Editor: Vinod Arya | 94244 37885

सागर में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर विधायक शैलेंद्र जैन ने सीएम डॉ. यादव से की मुलाकात ▪️कैथ लैब, न्यूरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी और कैंसर हॉस्पिटल की प्रशासकीय स्वीकृति का किया आग्रह

सागर में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर विधायक शैलेंद्र जैन ने सीएम डॉ. यादव से की मुलाकात

▪️कैथ लैब, न्यूरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी और कैंसर हॉस्पिटल की प्रशासकीय स्वीकृति का किया आग्रह


तीनबत्ती न्यूज: 08 जून, 2026

भोपाल। सागर विधायक शैलेंद्र क जैन ने भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सौजन्य भेंट कर सागर एवं बुंदेलखंड क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और उन्नयन को लेकर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान विधायक जैन ने बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में स्वीकृत सुपर स्पेशलिटी स्वास्थ्य सेवाओं को शीघ्र प्रारंभ कराने का आग्रह किया।

यह भी पढ़ें: कलेक्टर प्रतिभा पाल का कड़ा रुख: लापरवाही बरतने वाले सिविल सर्जन और सीएमओ का वेतन रोकने के निर्देश ▪️नामांतरण और सीमांकन में देरी पर सख्त नाराजगी; 3 से 6 महीने के लंबित मामलों पर नोटिस


विधायक जैन ने मुख्यमंत्री को बताया कि सागर सहित पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र के हजारों मरीज गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए भोपाल, इंदौर, नागपुर तथा अन्य बड़े शहरों का रुख करने को मजबूर हैं। ऐसे में बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार क्षेत्र के मरीजों के लिए बड़ी राहत साबित होगा।

--------

Facebook : सूची देखने क्लिक करे


-----------

उन्होंने विशेष रूप से हृदय रोगियों के उपचार के लिए कैथ लैब (Cath Lab) की स्थापना, न्यूरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी सहित अन्य सुपर स्पेशलिटी सेवाओं को जल्द शुरू किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया। विधायक जैन ने कहा कि इन सुविधाओं के प्रारंभ होने से बुंदेलखंड क्षेत्र के मरीजों को अपने ही क्षेत्र में बेहतर एवं समय पर उपचार उपलब्ध हो सकेगा तथा उन्हें बड़े शहरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

-------------
पढ़ने के लिए क्लिक करे


------------

बैठक के दौरान विधायक जैन ने सागर में प्रस्तावित कैंसर हॉस्पिटल की प्रशासकीय स्वीकृति शीघ्र जारी करने का भी आग्रह किया। उन्होंने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि उनकी मांग पर राज्य शासन द्वारा सागर में कैंसर अस्पताल निर्माण की स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है, लेकिन इसकी प्रशासकीय स्वीकृति अभी लंबित है। कैंसर अस्पताल शुरू होने से क्षेत्र के मरीजों को आधुनिक उपचार सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी।

यह भी पढ़ें: Sagar News: शासकीय कार्यों में लापरवाही पर तहसीलदार सस्पेंड : कमिश्नर अनिल सुचारी ने की

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विधायक जैन द्वारा रखे गए सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर विधायक जैन ने मुख्यमंत्री को सागर आगमन का आमंत्रण भी दिया और जिले में संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं की जानकारी साझा की।

विधायक जैन ने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सागर एवं बुंदेलखंड क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं का तेजी से विस्तार होगा, जिससे आमजन को बेहतर और सुलभ चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिलेगा।

Share:

कलेक्टर प्रतिभा पाल का कड़ा रुख: लापरवाही बरतने वाले सिविल सर्जन और सीएमओ का वेतन रोकने के निर्देश ▪️नामांतरण और सीमांकन में देरी पर सख्त नाराजगी; 3 से 6 महीने के लंबित मामलों पर नोटिस

कलेक्टर प्रतिभा पाल का कड़ा रुख: लापरवाही बरतने वाले सिविल सर्जन और सीएमओ का वेतन रोकने के निर्देश

▪️नामांतरण और सीमांकन में देरी पर सख्त नाराजगी; 3 से 6 महीने के लंबित मामलों पर नोटिस


तीनबत्ती न्यूज: 08 जून, 2026 
सागर
: जिला कलेक्टरेट सभागार में आयोजित समय-सीमा  बैठक में कलेक्टर l प्रतिभा पाल ने शासकीय योजनाओं की प्रगति और जनसमस्याओं के निराकरण को लेकर सख्त रुख अपनाया। लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि आम जनता के काम में किसी भी स्तर पर ढिलाई  नहीं बरती जाए। कार्यों के प्रति उदासीनता पाए जाने पर उन्होंने कई अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने और दो अधिकारियों का वेतन आगामी आदेश तक रोकने के कड़े निर्देश दिए हैं।


