Editor: Vinod Arya | 94244 37885

सागर: तीनबत्ती से कटरा मस्जिद तक सड़क किनारे खड़े वाहन क्रेन से हटाए, अब होगी चालानी कार्रवाई • पद्माकर स्कूल परिसर में निःशुल्क पार्किंग की व्यवस्था

सागर: तीनबत्ती से कटरा मस्जिद तक सड़क किनारे खड़े वाहन क्रेन से हटाए, अब होगी चालानी कार्रवाई

• पद्माकर स्कूल परिसर में निःशुल्क पार्किंग की व्यवस्था

• निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने वाहन मालिकों से की अपील



तीनबत्ती न्यूज: 27 अक्टूबर, 2026

सागर। कटरा बाजार में बार-बार लगने वाले जाम से राहत दिलाने और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाने के लिए नगर निगम एवं यातायात पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की। इस दौरान तीनबत्ती से कटरा मस्जिद तक सड़क के दोनों ओर खड़े चारपहिया वाहनों को क्रेन की मदद से हटवाया गया।

कार्रवाई के दौरान अनाउंसमेंट कर वाहन मालिकों को सड़क किनारे वाहन खड़े नहीं करने और निर्धारित पार्किंग स्थल का उपयोग करने की समझाइश दी गई। अधिकारियों के अनुसार, सड़क पर खड़े वाहनों के कारण यातायात बाधित होता है, जिससे आम नागरिकों, व्यापारियों और बाजार में खरीदारी करने आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

-------

वीडियो देखने क्लिक करे 

सागर: तीनबत्ती से कटरा मस्जिद तक सड़क किनारे खड़े वाहन क्रेन से हटाए, अब होगी चालानी कार्रवाई

_______


पद्माकर स्कूल में निःशुल्क पार्किंग की सुविधा

नगर निगम ने वाहन मालिकों की सुविधा के लिए नमकमंडी स्थित पद्माकर स्कूल परिसर में चारपहिया वाहनों की पार्किंग की अस्थायी निःशुल्क व्यवस्था की है। वाहन चालक यहां अपने वाहन खड़े कर सकते हैं और कटरा बाजार की सड़कों पर जाम की स्थिति बनने से रोकने में सहयोग कर सकते हैं।



सड़क पर वाहन खड़े मिले तो होगी कार्रवाई

नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने कटरा बाजार क्षेत्र के वाहन मालिकों से यातायात व्यवस्था बनाए रखने में नगर निगम एवं यातायात पुलिस का सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कटरा बाजार शहर का प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग खरीदारी और अन्य कार्यों के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में सड़कों पर चारपहिया वाहन खड़े होने से आवागमन प्रभावित होता है।

निगमायुक्त ने वाहन मालिकों से नमकमंडी स्थित पद्माकर स्कूल की अस्थायी निःशुल्क पार्किंग का उपयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि समझाइश के बाद भी कटरा बाजार क्षेत्र की सड़कों पर चारपहिया वाहन खड़े पाए जाने पर संबंधित वाहन मालिकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई के साथ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। ऐसी स्थिति में वाहन मालिक स्वयं जिम्मेदार होंगे।

Share:

सागर में बकाया प्रीमियम जमा नहीं करने पर नगर निगम ने दो दुकानों का आवंटन निरस्त, जमा राशि राजसात

सागर में बकाया प्रीमियम जमा नहीं करने पर नगर निगम ने दो दुकानों का आवंटन निरस्त, जमा राशि राजसात

• नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री की कार्रवाई, तिलकगंज मीट मार्केट सहित अन्य बकायादार दुकानदारों पर भी होगी सख्ती


तीनबत्ती न्यूज: 27 अक्टूबर, 2026

सागर। नगर निगम प्रशासन ने बकाया प्रीमियम राशि जमा नहीं करने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने बकाया प्रीमियम जमा नहीं करने पर नगर निगम स्वामित्व की दो दुकानों का आवंटन निरस्त कर दिया है। साथ ही संबंधित आवंटियों द्वारा जमा कराई गई राशि राजसात करने की कार्रवाई भी की गई है।

यह भी पढ़ें: सागर में बदले कलेक्टर और एसपी, प्रतिभा पाल और अनुराग सुजानिया का तबादला • दिलीप कुमार यादव होंगे नए कलेक्टर, संजीव कुमार सिन्हा संभालेंगे SP की जिम्मेदारी

