Editor: Vinod Arya | 94244 37885

जिला अधिवक्ता संघ सागर चुनाव: अंकलेश्वर दुबे अध्यक्ष, जितेंद्र राठौर सचिव और आरती जैन कोषाध्यक्ष निर्वाचित

जिला अधिवक्ता संघ अध्यक्ष बने अंकलेश्वर, सचिव जितेन्द्र राठौर निर्वाचित,  आरती जैन बनी कोषाध्यक्ष 


तीनबत्ती न्यूज: 22 अगस्त, 2026

सागर:  जिला अधिवक्ता संघ सागर के प्रतिष्ठापूर्ण  द्विवार्षिक चुनाव मे डॉक्टर अंकलेश्वर दुबे अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किए गए। डॉक्टर दुबे ने आठ मतो के अंतर से निकटतम प्रत्याशी को हार का सामना करना पड़ा है। शुक्रवार को संघ की कार्यकारिणी के लिए मतदान संपन्न हुआ था और पहली बार 91 प्रतिशत मतदान हुआ। आज शनिवार की सुबह मतगणना शुरू हुई और दोपहर बाद कार्यकारिणी के निर्वाचित पदाधिकारियो की घोषणा कर दी गई।  जिला निर्वाचन अधिकारी केके दुबे और उप निर्वाचन अधिकारी अधिवक्ता महेश नेमा ने बताया कि अध्यक्ष पद के प्रत्याशी डॉक्टर अंकलेश्वर दुबे को 573 मत प्राप्त हुए और निर्वाचित घोषित किए गए। वही निकटतम प्रत्याशी संजय द्विवेदी को 565, रामदास राज को 203 और के के राय केवल 09 मत हासिल कर सके। उपाध्‍यक्ष पद पर रश्मि तनेजा को 800 और मेहजबीन अली को 540 मत प्राप्त हुए और तनेजा निर्वाचित घोषित की गई। उपाध्यक्ष पद पुरुष के लिए उत्कर्ष श्रीवास्तव और निशीथ उपाध्याय के बीच मुकाबला रहा। इनकी मतगणना रुकी है। सोमवार को इसका फैसला होगा सचिव पद पर जितेन्द्र राठौर को 478 मत प्राप्त हुए और निर्वाचित घोषित किए गए। निकटतम प्रत्याशी दुष्यंत मिश्रा 312 मत हासिल कर सके। 

यह भी पढ़ें: कलेक्टर ने रहली में अनाधिकृत कॉलोनी निर्माण हटाने एवं कॉलोनाइजरों के खिलाफ FIR दर्ज करने के दिए आदेश

सहसचिव पद पर पुरूष वर्ग से अरविंद नेमा 565 मत हासिल कर निर्वाचित घोषित किए गए और सहसचिव महिला वर्ग से ऐनी गोस्वामी  561 मत हासिल कर निर्वाचित घोषित हुई। कोषाध्यक्ष पद पर आरती जैन ने 732 मत प्राप्त कर जीत हासिल की और निकटतम प्रत्याशी रजनी ठाकुर को 613 मत प्राप्त हुए। सह कोषाध्यक्ष पद पर उमाशंकर विनोदे 458 मत हासिल निर्वाचित घोषित किए गए। पुस्तकालय अध्यक्ष पद पर अमित मिश्रा 526 मत हासिल कर निर्वाचित हुए। 



कार्यकारिणी सदस्य महिला वर्ग से सुमिता विश्वे 678 और पुरूष वर्ग से आकाश उपाध्याय 523, करण जैन 635 ,रजत बोहरे 532 और सुदर्शन तिवारी 478 मत हासिल कर निर्वाचित घोषित किए गए। जीत के बाद विजय जुलूस निकाला गया। परिणाम आते ही अधिवक्ताओं ने विजयी प्रत्याशियों का ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ स्वागत किया।




देखे : किसको कितने वोट मिले

जिला अधिवक्ता संघ सागर: द्विवार्षिक चुनाव परिणाम (सत्र 2026-2028)

सागर जिला अधिवक्ता संघ के द्विवार्षिक चुनाव (वर्ष 2026–2028) के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। निर्वाचन अधिकारियों द्वारा जारी की गई आधिकारिक सूची के अनुसार, विभिन्न पदों पर विजयी प्रत्याशी और उम्मीदवारों को मिले मतों का पूरा विवरण नीचे दिया गया है:

चुनाव परिणाम एवं प्राप्त मतों का विवरण

 अध्यक्ष

    *एड. अंकलेश्वर दुबे (अन्नी):  573 वोट (निर्वाचित)

   * एड. संजय द्विवेदी: 565 वोट

   * एड. रामदास राज: 203 वोट

   * एड. कृष्णकान्त राय (के.के.): 09 वोट

यह भी पढ़ें: बुंदेलखंड मेडिकल कालेज के शासकीय कॉलेज ऑफ नर्सिंग को मिली 60 सीटों की मंजूरी, बुंदेलखंड के विद्यार्थियों को मिलेगा बड़ा लाभ