सिविल सर्जन और सीएमओ का वेतन रोका
बैठक के दौरान विभिन्न विभागों के कार्यों में पाई गई विसंगतियों और लापरवाही को देखते हुए कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने तत्काल प्रभाव से दो महत्वपूर्ण विभागों के प्रमुखों पर अनुशासनात्मक कार्यवाही की।
लगातार दिए गए निर्देशों के बावजूद समय सीमा बैठक में अनुपस्थित रहने और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित स्वास्थ्य सेवाओं और विभागीय कार्यों की असंतोषजनक प्रगति के कारण सिविल सर्जन का वेतन आगामी आदेश तक रोकने के निर्देश दिए गए। इसी प्रकार सीएमओ कर्रापुर द्वारा कार्यों की  अनदेखी करने और लंबित प्रकरणों को क्लियर न करने पर उनका वेतन भी तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक रोक दिया गया।
--------
Facebook : सूची देखने क्लिक करे

-----------

राजस्व मामलों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने पाया कि नामांतरण और सीमांकन जैसे आम नागरिक से सीधे जुड़े कार्यों में काफी समय से मामले लंबित हैं। उन्होंने निर्देश दिये कि नामांतरण के प्रकरणों में जिन राजस्व अधिकारियों के पास 3 से 6 महीने से मामले लंबित हैं, उन्हें तत्काल 'कारण बताओ नोटिस' जारी किए जाएं।
-------------
पढ़ने के लिए क्लिक करे
------------
 
मैदानी अमले को अल्टीमेटम:

सीमांकन के लंबित मामलों को तत्काल पूर्ण करने की हिदायत देते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि राजस्व दल (आरआई और पटवारी) अतिशीघ्र फील्ड वेरिफिकेशन पूरा कर काम को अंतिम रूप दें। आगामी 20 जून तक सीमांकन से संबंधित सभी कार्य पूर्ण हों।

बैठक में कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की और अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। संबल 2.0 के अंतर्गत पंजीयन की बारीकी से जांच की जाए। तीन दिवस के भीतर सभी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत और मुख्य नगरपालिका अधिकारी  लंबित पंजीयन क्लियर करना सुनिश्चित करें। आगामी समीक्षा बैठक में यदि किसी अधिकारी के पास इस योजना के मामले लंबित पाए गए, तो उनके खिलाफ  कार्यवाही प्रस्तावित की जाएगी। इसी प्रकार सामान्य मृत्यु के मामलों में मिलने वाली 2 लाख रुपये और दुर्घटना मृत्यु के मामलों में मिलने वाली 4 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि के प्रकरणों का 7 दिवस के भीतर अनिवार्य रूप से निपटारा किया जाए।

पढ़ने क्लिक करे
सागर जिले में 16 जून से 15 अगस्‍त तक मछली पकड़ने पर रोक, मत्स्य विक्रय एवं मत्स्य विनिमय परिवहन करना भी प्रतिबंधित

श्रमयोगी मानधन योजना योजना के अंतर्गत प्रतिदिन का लक्ष्य निर्धारित कर प्रगति लाने के निर्देश दिए गए। जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत अपूर्ण और प्रगतिरत कार्यों की गहन समीक्षा की गई और इन्हें समय पर पूरा करने के लिए निर्देशित किया गया। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष योजना के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों की समीक्षा की गई और जनजाति बाहुल्य ग्रामों के विकास कार्यों को प्राथमिकता पर रखने को कहा गया। सीएम हेल्पलाइन के अंतर्गत 50 दिनों से अधिक समय से लंबित सभी शिकायतों का शतप्रतिशत संतुष्टिपूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए।

बैठक के अंत में कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने सभी जिला अधिकारियों को सचेत करते हुए कहा कि जनसुनवाई, सीएम मॉनिटरिंग और विभिन्न आयोगों से प्राप्त लंबित पत्रों के प्रतिवेदन तत्काल तैयार कर भेजे जाएं। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी से श्री विवेक केवी , नगर निगम आयुक्त श्री राजकुमार खत्री, अपर कलेक्टर श्री अविनाश रावत, सिटी मजिस्ट्रेट श्री गगन बिसेन  समस्त एसडीएम एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।




Share:

Sagar News: शासकीय कार्यों में लापरवाही पर तहसीलदार सस्पेंड : कमिश्नर अनिल सुचारी ने की कार्यवाही

Sagar News: शासकीय कार्यों में लापरवाही पर तहसीलदार सस्पेंड : कमिश्नर अनिल सुचारी ने की कार्यवाही




​तीनबत्ती न्यूज:  08 जून 2026

सागर: शासकीय कार्यों के निर्वहन में लापरवाही और अनुशासनहीनता बरतने वाले पर  कलेक्टर सागर के प्रस्ताव पर त्वरित कदम उठाते हुए कमिश्नर सागर संभाग अनिल सुचारी ने शाहगढ़ के तत्कालीन तहसीलदार (वर्तमान प्रभारी नायब तहसीलदार, तहसील बण्डा) श्री ज्ञानचंद्र राय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

यह भी पढ़ें:कलेक्टर प्रतिभा पाल का कड़ा रुख: लापरवाही बरतने वाले सिविल सर्जन और सीएमओ का वेतन रोकने के निर्देश ▪️नामांतरण और सीमांकन में देरी पर सख्त नाराजगी; 3 से 6 महीने के लंबित मामलों पर नोटिस