कटरा बाजार और डी.डी. कॉम्प्लेक्स की दुकानें शामिल

नगर निगम के बाजार प्रभारी आनंद मंगल गुरु ने बताया कि कटरा बाजार स्थित निगम औषधालय के भूतल की दुकान क्रमांक-1 सौरभ जैन पिता शीलचंद जैन को आवंटित की गई थी। वहीं, डी.डी. कॉम्प्लेक्स के भूतल की दुकान क्रमांक-25 रामगरीब केसरवानी पिता हरिश्चंद्र केसरवानी को आवंटित थी। दोनों दुकानों की निर्धारित बकाया प्रीमियम राशि जमा नहीं की गई थी। इस पर निगमायुक्त ने दोनों दुकानों का आवंटन निरस्त कर जमा राशि राजसात करने की कार्रवाई की है।

यह भी पढ़ें :वाणिज्यिक कर अधिकारी मनीष जैन के सागर,जबलपुर और भोपाल में ठिकानों पर लोकायुक्त का छापा: आय से 264.64% अधिक व्यय का खुलासा • 1.03 करोड़ रुपये की आय के मुकाबले 3.78 करोड़ रुपये का खर्च, जबलपुर, भोपाल और सागर में एक साथ तलाशी; जमीन, मकान, फ्लैट, वाहन और बीमा पॉलिसियों का ब्योरा आया सामने

बकाया प्रीमियम और किराया जमा करना अनिवार्य

नगर निगम प्रशासन के अनुसार, निगम स्वामित्व की दुकानों के आवंटियों की जिम्मेदारी है कि वे निर्धारित प्रीमियम राशि और किराया समय पर जमा करें। बकाया राशि जमा नहीं होने से निगम के राजस्व पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसी को देखते हुए बकायादार दुकानदारों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।

अन्य बकायादार दुकानदारों पर भी होगी कार्रवाई

निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने तिलकगंज स्थित मीट मार्केट सहित नगर निगम स्वामित्व की अन्य दुकानों के बकाया प्रीमियम और किराये की राशि जमा नहीं करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बकाया राशि की वसूली को लेकर सख्ती जारी रहेगी और निर्धारित राशि जमा नहीं करने वाले आवंटियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


Share:

संवैधानिक संस्थाओं पर अविश्वास फैलाना दुर्भाग्यपूर्ण’: सागर में भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत युवाओं से संवाद

‘संवैधानिक संस्थाओं पर अविश्वास फैलाना दुर्भाग्यपूर्ण’: सागर में भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत युवाओं से संवाद


तीनबत्ती न्यूज: 27 अक्टूबर, 2026

सागर। भारतीय जनता पार्टी के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के अंतर्गत मंगलवार को महाराणा प्रताप नर्सिंग कॉलेज, सागर में युवा एवं विद्यार्थी संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लोकतंत्र, निर्वाचन प्रक्रिया, संवैधानिक संस्थाओं और वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर युवाओं से संवाद किया गया। विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे और वक्ताओं ने उनके जवाब दिए।

यह भी पढ़ें: सागर में बदले कलेक्टर और एसपी, प्रतिभा पाल और अनुराग सुजानिया का तबादला • दिलीप कुमार यादव होंगे नए कलेक्टर, संजीव कुमार सिन्हा संभालेंगे SP की जिम्मेदारी

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता सागर विधायक शैलेंद्र जैन रहे। विशिष्ट अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार और जिला महामंत्री सुमित यादव रहे। इस अवसर पर संगीता संजय सिंह, अभियान जिला संयोजक मनीष चौबे, सहसंयोजक कविता लारिया, जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन एवं अधिवक्ता दीपा तिवारी मंचासीन रहीं। संचालन अभियान सहसंयोजक नितिन सोनी ने किया।

राष्ट्रहित और लोकतांत्रिक मूल्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दें युवा : शैलेन्द्र जैन