 * उपाध्यक्ष (महिला)

   * एड. रश्मि तनेजा: 800 वोट (निर्वाचित)

   * एड. मेहजबीन अली: 540 वोट

 * सचिव

   * एड. जितेन्द्र लखन राठौर (जित्तू): 476 वोट (निर्वाचित)

   * एड. दुष्यंत मिश्रा: 312 वोट

   * एड. नरेन्द्र पाण्डेय: 170 वोट

   * एड. पंकज (कुलभूषण) त्रिवेदी: 136 वोट

   * एड. शिरीष यादव: 120 वोट

   * एड. के.के.दुबे, कृष्ण: 80 वोट

   * एड. गोपाल तिवारी: 38 वोट

 * सह-सचिव (पुरुष)

   * एड. अरविंद नेमा: 565 वोट (निर्वाचित)

   * एड. बिजेन्द्र सिंह चौहान: 299 वोट

   * एड. पंकज श्रीवास्तव: 239 वोट

   * एड. राजेश दुबे: 235 वोट

 * सह-सचिव (महिला)

   * एड. एनी गोस्वामी: 561 वोट (निर्वाचित)

   * एड. नीलम पटेल: 454 वोट

   * एड. सोगलता अग्निहोत्री: 309 वोट

 * कोषाध्यक्ष

   * एड. आरती जैन: 732 वोट (निर्वाचित)

   * एड. रजनी ठाकुर: 613 वोट

 * सह-कोषाध्यक्ष

   * एड. उमाशंकर विनोदे (रज्जू): 458 वोट (निर्वाचित)

   * एड. संदीप चौबे: 388 वोट

   * एड. कल्याण सिंह दांगी: 292 वोट

   * एड. अरविन्द कुमार जैन: 193 वोट

 * पुस्तकालय अध्यक्ष

   * एड. अमित मिश्रा (मिंटू): 526 वोट (निर्वाचित)

   * एड. शिवराज लडिया: 448 वोट

   * एड. महेन्द्र कुमार सेन: 352 वोट

 * कार्यकारिणी (महिला)

   * एड. सुमिता विश्वे: 678 वोट (निर्वाचित)

   * एड. किरण कला सैनी: 662 वोट

   * एड. वंदना लोधी: 484 वोट




 * कार्यकारिणी (पुरुष)

   * एड. करन जैन: 635 वोट (निर्वाचित)

   * एड. रजत बोहरे: 532 वोट (निर्वाचित)

   * एड. नरेन्द्र सिंह लोधी: 526 वोट (निर्वाचित)

   * एड. आकाश उपाध्याय: 523 वोट (निर्वाचित)

   * एड. सुदर्शन तिवारी: 478 वोट (निर्वाचित)

   * एड. अखिल समैया: 521 वोट

   * एड. आनंद श्रीवास्तव: 470 वोट

   * एड. तुलसीराम चढ़ार: 358 वोट

   * एड. सुनील सिन्हा: 344 वोट

   * एड. गिरीश गौतम: 307 वोट

   * एड. अंकित जैन: 181 वोट

(मतों वार सूची उपलब्ध जानकारी के आधार पर है। अधिकृत जानकारी अधिवक्ता संघ के निर्वाचन कार्यालय में देख सकते है।)

Share:

उल्दन बांध ओवरफ्लो, कई मार्गों पर आवाजाही प्रभावित; प्रशासन ने जारी की वैकल्पिक मार्गों की सूचना

उल्दन बांध ओवरफ्लो, कई मार्गों पर आवाजाही प्रभावित; प्रशासन ने जारी की वैकल्पिक मार्गों की सूचना


तीनबत्ती न्यूज:  22 अगस्त 2026

सागर । बंडा वृहद सिंचाई परियोजना के अंतर्गत निर्मित उल्दन बांध में लगातार बारिश के चलते जलस्तर क्रस्ट लेवल 451 मीटर से ऊपर पहुंच गया है। 21 अगस्त की मध्य रात्रि में जलस्तर बढ़ने के बाद उल्दन बांध ओवरफ्लो होना शुरू हो गया। बांध के ओवरफ्लो होने से आसपास के कई मार्गों पर आवागमन प्रभावित हुआ है।


संभागीय जनसंपर्क कार्यालय सागर के अनुसार, बांध के पीछे बना अस्थायी मार्ग तथा सागर-धामोनी मार्ग पर ग्राम बहरोल में स्थित पुल पूरी तरह डूब गया है। इसके अलावा बंडा-बांदरी मार्ग और नीमोन-पिपरिया इल्लाई मार्ग पर स्थित पुल भी पहले से जलमग्न हैं।

राहगीरों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील

जलभराव के कारण दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से डूबे हुए पुलों और मार्गों पर आवागमन नहीं करने तथा निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।