​निलंबन का कारण और नियम

​कमिश्नर कार्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, श्री ज्ञानचंद्र राय पर शासकीय कार्यों के प्रति घोर लापरवाही, अनुशासनहीनता और स्वेच्छाचारिता पूर्ण आचरण करने के गंभीर आरोप हैं।​उनका यह कृत्य मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम 3 (i), (ii), (iii) का स्पष्ट उल्लंघन पाया गया।​इसके चलते कमिश्नर द्वारा सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम-9 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए यह निलंबन की कार्यवाही की गई है।

--------
Facebook : सूची देखने क्लिक करे

-----------

जिला मुख्यालय रहेगा अटैचमेंट, मिलेगा जीवन निर्वाह भत्ता

​निलंबन आदेश के तहत आगामी व्यवस्थाएं इस प्रकार तय की गई हैं ।मुख्यालय निर्धारण: निलंबन की पूरी अवधि के दौरान श्री ज्ञानचंद्र राय का मुख्यालय कलेक्टर कार्यालय जिला सागर नियत किया गया है। वे इसी मुख्यालय में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।

-------------
पढ़ने के लिए क्लिक करे

------------


भत्ते की पात्रता: नियमानुसार, निलंबन अवधि के दौरान उन्हें जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।

Share:

प्रदेश की ट्रांसफॉर्मेशन कैपेसिटी पहुँची 85 हजार एमवीए के पार : ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ▪️ 400 केवी सबस्टेशन बीना में एमपी ट्रांसको ने ऊर्जीकृत किया : 315 एमवीए क्षमता का अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर

प्रदेश की ट्रांसफॉर्मेशन  कैपेसिटी पहुँची 85 हजार एमवीए के पार : ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर

 ▪️ 400 केवी सबस्टेशन बीना में एमपी ट्रांसको ने ऊर्जीकृत किया : 315 एमवीए क्षमता का अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर

 

तीनबत्ती न्यूज: 07 जून ,2026

सागर। मध्यप्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया कि प्रदेश ने ऊर्जा क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए अपनी कुल ट्रांसफॉर्मेशन कैपेसिटी (पारेषण क्षमता) को 85,000 एमवीए के पार पहुँचा दिया है। अब एमपी ट्रांसको की कुल ट्रांसफॉर्मेशन कैपेसिटी (पारेषण क्षमता) बढ़कर 85284 एम वी ए की हो गई है  इस उपलब्धि में मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) द्वारा सागर जिले के 400 केवी सबस्टेशन बीना में 315 एमवीए क्षमता के अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर की स्थापना एवं उसके सफल ऊर्जीकरण का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

बीना में बढ़ाई क्षमता

ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने कहा कि बीना क्षेत्र में तेजी से बढ़ रहे औद्योगिक विकास तथा विद्युत मांग को ध्यान में रखते हुए इस महत्वपूर्ण सबस्टेशन की क्षमता में वृद्धि की गई है। सबस्टेशन की क्षमता बढ़कर 1260 एम वी ए की हो गई है। इस अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर के ऊर्जीकरण से क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति की विश्वसनीयता और गुणवत्ता में सुधार होगा तथा भविष्य की बढ़ती मांगों को पूरा करने में भी सहायता मिलेगी।


ऊर्जा मंत्री ने दी बधाई

श्री तोमर ने कहा कि प्रदेश की ट्रांसफॉर्मेशन कैपेसिटी का 85,000 एमवीए के आंकड़े को पार करना ऊर्जा क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए प्रदेश के सभी बिजली कर्मियों, अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उनकी लगन, तकनीकी दक्षता और समर्पित कार्यशैली का परिणाम है।

- - सागर जिले की क्षमता में वृद्धि

सागर जिले में एमपी ट्रांसको अपने 12 एक्स्ट्रा हाई टेंशन सब स्टेशनों के माध्यम से विद्युत पारेषण करती है। इन सब स्टेशनों में 400 केवी सबस्टेशन बीना के अलावा 400 के वी सबस्टेशन सागर,220 केवी सबस्टेशन  बीना तथा 132 केवी के सागर, बंडा, राहतगढ़, देवरी, खुरई, खिमलासा , देवरी, गौरझामर,गढाकोटा, रहली शामिल है। बीना सबस्टेशन की क्षमता बढकर जहाँ 1260 एम वी ए की हो गई है वहीँ सागर जिले की कुल ट्रांसफार्मेशन कैपेसिटी 3906 एम वी ए की हो गई है।

प्रदेश की ट्रांसफार्मेशन कैपेसिटी पहुंची 85 हजार के पार

एम पी ट्रांसको के पास वर्तमान में कुल 85248 एमवीए ट्रांसफार्मेशन कैपेसिटी हो गई है। कंपनी के नेटवर्क में कुल 1,052 अति उच्च दाब ट्रांसफार्मर स्थापित हैं, जिनमें 400 केवी के 41, 220 केवी के 220 तथा 132 केवी के 791 ट्रांसफार्मर शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, कंपनी द्वारा 43,079 सर्किट किलोमीटर लंबी अति उच्च दाब ट्रांसमिशन लाइनों का संचालन किया जा रहा है। पूरे प्रदेश में कंपनी के कुल 417 सबस्टेशन कार्यरत हैं, जिनमें 400 केवी के 14, 220 केवी के 88 तथा 132 केवी के 315 सबस्टेशन शामिल हैं।

