Editor: Vinod Arya | 94244 37885

करवा चौथ पर कब होगा चंद्रदर्शन? विज्ञान प्रसारक सारिका घारू ने बताया मध्यप्रदेश में चंद्रोदय का समय

करवा चौथ पर कब होगा चंद्रदर्शन? विज्ञान प्रसारक सारिका घारू ने बताया मध्यप्रदेश में चंद्रोदय का समय

• सिंगरौली में रात 8:01 बजे सबसे पहले उदित होगा चंद्रमा, आलीराजपुर में 8:41 बजे के आसपास होंगे दर्शन; भोपाल में रात 8:26 बजे से चंद्रोदय


तीनबत्ती न्यूज: 28 अक्टूबर, 2026

करवा चौथ का पर्व 29 अक्टूबर 2026, गुरुवार को श्रद्धा, आस्था और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस दिन सुहागिन महिलाएं पति की लंबी आयु और सुख-समृद्धि की कामना के साथ निर्जला व्रत रखती हैं। व्रत के समापन के लिए चंद्रदर्शन और चंद्रमा को अर्घ्य देने का विशेष महत्व है। ऐसे में महिलाओं को चांद निकलने के समय का बेसब्री से इंतजार रहता है।

यह भी पढ़ें: लोकायुक्त सागर ने जल संसाधन विभाग के लेखापाल और लिपिक 45 हजार की रिश्वत लेते किया गिरफ्तार

राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त विज्ञान प्रसारक सारिका घारू ने खगोलीय गणना के आधार पर मध्यप्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में चंद्रोदय का संभावित समय बताया है। उनके अनुसार, प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में चंद्रमा के उदित होने के समय में अंतर रहेगा।

मध्यप्रदेश में कहां कितने बजे होगा चंद्रोदय?

सारिका घारू के अनुसार, मध्यप्रदेश की पूर्वी सीमा पर स्थित सिंगरौली में चंद्रमा रात करीब 8:01 बजे उदित होना शुरू होगा। वहीं, पश्चिमी छोर पर स्थित आलीराजपुर में चंद्रोदय रात करीब 8:41 बजे होगा। राजधानी भोपाल में चंद्रमा के उदित होने का समय रात 8:26 बजे बताया गया है।

यह भी पढ़ें :वाणिज्यिक कर अधिकारी मनीष जैन के सागर,जबलपुर और भोपाल में ठिकानों पर लोकायुक्त का छापा: आय से 264.64% अधिक व्यय का खुलासा • 1.03 करोड़ रुपये की आय के मुकाबले 3.78 करोड़ रुपये का खर्च, जबलपुर, भोपाल और सागर में एक साथ तलाशी; जमीन, मकान, फ्लैट, वाहन और बीमा पॉलिसियों का ब्योरा आया सामने

चंद्रोदय और आंखों से चांद दिखने में क्यों होता है अंतर?

सारिका घारू ने बताया कि खगोलीय गणना में चंद्रोदय का समय उस क्षण को दर्शाता है, जब चंद्रमा क्षितिज पर दिखाई देना शुरू करता है। लेकिन इसका अर्थ यह नहीं है कि उसी समय चांद हर स्थान से स्पष्ट नजर आने लगेगा।

चंद्रमा को पूरी तरह क्षितिज से ऊपर आने में लगभग तीन मिनट लग सकते हैं। इसके अलावा, यदि चंद्रदर्शन के स्थान के सामने ऊंची इमारतें, पेड़ या अन्य बाधाएं हों अथवा आसमान में बादल छाए हों, तो चांद दिखाई देने में 10 से 15 मिनट या उससे अधिक की देरी भी हो सकती है।

यह भी पढ़ें: सागर में बदले कलेक्टर और एसपी, प्रतिभा पाल और अनुराग सुजानिया का तबादला • दिलीप कुमार यादव होंगे नए कलेक्टर, संजीव कुमार सिन्हा संभालेंगे SP की जिम्मेदारी

हर शहर में अलग क्यों होता है चंद्रोदय का समय?

पृथ्वी गोलाकार है और अपनी धुरी पर पश्चिम से पूर्व की ओर घूमती है। इसी कारण अलग-अलग भौगोलिक स्थानों पर चंद्रमा के उदय होने का समय अलग होता है। सामान्यतः पूर्वी क्षेत्रों में चंद्रोदय पश्चिमी क्षेत्रों की तुलना में पहले होता है।

सारिका घारू ने बताया कि इंटरनेट या पंचांग पर प्रकाशित चंद्रोदय का समय संबंधित स्थान के लिए होता है। इसलिए अपने शहर और स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार चंद्रदर्शन का समय समझना जरूरी है।

करवा चौथ पर कब खोलें व्रत?

