्वामी, डॉ. मोहन टी.ए., डॉ. विवेक जायसवाल, डॉ. रूपेंद्र चौरसिया, सचिन सिंह गौतम सहित विश्वविद्यालय के अनेक शिक्षक एवं अधिकारी उपस्थित रहे। उपस्थित शिक्षकों एवं अधिकारियों ने प्रो. राजपूत को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।

Share:

सागर में IG इरशाद वली ने की अपराध एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा, खुरई थानों का किया निरीक्षण

सागर में आईजी इरशाद वली ने अपराध और कानून-व्यवस्था की समीक्षा की, खुरई क्षेत्र के थानों का भी किया निरीक्षण


तीनबत्ती न्यूज:14 सितंबर, 2026

सागर। पुलिस महानिरीक्षक सागर जोन इरशाद वली ने सोमवार को पुलिस कंट्रोल रूम सागर में जिले की अपराध स्थिति एवं कानून-व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक की। इसके बाद उन्होंने खुरई क्षेत्र का भ्रमण कर नरयावली, खुरई शहर, खुरई देहात थानों तथा एसडीओपी कार्यालय खुरई का निरीक्षण किया। इस दौरान अपराध नियंत्रण, लंबित प्रकरणों के निराकरण, आगामी त्योहारों की सुरक्षा व्यवस्था और अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें: दिग्विजय सिंह ने बंडा शराब कांड पर सरकार को घेरा, SP हटाने और उनकी EOW जांच की मांग • बंडा कांड के चार पीड़ित परिवारों को लिया गोद • कलेक्टर ने नहीं उठाए फोन, करेंगे शिकायत • भार्गव - भूपेंद्र और गोविंद राजपूत वाली भाजपा में बताया फर्क

समीक्षा बैठक में डीआईजी सागर रेंज शशिंद्र चौहान, पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया, एएसपी बीना जयवीर सिंह भदौरिया, एएसपी सागर नरेंद्र सोलंकी, प्रशिक्षु आईपीएस दीपांशु, जिले के सभी एसडीओपी, रक्षित निरीक्षक एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें: बंडा शराब कांड: तीन दिन में पीड़ित परिवारों के खातों में पहुंचेगी मुआवजा राशि : मंत्री गोविंद राजपूत • तीन मरीजों की आंखों में गंभीर परेशानी, भोपाल एम्स भेजा

अपराध के पैटर्न और संवेदनशील क्षेत्रों की समीक्षा

बैठक में एसपी अनुराग सुजानिया ने जिले की भौगोलिक स्थिति, थाना क्षेत्रवार कानून-व्यवस्था, संवेदनशील क्षेत्रों तथा अपराध की प्रकृति और क्षेत्रवार अपराध के पैटर्न की जानकारी दी। साथ ही अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा की जा रही कार्रवाई से आईजी को अवगत कराया।

यह भी पढ़ें: बंडा जहरीली शराब कांड: ₹30 हजार का इनामी आरोपी शिवांजय राजपूत पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार • पुलिस टीम को देखकर आरोपी ने किए तीन फायर, जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली; कट्टा, कारतूस, मोबाइल और बाइक बरामद •अभी तक दो आरोपी शार्ट इन काउंटर से पकड़े गये

आईजी ने थाना क्षेत्रवार अपराधों की समीक्षा करते हुए लंबित अपराधों एवं विवेचनाओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण, गंभीर एवं संपत्ति संबंधी अपराधों पर नियंत्रण, आदतन अपराधियों की निगरानी तथा संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार पुलिस उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

त्योहारों को लेकर सतर्कता के निर्देश

गणेश उत्सव एवं आगामी त्योहारों को देखते हुए धार्मिक आयोजनों और प्रमुख गणेश पंडालों की सुरक्षा व्यवस्था की नियमित समीक्षा करने को कहा गया। आयोजकों के साथ समन्वय कर भीड़ प्रबंधन, यातायात, पार्किंग, महिला एवं बच्चों की सुरक्षा, सीसीटीवी, प्रकाश व्यवस्था और आपातकालीन व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

खुरई क्षेत्र के थानों का किया निरीक्षण

आईजी इरशाद वली ने खुरई क्षेत्र में थाना नरयावली, थाना खुरई शहर, थाना खुरई देहात एवं एसडीओपी कार्यालय खुरई का निरीक्षण किया। उन्होंने थाना प्रभारियों और एसडीओपी से अपराधों, लंबित प्रकरणों, वारंटों एवं फरार आरोपियों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने फरार एवं वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष प्रयास करने तथा लंबित विवेचनाओं की नियमित समीक्षा कर समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें: जहरीली शराब मामले के बाद सागर में बड़ा एक्शन: मुख्य आरोपी से 26 पेटी शराब, 1128 जले क्वार्टर जब्त : शराब नष्ट करने में प्रयुक्त ट्रैक्टर और पोकलेन जब्त • जिलेभर में अवैध शराब को लेकर कार्रवाई

अवैध शराब और नशे के खिलाफ कार्रवाई पर जोर

आईजी ने अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए। विशेष रूप से अवैध एवं जहरीली शराब के संभावित स्रोतों पर निगरानी बढ़ाने और सूचना तंत्र को मजबूत करने पर जोर दिया गया। प्राप्त सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

महिला-बाल अपराध और जनसुनवाई पर विशेष ध्यान

महिला एवं बाल अपराध, साइबर अपराध तथा कमजोर वर्ग से संबंधित शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने को कहा गया। थाना प्रभारियों को आम नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से सुनकर उनका नियमानुसार त्वरित निराकरण करने तथा पुलिस और आमजन के बीच संवाद मजबूत करने के निर्देश दिए गए।

आईजी ने थाना क्षेत्रों में पैदल भ्रमण और पुलिस की प्रभावी उपस्थिति बढ़ाने के साथ-साथ सूचना तंत्र को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अपराध घटित होने के बाद कार्रवाई के साथ अपराध की रोकथाम के लिए सक्रिय और परिणाममुखी पुलिसिंग जरूरी है।

यह भी पढ़ें:'सागर जहरीली शराब कांड: CM मोहन यादव सख्त, दोषी अधिकारियों पर होगी कार्रवाई• मुख्यमंत्री डॉ यादव ने बीएमसी के वार्डों में जाकर जाना बंडा के पीड़ितों का हाल

पुलिस कर्मचारियों की कार्यप्रणाली और कल्याण की भी ली जानकारी

निरीक्षण के दौरान आईजी ने थाना परिसरों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और पुलिस कर्मचारियों की कार्य परिस्थितियों एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस बल को अनुशासन, बेहतर व्यवहार और पेशेवर कार्यप्रणाली के साथ दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।

आईजी ने कहा कि अपराध नियंत्रण के साथ आमजन में सुरक्षा की भावना और पुलिस के प्रति विश्वास बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए क्षेत्र में निरंतर सक्रिय, प्रभावी और संवेदनशील पुलिसिंग सुनिश्चित की जाए।

Share:

www.Teenbattinews.com

Archive