Editor: Vinod Arya | 94244 37885
Dr Hari Singh Gour लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
Dr Hari Singh Gour लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

रक्तदान मनुष्य की त्याग भावना से ही संभव : पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह •तीन दिवसीय रक्तदान शिविर के पहले दिन 175 यूनिट ब्लड का संग्रह

रक्तदान मनुष्य की त्याग भावना से ही संभव : पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह

 •तीन दिवसीय रक्तदान शिविर के पहले दिन 175 यूनिट ब्लड का संग्रह 


तीनबत्ती न्यूज: 26 नवंबर 2026

सागर। सेवा के दूसरे प्रकल्प तो धन पैसों की उपलब्धता से संभव हो जाते हैं लेकिन रक्तदान तो मनुष्य के त्याग की भावना से ही संभव हो पाता है। दानवीर डा. हरी सिंह गौर की जयंती पर तीन दिवसीय रक्तदान शिविर का शुभारंभ एक सुखद संयोग है। यह उद्गार पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक  भूपेन्द्र सिंह ने युवा नेता अविराज सिंह के जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित तीन दिवसीय शिविर के शुभारंभ कार्यक्रम में व्यक्त किए। शिविर के प्रथम दिवस 175 यूनिट ब्लड एकत्रित हुआ है। 


पूर्व गृहमंत्री खुरई विधायक  भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि यह सुखद संयोग है कि आज डा. गौर की जयंती और संविधान दिवस के अवसर पर यह "रक्तदान ही जीवनदान " का प्रकल्प आरंभ हुआ है। डा. गौर ने अपने जीवन की सारी संपत्ति गरीबों, पिछड़ों की शिक्षा में समर्पित करके सागर में विश्वविद्यालय बनाया। वे चाहते तो नागपुर और दिल्ली में विश्वविद्यालय बना सकते थे लेकिन उन्होंने बुंदेलखंड और सागर जैसा पिछड़ा इलाका चुना जहां सिर्फ बीड़ी बनाने और कृषि के काम ही होते थे। इसमें अपनी जन्मभूमि के लोगों के उत्थान का भाव भी था। पूर्व गृहमंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि आज डा. हरी सिंह गौर विश्वविद्यालय की संपत्ति का मूल्यांकन 10 हजार करोड़ से भी ज्यादा होगा। ऐसा महान दानी देश, प्रदेश में दूसरा नहीं हुआ। आज इस विश्वविद्यालय के कारण बुंदेलखंड की वैश्विक पहचान है। उन्होंने सिद्ध किया कि यदि दृढ़ संकल्प हो तो गरीबी प्रतिभा का मार्ग रोक नहीं सकती। 


पूर्व मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि रक्त से जीवन मिलता है इसलिए यह सेवा प्रकल्प सबसे बड़ा है। दूसरे प्रकल्प धन पैसे से संभव हो सकते हैं लेकिन रक्त तो मनुष्य की त्याग की भावना से ही मिल सकता है। गरीब को रक्त मिले उसकी जान बचे इस उद्देश्य से ही हम सभी मिलकर पिछले 12 वर्षों से रक्तदान शिविर आयोजित कर रहे हैं। अभी तक 16659 यूनिट रक्त एकत्रित कर सागर जिले और भोपाल सहित अनेक सरकारी अस्पतालों को दे चुके हैं। सागर जिले में ब्लडबैंक की क्षमता कम थी जो अब बढ़ चुकी है। तो एकत्र हो रहा ज्यादातर रक्त जिले में ही उपयोग होगा। उन्होंने कहा कि मई  माह में आयोजित हो रहे रक्तदान शिविर से अगले छह माह तक सागर जिले में ब्लड की उपलब्धता बनी रहती है। अब नवंबर माह में अविराज के जन्मदिन पर आयोजित हो रहे रक्तदान शिविर से पूरे वर्ष भर ब्लड की उपलब्धता जिले के सरकारी अस्पतालों में बनी  रहेगी। 