महिलाएं चंद्रोदय के बाद अपने स्थानीय रीति-रिवाजों और पूजा-विधि के अनुसार चंद्रमा को अर्घ्य देकर व्रत खोलती हैं। ध्यान रखें कि चंद्रोदय का समय और वास्तविक चंद्रदर्शन का समय अलग हो सकता है। इसलिए पूजा की तैयारी करते समय अपने शहर के समय के साथ आसमान की स्थिति और सामने की बाधाओं का भी ध्यान रखें।

सारिका घारू की सलाह है कि चंद्रदर्शन के लिए निर्धारित समय से कुछ मिनट पहले ही पूजा की थाली तैयार रखें, ताकि चांद दिखाई देते ही पूजा-अर्चना की जा सके।

Share:

लोकायुक्त सागर ने जल संसाधन विभाग के लेखापाल और लिपिक 45 हजार की रिश्वत लेते किया गिरफ्तार

लोकायुक्त सागर ने जल संसाधन विभाग के लेखापाल और लिपिक 45 हजार की रिश्वत लेते किया गिरफ्तार


तीनबत्ती न्यूज: 28 अक्टूबर, 2026

पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में सागर लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जल संसाधन विभाग के एक लेखापाल और लिपिक को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों से कुल 45 हजार रुपये की रिश्वत की राशि बरामद की गई है।

यह भी पढ़ें :वाणिज्यिक कर अधिकारी मनीष जैन के सागर,जबलपुर और भोपाल में ठिकानों पर लोकायुक्त का छापा: आय से 264.64% अधिक व्यय का खुलासा • 1.03 करोड़ रुपये की आय के मुकाबले 3.78 करोड़ रुपये का खर्च, जबलपुर, भोपाल और सागर में एक साथ तलाशी; जमीन, मकान, फ्लैट, वाहन और बीमा पॉलिसियों का ब्योरा आया सामने

लोकायुक्त की कार्रवाई में जल संसाधन विभाग के डिविजनल अकाउंटेंट (डीए) दीपक परिहार को 15 हजार रुपये तथा लिपिक अरविंद पाठक को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा गया।

तीन महीने से अटका था ठेकेदार का बिल

जानकारी के अनुसार ग्वालियर निवासी ठेकेदार गौरव तोमर द्वारा मझगांय बांध की नहर निर्माण का कार्य कराया जा रहा था। ठेकेदार के तीन बिल पूर्व में पास हो चुके थे, लेकिन चौथे बिल को करीब तीन महीने से लंबित रखा गया था। आरोप है कि बिल पास करने के एवज में अधिकारियों द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी।

यह भी पढ़ें: सागर में बदले कलेक्टर और एसपी, प्रतिभा पाल और अनुराग सुजानिया का तबादला • दिलीप कुमार यादव होंगे नए कलेक्टर, संजीव कुमार सिन्हा संभालेंगे SP की जिम्मेदारी

लगातार रिश्वत की मांग से परेशान ठेकेदार ने इसकी शिकायत सागर लोकायुक्त पुलिस से की। शिकायत का सत्यापन किए जाने के बाद लोकायुक्त टीम ने आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ने की योजना बनाई।

जिला न्यायालय के सामने कार्यालय में कार्रवाई

लोकायुक्त टीम ने 28 अक्टूबर को दोपहर पन्ना जिला न्यायालय के सामने स्थित जल संसाधन विभाग के कार्यालय में कार्रवाई की। टीम ने निर्धारित योजना के तहत कार्रवाई करते हुए लेखापाल दीपक परिहार को 15 हजार रुपये और लिपिक अरविंद पाठक को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।कार्रवाई के बाद लोकायुक्त पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ   प्रकरण दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में लोकायुक्त टीम द्वारा रिश्वत की मांग और लेन-देन से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई

महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश पर तथा उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। दल का नेतृत्व उप पुलिस अधीक्षक कमल सिंह उइके और निरीक्षक रोशनी जैन ने किया। लोकायुक्त पुलिस सागर का दल आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटा है। लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायतों के लिए हेल्पलाइन नंबर 8435794333 जारी किया है।

Share:

27% आरक्षण लेकर रहेंगे: सागर में पिछड़ा वर्ग का शक्ति प्रदर्शन, निकाला पैदल मार्च • राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

27% आरक्षण लेकर रहेंगे: सागर में पिछड़ा वर्ग का शक्ति प्रदर्शन, निकाला पैदल मार्च

• राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन


तीनबत्ती न्यूज: 27 अक्टूबर, 2026

सागर। मध्य प्रदेश में अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) को 27 प्रतिशत आरक्षण देने और 13 प्रतिशत होल्ड किए गए सरकारी पदों को अनहोल्ड करने की मांग को लेकर मंगलवार को सागर में पिछड़ा वर्ग की विभिन्न जातियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। आरक्षण के मुद्दे पर आयोजित इस आंदोलन में हजारों की संख्या में पिछड़ा वर्ग के युवा, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने 27 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की मांग को लेकर नारेबाजी करते हुए पैदल मार्च निकाला और अपनी मांगों के समर्थन में ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर विभिन्न प्रतिनिधियों ने संबोधित किया और मांग रखी।