Share:

सागर जिला भाजपा की तीसर मासिक बैठक में संगठनात्मक कार्यक्रमों की हुई समीक्षा ▪️राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने पर रजनीश अग्रवाल के सम्मान में आभार प्रस्ताव पारित

सागर जिला भाजपा की तीसर मासिक बैठक में संगठनात्मक कार्यक्रमों की हुई समीक्षा 

 ▪️राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने पर रजनीश अग्रवाल के सम्मान में आभार प्रस्ताव पारित


तीनबत्ती न्यूज: 07 जून,2026

सागर। भारतीय जनता पार्टी जिला सागर की तीसरी जिला स्तरीय मासिक बैठक रविवार को धर्मश्री स्थित संभागीय भाजपा कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने की। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं सागर संभाग प्रभारी गौरव रणदिवे तथा प्रदेश मंत्री एवं जिला प्रभारी लोकेंद्र पाराशर उपस्थित रहे।

बैठक में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर चलाए जा रहे “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” अभियान की समीक्षा की गई तथा आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान जिला महामंत्री चेतराम अहिरवार, चैन सिंह ठाकुर, अभियान टोली के जिला संयोजक जगन्नाथ गुरैया, सह संयोजक आसमा जैन एवं निकेश गुप्ता मंचासीन रहे।

यह भी पढ़ें: Horoscope Weekly : साप्ताहिक राशिफल : 08 जून से 04 जून 2026 तक कैसा रहेगा आपका सप्ताह ▪️ जानिए सभी 12 राशियों का भविष्यफल, करियर, व्यापार, स्वास्थ्य और पारिवारिक जीवन पर क्या होगा असर ▪️ज्योतिष विश्लेषण : पंडित अनिल पाण्डेय

जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने पिछले 12 वर्षों में विकास और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित किए हैं। केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक सक्रिय भूमिका निभाने और सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत सागर जिले में अब तक 6500 पौधों का रोपण किया जा चुका है।

मुख्य अतिथि गौरव रणदिवे ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक संगठन नहीं बल्कि राष्ट्रसेवा का माध्यम है। उन्होंने 5 जून से 21 जून तक आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, हर घर जल, किसान सम्मान निधि, डिजिटल इंडिया और महिला सशक्तिकरण जैसी योजनाओं को केंद्र सरकार की बड़ी उपलब्धियां बताया।

प्रदेश मंत्री एवं जिला प्रभारी लोकेंद्र पाराशर ने कहा कि भाजपा संगठन कार्यकर्ताओं की मेहनत, अनुशासन और समर्पण से मजबूत हुआ है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लाभार्थियों तक पहुंचकर केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी देने और संगठन को बूथ स्तर तक और मजबूत बनाने का आग्रह किया।



बैठक में आगामी कार्यक्रमों, जनसंपर्क अभियान, संगठनात्मक गतिविधियों तथा दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग की तैयारियों और पूर्व में संपन्न कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। बैठक का शुभारंभ राष्ट्रीय गीत के साथ हुआ।

जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन ने बताया कि बैठक में भाजपा प्रदेश मंत्री एवं सागर निवासी रजनीश अग्रवाल को भारतीय जनता पार्टी द्वारा राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने पर हर्ष व्यक्त किया गया। इस अवसर पर शीर्ष नेतृत्व के प्रति “ॐ” उच्चारण के साथ आभार प्रस्ताव पारित किया गया। कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने इसे सागर जिले के लिए गौरवपूर्ण निर्णय बताते हुए पार्टी नेतृत्व का अभिनंदन किया। बैठक में जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा अध्यक्ष, प्रकोष्ठ संयोजक, सह-संयोजक एवं अपेक्षित कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Share:

डॉ गौर विवि के सहायक प्रो डॉ. नवीन सिंह राज्य आयुक्त (दिव्यांगजन) सलाहकार समिति के सदस्य नामित

डॉ गौर विवि के सहायक प्रो डॉ. नवीन सिंह राज्य आयुक्त (दिव्यांगजन) सलाहकार समिति के सदस्य नामित


तीनबत्ती न्यूज: 07 जून,2026

सागर। डॉ. हरिसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय, सागर के शिक्षाशास्त्र विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. नवीन सिंह को मध्यप्रदेश शासन द्वारा राज्य आयुक्त (दिव्यांगजन) सलाहकार समिति का सदस्य नामित किया गया है। यह नियुक्ति दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम, 2016 की धारा 79(7) के अंतर्गत की गई है।

फेसबुक पर देखने क्लिक करे

डॉ गौर विवि के सहायक प्रो डॉ. नवीन सिंह राज्य आयुक्त (दिव्यांगजन) सलाहकार समिति के सदस्य नामित

यह नामांकन राज्य आयुक्त (दिव्यांगजन) कार्यालय द्वारा जारी आदेश के माध्यम से किया गया है। डॉ. नवीन सिंह को दिव्यांगता के क्षेत्र में उनके अध्ययन, शोध, शिक्षण एवं व्यावहारिक अनुभव के आधार पर समिति में शामिल किया गया है।