बंडा-बांदरी मार्ग के लिए वैकल्पिक रास्ता


बंडा-बांदरी मार्ग पर स्थित डूबे पुल के कारण यात्री साजी तिराहा से पड़वार-राखसी-मड़ैया गोंड-बहेरिया साहनी होते हुए बांदरी पहुंच सकते हैं।

इसके अलावा दूसरा विकल्प साजी तिराहा से पड़वार-तिनसुआ-सड़ेरी-बहेरिया साहनी होते हुए बांदरी पहुंचने का रहेगा।

नीमोन-पिपरिया इल्लाई मार्ग के लिए वैकल्पिक रास्ता

नीमोन-पिपरिया इल्लाई मार्ग पर पुल के डूबने के कारण राहगीर नीमोन-पड़वार-राखसी-मड़ैया गोंड-कुल्ल होते हुए पिपरिया इल्लाई पहुंच सकते हैं।

दूसरे वैकल्पिक मार्ग के रूप में नीमोन-पड़वार-तिनसुआ-सड़ेरी-बहेरिया साहनी-कुल्ल होते हुए पिपरिया इल्लाई पहुंचा जा सकता है।


धामोनी और टीकमगढ़ से सागर आने वालों के लिए मार्ग

सागर-धामोनी मार्ग पर ग्राम बहरोल स्थित पुल के डूब जाने के कारण धामोनी अथवा टीकमगढ़ की ओर से आने वाले राहगीरों को बहरोल से बांदरी मार्ग का उपयोग करते हुए सागर पहुंचने की सलाह दी गई है।


प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि जलभराव वाले मार्गों और डूबे हुए पुलों से निकलने का जोखिम न उठाएं। बारिश और बांध में लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जनसुरक्षा के लिए निर्धारित डायवर्टेड मार्गों का ही उपयोग करें।


Share:

कलेक्टर ने रहली में अनाधिकृत कॉलोनी निर्माण हटाने एवं कॉलोनाइजरों के खिलाफ FIR दर्ज करने के दिए आदेश

कलेक्टर ने रहली में अनाधिकृत कॉलोनी निर्माण हटाने एवं कॉलोनाइजरों के खिलाफ FIR दर्ज करने के दिए आदेश


तीनबत्ती न्यूज: 22 अगस्त 2026 
सागर: कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने कार्यवाही करते हुए रहली में बन रही अवैध कॉलोनी के निर्माण को हटाने एवं कॉलोनाइजरों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने हेतु अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) रहली को आदेशित किया है।

जारी आदेश के अनुसार सौरभ कुमार पिता संतोष तिवारी एवं संतोष पिता रामनाथ तिवारी, निवासी वार्ड नं. 03, रहली द्वारा ग्राम बमूराजैसिंह, तहसील रहली स्थित भूमि पर तथा पप्पू पिता टीपू पटेल, निवासी रहली एवं राधेश्याम, राजकुमार पिता रामकिशन, ममता पिता रामकिशन, आरतीरानी उर्फ सुनीता पुत्री रामकिशन, बसंती उर्फ राधारानी पुत्री रामकिशन, पार्वती बेवा रामकिशन, मोहन, प्रशांत पिता अशोक, गायत्री, पूजा पुत्री अशोक, गीता बेवा अशोक, सभी निवासी वार्ड नं. 14, पटनाककरी, रहली द्वारा ग्राम रहलीखास, तहसील रहली स्थित भूमि पर अवैध रूप से कॉलोनी का निर्माण किया जा रहा है।

15 दिन का दिया गया समय

कलेक्टर श्रीमती पाल ने आदेशित किया कि मध्यप्रदेश नगर पालिका (कॉलोनी विकास) नियम, 2021 के नियम 22 के तहत अनाधिकृत कॉलोनी के सभी चिन्हांकन और सभी प्रकार के निर्माण हटाने के लिए अनावेदकों को 15 दिवस का समय दिया जाए तथा अनाधिकृत कॉलोनी की भूमि में किसी भी तरह के अंतरण न करने की जानकारी सार्वजनिक सूचना, समाचार पत्र एवं अन्य माध्यमों से प्रकाशित कराई जाए एवं इसकी एक प्रति उप रजिस्ट्रीकरण कार्यालय को भेजी जाए। सार्वजनिक सूचना में अनाधिकृत कॉलोनी के स्थान आदि के सभी स्पष्ट विवरण का समावेश किया जाए।

निश्चित समयावधि में अनाधिकृत कॉलोनी के सभी चिन्हांकन और सभी प्रकार के निर्माण न हटाए जाने की दशा में अनाधिकृत निर्माण हटाए जाने की नियमानुसार कार्यवाही करते हुए संबंधित भूमि के खसरों के कॉलम नंबर 12 में अहस्तांतरणीय दर्ज किया जाए, साथ ही उक्त के विरुद्ध दाण्डिक कार्यवाही हेतु एफआईआर दर्ज कराई जाए।
  
कलेक्टर के इस आदेश से रहली क्षेत्र में अनाधिकृत कॉलोनी विकसित करने वालों में हड़कंप की स्थिति है। प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिया है कि बिना अनुमति कॉलोनी विकसित करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