यह भी पढ़ें: सागर में बदले कलेक्टर और एसपी, प्रतिभा पाल और अनुराग सुजानिया का तबादला • दिलीप कुमार यादव होंगे नए कलेक्टर, संजीव कुमार सिन्हा संभालेंगे SP की जिम्मेदारी


प्रदर्शनकारियों ने मध्य प्रदेश में 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण लागू करने के पूर्व में किए गए प्रयासों पर न्यायालय में प्रभावी पैरवी और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने में कमी का आरोप लगाते हुए आरक्षण को लेकर ठोस कदम उठाने की मांग की। आंदोलन के दौरान वर्ष 2027 में ही 27 प्रतिशत आरक्षण हासिल करने का संकल्प भी व्यक्त किया गया।


रविंद्र भवन से कलेक्ट्रेट तक निकला पैदल मार्च

प्रदर्शन की शुरुआत सागर बस स्टैंड स्थित रविंद्र भवन से हुई। यहां पिछड़ा वर्ग की विभिन्न जातियों के लोग एकत्रित हुए। हाथों में तख्तियां लेकर प्रदर्शनकारी 27 प्रतिशत आरक्षण के समर्थन में नारे लगाते हुए पैदल मार्च पर निकले। मार्च गोपालगंज और सिविल लाइन मार्ग से होते हुए कलेक्ट्रेट कार्यालय के मुख्य द्वार पर पहुंचा।


कलेक्ट्रेट के सामने प्रदर्शन के दौरान आरक्षण की मांग को लेकर एकजुटता प्रदर्शित की गई। यहां सुधीर यादव ने ज्ञापन का वाचन किया। इसके बाद कलेक्टर के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मध्य प्रदेश के राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

27 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की प्रमुख मांग

ज्ञापन में कहा गया कि मंडल आयोग की सिफारिशों के आधार पर अन्य पिछड़ा वर्ग को केंद्र में 27 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान है। प्रदर्शनकारियों ने मध्य प्रदेश में भी ओबीसी वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण का लाभ सुनिश्चित करने की मांग की।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि प्रदेश में लंबे समय से 14 प्रतिशत आरक्षण लागू रहने के कारण पिछड़ा वर्ग के युवाओं को शिक्षा, रोजगार और सरकारी सेवाओं में अपेक्षित अवसर नहीं मिल पा रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पिछड़ा वर्ग के अनेक परिवारों की आर्थिक स्थिति कमजोर है। खेती की जमीन सीमित होने और पारंपरिक रोजगार के अवसर घटने से इस वर्ग के युवाओं के सामने रोजगार तथा शिक्षा से जुड़ी चुनौतियां बढ़ी हैं।



विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने और नौवीं अनुसूची में प्रस्ताव भेजने की मांग

प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार से मांग की कि ओबीसी आरक्षण के विषय पर विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया जाए। इसमें 27 प्रतिशत आरक्षण लागू करने के संबंध में प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजा जाए तथा इसे संविधान की नौवीं अनुसूची में शामिल कराने की दिशा में आवश्यक पहल की जाए। ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि आरक्षण से जुड़े न्यायालयीन प्रकरणों में राज्य सरकार प्रभावी पैरवी करे। इसके लिए अनुभवी अधिवक्ताओं का विशेष पैनल गठित किया जाए और पिछड़ा वर्ग की जनसंख्या, सामाजिक-आर्थिक स्थिति तथा आरक्षण से संबंधित आवश्यक आंकड़े और दस्तावेज न्यायालय में प्रस्तुत किए जाएं।

प्रदर्शनकारियों ने हाईकोर्ट के निर्णय के विरुद्ध सुप्रीम कोर्ट में प्रभावी कानूनी कार्रवाई करने, आवश्यक राहत प्राप्त करने और अंतिम निर्णय तक 13 प्रतिशत होल्ड पदों की स्थिति स्पष्ट करते हुए उन्हें सुरक्षित रखने की मांग भी उठाई।



विभिन्न समाजों और राजनीतिक संगठनों ने दिया समर्थन

आंदोलन में ओबीसी महासभा के ब्रिजेन्द्र सिंह यादव, पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव, संतोष प्रजापति, सुरेंद्र लोधी, डॉ. अजय सेन, रवि सोनी, देवरी से आए हरीशचंद्र लोधी, गढ़ाकोटा से कमलेश साहू, राहतगढ़ से बाबूसिंह खिरिया तथा हाजी मुन्ना चौधरी और जैसीनगर से अनिल सोनी सहित अनेक लोगों ने सहभागिता की।

