बंसल क्लासेस,सागर +916232102606. +919340574756

नन्हींबाई अहिरवार खुरई नगरपालिका की अध्यक्ष और राहुल चौधरी उपाध्यक्ष बने◾मालथौन की बेटी व खुरई की बहू हैं नवनिर्वाचित अध्यक्ष

नन्हींबाई अहिरवार खुरई नगरपालिका की अध्यक्ष और राहुल चौधरी उपाध्यक्ष बने
◾मालथौन की बेटी व खुरई की बहू हैं नवनिर्वाचित अध्यक्ष

खुरई। पार्षद नन्हीं बाई अहिरवार खुरई नगरपालिका की निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित हो गई हैं। युवा पार्षद राहुल चौधरी उपाध्यक्ष चुने गए हैं।  नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह की उपस्थिति में पार्टी से भेजे गए पर्यवेक्षक पूर्व मंत्री दशरथ सिंह लोधी और सभी वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने बैठक में चर्चा कर सहमति से अध्यक्ष के लिए नन्हीं बाई रविकुमार अहिरवार और उपाध्यक्ष के लिए राहुल चौधरी का चयन किया। दोनों नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का मंत्री भूपेंद्र सिंह ने स्वागत किया और अपने उद्बोधन में उन्हें सभी वरिष्ठ भाजपा नेताओं के नेतृत्व और मार्गदर्शन में काम करने का निर्देश दिया। 

 मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि खुरई की जनता ने इतिहास में पहली बार सभी 32 पार्षद बना कर विकास पर भरोसा जताया है। विकास ही सब प्रश्नों का जबाब है। जातिवाद, पूंजी वाद, क्षेत्रवाद की राजनीति देर तक नहीं टिकती सिर्फ विकास ही काम आता है। जातिवाद की राजनीति आत्मघाती सिद्ध होती है। इसलिए एक सूत्र पर ही चलें सबका साथ सबका विकास। 

मंत्री श्री सिंह ने कहा कि 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की सरकार बनाने के लिए जनता की सेवा के काम करने में जुट जाएं। उन्होंने कहा कि इस बार कोरोना और सवा साल की कांग्रेस के दुर्भाग्य पूर्ण शासनकाल के कारण हमें इस कार्यकाल में सिर्फ दो साल ही काम करने का अवसर मिल सका है। हमने कम समय में ही खुरई को स्वच्छ सर्वेक्षण में प्रदेश में नंबर वन और जोन में चौथे स्थान पर लाकर दिखा दिया। अब आप लोग वरिष्ठ भाजपा नेताओं के नेतृत्व और मार्गदर्शन में नगरपालिका को चलाएं और हम सब मिलकर अगले सर्वेक्षण में खुरई नपा को देश में नंबर वन पर लेकर आएंगे। उन्होंने कहा कि आप काम करिए,फंड की चिंता मत करिए। विभागीय मंत्री होने के नाते हम सभी का  दायित्व है कि खुरई को आदर्श नगरपालिका बनाएं और इसके लिए आप सभी आदर्श पार्षद बन कर दिखाएं। 
मंत्री श्री सिंह ने कहा कि पदाधिकारियों के चयन में अपनी तरफ से मेरी कोई व्यक्तिगत पसंद नापसंद नहीं थी। पर्यवेक्षक और वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने आगामी चुनाव को दृष्टिगत रखते हुए सभी समीकरणों पर विचार करके नाम तय किए हैं। 