युवा नेता अविराज सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि डा, हरी सिंह गौर ने अपनी आत्मकथा में अपनी सफलता के बड़े कारण के रूप में नशे से दूर रहना बताया है। युवाओं के लिए यह प्रेरक प्रसंग है। हम युवा अपने जन्मदिन पर केक, फ्लेक्स, मिठाई, पटाखों के अलावा नेशन और सोसायटी को भी कुछ देने की पहल कर सकते हैं। अपना जन्मदिन हम भारत माता और समाज के कल्याण को समर्पित कर सकते हैं। हमारे देश में हर दो सेकंड में किसी एक व्यक्ति को जान बचाने के लिए रक्त की जरूरत होती है, ऐसी स्थिति में हमें ऐसे बहुत से रक्तदान शिविरों की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि "भूपेन्द्र मेरा ब्लड हेल्पलाइन" को भी पूरा हुए लगभग एक साल हुआ जा रहा है , इस हेल्पलाइन से रक्त हासिल करने वालों की संख्या 2440 हो चुकी है। यह है जीवनरक्षा के इस प्रकल्प का महत्व। गरीब को समय पर ब्लड मिल जाए ,उसकी प्राण रक्षा हो जाए तो हम सभी रक्तदाताओं का जीवन सफल है। गत वर्ष 570 रक्त वीरों ने मेरे जन्मदिन पर मेरे साथ रक्तदान किया था, इस वर्ष यह संख्या और बढ़ेगी। मैं इन सभी रक्तदानियों का आजीवन ऋणी रहूंगा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती जी, विघ्नहर्ता गणेश जी और दानवीर डा.हरीसिंह गौर की प्रतिमा व चित्रों पर दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। फिर दिन भर रक्तदाताओं का तांता लगा रहा। कुल 175 यूनिट रक्त पहले दिन में एकत्रित हुआ। इनमें युवाओं की बड़ी संख्या थी। सभी रक्तदाताओं को पौष्टिक आहार के साथ रक्तदान के प्रमाण पत्र सौंपे गए। कुशल मेडीकल टीम और पैरामेडिकल स्टाफ पूरी दक्षता से अपना सहयोग दे रहे हैं। शिविर स्थल पर उत्साह, आनंद और प्रेरणा से भरा वातावरण बना हुआ है। 


पहले दिन रक्तदान करने वालों में अशोक सिंह बामोरा, राम शास्त्री शुक्ला, सोमेश जडिया, गौतम मांडले‌, सुबोध आर्य, सेलेश जैन पार्षद, विशाल गुरु सरपंच पटकुइ, शुभम् घोषी, उमेश यादव, कृष्णकुमार पटेल, लक्ष्मण सिंह, अंशु चौकसे, आशीष दुबे, आशीष जोशी, रौनक चौकसे, हरिओम राजपूत, विक्रम राजपूत बीना, उदित राजपूत मंडीबामोरा  सहित 175 रक्तदाता शामिल रहे। रक्तदान शिविर और  शुभारंभ कार्यक्रम में राज बहादुर सिंह पूर्व सांसद, लक्ष्मण सिंह लोधी, महेश साहू, मुख्य अतिथि नितिन त्रिपाठी संपादक, डॉ सुशील तिवारी संपादक पत्रिका, पार्षद श्रीमती रूबी पटेल, शेख जमीर, उदय गौतम, रामशंकर देवलिया, लखन सिंह, नवीन भट्ट, महेश नेमा, अनिल जैन, उमेश यादव, अंकित सिंह ठाकुर, अक्षय पटेल, गोलू प्रताप राय, प्रतीक चौकसे, केके गोरा, शुभम घोषी, मनीष मिश्रा, हर्षवर्धन चौवे,डॉक्टर: डॉ. पीएस ठाकुर (बीएमसी डीन), डॉ. देवेश पटेरिया (सीएमएचओ), डॉ. गंगवानी (बीएमसी), डॉ. शेखर श्रीवास्तव, डॉ. तुषार मिश्रा, डॉ. महेश कुमार जैन, डॉ. आशीष शास्त्री, डॉ. सुमित यादव, डॉ. आरती पांडे, डॉ. हनी सुमन, डॉ प्रीति जैन, लैब टेक्नीशियन: राजेश खटीक, कपिल रजक, संजय तिवारी, अखिलेश कुशवाहा, जालम सिंह, प्रमोद कुमार जैन, गोविन्द रोहित, अस्पताल स्टाफ किरन यादव, महानी सोनी, अर्शद खान, अनुज राजपूत, अभयदीप, जगदीश सैनी, रोशनराज, विनय पटेल, अमित शर्मा सहित अनेक गणमान्यजनों की उपस्थिति रही।



Share:

गौर जयंती पर जुटे जनप्रतिनिधि :डॉ. गौर को भारत रत्न दिलाने और विश्वविद्यालय के विकास का लिया संकल्प • विश्वविद्यालय के गौर प्रांगण में आयोजित हुआ मुख्य समारोह, तीन बत्ती से निकली शोभा यात्रा

गौर जयंती पर जुटे जनप्रतिनिधि :डॉ. गौर को भारत रत्न दिलाने और विश्वविद्यालय के विकास का लिया संकल्प

• विश्वविद्यालय के गौर प्रांगण में आयोजित हुआ मुख्य समारोह, तीन बत्ती से निकली शोभा यात्रा


तीनबत्ती न्यूज: 26 नवंबर, 2026

सागर । डॉक्टर हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय, सागर के संस्थापक महान शिक्षाविद् एवं प्रख्यात विधिवेत्ता, संविधान सभा के सदस्य एवं दानवीर डॉ. सर हरीसिंह गौर के 157वें जन्म दिवस 26 नवम्बर को प्रातः 8.30 बजे शहर के तीनबत्ती पर कुलपति प्रो. नागेश दुबे द्वारा गौर मूर्ति पर माल्यार्पण कर उद्बोधन दिया गया । उद्बोधन के पश्चात् परम्परानुसार गौर शोभा यात्रा प्रारम्भ हुई। बैंड बाजे के साथ भव्य शोभायात्रा गौर अध्ययन केन्द्र एवं गौर जन्म स्थली होकर मुख्य मार्ग से विश्वविद्यालय परिसर स्थित गौर मूर्ति से गौर समाधि प्रांगण तक पहुंची। अतिथियों ने गौर मूर्ति पर माल्यार्पण किया एवं गौर समाधि पहुँच कर पुष्पांजलि अर्पित की। एनसीसी विद्यार्थियों द्वारा गार्ड ऑफ़ आनर दिया गया । शहर के नागरिक, जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी और आमजन इस शोभायात्रा का हिस्सा बने । शोभायात्रा का जगह-जगह स्वागत हुआ ।

----------------

वीडियो देखने क्लिक करे

डॉ. गौर जयंती: सांसद रजनीश अग्रवाल ने उठाया विश्वविद्यालय की अकादमिक गुणवत्ता और रैंकिंग का मुद्दा

----------------

विश्वविद्यालय के गौर प्रांगण में आयोजित हुआ मुख्य समारोह

विश्वविद्यालय के गौर प्रांगण में अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन तथा डॉ. गौर के चित्र पर पुष्प अर्पण के साथ मुख्य समारोह प्रारम्भ हुआ। संगीत विभाग के छात्र-छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना की प्रस्तुति दी गई । कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलाधिपति एवं पूर्व आईपीएस कन्हैया लाल बेरवाल ने की एवं सारस्वत उद्‌बोधन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नागेश दुबे ने दिया । इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि खाद्य मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत, विशिष्ट अतिथि के रूप में सांसद डॉ. लता वानखेड़े, सांसद राज्यसभा रजनीश अग्रवाल, विधायक शैलेन्द्र जैन, महापौर श्रीमती संगीता तिवारी एवं जीवाजी विश्वविद्यालय ग्वालियर के माननीय कुलपति प्रो. दिवाकर सिंह राजपूत मौजूद थे । इस अवसर पर भाजपा सागर के जिला अध्यक्ष  श्याम तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष वृन्दावन अहिरवार, विवि के कुलसचिव डॉ. सत्य प्रकाश उपाध्याय, छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. डी. के. नेमा, समन्वयक प्रो. यू. के पाटिल, मंचासीन रहे। गौर जयंती के मुख्य समन्वयक प्रो. आशीष वर्मा ने स्वागत भाषण दिया और एक सप्ताह तक चले गौर उत्सव-2026 के विभिन्न कार्यक्रमों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया । 



डॉ. गौर ने यदि विश्वविद्यालय स्थापना का सपना नहीं देखा होता तो आज हम सभी यहां नहीं होते :  गोविन्द सिंह राजपूत

 मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने अपने विद्यार्थी जीवन को याद करते हुए कहा कि उस समय युवा छात्र गौर समिति बनाई गई थी और घर-घर जाकर दीप जलाए जाते थे। डॉ. गौर ने यदि विश्वविद्यालय स्थापना का सपना नहीं देखा होता तो आज हम सभी यहां नहीं होते। उन्होंने कहा कि डॉ. गौर शनिचरी के एक छोटे से मकान से निकलकर जिस मुकाम तक पहुंचे, वह कल्पना से परे है। उन्होंने अपने विश्वविद्यालय के विद्यार्थी और छात्रावास में रहने के अनुभव साझा करते हुए कहा कि उस दौर में छात्रावासों में पंखे तक नहीं हुआ करते थे। आज विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों के लिए अनेक सुविधाएँ मौजूद हैं । विद्यार्थियों को डॉ. गौर से प्रेरणा लेकर अपने जीवन में आगे बढ़ना चाहिए ।

विश्वविद्यालय की रैंकिंग बेहतर बनाने में शिक्षकों और विद्यार्थियों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण- कुलाधिपति 

विश्वविद्यालय के कुलाधिपति कन्हैया लाल बेरवाल ने कहा कि विश्वविद्यालय की रैंकिंग बेहतर बनाने में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। सामान्य परिवार से निकलकर डॉ. गौर कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय तक पहुंचे, जो युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। आज के विद्यार्थी डॉ. गौर को आदर्श मानकर अपने कार्यक्षेत्र में आगे बढ़ें और विश्व स्तर पर सागर विश्वविद्यालय का मान बढ़ाएं।



संविधान निर्माण में डॉ. गौर का योगदान अतुलनीय है :  सांसद रजनीश अग्रवाल  

राज्यसभा सांसद रजनीश अग्रवाल ने सभी को गौर जयंती और संविधान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज का दिन हम सभी के लिए खुशी और गौरव का दिन है। उन्होंने संविधान की विशेषताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि डॉ. गौर संविधान सभा के उपसभापति रहे और संविधान निर्माण में उनका योगदान अतुलनीय है। डॉ. गौर द्वारा स्थापित विश्वविद्यालय बुंदेलखंड, मध्यप्रदेश ही नहीं, बल्कि देशभर के विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण का केंद्र है। विश्वविद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता को देखते हुए यह विश्वास व्यक्त किया जा सकता है कि जल्द ही यह विश्व स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाएगा। उन्होंने विश्वविद्यालय के फॉरेंसिक और फार्मेसी विभागों का उल्लेख करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय की ओर से प्रस्ताव आने पर उनका पूरा सहयोग रहेगा और इन प्रस्तावों को गृह मंत्री एवं प्रधानमंत्री तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।



डॉ. गौर को भारत रत्न दिलाने के लिए सामूहिक प्रयास हों- सांसद डॉ. लता वानखेड़े

सागर लोकसभा सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने डॉ. गौर की जन्मजयंती पर सभी का अभिनंदन करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय के विकास के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। यह किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि लाखों विद्यार्थियों के भविष्य का विषय है। उन्होंने कहा कि डॉ. गौर ने अपनी जीवनभर की मेहनत और पूरी कमाई विश्वविद्यालय की स्थापना में लगा दी, जिससे विद्यार्थियों के लिए भविष्य के द्वार खुल सके। यह विश्वविद्यालय सागर की आत्मा है। उन्होंने डॉ. गौर को भारत रत्न दिलाने के लिए सभी से एकजुट होकर प्रयास करने और दृढ़ संकल्प लेने का आह्वान किया।



दृढ़ इच्छाशक्ति, आत्मविश्वास और निरंतर परिश्रम ही सफलता के मूल मंत्र- कुलपति प्रो. नागेश दुबे