प्रदर्शन में बब्बू सिंह यादव, माधव सिंह चौधरी, शिवशंकर यादव, विजय पटेल, राजेश लोधी, गुड्डू यादव, विजय साहू, राजा सेन, जितेंद्र रोहण, पार्षद अशोक साहू, पूर्व पार्षद सुल्तान कुरैशी, भैयन पटेल और राकेश राय भी शामिल रहे।

आंदोलन में संतोष प्रजापति, विजय साहू, राजा सेन, जितेंद्र रोहण, डॉ. अजय सेन, माधवी चौधरी, बाबूसिंह यादव, शिवशंकर यादव, अशोक साहू, सुल्तान कुरैशी, भैयन पटेल, राकेश राय, तोताराम यादव, चमन अंसारी, रवि सोनी, अशोक कुशवाहा, हेमकुमारी कुर्मी, अनिल पुराणी, किरणलता सोनी, बलराम साहू, श्रीदास रैकवार, संजय रैकवार, कल्लू पटेल, गीता कुशवाहा, विनोद रैकवार, सुरेश रैकवार, मनोज सोनी, ब्रिजेश सोनी, महेंद्र सोनी, बद्री सोनी, कमलेश सोनी, मुकेश सोनी, जावेद ठेकेदार, लखन सिंह लोधी, बाबू मछंदर, बंटी करी, करोड़ी सोनी, कार्तिक रोहन, संतोष रजक, श्रीराम रजक, गोपी यादव, गम यादव, दिलीप पटेल, पवन जाटव, मोनू लारिया, सुंदरलाल यादव, हेमराज घोड़ी, मोंटी यादव, कान्हा सोनी, गिरधारी सोनी, रामदास रजक, राहुल रजक, राजेश श्रीवास, गंगाराम अहिरवार, लीलाधर सूर्यवंशी, नारायण विश्वकर्मा और हरीशचंद्र सोनवार सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

इसके अलावा ज्ञापन सौंपने के दौरान महेश जाटव, माधव सिंह चौधरी, गुड्डू यादव, विजय पटेल, राजेश लोधी, लक्ष्मी सेन, कमलेश साहू, दीपाली सोनी, चांदनी अहिरवार, किरण सैनी, संजय प्रजापति, एडवोकेट जगमोहन लोधी और एडवोकेट बी.के. यादव सहित अन्य सामाजिक प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की।



Share:

सागर: तीनबत्ती से कटरा मस्जिद तक सड़क किनारे खड़े वाहन क्रेन से हटाए, अब होगी चालानी कार्रवाई • पद्माकर स्कूल परिसर में निःशुल्क पार्किंग की व्यवस्था

सागर: तीनबत्ती से कटरा मस्जिद तक सड़क किनारे खड़े वाहन क्रेन से हटाए, अब होगी चालानी कार्रवाई

• पद्माकर स्कूल परिसर में निःशुल्क पार्किंग की व्यवस्था

• निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने वाहन मालिकों से की अपील



तीनबत्ती न्यूज: 27 अक्टूबर, 2026

सागर। कटरा बाजार में बार-बार लगने वाले जाम से राहत दिलाने और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाने के लिए नगर निगम एवं यातायात पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की। इस दौरान तीनबत्ती से कटरा मस्जिद तक सड़क के दोनों ओर खड़े चारपहिया वाहनों को क्रेन की मदद से हटवाया गया।

कार्रवाई के दौरान अनाउंसमेंट कर वाहन मालिकों को सड़क किनारे वाहन खड़े नहीं करने और निर्धारित पार्किंग स्थल का उपयोग करने की समझाइश दी गई। अधिकारियों के अनुसार, सड़क पर खड़े वाहनों के कारण यातायात बाधित होता है, जिससे आम नागरिकों, व्यापारियों और बाजार में खरीदारी करने आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

-------

वीडियो देखने क्लिक करे 

सागर: तीनबत्ती से कटरा मस्जिद तक सड़क किनारे खड़े वाहन क्रेन से हटाए, अब होगी चालानी कार्रवाई

_______


पद्माकर स्कूल में निःशुल्क पार्किंग की सुविधा

नगर निगम ने वाहन मालिकों की सुविधा के लिए नमकमंडी स्थित पद्माकर स्कूल परिसर में चारपहिया वाहनों की पार्किंग की अस्थायी निःशुल्क व्यवस्था की है। वाहन चालक यहां अपने वाहन खड़े कर सकते हैं और कटरा बाजार की सड़कों पर जाम की स्थिति बनने से रोकने में सहयोग कर सकते हैं।