युवा अध्यक्ष है नन्ही बाई अहिरवार

अध्यक्ष बनीं नन्हीं बाई अहिरवार युवा हैं, पोस्टग्रेजुएट हैं। मूल रूप से वे मालथौन के हिरनछिपा ग्राम की हैं। उनका विवाह खुरई के वरिष्ठ समर्पित भाजपा कार्यकर्ता काशीराम अहिरवार के पुत्र रविकुमार से हुआ है। खुरई के आंबेडकर वार्ड से वे पार्षद चुनी गईं हैं। उल्लेखनीय है कि मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह ने चुनाव के दौरान ही यह घोषणा कर दी थी कि 28 वर्षों बाद खुरई नगरपालिका के अध्यक्ष पद पर अहिरवार समाज की महिला आसीन होगी। युवा उपाध्यक्ष राहुल चौधरी खुरई के प्रतिष्ठित उद्यमी परिवार से हैं। अपील समिति के लिए पार्षद सोनू चंदेल और मनोज राय के नाम तय किए गए। मंत्री श्री सिंह ने सभी को बधाई दी और कहा कि एल्डर मेन के पदों पर नियुक्तियां भी जल्दी ही कर दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि खुरई के नवनिर्माण में जुटे सभी कार्यकर्ता स्वयं ही पार्षद हैं, अध्यक्ष और मंत्री भी वे ही हैं। उनका सम्मान भी उतना ही है जिसे बनाए रखना मेरी जबाबदारी है।   


 अध्यक्ष नन्हीं बाई अहिरवार , उपाध्यक्ष राहुल चौधरी व अपील समिति सदस्यों ने मंत्री प्रतिनिधि लखन सिंह, पार्षद देशराज यादव व पार्षद अजीत सिंह अजमानी के साथ निर्वाचन अधिकारी के समक्ष नामांकन पत्र भरे और सभी निर्विरोध निर्वाचित हुए। इस तरह खुरई ने राजनैतिक समरसता की एक और मिसाल आज प्रस्तुत की। 

चयन की घोषणा के दौरान मंत्री श्री सिंह के साथ मंच पर वरिष्ठ भाजपा नेता जिनेंद्र गुरहा, हेमचंद्र बजाज, माहेश्वरी जी, विजय जैन वट्टी, वीरसिंह उरदोना, मनोज दुबे, मंत्री प्रतिनिधि लखन सिंह उपस्थित थे। कार्यक्रम में सभी 32  भाजपा पार्षद, बड़ी संख्या में भाजपा के कार्यकर्ता उपस्थित थे। निर्वाचित पदाधिकारियों का सभी पार्षदों, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने पुष्पहारों और ढोल धमाकों के साथ स्वागत किया। खुरई नगरपालिका परिषद के सभाकक्ष में एसडीएम खुरई ने अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व अपील समिति की निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न कराने के पश्चात सभी पदाधिकारियों व पार्षदों को प्रमाणपत्र प्रदान किए।

पार्षदों ने आभार व स्वागत रैली निकाली


खुरई नगरपालिका के सभाकक्ष में संपन्न हुई निर्वाचन प्रक्रिया के पश्चात निर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष के साथ सभी पार्षदों ने आभार व स्वागत रैली निकाली। मंत्री प्रतिनिधि लखन सिंह के नेतृत्व में झंडा चौक तक निर्वाचित पदाधिकारियों का जगह जगह स्वागत हुआ। वरिष्ठ भाजपा नेता जिनेंद्र गुरहा के निवास पर मंत्री प्रतिनिधि लखन सिंह,नपा अध्यक्ष नन्हींबाई अहिरवार और उपाध्यक्ष राहुल चौधरी का आत्मीय स्वागत किया गया।

ज्वेलरी शोरूम का उद्घाटन किया

 नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह ने यहां के वरिष्ठ भाजपा नेता श्री रामनिवास माहेश्वरी के निवास पर उनके पारिवारिक प्रतिष्ठान ज्वेलरी शोरूम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर चंद्रप्रताप सिंह, जिनेंद्र गुरहा रामनिवास महेश्वरी ,राधा मोहन महेश्वरी चंद्र प्रताप सिंह ठाकुर, जगदीश महेश्वरी, नीतू नेमा उपस्थित थे।

मीडिया कार्यालय
दिनांकः 15/10/2022

Share:

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

Archive