Share:

सागर में भक्तों के द्वार पहुंचे संत श्री रावतपुरा सरकार, गौमाता के लिए मांगी पहली रोटी

संत रविदास वार्ड में भक्तों के द्वार पहुंचे संत श्री रावतपुरा सरकार, गौसेवा के लिए मांगी पहली रोटी



तीनबत्ती न्यूज, 22 अगस्त 2026

सागर। गौसेवा और सनातन संस्कारों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से अनंत श्री विभूषित श्री रविशंकर जी महाराज ‘रावतपुरा सरकार’ शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे संत रविदास वार्ड में भक्तों के द्वार पहुंचे। नंगे पैर हाथों में झोली लेकर उन्होंने घर-घर पहुंचकर लोगों से गौमाता के लिए पहली रोटी निकालने का आह्वान किया।

महाराज श्री ने संदेश दिया कि “झोली अपने लिए नहीं, गौमाता के लिए फैली है।” उन्होंने कहा कि बच्चे वही सीखते हैं जो वे अपने घर में देखते हैं। जब बच्चे अपने घर की पहली रोटी गौमाता के लिए निकलते हुए देखेंगे, तो करुणा और सेवा उनके संस्कारों का स्वाभाविक हिस्सा बन जाएगी।



रावतपुरा सरकार का घर-घर पहुंचकर पहली रोटी गौमाता के लिए निकालने का आग्रह केवल गौसेवा का संदेश नहीं, बल्कि परिवार और समाज में सेवा, संवेदना एवं करुणा के संस्कारों को मजबूत करने का प्रयास है। अभियान के माध्यम से लोगों को प्रतिदिन अपने भोजन में से पहली रोटी गौमाता के लिए निकालने और गौसेवा को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।

महाकाली मंदिर से शुरू हुई यात्रा

कार्यक्रम के दौरान यात्रा महाकाली मंदिर से प्रारंभ हुई और संत रविदास वार्ड के विभिन्न मार्गों से होते हुए श्री भूतेश्वर मंदिर पहुंची। यहां चल रहे शिवलिंग निर्माण कार्यक्रम में रावतपुरा सरकार शामिल हुए। उन्होंने श्रद्धालुओं को आशीर्वचन देते हुए गौसेवा, संस्कार और सेवा भावना के महत्व पर संदेश दिया। महाराज श्री के आशीर्वचनों से उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए।

कार्यक्रम के समापन के बाद महाराज श्री रावतपुरा सरकार पंतनगर वार्ड स्थित वेदांती आश्रम के लिए रवाना हो गए।

मुख्य संदेश: हर घर से पहली रोटी गौमाता के नाम—गौसेवा को दैनिक संस्कार बनाने का संकल्प।

Share:

बुंदेलखंड मेडिकल कालेज के शासकीय कॉलेज ऑफ नर्सिंग को मिली 60 सीटों की मंजूरी, बुंदेलखंड के विद्यार्थियों को मिलेगा बड़ा लाभ

बीएमसी के शासकीय कॉलेज ऑफ नर्सिंग को मिली 60 सीटों की सौगात : बुंदेलखंड के विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ

• डीन डॉ. पी.एस. ठाकुर के निरंतर प्रयासों से मिली बड़ी उपलब्धि




तीनबत्ती न्यूज: 22 अगस्त 2026

सागर। बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी), सागर के शासकीय कॉलेज ऑफ नर्सिंग को 60 नर्सिंग सीटों की मंजूरी मिल गई है। यह उपलब्धि संस्थान के डीन डॉ. पी.एस. ठाकुर के पिछले दो वर्षों से किए जा रहे निरंतर प्रयासों, प्रशासनिक पहल और दूरदर्शी कार्यप्रणाली का परिणाम मानी जा रही है। नर्सिंग कॉलेज को मिली इस मंजूरी से सागर सहित पूरे बुंदेलखंड अंचल में नर्सिंग शिक्षा के विस्तार का मार्ग प्रशस्त हुआ है।

वर्ष 2024 में नर्सिंग कॉलेज में प्रवेश पर रोक लग गई थी। इसके बाद संस्थान की व्यवस्थाओं को व्यवस्थित करने, आवश्यक मानकों को पूरा करने तथा पुनः मान्यता और नर्सिंग सीटें प्राप्त करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। लंबे प्रयासों के बाद अब कॉलेज को 60 सीटों की मंजूरी मिलना बीएमसी के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

इस उपलब्धि पर डीन डॉ. पी.एस. ठाकुर ने प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद प्रेषित किया है।


क्षेत्रीय विद्यार्थियों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का रास्ता खुला


बीएमसी सागर बुंदेलखंड क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं का प्रमुख केंद्र है। नर्सिंग कॉलेज में 60 सीटों की उपलब्धता से चिकित्सा एवं नर्सिंग शिक्षा के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होने की उम्मीद है।