विधायक शैलेन्द्र जैन ने कहा कि भारत का लोकतंत्र केवल सरकार बनाने की व्यवस्था नहीं, बल्कि संविधान और जनता के विश्वास पर आधारित व्यवस्था है। सत्ता प्राप्ति का रास्ता जनता के जनादेश से होकर गुजरता है। राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन राष्ट्रीय हित और संवैधानिक मर्यादाओं से ऊपर कोई राजनीतिक स्वार्थ नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर अपनी भूमिका मजबूत कर रहा है। ऐसे समय में देश की एकता, लोकतांत्रिक स्थिरता और संस्थाओं के प्रति विश्वास बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।जैन ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि राजनीतिक असहमति के नाम पर संवैधानिक संस्थाओं के प्रति अविश्वास पैदा करना लोकतंत्र के लिए उचित नहीं है। 


संस्थाओं पर सवाल उठाने से पहले तथ्यों को समझें : श्याम तिवारी

भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि लोकतंत्र की विश्वसनीयता संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता और उनके प्रति नागरिकों के विश्वास से जुड़ी है। असहमति लोकतंत्र का अधिकार है, लेकिन किसी संस्था के प्रति लगातार अविश्वास का वातावरण बनाना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग अथवा न्यायपालिका जैसे संस्थानों के किसी निर्णय से असहमति होने पर संविधान और कानून में निर्धारित रास्ते उपलब्ध हैं। राजनीतिक दलों को इन्हीं लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के माध्यम से अपनी बात रखनी चाहिए।

यह भी पढ़ें :वाणिज्यिक कर अधिकारी मनीष जैन के सागर,जबलपुर और भोपाल में ठिकानों पर लोकायुक्त का छापा: आय से 264.64% अधिक व्यय का खुलासा • 1.03 करोड़ रुपये की आय के मुकाबले 3.78 करोड़ रुपये का खर्च, जबलपुर, भोपाल और सागर में एक साथ तलाशी; जमीन, मकान, फ्लैट, वाहन और बीमा पॉलिसियों का ब्योरा आया सामने

तिवारी ने युवाओं से कहा कि वे सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली राजनीतिक सूचनाओं की सत्यता जांचें और राजनीतिक दलों की नीतियों तथा उनके कामकाज का तुलनात्मक अध्ययन करें। 

नगर निगम अध्यक्ष वृन्दावन अहिरवार ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर कहा कि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव के लिए मतदाता सूची का अद्यतन एवं त्रुटिरहित होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि मृत व्यक्तियों के नाम, स्थायी रूप से दूसरे स्थान पर जा चुके लोगों के पुराने पते पर दर्ज नाम अथवा एक से अधिक स्थानों पर दर्ज नाम जैसी विसंगतियों को नियमों के तहत दूर किया जाना चाहिए। साथ ही पात्र मतदाता का नाम किसी गलती के कारण न हटे, यह सुनिश्चित करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से SIR और मतदाता सूची से जुड़ी प्रक्रिया को समझने तथा सही जानकारी लोगों तक पहुंचाने की अपील की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Share:

सागर में बदले कलेक्टर और एसपी, प्रतिभा पाल और अनुराग सुजानिया का तबादला • दिलीप कुमार यादव होंगे नए कलेक्टर, संजीव कुमार सिन्हा संभालेंगे SP की जिम्मेदारी

सागर में बदले कलेक्टर और एसपी, प्रतिभा पाल और अनुराग सुजानिया का तबादला

• दिलीप कुमार यादव होंगे नए कलेक्टर, संजीव कुमार सिन्हा संभालेंगे SP की जिम्मेदारी

तीनबत्ती न्यूज: 27 अक्टूबर, 2026

सागर। मध्यप्रदेश शासन ने 27 अक्टूबर 2026 को प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। इसके तहत सागर जिले के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक दोनों अधिकारियों का तबादला किया गया है। सागर के बंडा में जहरीली शराब से हुई मौतों के चलते इनको हटाए जाने की चर्चाएं थी।



प्रतिभा पाल को भोपाल भेजा गया

2012 बैच की IAS अधिकारी एवं सागर कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल का तबादला किया गया है। उन्हें मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम, भोपाल का प्रबंध संचालक बनाया गया है।

यह भी पढ़ें :वाणिज्यिक कर अधिकारी मनीष जैन के सागर,जबलपुर और भोपाल में ठिकानों पर लोकायुक्त का छापा: आय से 264.64% अधिक व्यय का खुलासा • 1.03 करोड़ रुपये की आय के मुकाबले 3.78 करोड़ रुपये का खर्च, जबलपुर, भोपाल और सागर में एक साथ तलाशी; जमीन, मकान, फ्लैट, वाहन और बीमा पॉलिसियों का ब्योरा आया सामने