यह भी पढ़ेंHoroscope Weekly : साप्ताहिक राशिफल : 08 जून से 04 जून 2026 तक कैसा रहेगा आपका सप्ताह ▪️ जानिए सभी 12 राशियों का भविष्यफल, करियर, व्यापार, स्वास्थ्य और पारिवारिक जीवन पर क्या होगा असर ▪️ज्योतिष विश्लेषण : पंडित अनिल पाण्डेय

समिति के सदस्य के रूप में डॉ. सिंह दिव्यांगजन अधिकारों, समावेशी शिक्षा, पुनर्वास तथा नीतिगत सुधारों से जुड़े विषयों पर अपने सुझाव और विशेषज्ञ परामर्श प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि वे दिव्यांगजन अधिकारों और समान अवसरों को बढ़ावा देने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे तथा राज्य सरकार को रचनात्मक सुझाव उपलब्ध कराएंगे।

इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय परिवार, शिक्षाविदों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों ने डॉ. नवीन सिंह को बधाई दी है। 

Share:

सागर में वॉटर स्पोर्ट्स को मिलेगी नई उड़ान: लाखा बंजारा झील पर अत्याधुनिक बोट क्लब तैयार, जल्द होगा लोकार्पण

सागर में वॉटर स्पोर्ट्स को मिलेगी नई उड़ान: लाखा बंजारा झील पर अत्याधुनिक बोट क्लब तैयार, जल्द होगा लोकार्पण



​तीनबत्ती न्यूज: 07 जून, 2026

सागर: मध्य प्रदेश का सागर शहर जल्द ही वॉटर स्पोर्ट्स और पर्यटन के क्षेत्र में एक नई वैश्विक पहचान बनाने जा रहा है। शहर की ऐतिहासिक लाखा बंजारा झील के किनारे संजय ड्राइव पर लगभग 1 करोड़ 15 लाख रुपये की लागत से अत्याधुनिक बोट क्लब बनकर तैयार हो चुका है। अब इसके भव्य लोकार्पण की तैयारियां अपने अंतिम चरण में हैं। इसी सिलसिले में सागर विधायक शैलेन्द्र जैन ने निर्माण स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

Horoscope Weekly : साप्ताहिक राशिफल : 08 जून से 04 जून 2026 तक कैसा रहेगा आपका सप्ताह ▪️ जानिए सभी 12 राशियों का भविष्यफल, करियर, व्यापार, स्वास्थ्य और पारिवारिक जीवन पर क्या होगा असर ▪️ज्योतिष विश्लेषण : पंडित अनिल पाण्डेय

फ्लोटिंग जेटी और राष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण

​यह महत्वाकांक्षी परियोजना केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल विकास के लिए एक मील का पत्थर साबित होगी:

  • फ्लोटिंग जेटी: झील में नौकायन (Boating), कयाकिंग और कैनोइंग जैसी जल क्रीड़ा गतिविधियों को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए फ्लोटिंग जेटी बनाई जा रही है।
  • आधुनिक जिम: स्थानीय खिलाड़ियों और युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर का फिटनेस और ट्रेनिंग माहौल देने के लिए एक सर्वसुविधायुक्त जिम स्थापित किया जाएगा।
  • बटरफ्लाई डिजाइन शेड: बोट क्लब के प्रथम तल पर एक बेहद खूबसूरत बटरफ्लाई-डिजाइन शेड तैयार किया गया है, जो पर्यटकों के लिए लाखा बंजारा झील का नजारा लेने का मुख्य केंद्र होगा।

रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगी मजबूती

​निरीक्षण के दौरान विधायक  शैलेंद्र जैन ने कहा कि इस बोट क्लब का मुख्य उद्देश्य सागर के प्रतिभावान युवाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। इसके साथ ही, इस परियोजना के पूरी तरह शुरू होने से शहर में पर्यटन का विस्तार होगा, रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और स्थानीय व्यापार को भारी मजबूती मिलेगी।

 

Share:

Horoscope Weekly : साप्ताहिक राशिफल : 08 जून से 04 जून 2026 तक कैसा रहेगा आपका सप्ताह ▪️ जानिए सभी 12 राशियों का भविष्यफल, करियर, व्यापार, स्वास्थ्य और पारिवारिक जीवन पर क्या होगा असर ▪️ज्योतिष विश्लेषण : पंडित अनिल पाण्डेय

Horoscope Weekly : साप्ताहिक राशिफल : 08 जून से 04 जून 2026 तक कैसा रहेगा आपका सप्ताह 

▪️ जानिए सभी 12 राशियों का भविष्यफल, करियर, व्यापार, स्वास्थ्य और पारिवारिक जीवन पर क्या होगा असर 

▪️ज्योतिष विश्लेषण : पंडित अनिल पाण्डेय


तीनबत्ती न्यूज: 07 जून,2026

​प्रसिद्ध प्रश्न कुंडली एवं वास्तु शास्त्र विशेषज्ञ पंडित अनिल कुमार पाण्डेय  के अनुसार, जून महीने का यह दूसरा सप्ताह कई राशियों के लिए भाग्य के नए द्वार खोलने वाला है, तो वहीं कुछ राशियों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता होगी।

