Editor: Vinod Arya | 94244 37885

भाषा बनी दीवार, लेकिन सागर पुलिस बनी सहारा: 4 घंटे की मेहनत के बाद बंगाली बुजुर्ग को परिवार से मिलाया

भाषा बनी दीवार, लेकिन सागर पुलिस बनी सहारा: 4 घंटे की मेहनत के बाद बंगाली बुजुर्ग को परिवार से मिलाया



तीनबत्ती न्यूज: 19 जुलाई, 2026

सागर। सागर पुलिस ने संवेदनशीलता, तकनीक और टीमवर्क का शानदार उदाहरण पेश करते हुए बंगाली भाषा बोलने वाले एक बुजुर्ग को करीब चार घंटे की लगातार मशक्कत के बाद उनके परिवार से मिला दिया। डायल-112, थाना गोपालगंज, पुलिस कंट्रोल रूम और सीसीटीवी शाखा के समन्वित प्रयासों से यह मानवीय कार्य संभव हो सका।

जिला अस्पताल में भटकते मिले थे बुजुर्ग

रविवार को डायल-112 को सूचना मिली कि जिला अस्पताल परिसर में एक बुजुर्ग व्यक्ति काफी देर से भटक रहे हैं। वह बेहद परेशान थे और ऐसी भाषा में बात कर रहे थे जिसे आसपास मौजूद लोग समझ नहीं पा रहे थे। सूचना मिलते ही एफआरवी टीम मौके पर पहुंची और उन्हें सुरक्षित थाना गोपालगंज ले आई।

भाषा बनी चुनौती, पुलिस ने नहीं मानी हार

थाना प्रभारी घनश्याम शर्मा ने बुजुर्ग से बातचीत कर उनकी पहचान और निवास की जानकारी लेने का प्रयास किया, लेकिन भाषा अलग होने के कारण सफलता नहीं मिली। इसके बाद आरक्षक दशरथ मालवीय और आनंद सिंधु उन्हें पुलिस कंट्रोल रूम लेकर पहुंचे, जहां सीसीटीवी शाखा की टीम ने तकनीकी संसाधनों की मदद से उनकी पहचान का प्रयास शुरू किया।

लगातार बातचीत के दौरान पुलिस को पता चला कि बुजुर्ग बंगाली भाषा बोल रहे हैं। काफी प्रयास के बाद बातचीत में उनके मुंह से "शनि मंदिर" शब्द सुनाई दिया, जो पुलिस के लिए महत्वपूर्ण सुराग साबित हुआ।

सीसीटीवी तकनीक से मिला घर का रास्ता

सीसीटीवी शाखा ने शहर के विभिन्न कैमरों के फुटेज के जरिए शनि मंदिर क्षेत्र के दृश्य बुजुर्ग को दिखाए। स्थान पहचानते ही उनके हाव-भाव बदल गए और पुलिस को सही दिशा मिल गई।

इसके बाद पुलिस टीम बुजुर्ग को शनि मंदिर क्षेत्र लेकर पहुंची। वहां से उन्होंने अपने घर का रास्ता बताना शुरू किया और पुलिस उनके बताए मार्ग पर चलते हुए उन्हें सुरक्षित उनके घर तक पहुंचाने में सफल रही।

चार घंटे से परेशान था परिवार

जांच में पता चला कि बुजुर्ग के परिजन आर्मी अस्पताल में कार्यरत हैं और आर्मी क्षेत्र में रहते हैं। परिवार पिछले करीब चार घंटे से उनकी तलाश कर रहा था, हालांकि अभी तक पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी।

जैसे ही पुलिस बुजुर्ग को सुरक्षित घर लेकर पहुंची, परिवार के सदस्यों ने राहत की सांस ली और भावुक होकर सागर पुलिस का आभार व्यक्त किया।

टीमवर्क और संवेदनशीलता की मिसाल

इस पूरे अभियान में डायल-112, एफआरवी स्टाफ, थाना गोपालगंज पुलिस, थाना प्रभारी घनश्याम शर्मा, पुलिस कंट्रोल रूम और सीसीटीवी शाखा ने मिलकर लगातार चार घंटे तक प्रयास किए। भाषा की बाधा, पहचान का अभाव और सीमित जानकारी के बावजूद पुलिस ने धैर्य, तकनीक और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक बिछड़े बुजुर्ग को उनके परिवार से मिलाने में सफलता हासिल की।


Share:

ग्राम कनेरा नीखर की निकिता चौबे बनीं माइनिंग इंस्पेक्टर : MPPSC परीक्षा में सफलता