सड़क पर वाहन खड़े मिले तो होगी कार्रवाई

नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने कटरा बाजार क्षेत्र के वाहन मालिकों से यातायात व्यवस्था बनाए रखने में नगर निगम एवं यातायात पुलिस का सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कटरा बाजार शहर का प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग खरीदारी और अन्य कार्यों के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में सड़कों पर चारपहिया वाहन खड़े होने से आवागमन प्रभावित होता है।

निगमायुक्त ने वाहन मालिकों से नमकमंडी स्थित पद्माकर स्कूल की अस्थायी निःशुल्क पार्किंग का उपयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि समझाइश के बाद भी कटरा बाजार क्षेत्र की सड़कों पर चारपहिया वाहन खड़े पाए जाने पर संबंधित वाहन मालिकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई के साथ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। ऐसी स्थिति में वाहन मालिक स्वयं जिम्मेदार होंगे।

Share:

सागर में बकाया प्रीमियम जमा नहीं करने पर नगर निगम ने दो दुकानों का आवंटन निरस्त, जमा राशि राजसात

सागर में बकाया प्रीमियम जमा नहीं करने पर नगर निगम ने दो दुकानों का आवंटन निरस्त, जमा राशि राजसात

• नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री की कार्रवाई, तिलकगंज मीट मार्केट सहित अन्य बकायादार दुकानदारों पर भी होगी सख्ती


तीनबत्ती न्यूज: 27 अक्टूबर, 2026

सागर। नगर निगम प्रशासन ने बकाया प्रीमियम राशि जमा नहीं करने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने बकाया प्रीमियम जमा नहीं करने पर नगर निगम स्वामित्व की दो दुकानों का आवंटन निरस्त कर दिया है। साथ ही संबंधित आवंटियों द्वारा जमा कराई गई राशि राजसात करने की कार्रवाई भी की गई है।

यह भी पढ़ें: सागर में बदले कलेक्टर और एसपी, प्रतिभा पाल और अनुराग सुजानिया का तबादला • दिलीप कुमार यादव होंगे नए कलेक्टर, संजीव कुमार सिन्हा संभालेंगे SP की जिम्मेदारी

कटरा बाजार और डी.डी. कॉम्प्लेक्स की दुकानें शामिल

नगर निगम के बाजार प्रभारी आनंद मंगल गुरु ने बताया कि कटरा बाजार स्थित निगम औषधालय के भूतल की दुकान क्रमांक-1 सौरभ जैन पिता शीलचंद जैन को आवंटित की गई थी। वहीं, डी.डी. कॉम्प्लेक्स के भूतल की दुकान क्रमांक-25 रामगरीब केसरवानी पिता हरिश्चंद्र केसरवानी को आवंटित थी। दोनों दुकानों की निर्धारित बकाया प्रीमियम राशि जमा नहीं की गई थी। इस पर निगमायुक्त ने दोनों दुकानों का आवंटन निरस्त कर जमा राशि राजसात करने की कार्रवाई की है।

यह भी पढ़ें :वाणिज्यिक कर अधिकारी मनीष जैन के सागर,जबलपुर और भोपाल में ठिकानों पर लोकायुक्त का छापा: आय से 264.64% अधिक व्यय का खुलासा • 1.03 करोड़ रुपये की आय के मुकाबले 3.78 करोड़ रुपये का खर्च, जबलपुर, भोपाल और सागर में एक साथ तलाशी; जमीन, मकान, फ्लैट, वाहन और बीमा पॉलिसियों का ब्योरा आया सामने

बकाया प्रीमियम और किराया जमा करना अनिवार्य

नगर निगम प्रशासन के अनुसार, निगम स्वामित्व की दुकानों के आवंटियों की जिम्मेदारी है कि वे निर्धारित प्रीमियम राशि और किराया समय पर जमा करें। बकाया राशि जमा नहीं होने से निगम के राजस्व पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसी को देखते हुए बकायादार दुकानदारों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।

अन्य बकायादार दुकानदारों पर भी होगी कार्रवाई

निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने तिलकगंज स्थित मीट मार्केट सहित नगर निगम स्वामित्व की अन्य दुकानों के बकाया प्रीमियम और किराये की राशि जमा नहीं करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बकाया राशि की वसूली को लेकर सख्ती जारी रहेगी और निर्धारित राशि जमा नहीं करने वाले आवंटियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


Share:

संवैधानिक संस्थाओं पर अविश्वास फैलाना दुर्भाग्यपूर्ण’: सागर में भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत युवाओं से संवाद

‘संवैधानिक संस्थाओं पर अविश्वास फैलाना दुर्भाग्यपूर्ण’: सागर में भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत युवाओं से संवाद