इसका लाभ सागर के अलावा दमोह, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी सहित आसपास के जिलों के विद्यार्थियों को मिलेगा। क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को अब नर्सिंग शिक्षा के लिए बड़े शहरों का रुख करने की आवश्यकता कम होगी और उन्हें अपने ही क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।


प्रशिक्षित नर्सिंग अमले की उपलब्धता से स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती


नर्सिंग की 60 सीटों की मंजूरी से भविष्य में प्रशिक्षित और कुशल नर्सिंग स्टाफ तैयार करने में मदद मिलेगी। इसका सीधा लाभ बीएमसी के साथ-साथ आसपास के शासकीय अस्पतालों को भी मिल सकता है।

कुशल नर्सिंग कर्मियों की उपलब्धता से मरीजों की देखभाल, उपचार व्यवस्था और अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन को और बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी। इस तरह नर्सिंग शिक्षा का विस्तार आने वाले समय में पूरे बुंदेलखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।


डीन के प्रयासों को मिली सफलता


बीएमसी के मीडिया प्रभारी डॉ. सौरभ जैन ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि डीन डॉ. पी.एस. ठाकुर के कुशल नेतृत्व और सतत प्रयासों से संस्थान को यह महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है।

उन्होंने कहा कि 60 नर्सिंग सीटों का मिलना बीएमसी के शैक्षणिक एवं चिकित्सीय विस्तार की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। इससे अंचल के छात्र-छात्राओं को अपने घर के नजदीक गुणवत्तापूर्ण नर्सिंग शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। साथ ही भविष्य में अस्पतालों को दक्ष एवं प्रशिक्षित नर्सिंग अमला उपलब्ध होगा, जो जन-स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

बीएमसी के शासकीय कॉलेज ऑफ नर्सिंग को मिली 60 सीटों की मंजूरी को क्षेत्र में नर्सिंग शिक्षा के विस्तार की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। इससे न केवल विद्यार्थियों के लिए नए अवसर पैदा होंगे, बल्कि आने वाले वर्षों में बुंदेलखंड की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए प्रशिक्षित मानव संसाधन भी तैयार होगा।

Share:

प्रदेश स्तरीय कांग्रेस सेवादल बैठक : सागर शहर सेवादल अध्यक्ष सिंटू कटारे ने बताई सात साल की उपलब्धि

भोपाल में आयोजित प्रदेश स्तरीय बैठक में शहर कांग्रेस सेवादल परिवार ने दर्ज कराई सहभागिता



तीनबत्ती न्यूज: 22 अगस्त, 2026

भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस सेवादल के प्रदेश पदाधिकारियों एवं जिला संगठनों की प्रदेश स्तरीय बैठक भोपाल में आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न जिलों से पहुंचे सेवादल पदाधिकारियों ने संगठन की गतिविधियों, कार्यशैली और आगामी कार्यक्रमों को लेकर अपनी बात प्रदेश संगठन के समक्ष रखी।

बैठक में जिला शहर कांग्रेस सेवादल  सागर  की ओर से शहर सेवादल अध्यक्ष सिंटू कटारे ने सहभागिता की। उन्होंने अपने सात वर्ष के कार्यकाल के दौरान किए गए संगठनात्मक कार्यों, उपलब्धियों और कार्यशैली की विस्तृत जानकारी प्रदेश संगठन के सामने रखी।

सिंटू कटारे के साथ प्रदेश महासचिव विजय साहू, ग्रामीण सेवादल अध्यक्ष बी.डी. पटेल, पार्षद श्रीमती सीमा कमल चौधरी, यंग ब्रिगेड अध्यक्ष दीपक कुर्मी, लल्ला यादव, जयदीप उपाध्याय, मनोज पवार, हरिनाम पटेल एवं हरिनाथ पटेल सहित अन्य पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी भोपाल पहुंचकर बैठक में अपनी सहभागिता निभाई।

प्रदेश स्तरीय बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने तथा कांग्रेस सेवादल की गतिविधियों को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाने को लेकर चर्चा हुई। शहर सेवादल परिवार की सहभागिता को संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


Share:

विद्युत पेंशनर्स हित रक्षक संघ की प्रादेशिक सभा में पेंशनर्स हितों पर मंथन

विद्युत पेंशनर्स हित रक्षक संघ की प्रादेशिक सभा में पेंशनर्स हितों पर हुआ मंथन

• पेंशन की गारंटी, महंगाई राहत, सेवांत लाभ और कैशलेस स्वास्थ्य योजना सहित विभिन्न मुद्दों पर हुई चर्चा