प्रतिभा पाल ने 13 अप्रैल 2026 को सागर कलेक्टर का पदभार संभाला था। अब उन्हें सागर से हटाकर भोपाल में नई जिम्मेदारी दी गई है।

दिलीप कुमार यादव होंगे नए सागर कलेक्टर

सागर के नए कलेक्टर के रूप में 2014 बैच के IAS अधिकारी श्री दिलीप कुमार यादव की पदस्थापना की गई है। वे वर्तमान में मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम, भोपाल के प्रबंध संचालक के पद पर पदस्थ थे।



SP अनुराग सुजानिया का भी तबादला

सागर पुलिस अधीक्षक श्री अनुराग सुजानिया, 2014 बैच के IPS अधिकारी, का भी तबादला किया गया है। उन्हें पुलिस मुख्यालय भोपाल में सहायक पुलिस महानिरीक्षक (AIG) की जिम्मेदारी दी गई है।



संजीव कुमार सिन्हा होंगे नए SP

सागर के नए पुलिस अधीक्षक के रूप में 2016 बैच के IPS अधिकारी श्री संजीव कुमार सिन्हा की पदस्थापना की गई है। वे वर्तमान में 14वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल, ग्वालियर के सेनानी के पद पर पदस्थ थे।

इस प्रशासनिक फेरबदल के बाद अब सागर जिले में कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक दोनों नए अधिकारी जिम्मेदारी संभालेंगे। नई पदस्थापनाएं आगामी आदेश तक प्रभावी रहेंगी।

Share:

वाणिज्यिक कर अधिकारी मनीष जैन के सागर,जबलपुर और भोपाल में ठिकानों पर लोकायुक्त का छापा: आय से 264.64% अधिक व्यय का खुलासा • 1.03 करोड़ रुपये की आय के मुकाबले 3.78 करोड़ रुपये का खर्च, जबलपुर, भोपाल और सागर में एक साथ तलाशी; जमीन, मकान, फ्लैट, वाहन और बीमा पॉलिसियों का ब्योरा आया सामने

वाणिज्यिक कर अधिकारी मनीष जैन के सागर,जबलपुर और भोपाल में ठिकानों पर लोकायुक्त का छापा: आय से 264.64% अधिक व्यय का खुलासा

• 1.03 करोड़ रुपये की आय के मुकाबले 3.78 करोड़ रुपये का खर्च, जबलपुर, भोपाल और सागर में एक साथ तलाशी; जमीन, मकान, फ्लैट, वाहन और बीमा पॉलिसियों का ब्योरा आया सामने


तीनबत्ती न्यूज: 27 अक्टूबर, 2026

जबलपुर। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत पर लोकायुक्त पुलिस ने मंगलवार सुबह 6 बजे राज्य जीएसटी (SGST) विभाग के वाणिज्यिक कर अधिकारी मनीष कुमार जैन के ठिकानों पर छापामार कार्रवाई की। वर्तमान में दमोह में पदस्थ अधिकारी के जबलपुर, भोपाल और सागर से जुड़े ठिकानों पर एक साथ तलाशी ली जा रही है। लोकायुक्त की प्रारंभिक जांच में अधिकारी की आय और व्यय के बीच बड़ा अंतर सामने आया है। जांच टीम अधिकारी और उनके परिजनों के नाम पर दर्ज संपत्तियों तथा आय के स्रोतों से संबंधित दस्तावेजों का सत्यापन कर रही है।

यह भी पढ़ें: सागर में स्वामित्व योजना शिविरों का कलेक्टर प्रतिभा पाल ने किया निरीक्षण : पंचायत सचिव के निलंबन और पूर्व पटवारी के खिलाफ जांच के निर्देश

1.03 करोड़ की आय, 3.78 करोड़ रुपये का व्यय

लोकायुक्त की प्रारंभिक जांच के अनुसार, अधिकारी की कुल आय 1 करोड़ 3 लाख 73 हजार 317 रुपये आंकी गई है, जबकि कुल व्यय 3 करोड़ 78 लाख 25 हजार 707 रुपये सामने आया है। लोकायुक्त के अनुसार, यह व्यय ज्ञात आय का 364.64 प्रतिशत है। यानी आय की तुलना में 264.64 प्रतिशत अधिक व्यय दर्ज किया गया है। शिकायत का सत्यापन निरीक्षक बृजमोहन सिंह नरवरिया ने किया था। प्रारंभिक जांच में शिकायत प्रथमदृष्टया सही पाए जाने पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(1)(बी) और 13(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक अंजूलता पटले को मिली शिकायत के आधार पर तीन टीमों ने कार्रवाई शुरू की।