तीनबत्ती न्यूज: 27 अक्टूबर, 2026

सागर। भारतीय जनता पार्टी के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के अंतर्गत मंगलवार को महाराणा प्रताप नर्सिंग कॉलेज, सागर में युवा एवं विद्यार्थी संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लोकतंत्र, निर्वाचन प्रक्रिया, संवैधानिक संस्थाओं और वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर युवाओं से संवाद किया गया। विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे और वक्ताओं ने उनके जवाब दिए।

यह भी पढ़ें: सागर में बदले कलेक्टर और एसपी, प्रतिभा पाल और अनुराग सुजानिया का तबादला • दिलीप कुमार यादव होंगे नए कलेक्टर, संजीव कुमार सिन्हा संभालेंगे SP की जिम्मेदारी

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता सागर विधायक शैलेंद्र जैन रहे। विशिष्ट अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार और जिला महामंत्री सुमित यादव रहे। इस अवसर पर संगीता संजय सिंह, अभियान जिला संयोजक मनीष चौबे, सहसंयोजक कविता लारिया, जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन एवं अधिवक्ता दीपा तिवारी मंचासीन रहीं। संचालन अभियान सहसंयोजक नितिन सोनी ने किया।

राष्ट्रहित और लोकतांत्रिक मूल्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दें युवा : शैलेन्द्र जैन

विधायक शैलेन्द्र जैन ने कहा कि भारत का लोकतंत्र केवल सरकार बनाने की व्यवस्था नहीं, बल्कि संविधान और जनता के विश्वास पर आधारित व्यवस्था है। सत्ता प्राप्ति का रास्ता जनता के जनादेश से होकर गुजरता है। राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन राष्ट्रीय हित और संवैधानिक मर्यादाओं से ऊपर कोई राजनीतिक स्वार्थ नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर अपनी भूमिका मजबूत कर रहा है। ऐसे समय में देश की एकता, लोकतांत्रिक स्थिरता और संस्थाओं के प्रति विश्वास बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।जैन ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि राजनीतिक असहमति के नाम पर संवैधानिक संस्थाओं के प्रति अविश्वास पैदा करना लोकतंत्र के लिए उचित नहीं है। 


संस्थाओं पर सवाल उठाने से पहले तथ्यों को समझें : श्याम तिवारी

भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि लोकतंत्र की विश्वसनीयता संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता और उनके प्रति नागरिकों के विश्वास से जुड़ी है। असहमति लोकतंत्र का अधिकार है, लेकिन किसी संस्था के प्रति लगातार अविश्वास का वातावरण बनाना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग अथवा न्यायपालिका जैसे संस्थानों के किसी निर्णय से असहमति होने पर संविधान और कानून में निर्धारित रास्ते उपलब्ध हैं। राजनीतिक दलों को इन्हीं लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के माध्यम से अपनी बात रखनी चाहिए।

यह भी पढ़ें :वाणिज्यिक कर अधिकारी मनीष जैन के सागर,जबलपुर और भोपाल में ठिकानों पर लोकायुक्त का छापा: आय से 264.64% अधिक व्यय का खुलासा • 1.03 करोड़ रुपये की आय के मुकाबले 3.78 करोड़ रुपये का खर्च, जबलपुर, भोपाल और सागर में एक साथ तलाशी; जमीन, मकान, फ्लैट, वाहन और बीमा पॉलिसियों का ब्योरा आया सामने

तिवारी ने युवाओं से कहा कि वे सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली राजनीतिक सूचनाओं की सत्यता जांचें और राजनीतिक दलों की नीतियों तथा उनके कामकाज का तुलनात्मक अध्ययन करें। 

नगर निगम अध्यक्ष वृन्दावन अहिरवार ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर कहा कि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव के लिए मतदाता सूची का अद्यतन एवं त्रुटिरहित होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि मृत व्यक्तियों के नाम, स्थायी रूप से दूसरे स्थान पर जा चुके लोगों के पुराने पते पर दर्ज नाम अथवा एक से अधिक स्थानों पर दर्ज नाम जैसी विसंगतियों को नियमों के तहत दूर किया जाना चाहिए। साथ ही पात्र मतदाता का नाम किसी गलती के कारण न हटे, यह सुनिश्चित करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से SIR और मतदाता सूची से जुड़ी प्रक्रिया को समझने तथा सही जानकारी लोगों तक पहुंचाने की अपील की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Share:

सागर में बदले कलेक्टर और एसपी, प्रतिभा पाल और अनुराग सुजानिया का तबादला • दिलीप कुमार यादव होंगे नए कलेक्टर, संजीव कुमार सिन्हा संभालेंगे SP की जिम्मेदारी

सागर में बदले कलेक्टर और एसपी, प्रतिभा पाल और अनुराग सुजानिया का तबादला

• दिलीप कुमार यादव होंगे नए कलेक्टर, संजीव कुमार सिन्हा संभालेंगे SP की जिम्मेदारी