यह भी पढ़ें: जिम्मेदारियों के बीच संघर्ष से सफलता तक के सफर की इबारत बनी रश्मि रावत : पावरलिफ्टिंग में जीते गोल्ड मेडल

​आइए जानते हैं इस सप्ताह के ग्रहों के गोचर, हनुमान चालीसा के महाउपाय और सभी 12 राशियों का विस्तृत भविष्यफल।

​ॐ विशेष उपाय: हनुमान चालीसा की चौपाई से मिटेंगे रोग और कष्ट

​पंडित अनिल पाण्डेय जी के अनुसार, इस सप्ताह श्री हनुमान चालीसा की एक विशेष चौपाई का संपुट पाठ करना सभी प्रकार के शारीरिक कष्टों और मानसिक चिंताओं को दूर करने वाला है:

"नासै रोग हरे सब पीरा | जपत निरन्तर हनुमत बीरा ||"


​इस चौपाई के निरंतर जप या संपुट पाठ से समस्त प्रकार के असाध्य रोग और पीड़ाओं का अंत हो जाता है। पण्डित जी ने बताया कि इस चौपाई से जुड़े सभी विशेष उपायों का विस्तृत विवरण "नाशे रोग हरे सब पीरा" नामक पुस्तक में उपलब्ध है, जिसे श्रद्धालु उनके केंद्र (साकेत धाम कॉलोनी, मकरोनिया, सागर) से प्राप्त कर सकते हैं।


यह भी पढ़ें: सागर में एमडी ड्रग्स नेटवर्क: मोतीनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: एक महिला समेत दो गिरफ्तार, एक फरार ▪️तीन दिन पहले दमोह में पकड़ी गई 12 लाख की स्मैक: एक आरोपी निकला सागर का

​🌌 इस सप्ताह का ग्रह गोचर (Planetary Positions)

​8 जून से 14 जून 2026 के बीच आकाशमंडल में ग्रहों की स्थिति इस प्रकार रहेगी:

  • सूर्य: वृष राशि में
  • मंगल: मेष राशि में
  • बुध: मिथुन राशि में
  • गुरु और शुक्र: कर्क राशि में
  • शनि: मीन राशि में
  • राहु: कुंभ राशि में गोचर करेंगे।

​🔮 राशिवार साप्ताहिक राशिफल (8 जून से 14 जून 2026)

​♈ मेष राशि (Aries)

​इस सप्ताह आपकी सामाजिक प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी और माता जी का स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। जनप्रतिनिधियों और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए समय अनुकूल है। भाई-बहनों में प्रेम बढ़ेगा और व्यापारियों के मुनाफे में बढ़ोतरी होगी।

  • सावधानी: नौकरीपेशा लोग इस सप्ताह सचेत रहें। कोर्ट-कचहरी के मामलों में बहुत सावधानी बरतें।
  • शुभ तिथियां व दिन: 11 और 12 जून कार्यों में सफलता दायक हैं। 13 और 14 जून को धन प्राप्ति के योग हैं। 9 और 10 जून को सतर्क रहें। सप्ताह का शुभ दिन बृहस्पतिवार है।
  • उपाय: प्रतिदिन आदित्य हृदय स्तोत्र का पाठ करें।

​♉ वृष राशि (Taurus)

​अदालत और कचहरी से जुड़े मामलों में इस सप्ताह आपको विजय मिल सकती है, बशर्ते आप पूरी सावधानी से काम लें। भाई-बहनों से संबंध मधुर रहेंगे। व्यापार में वृद्धि और धन लाभ की पूरी उम्मीद है।

  • सावधानी: नौकरीपेशा जातक इस सप्ताह अपनी वाणी (जिह्वा) पर काबू रखें, फालतू की बहस से बचें।
  • शुभ तिथियां व दिन: 8, 13 और 14 तारीख विभिन्न कार्यों के लिए उत्तम है। 13-14 जून को मन अत्यंत प्रसन्न रहेगा। 11 और 12 तारीख को सावधानी रखें। सप्ताह का शुभ दिन शनिवार है।
  • उपाय: प्रतिदिन स्नान के बाद तांबे के पात्र में जल, अक्षत और लाल पुष्प लेकर भगवान सूर्य को अर्घ्य दें।

​♊ मिथुन राशि (Gemini)

​मिथुन राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह काफी शुभ रहने वाला है। व्यापार में तरक्की होगी और थोड़ी सी मेहनत से आपको उम्मीद से अधिक धन प्राप्त हो सकता है। भाई-बहनों के साथ संबंध ठीक रहेंगे। नौकरीपेशा लोगों के लिए समय सामान्य है।

  • सावधानी: इस सप्ताह भाग्य के भरोसे न बैठें, अपने कर्मों पर विश्वास करें क्योंकि भाग्य से कम मदद मिलेगी। सहकर्मियों से सावधान रहें और संतान से सहयोग मिलने में कमी रह सकती है।
  • शुभ तिथियां व दिन: 9 और 10 जून आपके लिए विशेष लाभदायक हैं। 13 और 14 जून को सचेत रहकर कार्य करें। सप्ताह का शुभ दिन बुधवार है।
  • उपाय: प्रतिदिन काले कुत्ते को तंदूर की रोटी खिलाएं।