      सागर 

छापे में सामने आईं जमीन, मकान और फ्लैट की संपत्तियां

लोकायुक्त की प्रारंभिक जांच में अधिकारी मनीष कुमार जैन, उनकी पत्नी निधि जैन और परिजनों के नाम पर जमीन, प्लॉट, मकान, फ्लैट, वाहन और बीमा पॉलिसियों से संबंधित संपत्तियों का ब्योरा सामने आया है।

यह भी पढ़ें: सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों के अनुभव का वर्तमान पुलिस व्यवस्था में लिया जाए लाभ : पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह :सेवानिवृत्त राजपत्रित पुलिस अधिकारियों की हुई वर्कशॉप

छापे में सामने आई संपत्तियों का विवरण इस प्रकार है—

1. जबलपुर में अधिकारी के नाम जमीन: मनीष कुमार जैन के नाम पर 278.74 वर्गमीटर जमीन की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 43 लाख 60 हजार 880 रुपये बताई गई है।

2. जबलपुर में पत्नी के नाम जमीन और प्लॉट: निधि जैन के नाम पर 116.14 वर्गमीटर जमीन की कीमत 9 लाख 56 हजार 375 रुपये और 116.14 वर्गमीटर के प्लॉट की कीमत भी 9 लाख 56 हजार 375 रुपये आंकी गई है।

3. भोपाल में जमीन और प्लॉट: निधि जैन के नाम पर 180 वर्गमीटर जमीन, जिस पर बंगला बना हुआ है, की अनुमानित कीमत 22 लाख 87 हजार 126 रुपये बताई गई है। इसके अलावा 402.41 वर्गमीटर के प्लॉट की कीमत 13 लाख 68 हजार 550 रुपये और 83.18 वर्गमीटर के फ्लैट की कीमत 13 लाख 34 हजार 630 रुपये बताई गई है।

4. सागर के बंडा में परिजनों के नाम संपत्तियां: माता राशि जैन के नाम पर 92.93 वर्गमीटर का प्लॉट, जिस पर मकान बना है, की अनुमानित कीमत 23 लाख 49 हजार 140 रुपये बताई गई है। पिता कोमलचंद जैन के नाम पर 91.07 वर्गमीटर के प्लॉट पर बने मकान की कीमत 43 लाख 19 हजार 388 रुपये और 111.48 वर्गमीटर के एक अन्य प्लॉट पर बने मकान की कीमत 2 लाख 86 हजार 485 रुपये दर्ज की गई है।

5. वाहन और बीमा पॉलिसियां: पत्नी निधि जैन के नाम पर मारुति स्विफ्ट कार और सुजुकी एक्सेस वाहन की कुल अनुमानित कीमत 5 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है। वहीं, अधिकारी और परिवार के सदस्यों के नाम पर बीमा पॉलिसियों का मूल्य 33 लाख 93 हजार 986 रुपये बताया गया है।

यह भी पढ़ें: साप्ताहिक राशिफल: 26 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक का साप्ताहिक राशिफल, जानिए सभी राशियों का भविष्यफल

आय के स्रोतों और दस्तावेजों की जांच जारी


लोकायुक्त पुलिस की टीमें विभिन्न स्थानों पर मिली संपत्तियों और दस्तावेजों का सत्यापन कर रही हैं। जांच में संपत्तियों के वास्तविक मूल्य, उन्हें खरीदने में खर्च की गई राशि, आय के ज्ञात स्रोतों तथा कुल व्यय के बीच अंतर का परीक्षण किया जाएगा।

फिलहाल सामने आए आंकड़े प्रारंभिक जांच पर आधारित हैं। संपत्तियों के स्वामित्व, मूल्य और आय के स्रोतों का अंतिम आकलन जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।


Share:

सागर में स्वामित्व योजना शिविरों का कलेक्टर प्रतिभा पाल ने किया निरीक्षण : पंचायत सचिव के निलंबन और पूर्व पटवारी के खिलाफ जांच के निर्देश