तीनबत्ती न्यूज, 21 अगस्त, 2026

सागर :  विद्युत मंडल कैंपस, मकरोनिया स्थित सभा गृह में विद्युत पेंशनर्स हित रक्षक संघ की प्रादेशिक सभा आयोजित की गई। सभा में प्रदेश कार्यकारिणी भोपाल के पदाधिकारियों के साथ सतना, शहडोल, दमोह, पन्ना एवं सागर शाखाओं के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में पेंशनर्स शामिल हुए। सभा की अध्यक्षता विद्युत पेंशनर्स हित रक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष एवं संयोजक अशोक गुप्ता ने की, जबकि संचालन आर. डी. मिश्रा, सतना ने किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में बाहर से आए पदाधिकारियों एवं पेंशनर्स का सागर कार्यकारिणी के सदस्यों ने माल्यार्पण कर स्वागत किया।



पेंशनर्स हितों से जुड़े मुद्दों पर हुआ मंथन

प्रादेशिक सभा में पेंशनर्स के हितों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। संघ की ओर से पेंशनर्स के हित में किए जा रहे प्रयासों तथा विभिन्न न्यायालयीन प्रकरणों की वर्तमान स्थिति की जानकारी भी दी गई।

यह भी पढ़ें: टीकमगढ़ में महाकाल की तर्ज पर बनेगा कुंडेश्वर लोक, लापरवाही पर जिला पंजीयक सहकारिता निलंबित • जन-विश्वास अभियान में सीएम डॉ. मोहन यादव ने सुनीं सीएम हेल्पलाइन की शिकायतें, अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहने के निर्देश

बैठक में पेंशन की गारंटी, महंगाई राहत का समय पर भुगतान, सेवांत लाभों का समयबद्ध भुगतान, कैशलेस स्वास्थ्य योजना, पात्र पेंशनर्स को 35 वर्षीय उच्चतर वेतनमान तथा सारांशीकृत पेंशन की वसूली की युक्तिसंगत गणना जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए।


पदाधिकारियों ने पेंशनर्स की समस्याओं और सुझावों की जानकारी भी ली तथा उनके निराकरण के लिए आवश्यक स्तर पर प्रयास किए जाने का भरोसा दिलाया।



प्रदेश पदाधिकारियों ने रखे विचार


सभा को प्रदेश कार्यकारिणी के आशुतोष अवस्थी, बी. एल. पटेल, आर. बी. वैश्य, बी. आर. बंठ एवं एम. एल. सोनी सहित अन्य पदाधिकारियों ने संबोधित किया। इंजी. जी. डी. त्रिपाठी, सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता आई. पी. पटेल, इंजी. सी. बी. यादव एवं आर. बी. वैश्य सहित अन्य सदस्यों ने भी पेंशनर्स से जुड़े विषयों पर अपने विचार रखे।

यह भी पढ़ें: कटनी जमीन घोटाला: सीएम मोहन यादव का बड़ा एक्शन, CSP नेहा पच्चीसिया निलंबित, कार्यालय सील • 80 लाख की जमीन 18 लाख में ट्रांसफर कराने का आरोप : सीएसपी सहित तीन पर FIR

दमोह शाखा की ओर से एल. पी. तिवारी, आर. के. पाण्डेय, अश्विनी कुमार अवस्थी, बाल मुकुंद रैकवार एवं पूरन लाल प्रजापति तथा पन्ना से डी. के. अग्रवाल, एस. पी. जड़िया एवं डी. सी. दास ने सहभागिता की। इस अवसर पर वरिष्ठ सेवानिवृत्त लेखाधिकारी आर. एन. शर्मा का भी स्वागत किया गया।






सागर शाखा ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका


कार्यक्रम के आयोजन में सागर शाखा के संजय भाटिया, जे. एल. चौरसिया, हरिशंकर एवं बेनी प्रसाद ने सक्रिय भूमिका निभाई। श्रवण कुमार चौरसिया ने सागर शाखा का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।


आयोजन में सागर से इंजी. डी. एस. राठी, आर. एल. पटेल, प्रदीप कुमार गुप्ता, एन. एस. बुंदेला, सी. बी. यादव, आर. के. गुप्ता, आर. एस. प्रजापति, के. के. अग्रवाल, सतीश मेहता, राम विवेक गौतम, एम. के. जैन, वीरेंद्र जैन, शीतल जैन, आर. सी. चौरहा, जाहिद खान सहित बड़ी संख्या में पेंशनर्स उपस्थित रहे।

संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान

प्रांतीय पदाधिकारियों ने विद्युत पेंशनर्स हित रक्षक संघ द्वारा पेंशनर्स के हित में किए जा रहे कार्यों को रेखांकित किया। उन्होंने संगठन को और मजबूत बनाने के लिए अधिक से अधिक पेंशनर्स से संघ की सदस्यता लेने तथा संगठन को सहयोग देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में अध्यक्ष राजकुमार भट्ट ने सभी उपस्थित पेंशनर्स एवं पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Share:

टीकमगढ़ में महाकाल की तर्ज पर बनेगा कुंडेश्वर लोक, लापरवाही पर जिला पंजीयक सहकारिता निलंबित • जन-विश्वास अभियान में सीएम डॉ. मोहन यादव ने सुनीं सीएम हेल्पलाइन की शिकायतें, अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहने के निर्देश