​♋ कर्क राशि (Cancer)

​कर्क राशि वालों के लिए यह सप्ताह भाग्य का साथ लेकर आ रहा है। संतान पक्ष के लिए समय अच्छा है। नौकरीपेशा जातकों के लिए सप्ताह उत्तम रहेगा और पिताजी का स्वास्थ्य भी बेहतर रहेगा। कोर्ट के कार्यों में लाभ तो होगा, लेकिन धन अधिक खर्च हो सकता है।

  • सावधानी: इस सप्ताह वाहन चलाते समय या राह चलते दुर्घटनाओं से बचने का विशेष प्रयास करें। भाई-बहनों के साथ संबंध थोड़े कटु हो सकते हैं।
  • शुभ तिथियां व दिन: 11 और 12 तारीख आपके लिए विशेष फलदायक हैं, जबकि 8 तारीख को बहुत सावधान रहने की जरूरत है। सप्ताह का शुभ दिन बृहस्पतिवार है।
  • उपाय: प्रतिदिन भगवान शिव के 'रुद्राष्टक' का पाठ करें।

​♌ सिंह राशि (Leo)

​सिंह राशि वालों के व्यापार में इस सप्ताह उत्तम सुधार देखने को मिलेगा और धन आने की अच्छी उम्मीद है। भाग्य का साथ मिलेगा। घर-परिवार में विवाह जैसे मांगलिक कार्यों पर धन खर्च होने के योग हैं।

  • सावधानी: नौकरीपेशा लोगों को अपने उच्च अधिकारियों से बेहद सावधान रहना होगा। इसके अलावा, दुर्घटनाओं से सतर्क रहें।
  • शुभ तिथियां व दिन: 8, 13 और 14 तारीख कार्यों के लिए बेहद उपयोगी है। 9 और 10 तारीख को विशेष सावधानी रखें। सप्ताह का शुभ दिन रविवार है।
  • उपाय: प्रतिदिन हनुमान चालीसा का पाठ करें और शनिवार को दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में जाकर कम से कम 3 बार पाठ करें।

​♍ कन्या राशि (Virgo)

​कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए यह सप्ताह शानदार साबित होगा। कार्यक्षेत्र में आपके साथी और वरिष्ठ अधिकारी आपसे प्रसन्न रहेंगे। धन लाभ के अच्छे योग हैं। आप किसी भी संभावित दुर्घटना से आराम से बच जाएंगे और शत्रु शांत रहेंगे।

  • सावधानी: भाग्य इस सप्ताह एकाएक मदद तो करेगा, लेकिन भाग्य के भरोसे काम टालने की प्रवृत्ति से बचें। शत्रु शांत रहेंगे पर समाप्त नहीं होंगे।
  • शुभ तिथियां व दिन: 9 और 10 तारीख आपके अनुकूल हैं। 8, 11 और 12 तारीख को जागरूक रहकर कार्य करें। सप्ताह का शुभ दिन बुधवार है।
  • उपाय: प्रतिदिन काली उड़द की दाल का दान करें और शनिवार को शनि मंदिर में जाकर शनिदेव का पूजन करें।

​♎ तुला राशि (Libra)

​तुला राशि के जो जातक अधिकारी या कर्मचारी हैं, उनके लिए कार्यालय में स्थिति बेहद मजबूत होगी। आप किसी उच्च या सही स्थान पर पहुंच सकते हैं। भाग्य का आपको पूर्ण सहयोग मिलेगा। धन आगमन के योग हैं और जीवनसाथी का स्वास्थ्य अच्छा रहेगा।

  • सावधानी: शत्रुओं और दुर्घटनाओं से इस सप्ताह विशेष सतर्कता बरतें। संतान को थोड़ा कष्ट हो सकता है।
  • शुभ तिथियां व दिन: 11 और 12 तारीख आपके लिए बेहतरीन परिणाम लेकर आएगी। सप्ताह के शेष दिनों में सतर्क रहें। सप्ताह का शुभ दिन शुक्रवार है।
  • उपाय: प्रतिदिन 'शिव पंचाक्षर मंत्र' (ॐ नमः शिवाय) का जाप करें।

​♏ वृश्चिक राशि (Scorpio)

​इस सप्ताह भाग्य के मजबूत सहयोग से आपके कई अटके हुए कार्य पूरे हो जाएंगे। व्यापारियों का व्यापार अच्छा चलेगा। सेहत सामान्य तौर पर ठीक रहेगी। थोड़े से प्रयास से ही आप इस सप्ताह शत्रुओं पर विजय प्राप्त कर सकते हैं।

  • सावधानी: माता-पिता और जीवनसाथी के स्वास्थ्य के प्रति इस सप्ताह विशेष सतर्कता बरतें। संतान से मामूली सहयोग ही मिल पाएगा।
  • शुभ तिथियां व दिन: 8, 13 और 14 जून विभिन्न शुभ कार्यों के लिए सर्वश्रेष्ठ हैं। 11 और 12 तारीख को कार्यों के प्रति बहुत सावधान रहें। सप्ताह का शुभ दिन रविवार है।
  • उपाय: प्रतिदिन 'गणेश अथर्वशीर्ष' का पाठ करें।