तीनबत्ती न्यूज: 27 अक्टूबर, 2026

सागर। मध्यप्रदेश शासन ने 27 अक्टूबर 2026 को प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। इसके तहत सागर जिले के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक दोनों अधिकारियों का तबादला किया गया है। सागर के बंडा में जहरीली शराब से हुई मौतों के चलते इनको हटाए जाने की चर्चाएं थी।



प्रतिभा पाल को भोपाल भेजा गया

2012 बैच की IAS अधिकारी एवं सागर कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल का तबादला किया गया है। उन्हें मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम, भोपाल का प्रबंध संचालक बनाया गया है।

यह भी पढ़ें :वाणिज्यिक कर अधिकारी मनीष जैन के सागर,जबलपुर और भोपाल में ठिकानों पर लोकायुक्त का छापा: आय से 264.64% अधिक व्यय का खुलासा • 1.03 करोड़ रुपये की आय के मुकाबले 3.78 करोड़ रुपये का खर्च, जबलपुर, भोपाल और सागर में एक साथ तलाशी; जमीन, मकान, फ्लैट, वाहन और बीमा पॉलिसियों का ब्योरा आया सामने

प्रतिभा पाल ने 13 अप्रैल 2026 को सागर कलेक्टर का पदभार संभाला था। अब उन्हें सागर से हटाकर भोपाल में नई जिम्मेदारी दी गई है।

दिलीप कुमार यादव होंगे नए सागर कलेक्टर

सागर के नए कलेक्टर के रूप में 2014 बैच के IAS अधिकारी श्री दिलीप कुमार यादव की पदस्थापना की गई है। वे वर्तमान में मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम, भोपाल के प्रबंध संचालक के पद पर पदस्थ थे।



SP अनुराग सुजानिया का भी तबादला

सागर पुलिस अधीक्षक श्री अनुराग सुजानिया, 2014 बैच के IPS अधिकारी, का भी तबादला किया गया है। उन्हें पुलिस मुख्यालय भोपाल में सहायक पुलिस महानिरीक्षक (AIG) की जिम्मेदारी दी गई है।



संजीव कुमार सिन्हा होंगे नए SP

सागर के नए पुलिस अधीक्षक के रूप में 2016 बैच के IPS अधिकारी श्री संजीव कुमार सिन्हा की पदस्थापना की गई है। वे वर्तमान में 14वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल, ग्वालियर के सेनानी के पद पर पदस्थ थे।

इस प्रशासनिक फेरबदल के बाद अब सागर जिले में कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक दोनों नए अधिकारी जिम्मेदारी संभालेंगे। नई पदस्थापनाएं आगामी आदेश तक प्रभावी रहेंगी।

Share:

वाणिज्यिक कर अधिकारी मनीष जैन के सागर,जबलपुर और भोपाल में ठिकानों पर लोकायुक्त का छापा: आय से 264.64% अधिक व्यय का खुलासा • 1.03 करोड़ रुपये की आय के मुकाबले 3.78 करोड़ रुपये का खर्च, जबलपुर, भोपाल और सागर में एक साथ तलाशी; जमीन, मकान, फ्लैट, वाहन और बीमा पॉलिसियों का ब्योरा आया सामने

वाणिज्यिक कर अधिकारी मनीष जैन के सागर,जबलपुर और भोपाल में ठिकानों पर लोकायुक्त का छापा: आय से 264.64% अधिक व्यय का खुलासा

• 1.03 करोड़ रुपये की आय के मुकाबले 3.78 करोड़ रुपये का खर्च, जबलपुर, भोपाल और सागर में एक साथ तलाशी; जमीन, मकान, फ्लैट, वाहन और बीमा पॉलिसियों का ब्योरा आया सामने


तीनबत्ती न्यूज: 27 अक्टूबर, 2026

जबलपुर। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत पर लोकायुक्त पुलिस ने मंगलवार सुबह 6 बजे राज्य जीएसटी (SGST) विभाग के वाणिज्यिक कर अधिकारी मनीष कुमार जैन के ठिकानों पर छापामार कार्रवाई की। वर्तमान में दमोह में पदस्थ अधिकारी के जबलपुर, भोपाल और सागर से जुड़े ठिकानों पर एक साथ तलाशी ली जा रही है। लोकायुक्त की प्रारंभिक जांच में अधिकारी की आय और व्यय के बीच बड़ा अंतर सामने आया है। जांच टीम अधिकारी और उनके परिजनों के नाम पर दर्ज संपत्तियों तथा आय के स्रोतों से संबंधित दस्तावेजों का सत्यापन कर रही है।

यह भी पढ़ें: सागर में स्वामित्व योजना शिविरों का कलेक्टर प्रतिभा पाल ने किया निरीक्षण : पंचायत सचिव के निलंबन और पूर्व पटवारी के खिलाफ जांच के निर्देश