टीकमगढ़ में महाकाल की तर्ज पर बनेगा कुंडेश्वर लोक, लापरवाही पर जिला पंजीयक सहकारिता निलंबित

• जन-विश्वास अभियान में सीएम डॉ. मोहन यादव ने सुनीं सीएम हेल्पलाइन की शिकायतें, अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहने के निर्देश



तीनबत्ती न्यूज: 21 अगस्त, 2026

टीकमगढ़। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार, 21 अगस्त को जन-विश्वास अभियान के तहत टीकमगढ़ पहुंचकर जिला विकास समिति की बैठक में जिले के विकास और शासन की प्राथमिकताओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि टीकमगढ़ में महाकाल की तर्ज पर कुंडेश्वर लोक विकसित किया जाएगा। पर्यटन विभाग द्वारा इसकी समुचित योजना तैयार कर कार्य को आगे बढ़ाया जाएगा।

यह भी पढ़ें: कटनी जमीन घोटाला: सीएम मोहन यादव का बड़ा एक्शन, CSP नेहा पच्चीसिया निलंबित, कार्यालय सील • 80 लाख की जमीन 18 लाख में ट्रांसफर कराने का आरोप : सीएसपी सहित तीन पर FIR

मुख्यमंत्री ने कहा कि टीकमगढ़ के पारंपरिक पीतल शिल्प और कारीगरों की कला को भी प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि स्थानीय हुनर को नई पहचान मिलने के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ें।

उद्योग और रोजगार पर फोकस

डॉ. यादव ने कहा कि जिले की आवश्यकताओं और प्राथमिकताओं के आधार पर विकास कार्यों की योजना तैयार की जाएगी। उन्होंने बताया कि निवाड़ी-टीकमगढ़ के बीच करीब 3 हजार करोड़ रुपये की इस्पात उद्योग इकाई प्रारंभ हो चुकी है। प्रदेश में फूड प्रोसेसिंग आधारित उद्योगों को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

उन्होंने कहा कि आईटीआई और कौशल विकास कार्यक्रमों के माध्यम से उद्योगों की आवश्यकता के अनुरूप कुशल श्रमिक तैयार किए जाएंगे। सरकार किसान सम्मान निधि, लाड़ली बहना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है। निराश्रित बच्चों को 4 हजार रुपये प्रतिमाह की सहायता भी दी जा रही है।

लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि सुशासन सरकार की प्राथमिकता है। सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का समय सीमा में प्रभावी निराकरण किया जाए। नल-जल योजना, राशन वितरण और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को लगातार फील्ड भ्रमण कर योजनाओं की जमीनी स्थिति देखने और स्थानीय स्तर पर जनता की समस्याओं का प्रभावी निराकरण करने के निर्देश दिए।


सीएम हेल्पलाइन की शिकायत सुनीं, जिला पंजीयक सहकारिता निलंबित

जन-विश्वास अभियान के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने टीकमगढ़ में सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों को भी सुना। उन्होंने शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद कर उनके प्रकरणों की जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

इस दौरान सहकारी बैंक की मवई शाखा द्वारा दयाराम लोधी की मां स्व. रानीबाई की मृत्यु के बाद नॉमिनी के खाते में राशि अंतरित नहीं किए जाने की शिकायत सामने आई। मामले में कार्य में लापरवाही पाए जाने पर मुख्यमंत्री ने जिला पंजीयक सहकारिता एसके कौशिक को निलंबित करने के निर्देश दिए।


मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्य में लापरवाही करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी, जबकि उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय सेवकों को सम्मानित किया जाएगा।

उचित मूल्य दुकानों की भी समीक्षा

मुख्यमंत्री ने जिले में शासकीय उचित मूल्य दुकानों के वास्तविक स्थान पर संचालन सुनिश्चित करने के संबंध में भी चर्चा की और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

इस अवसर पर राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार एवं टीकमगढ़ जिले की प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर, पूर्व राज्य मंत्री एवं जतारा विधायक हरिशंकर खटीक, मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. सुदाम खाड़े, आयुक्त जनसंपर्क मनीष सिंह, कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

सीएम डॉ. यादव ने ली जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक : अधिकारियों को दिए रोडमैप तैयार करने के निर्देश