कुलपति प्रो. नागेश दुबे ने डॉ. गौर की जीवनी और उनके योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि डॉ. गौर का जीवन संघर्ष, साधना और उपलब्धियों की ऐसी प्रेरणादायी गाथा है, जो हमें यह विश्वास दिलाती है कि सीमित संसाधन कभी भी किसी महान लक्ष्य की प्राप्ति में बाधा नहीं बन सकते, यदि व्यक्ति के भीतर दृढ़ इच्छाशक्ति, ज्ञान के प्रति समर्पण और कर्म के प्रति निष्ठा हो। अत्यंत साधारण परिस्थितियों में अपने जीवन की यात्रा प्रारंभ करने वाले डॉ. गौर ने अपनी प्रतिभा, लगन और परिश्रम के बल पर शिक्षा, विधि, समाज सुधार और राष्ट्रनिर्माण के क्षेत्र में असाधारण ऊँचाइयाँ प्राप्त कीं। डॉ. गौर का जीवन हमें सिखाता है कि परिस्थितियाँ चाहे कितनी भी चुनौतीपूर्ण क्यों न हों, दृढ़ इच्छाशक्ति, आत्मविश्वास और निरंतर परिश्रम के बल पर सफलता के नए आयाम स्थापित किए जा सकते हैं। 18 जुलाई, 1946 को स्थापित यह विश्वविद्यालय डॉ. गौर की उदारता, त्याग, दूरदर्शिता और शिक्षा के प्रति उनके अथाह समर्पण का अनुपम उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि हम विश्वविद्यालय के शिक्षकों, अधिकारियों और कर्मचारियों की बेहतर शैक्षणिक एवं प्रशासनिक संलग्नता के साथ अपने विद्यार्थियों में संवेदनशील बौद्धिकता, संस्कारित अनुशासन, लोकतांत्रिक चेतना, वैश्विक प्रतिस्पर्धा में सक्षम के साथ उच्चतम मानवीय मूल्यों से युक्त नागरिक बनाने की दिशा में विभिन्न स्तरों पर कार्य कर रहे हैं । इसी क्रम मेंउन्होंने विश्वविद्यालय की के शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं विभिन्न प्रगति सम्बन्धी कार्यों के बारे में भी विस्तार पूर्वक बताया।



प्रो. दिवाकर सिंह राजपूत ने महामनीषी एवं महादानी डॉ. गौर के चरणों में नमन करते हुए डॉ. गौर की भूमि पर गौर अतिथि के रूप में उपस्थित होने को अपना सबसे बड़ा सौभाग्य बताया। जीवाजी विश्वविद्यालय एवं उससे संबद्ध महाविद्यालयों के लगभग साढ़े तीन लाख विद्यार्थियों की ओर से समारोह में उपस्थित सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ज्ञान की ऊष्मा बांटने से बढ़ती है और विद्यार्थी ज्ञान अर्जित कर अपने व्यक्तित्व का निर्माण करते हैं।



कुलसचिव डॉ. एस. पी. उपाध्याय ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि डॉ. गौर बुंदेलखंड में शिक्षा के सृजनकर्ता थे। उन्होंने कहा कि समारोह में जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए प्रस्तावों को जल्द ही संबंधित स्तर तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अतिथियों की उपस्थिति डॉ. गौर के चरणों में सच्ची श्रद्धांजलि है। 



अतिथियों ने किया पुस्तकों का विमोचन, पुरस्कार वितरण और मेधावी छात्रों को पुरस्कृत

मंचासीन अतिथियों द्वारा विश्वविद्यालय के शिक्षकों द्वारा लिखित पुस्तकों, लायर्स हेण्ड बुक एवं मध्य भारती शोध पत्रिका का विमोचन किया गया । विभिन्न दान दाताओं द्वारा प्रदत्त राशियों से विभिन्न विभाग कक्षाओं के मेधावी छात्र-छात्राओं को मंचासीन अतिथियों द्वारा पदक एवं राशि प्रदान की गई । संचार एवं पत्रकारिता विभाग के प्रायोगिक पत्र ‘समय’ का भी विमोचन अतिथियों द्वारा किया गया ।



विश्व के सर्वश्रेष्ठ 2% वैज्ञानिकों का भी हुआ सम्मान

इस अवसर पर विश्व के सर्वश्रेष्ठ दो प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में शामिल विश्वविद्यालय के शिक्षकों का सम्मान किया गया ।

गौर पीठ के तहत प्राप्त दान राशि से सिंगल गर्ल चाइल्ड और दिव्यांग श्रेणी में स्नातक और स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष के एक-एक मेधावी विद्यार्थियों को अध्ययन जारी रखने हेतु आर्थिक सहायता के रूप में पंद्रह हजार रूपये एक मुश्त राशि प्रदान की गई ।


संविधान दिवस के अवसर पर संविधान की उद्देशिका का वाचन करते हुए कुलपति प्रो. नागेश दुबे ने संविधान के प्रति आस्थावान रहने की शपथ दिलाई । 

कार्यक्रम का संचालन डॉ. शशि कुमार सिंह एवं डॉ. शालिनी चोइथरानी ने किया । इस अवसर पर विश्वविद्यालय के सेवानिवृत्त शिक्षक, अधिकारी, शहर के गणमान्य नागरिक, जन प्रतिनिधि, जिला प्रशासन, विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी एवं पत्रकारगण उपस्थित थे ।

Share:

www.Teenbattinews.com

Archive