1.03 करोड़ की आय, 3.78 करोड़ रुपये का व्यय

लोकायुक्त की प्रारंभिक जांच के अनुसार, अधिकारी की कुल आय 1 करोड़ 3 लाख 73 हजार 317 रुपये आंकी गई है, जबकि कुल व्यय 3 करोड़ 78 लाख 25 हजार 707 रुपये सामने आया है। लोकायुक्त के अनुसार, यह व्यय ज्ञात आय का 364.64 प्रतिशत है। यानी आय की तुलना में 264.64 प्रतिशत अधिक व्यय दर्ज किया गया है। शिकायत का सत्यापन निरीक्षक बृजमोहन सिंह नरवरिया ने किया था। प्रारंभिक जांच में शिकायत प्रथमदृष्टया सही पाए जाने पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(1)(बी) और 13(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक अंजूलता पटले को मिली शिकायत के आधार पर तीन टीमों ने कार्रवाई शुरू की।

      सागर 

छापे में सामने आईं जमीन, मकान और फ्लैट की संपत्तियां

लोकायुक्त की प्रारंभिक जांच में अधिकारी मनीष कुमार जैन, उनकी पत्नी निधि जैन और परिजनों के नाम पर जमीन, प्लॉट, मकान, फ्लैट, वाहन और बीमा पॉलिसियों से संबंधित संपत्तियों का ब्योरा सामने आया है।

यह भी पढ़ें: सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों के अनुभव का वर्तमान पुलिस व्यवस्था में लिया जाए लाभ : पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह :सेवानिवृत्त राजपत्रित पुलिस अधिकारियों की हुई वर्कशॉप

छापे में सामने आई संपत्तियों का विवरण इस प्रकार है—

1. जबलपुर में अधिकारी के नाम जमीन: मनीष कुमार जैन के नाम पर 278.74 वर्गमीटर जमीन की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 43 लाख 60 हजार 880 रुपये बताई गई है।

2. जबलपुर में पत्नी के नाम जमीन और प्लॉट: निधि जैन के नाम पर 116.14 वर्गमीटर जमीन की कीमत 9 लाख 56 हजार 375 रुपये और 116.14 वर्गमीटर के प्लॉट की कीमत भी 9 लाख 56 हजार 375 रुपये आंकी गई है।

3. भोपाल में जमीन और प्लॉट: निधि जैन के नाम पर 180 वर्गमीटर जमीन, जिस पर बंगला बना हुआ है, की अनुमानित कीमत 22 लाख 87 हजार 126 रुपये बताई गई है। इसके अलावा 402.41 वर्गमीटर के प्लॉट की कीमत 13 लाख 68 हजार 550 रुपये और 83.18 वर्गमीटर के फ्लैट की कीमत 13 लाख 34 हजार 630 रुपये बताई गई है।

4. सागर के बंडा में परिजनों के नाम संपत्तियां: माता राशि जैन के नाम पर 92.93 वर्गमीटर का प्लॉट, जिस पर मकान बना है, की अनुमानित कीमत 23 लाख 49 हजार 140 रुपये बताई गई है। पिता कोमलचंद जैन के नाम पर 91.07 वर्गमीटर के प्लॉट पर बने मकान की कीमत 43 लाख 19 हजार 388 रुपये और 111.48 वर्गमीटर के एक अन्य प्लॉट पर बने मकान की कीमत 2 लाख 86 हजार 485 रुपये दर्ज की गई है।

5. वाहन और बीमा पॉलिसियां: पत्नी निधि जैन के नाम पर मारुति स्विफ्ट कार और सुजुकी एक्सेस वाहन की कुल अनुमानित कीमत 5 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है। वहीं, अधिकारी और परिवार के सदस्यों के नाम पर बीमा पॉलिसियों का मूल्य 33 लाख 93 हजार 986 रुपये बताया गया है।

यह भी पढ़ें: साप्ताहिक राशिफल: 26 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक का साप्ताहिक राशिफल, जानिए सभी राशियों का भविष्यफल

आय के स्रोतों और दस्तावेजों की जांच जारी


लोकायुक्त पुलिस की टीमें विभिन्न स्थानों पर मिली संपत्तियों और दस्तावेजों का सत्यापन कर रही हैं। जांच में संपत्तियों के वास्तविक मूल्य, उन्हें खरीदने में खर्च की गई राशि, आय के ज्ञात स्रोतों तथा कुल व्यय के बीच अंतर का परीक्षण किया जाएगा।

फिलहाल सामने आए आंकड़े प्रारंभिक जांच पर आधारित हैं। संपत्तियों के स्वामित्व, मूल्य और आय के स्रोतों का अंतिम आकलन जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।


Share:

www.Teenbattinews.com

Archive