- गौशालाओं को डीबीटी से भेजी 109.79 करोड़ रुपये की अनुदान राशि

सीएम डॉ. मोहन यादव ने  मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत टीकमगढ़ में जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए उद्योग, व्यापार, कृषि, पशुपालन सहित सभी क्षेत्रों में स्थानीय संभावनाओं का प्रभावी उपयोग किया जाए। जिले के पारंपरिक कौशल एवं स्थानीय उत्पादों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ के सिद्धांत के अनुरूप राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए रोडमैप तैयार किया जाए। इस मौके पर सीएम डॉ. यादव ने गौशालाओं को डीबीटी से 109.79 करोड़ रुपये की अनुदान राशि वितरित की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जिले की स्थानीय आवश्यकताओं, उपलब्ध संसाधनों, पारंपरिक कौशल, नवाचारों और जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न हितधारकों के सुझावों को विकास की कार्य योजना में शामिल करते हुए स्थानीय संभावनाओं को रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों के अवसरों में परिवर्तित किया जाए। उन्होंने कहा कि नवीन उद्योग नीतियों एवं ऋण आधारित योजनाओं का लाभ लेने के लिए इच्छुक उद्यमियों को आगे आने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर किए जा रहे सफल प्रयासों और नवाचारों को चिन्हित कर उन्हें योजनाबद्ध रूप से क्रियान्वित किया जाए, ताकि जिले की अर्थव्यवस्था को और अधिक गति मिल सके। पीतल की मूर्तियों सहित स्थानीय कला एवं हुनर को प्रोत्साहित करने, उनके विक्रय के लिये बाजार उपलब्ध कराने तथा स्थानीय प्रतिभाओं को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया गया।

पशुपालन होगा आय का बेहतर साधन

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पशुपालन को लाभ का व्यवसाय बनाने की दिशा में भी विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने सहकारी क्षेत्र से अधिक से अधिक दुग्ध उत्पादकों एवं गोपालकों को जोड़ने तथा गौशालाओं में अच्छी नस्ल के पशुओं के संवर्धन एवं नस्ल सुधार के लिए समुचित प्रयास करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अच्छी नस्ल की बछियों की उपलब्धता बढ़ने से गोपालकों को लाभ मिलेगा और कृषि के साथ पशुपालन को भी आय का बेहतर माध्यम बनाया जा सकेगा। टीकमगढ़़ जिले में धार्मिक एवं पर्यटन की संभावनाओं को विकसित करने पर भी चर्चा हुई। कुंडेश्वर धाम के विकास एवं धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने तथा स्थानीय स्तर पर पर्यटन गतिविधियों को आर्थिक अवसरों से जोड़ने की दिशा में कार्य किए जाने पर जोर दिया गया। टीकमगढ़ जिला विकास सलाहकार समिति द्वारा उद्योग, व्यापार, कृषि, जल संरचनाओं के संरक्षण, निर्यात, खनिज, पर्यावरण, रोजगार एवं अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में जिले की दीर्घकालीन विकास कार्य योजना को लेकर सुझाव दिए जाएंगे। समिति स्थानीय परिस्थितियों, उपलब्ध संसाधनों और संभावनाओं के आधार पर विकास की प्राथमिकताएं निर्धारित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। 

जनता ने दिए अहम सुझाव

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विकास केवल वृहद कार्यों तक सीमित नहीं है। जनभागीदारी, सामुदायिक भावना और स्थानीय ज्ञान एवं अनुभव के प्रभावी उपयोग से भी विकास को नई गति मिलती है। उन्होंने समाज के विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी करने, सामुदायिक विवाहों को प्रोत्साहित करने तथा सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को आपसी सौहार्दृ के साथ मनाने का आह्वान किया। बैठक में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा जिले के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर सुझाव दिए गए। जिला प्रशासन द्वारा समिति के माध्यम से प्राप्त सुझावों एवं अनुशंसाओं को विभिन्न विकास योजनाओं एवं कार्यों में शामिल करने की दिशा में आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत आयोजित समिति की बैठक जिले के विकास को स्थानीय आवश्यकताओं, जनभावनाओं, संसाधनों और नवाचारों से जोड़ते हुए आत्मनिर्भर एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।


सरकार का फोकस गौशालाओं पर भी

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि गौशालाओं में उपलब्ध गौवंश के भरण-पोषण के लिए दिए जाने वाले अनुदान को बढ़ाकर 40 रुपये प्रति गौवंश प्रतिदिन किया गया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में गौशालाओं को अनुदान वितरण के लिए 620.50 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा गौशालाओं के बेहतर संचालन और गौवंश के समुचित संरक्षण के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सीएम डॉ. यादव ने गौशालाओं को डीबीटी से 109.79 करोड़ रुपये की अनुदान राशि वितरित की। उन्होंने बताया कि गौशालाओं को अनुदान प्रदाय करने की व्यवस्था को अधिक पारदर्शी एवं सुगम बनाने के लिए सिंगल क्लिक डीबीटी प्रणाली लागू की गई है। इसके माध्यम से अनुदान की राशि सीधे गौशालाओं के बैंक खातों में अंतरित की जा रही है। इससे भुगतान व्यवस्था में पारदर्शिता के साथ समयबद्धता एवं सुशासन सुनिश्चित हुआ है। उन्होंने बताया कि सरकार गठन से अब तक प्रदेश में 1 हजार से अधिक नवीन गौशालाओं का संचालन प्रारंभ किया जा चुका है, जिनमें 2 लाख से अधिक गौवंश का व्यवस्थित व्यवस्थापन किया जा रहा है।


Share:

www.Teenbattinews.com

Archive