सागर में स्वामित्व योजना  शिविरों का कलेक्टर प्रतिभा पाल ने किया निरीक्षण : पंचायत सचिव के निलंबन और पूर्व पटवारी के खिलाफ जांच के निर्देश



तीनबत्ती न्यूज:26 अक्टूबर 2026

सागर। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने सोमवार को जिले में स्वामित्व योजना के तहत आयोजित शिविरों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हितग्राहियों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और पात्र हितग्राहियों की रजिस्ट्री निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए। बाबूपुरा वार्ड क्रमांक 12 में पंचायत सचिव के अनुपस्थित रहने और पंचायत में नहीं आने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई तथा जिला पंचायत सीईओ को संबंधित सचिव के निलंबन की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

रजिस्ट्री के लिए नहीं लगाने पड़ेंगे कार्यालयों के चक्कर

बाबूपुरा वार्ड क्रमांक 12 स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में आयोजित शिविर में कलेक्टर ने हितग्राहियों को स्वामित्व योजना के लाभों की जानकारी दी और उनकी समस्याएं जानीं। उन्होंने रजिस्ट्री प्रक्रिया में लगने वाले समय के संबंध में ऑपरेटर से जानकारी ली।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि स्वामित्व योजना के तहत रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क है। हितग्राहियों को इसके लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। गांव और वार्ड स्तर पर आयोजित शिविरों में ही योजना से संबंधित जानकारी और आवेदन प्रक्रिया की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। जटिल प्रकरणों का निराकरण जिला स्तर पर किया जाएगा।

एक सप्ताह में पूरे करें शेष हितग्राहियों के आवेदन

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष हितग्राहियों को चिह्नित कर एक सप्ताह के भीतर उनके आवेदन की प्रक्रिया पूरी कराई जाए। पटवारी अभिलेखों का सत्यापन करें और बाहर रह रहे हितग्राहियों को सूचना देकर आवश्यक दस्तावेज तैयार करवाएं।

उन्होंने मुनादी के माध्यम से योजना की जानकारी आमजनों तक पहुंचाने तथा आवेदन और रजिस्ट्री की प्रक्रिया में लगने वाले समय के बारे में हितग्राहियों को स्पष्ट जानकारी देने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने शिविरों में प्राप्त आवेदनों की नियमित मॉनिटरिंग करने और पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलाने पर जोर दिया।

भूमि अभिलेखों की त्रुटियों में नियमानुसार सुधार के निर्देश

कलेक्टर ने एसडीएम और तहसीलदार को भूमि संबंधी अभिलेखों में त्रुटियों की जांच कर नियमानुसार सुधार करने के निर्देश दिए। निजी भूमि को शासकीय भूमि के रूप में दर्ज किए जाने की शिकायतों पर भी संबंधित प्रकरणों का परीक्षण कर नियमसम्मत कार्रवाई करने को कहा।

उन्होंने पटवारियों को पंचायत स्तर पर उपस्थित रहकर हितग्राहियों के आवेदन लेने और प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पूर्व पटवारी के खिलाफ जांच के निर्देश

निरीक्षण के दौरान आमजनों ने क्षेत्र के पूर्व पटवारी के विरुद्ध आबादी क्षेत्र में प्लॉट लेने और बेचने संबंधी शिकायत की। इस पर कलेक्टर ने शिकायत की जांच कर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि स्वामित्व योजना के क्रियान्वयन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाने के लिए अधिकारी-कर्मचारी जिम्मेदारी से कार्य करें।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ  जगदीश कुमार गोमे, एसडीएम  रोहित वर्मा, तहसीलदार संदीप तिवारी,  राहुल गौड़ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Share:

भीतर बाजार की दोनों सड़कों का होगा निर्माण और सौंदर्यीकरण, निगमायुक्त ने दिए निर्देश • अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का किया निरीक्षण : टीनशेड के पाइप ग्राइंडर से कटवाकर हटवाए

भीतर बाजार की दोनों सड़कों का होगा निर्माण और सौंदर्यीकरण, निगमायुक्त ने दिए निर्देश

• अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का किया निरीक्षण : सहमति से टीनशेड के पाइप ग्राइंडर से कटवाकर हटवाए गए