​♐ धनु राशि (Sagittarius)

​धनु राशि के जातकों के व्यापार में वृद्धि होगी। इस सप्ताह किसी लंबी और सफल यात्रा का योग बन रहा है। संतान पक्ष से बेहतरीन सहयोग मिलेगा और उनकी मानसिकता भी सकारात्मक रहेगी। समाज में आपकी प्रतिष्ठा बढ़ेगी।

  • सावधानी: धन आगमन के मार्ग में कुछ बाधाएं आ सकती हैं, उन्हें सूझबूझ से दूर करें। गुप्त शत्रुओं से सावधान रहें, वे नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर सकते हैं।
  • शुभ तिथियां व दिन: 9 और 10 तारीख आपके लिए परिणाममूलक (सकारात्मक) रहेंगी। 13 और 14 तारीख को सावधान रहकर कार्य निपटाएं। सप्ताह का शुभ दिन मंगलवार है।
  • उपाय: प्रतिदिन 'शिव पंचाक्षर स्तोत्र' का पाठ करें।

​♑ मकर राशि (Capricorn)

​यह सप्ताह अविवाहित जातकों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। विवाह के बेहतरीन प्रस्ताव आएंगे और रिश्ता तय होने के पूर्ण योग हैं। नए प्रेम संबंध बन सकते हैं और पुराने संबंधों में प्रगाढ़ता आएगी। धन लाभ के साथ प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी।

  • सावधानी: अधिकारियों और कर्मचारियों को दफ्तर में सचेत रहना होगा। खान-पान का ध्यान रखें, पेट संबंधी कष्ट हो सकता है।
  • शुभ तिथियां व दिन: 11 और 12 तारीख आपके लिए अत्यधिक लाभप्रद हैं, बाकी दिन भी सामान्य रहेंगे। सप्ताह का शुभ दिन शुक्रवार है।
  • उपाय: प्रतिदिन गौमाता को हरा चारा खिलाएं।

​♒ कुंभ राशि (Aquarius)

​कुंभ राशि वालों की संतान के लिए यह सप्ताह उन्नति दायक रहेगा। आपके व्यापार में भी वृद्धि संभव है। भाई-बहनों के साथ संबंध ठीक रहेंगे। इस सप्ताह आपके पुराने शत्रुओं से भी संबंध सुधर सकते हैं और नए शत्रु नहीं बनेंगे।

  • सावधानी: इस सप्ताह भाग्य से किसी विशेष मदद की उम्मीद न करें, केवल अपने पुरुषार्थ पर भरोसा रखें। अपनी सामाजिक प्रतिष्ठा के प्रति सचेत रहें।
  • शुभ तिथियां व दिन: 8, 13 और 14 तारीख आपके लिए विशेष प्रभावशाली रहेंगी। शेष दिनों में छोटे-मोटे कार्य निपटा सकते हैं। सप्ताह का शुभ दिन शनिवार है।
  • उपाय: प्रतिदिन भगवान शिव का दूध और जल से अभिषेक करें।

​♓ मीन राशि (Pisces)

​मीन राशि के जातकों की सामाजिक प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। जनप्रतिनिधियों और राजनीति से जुड़े लोगों के लिए यह सप्ताह काफी अच्छा रहेगा। धन आने की पूरी उम्मीद है। संतान को सुख मिलेगा और उनसे आपको भी मदद प्राप्त होगी। भाग्य का अच्छा साथ मिलेगा और स्वास्थ्य ठीक रहेगा।

  • सावधानी: इस सप्ताह भाई-बहनों के साथ आपके संबंध थोड़े खराब हो सकते हैं, इसलिए तालमेल बनाकर रखें।
  • शुभ तिथियां व दिन: 9 और 10 तारीख विभिन्न प्रकार के कार्यों के लिए अत्यंत उपयोगी हैं। 8 जून को विशेष सावधानी बरतें। सप्ताह का शुभ दिन मंगलवार है।
  • उपाय: प्रतिदिन गायत्री मंत्र का श्रद्धापूर्वक जाप करें।
  • 📝 नोट (पंडित जी की सलाह): यह एक सामान्य साप्ताहिक राशिफल है जो ग्रह गोचर पर आधारित है। यदि आप अपने जीवन, करियर या स्वास्थ्य से जुड़ी किसी समस्या का सटीक और व्यक्तिगत समाधान चाहते हैं, तो अपनी कुंडली के विस्तृत विश्लेषण के लिए पंडित जी से संपर्क कर सकते हैं। माँ शारदा से प्रार्थना है कि आप सदैव स्वस्थ, सुखी और संपन्न रहें।

  • ​📞 संपर्क सूत्र एवं पता:

    • विद्वान समीक्षक: पण्डित अनिल कुमार पाण्डेय (सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता, प्रश्न कुंडली और वास्तु शास्त्र विशेषज्ञ)
    • स्थान: साकेत धाम कॉलोनी, मकरोनिया, सागर (मध्य प्रदेश) - 470004
    • मोबाइल नंबर: +91-8959594400

    जय मां शारदा।

Share:

www.Teenbattinews.com

Archive