तीनबत्ती न्यूज.कॉम का यूट्यूब चैनल Teenbatti News

सभी लोग कम से कम एक वृक्ष अवश्य लगाएंः मन्त्री भूपेन्द्र सिंह

सभी लोग कम से कम एक वृक्ष अवश्य लगाएंः मन्त्री भूपेन्द्र सिंह

★ ग्राम झींकनी में अस्पताल, निःशुल्क भोजनशाला, संस्कृत गुरूकुल एवं अर्द्धनारीश्वर मूर्ति निर्माण का भूमिपूजन

★ इस तरह के स्थान बनने से मिलती है आध्यात्मिक शांतिः भूपेन्द्र सिंह


साग़र। आज यहां पर आकर बहुत प्रसन्नता हुई कि क्षेत्र में एक अच्छा काम होने जा रहा है। इससे हमारे क्षेत्र के लोगों को जहां धर्मलाभ मिलेगा, वहीं पर बच्चों को अच्छी शिक्षा मिलेगी। अस्पताल के माध्यम से स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी और इसका लाभ क्षेत्र की जनता को मिलेगा। यह बात शनिवार को प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने खुरई के ग्राम झीकनी में श्री अर्द्धनारीश्वर सेवा संस्थान द्वारा आयोजित अस्पताल, निःशुल्क भोजनशाला, संस्कृत गुरूकुल एवं अर्द्धनारीश्वर मूर्ति के नींव पूजन कार्यक्रम अवसर पर कही।

मंत्री श्री सिंह ने संबोधित करते हुए कहा कि, मैं ये विश्वास दिलाता हूं कि, क्षेत्रीय विधायक होने के नाते इस सेवा संस्थान में जो भी मदद मुझसे होगी मैं करूंगा। यह स्थान अच्छा बने और सरकार के स्तर पर जो भी कार्य होगा वो हम पूर्ण कराएंगे। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि इस तरह के स्थान बनने से जहां आध्यात्मिक शांति मिलती है, वहीं अपने जीवन में धर्म के मार्ग पर चलते हैं। मेरी ईश्वर से प्रार्थना है कि ये सेवा संस्थान अच्छा चले, लोगों के जीवन में इसका लाभ हो।
     कार्यक्रम को दुर्गाप्रसाद मुड़ोतिया ने भी संबोधित किया। श्री मुड़ोतिया ने इस इस कार्य के लिए अर्द्धनारीश्वर सेवा संस्थान के जितेन्द्र दास जी महाराज का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक भूपेन्द्र सिंह ने ठाना है कि, क्षेत्र हर गरीब परिवार को आवास दिया जाएगा। 
     मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने संबोधित करते हुए कहा कि, बांदरी को हमने पहले नगर पंचायत बनवाया था कि क्षेत्र की जनता को इसका लाभ मिले, लेकिन बीच में सरकार बदली तो नगर पंचायत खत्म कर दी। पुनः भाजपा सरकार बनने पर हमने इसको नगर पंचायत बनवाया और नगर पंचायत के माध्यम से पहली बार में ही लगभग 1300 मकान स्वीकृत किए थे, जिसमें झींकनी में 74 मकान थे। दूसरी लिस्ट तैयार हो रही है, उसमें भी लगभग 90-95 मकान फिर से स्वीकृत होंगे। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं। कि आने वाले समय में ऐसा कोई भी परिवार नहीं होगा जिसका खुद का मकान न हो, हर परिवार का अपना मकान होगा। 



सभी लोग कम से कम एक वृक्ष अवश्य लगाएंः भूपेन्द्र सिंह

 खुरई विधायक एवं प्रदेश शासन के मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने बांदरी की उपमंडी परिसर में वृक्षारोपण किया। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि, सरकार के द्वारा वृक्षारोपण कार्यक्रम तय किया गया है, जिसके अंतर्गत हम लोगों को सभी जगह वृक्षारोपण करना है। शहरी क्षेत्र में सरकार ने नियम बना दिया है कि, मकान की मंजूरी तभी मिलेगी जब उसमे वृक्षारोपण होगा।

     मंत्री श्री सिंह ने संबोधित करते हुए कहा कि, वृक्ष हमारा जीवन हैं, वृक्षों से हमें आक्सीजन मिलती है जिससे हमारा जीवन चलता है, वृक्षों से भूमि की जल क्षमता बढ़ती है, इसलिए वृक्ष लगाना बहुत जरूरी है। कोशिश करें कि हम फलदार वृक्ष लगाएं जिससे हमें फल भी मिलते हैं। 
     मंत्री श्री सिंह ने कहा कि, मेरा सभी लोगों से आग्रह है कि, पूरे नगर पंचायत क्षेत्र में जहां-जहां भी हम वृक्षारोपण कर सकते हैं करें, वृक्ष नगर पंचायत, जनपद की ओर से उपलब्ध कराएंगे। मेरा आप सभी से अनुरोध है कि कम से कम एक वृक्ष अवश्य लगाएं। प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एक वृक्ष प्रतिदिन लगाते हैं, पिछले लगभग तीन महीने से ऐसा कोई दिन नहीं जाता जिस दिन पर वृक्षारोपण न करते हों। मुख्यमंत्री श्री चौहान हर रोज पहले एक वृक्ष लगाते हैं और बाद में दूसरा कोई कार्य। 
     मंत्री श्री सिंह ने कहा कि, बांदरी में जहां भी सरकारी जमीन हैं वहां पर वृक्षारोपण करें। वन विभाग की जो जमीन हमें बांदरी के विकास के लिए मिली है उसमें मुक्तिधाम की जमीन में वृक्षारोपण, स्टेडियम की जमीन में एवं नगर परिषद के भवन निर्माण की जमीन में वृक्षारोपण किया जाएगा। नगर पंचायत बनने से बांदरी का विकास तेजी से हो रहा है। 
     मंत्री श्री सिंह ने कहा, हमें बड़ा दुख है कि, कोरोना के कारण अनेक लोग हमारे बीच से चले गए, अनेक लोगों को हमने खोया है। कोरोना से किस तरह नुकसान होता है वह हम सबने देखा है। इसका एक ही इलाज है, वैक्सिनेशन और मास्क। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि, 21 जून से कोरोना का निःशुल्क वैक्सिनेशन महाअभियान शुरू होगा आप सभी से आग्रह है कि, सभी लोग वैक्सिनेशन जरूर कराएं, अगर वैक्सिनेशन आपने करा लिया, तो कोरोना से आपको नुकसान नहीं होगा। हमने भी वैक्सिनेशन कराया है, वैक्सिनेशन से कोई खतरा नहीं है, यह हमारा जीवन सुरक्षित करती है। 
मंत्री श्री सिंह ने भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे, चिंता करके अपने ग्राम और वार्ड में जिनका वैक्सिनेशन नहीं हुआ है, उनका वैक्सिनेशन अवश्य कराएं। इस अवसर पर उनके साथ गणमान्य नागरिक, भाजपा नेता, कार्यकर्ता एवं आमजन उपस्थित थे। 


 
Share:

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

Archive