तीनबत्ती न्यूज: 26 अक्टूबर ,2026

सागर। भीतर बाजार को अतिक्रमण मुक्त कर यातायात व्यवस्था सुचारु बनाने की दिशा में नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। सोमवार सुबह नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने भीतर बाजार पहुंचकर दुकानों के सामने से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का निरीक्षण किया। उन्होंने क्षेत्रवासियों की सहमति से अतिक्रमण मुक्त कराई गई दोनों तरफ की सड़कों का निर्माण कराने और क्षेत्र का सौंदर्यीकरण करने के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें: “गौर बब्बा मुझे क्षमा करना…” डॉ. गौर विश्वविद्यालय की स्थिति पर पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव के बेटे और भाजपा नेता अभिषेक भार्गव का दर्द छलका

सहमति के बाद हटा अतिक्रमण

भीतर बाजार व्यापारी संघ द्वारा स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने पर सहमति दिए जाने के बाद निगमायुक्त मौके पर पहुंचे। इस दौरान जिन दुकानदारों ने सहमति देने पर अतिक्रमण नहीं हटा। निगमायुक्त ने उनसे चर्चा की। सहमति बनने के बाद दुकानों के सामने सड़क तक लगाए गए टीनशेड के पाइप ग्राइंडर से कटवाकर हटवाए गए, ताकि सड़क पर आवागमन के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध हो सके।

यह भी पढ़ें: सागर नगर निगम कमिश्नर की पहल: भीतर बाजार के व्यापारियों ने स्वेच्छा से हटाएंगे अतिक्रमण कचरा गाड़ी को देंगे कचरा

अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रखने के निर्देश

निगमायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि भीतर बाजार में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई निरंतर जारी रखी जाए। उन्होंने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और नागरिकों को आवागमन में सुविधा देने के लिए सड़कों को अतिक्रमण मुक्त रखना आवश्यक है।


दोनों तरफ की सड़कों का होगा निर्माण

निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने बताया कि भीतर बाजार व्यापारी संघ और नागरिकों की मांग पर अतिक्रमण मुक्त कराई गई दोनों तरफ की सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने संबंधित इंजीनियर को सड़कों का माप लेकर निर्माण की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि जल्द निर्माण कार्य शुरू कर क्षेत्र का सौंदर्यीकरण किया जा सके।

उन्होंने कहा कि सड़कों के व्यवस्थित होने से भीतर बाजार का स्वरूप बेहतर होगा। इससे नागरिकों को आवागमन और खरीदारी में सुविधा मिलेगी, वहीं व्यापारियों को भी लाभ होगा। बाजार में यातायात सुगम बनाने के साथ ही क्षेत्र को व्यवस्थित और सुंदर बनाने में यह पहल महत्वपूर्ण साबित होगी।



व्यापारियों से सहयोग की अपील

निगमायुक्त ने भीतर बाजार व्यापारी संघ द्वारा यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए दिए जा रहे सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि अन्य क्षेत्रों के नागरिकों को भी नगर विकास में सहयोग करना चाहिए। व्यापारियों से अपील की कि वे अपनी दुकानों के सामने अतिक्रमण न करें और भीतर बाजार को व्यवस्थित, सुंदर एवं अतिक्रमण मुक्त बनाने में नगर निगम का सहयोग करें।

निगमायुक्त ने सहयोग के लिया दिया धन्यवाद

निगमायुक्त ने  कहा कि जिस तरह से भीतर बाजार व्यापारी संघ द्वारा यातायात व्यवस्था के सुचारू संचालन हेतु सहयोग किया है उनका यह कदम सराहनीय एवं स्वागत योग्य है। इस प्रकार  जिन स्थानों पर अतिक्रमण है वहां के नागरिक भी नगर विकास में सहयोग करें। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे अपनी दुकानों के सामने अतिक्रमण न करें और भीतर बाजार को व्यवस्थित एवं सुंदर बनाने में नगर निगम का सहयोग करें।





Share:

सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों के अनुभव का वर्तमान पुलिस व्यवस्था में लिया जाए लाभ : पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह :सेवानिवृत्त राजपत्रित पुलिस अधिकारियों की हुई वर्कशॉप

रिटायर्ड राजपत्रित पुलिस अधिकारियों के अनुभव आज भी उपयोगी : पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह

• सेवानिवृत्त अधिकारियों के अनुभव का वर्तमान पुलिस व्यवस्था और नशामुक्ति अभियान में लिया जा सकता है लाभ



तीनबत्ती न्यूज: 26 अक्टूबर, 2026

सागर। सेवानिवृत्त राजपत्रित पुलिस अधिकारियों के अनुभव का लाभ वर्तमान पुलिस अधिकारियों के साथ-साथ नशे के विरुद्ध अभियान सहित विभिन्न सामाजिक सेवा प्रकल्पों में लिया जा सकता है। इसके लिए एक व्यवस्थित मैकेनिज्म बनाए जाने की आवश्यकता है। इस संबंध में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से चर्चा करूंगा। यह बात पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने इंटीग्रेटेड सेवानिवृत्त राजपत्रित पुलिस अधिकारी संघ द्वारा आयोजित वर्कशॉप को संबोधित करते हुए कही।

भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि सेवानिवृत्त राजपत्रित पुलिस अधिकारियों ने अपने सेवाकाल में विभिन्न पदों और स्तरों पर कार्य करते हुए व्यापक अनुभव अर्जित किया है। इन अनुभवों का लाभ नवागत पुलिस अधिकारियों को दिया जाए तो उनकी कार्यप्रणाली को अधिक दक्ष बनाया जा सकता है और समाजहित में सेवानिवृत्त अधिकारियों की रचनात्मक भूमिका भी सुनिश्चित होगी।

उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त अधिकारी जिन जिलों में रहे हैं, वहां आवश्यकता के अनुसार महीने में एक या अधिक बार वर्तमान पुलिस अधिकारियों से मेलजोल कर अपने अनुभव साझा कर सकते हैं। पुलिसिंग के साथ-साथ समाज में बढ़ती नशे की समस्या की प्रभावी रोकथाम में भी सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों का अनुभव और जानकारी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

पूर्व गृहमंत्री ने कहा कि सेवा नियमों के अनुसार सेवानिवृत्ति के बाद पुलिस अधिकारियों की भूमिका भले ही बदल जाती है, लेकिन उनकी सक्रियता और अनुभव समाज के लिए उपयोगी बने रह सकते हैं। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा संचालित सेवा प्रकल्पों में भी मार्गदर्शन के लिए सेवानिवृत्त अधिकारियों को समय-समय पर आमंत्रित किया जाएगा।

भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि महाकौशल, विंध्य और बुंदेलखंड क्षेत्र में निवासरत सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों को एकजुट एवं सक्रिय रखने के उद्देश्य से संघ की शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि इस मेलजोल और सक्रियता से समाज एवं प्रदेश के हित में महत्वपूर्ण सुझाव सामने आ सकते हैं। उन्होंने अपने गृहमंत्री कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि उनमें से अधिकांश अधिकारियों के कार्यों और उपलब्धियों से वे परिचित रहे हैं और सभी ने समाज के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

सक्रिय और आनंदपूर्ण जीवन जीने का आह्वान

सेवानिवृत्त राजपत्रित पुलिस अधिकारी संघ के अध्यक्ष एवं डीआईजी एमएस वर्मा ने कहा कि कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारी सार्वजनिक जीवन में उत्कृष्ट पुलिस अधिकारी रहे हैं। उन्होंने समाज को सेवा, त्याग और प्रेम दिया है। यदि समाज में उनकी कोई रचनात्मक भूमिका हो सकती है तो संघ के सभी सदस्य इसके लिए तैयार हैं।

उन्होंने बताया कि संघ के 100 से अधिक सक्रिय सदस्य बन चुके हैं। सेवानिवृत्ति के बाद जीवन एकाकी, उपेक्षित और रिक्तता भरा होने के बजाय सक्रिय और आनंदपूर्ण होना चाहिए।

कार्यक्रम का आभार सेवानिवृत्त डीएसपी वीरेन्द्र बहादुर सिंह ने व्यक्त किया, जबकि संचालन रिटायर्ड डीएसपी राकेश पांडे ने किया।

ये रहे शामिल

कार्यक्रम में पूर्व सांसद राजबहादुर सिंह, आईजी मिथलेश शुक्ला, डीआईजी एमएस वर्मा, डीआईजी तिलक सिंह, एडीएसपी तिलक सिंह, एडीएसपी राजेश तिवारी, एसपी गोपाल खन्डेल, एडीएसपी सुरेन्द्र सिंह, एडीएसपी मनोज वर्मा सहित बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त राजपत्रित पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

Share:

www.Teenbattinews.com

Archive