ग्राम कनेरा नीखर की बेटी निकिता चौबे बनीं माइनिंग इंस्पेक्टर, MPPSC परीक्षा में हासिल की सफलता:



तीनबत्ती न्यूज, 19 जुलाई 2026

सागर। सागर जिले के नरयावली विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कनेरा नीखर की बेटी सुश्री निकिता चौबे ने मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) द्वारा आयोजित परीक्षा में शानदार सफलता हासिल करते हुए माइनिंग इंस्पेक्टर पद पर चयनित होकर जिले और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

निकिता चौबे, ग्राम कनेरा नीखर के पूर्व सरपंच श्री कृपाशंकर चौबे की सुपुत्री एवं कटरा स्थित संजीवनी मेडिकल स्टोर संचालक श्री तरुण चौबे की भतीजी हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, रिश्तेदारों और पूरे गांव में हर्ष का माहौल है।



निकिता ने अपनी सफलता का श्रेय निरंतर मेहनत, अनुशासित अध्ययन और परिवार के सहयोग को दिया। उनकी यह उपलब्धि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए प्रेरणादायक मानी जा रही है।

नरयावली विधायक श्री प्रदीप लारिया ने निकिता चौबे को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता ग्रामीण प्रतिभाओं के लिए प्रेरणा है। उन्होंने विश्वास जताया कि निकिता भविष्य में भी अपने कार्यों से प्रदेश और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगी।

ग्रामवासियों और शुभचिंतकों ने भी निकिता चौबे को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उनकी सफलता ने यह संदेश दिया है कि दृढ़ संकल्प, कठिन परिश्रम और लगन से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।

— तीनबत्ती न्यूज

Share:

मध्य प्रदेश UCC 2026: कैबिनेट ने समान नागरिक संहिता को दी मंजूरी, लिव-इन रजिस्ट्रेशन अनिवार्य, जानें नए नियम

मध्य प्रदेश में UCC को कैबिनेट की मंजूरी: लिव-इन रजिस्ट्रेशन अनिवार्य, तीन तलाक-हलाला पर सख्ती, जानें 7 बड़े बदलाव



तीनबत्ती न्यूज: 19 जुलाई, 2026

भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार ने राज्य में समान नागरिक संहिता (Uniform Civil Code-UCC) 2026 के प्रारूप को मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में जगदीशपुर में हुई कैबिनेट बैठक में इस महत्वपूर्ण प्रस्ताव को स्वीकृति मिली। प्रस्तावित संहिता का उद्देश्य विवाह, तलाक, उत्तराधिकार, भरण-पोषण और लिव-इन रिलेशनशिप जैसे निजी मामलों में सभी नागरिकों के लिए समान कानूनी व्यवस्था लागू करना है।

कैबिनेट के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यह कदम संविधान के अनुच्छेद 44 में निहित समान नागरिक संहिता के उद्देश्य, समानता, न्याय, लैंगिक समानता और धर्मनिरपेक्षता की भावना को मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, समान अधिकार और पुराने भेदभाव को समाप्त करना इस संहिता का प्रमुख उद्देश्य है।

UCC की 7 प्रमुख बातें

1. अनुसूचित जनजातियों को छूट

संविधान के अनुच्छेद 342 के तहत सूचीबद्ध अनुसूचित जनजातियों जैसे भील, गोंड, बैगा, कोरकू, सहरिया और भारिया सहित अन्य संरक्षित समुदायों पर यह संहिता लागू नहीं होगी।

2. विवाह और तलाक में बड़े बदलाव

  • एक समय में केवल एक विवाह की अनुमति।
  • तीन तलाक और निकाह हलाला जैसी प्रथाओं पर सख्ती।
  • विवाह का पंजीयन अनिवार्य।
  • पुरुष की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और महिला की 18 वर्ष।
  • मौखिक तलाक और अनौपचारिक पंचायत के फैसलों को मान्यता नहीं।

3. बच्चों को समान अधिकार

विवाहित, अविवाहित, गोद लिए गए, सरोगेसी या ART से जन्मे सभी बच्चों को समान कानूनी दर्जा मिलेगा। कस्टडी के मामलों में बच्चे का सर्वोत्तम हित सर्वोपरि माना जाएगा।

4. उत्तराधिकार में समान अधिकार

बेटा-बेटी, विधवा-विधुर तथा माता-पिता को समान अधिकार दिए गए हैं। उत्तराधिकार का ढांचा जेंडर-न्यूट्रल बनाया गया है।

5. वसीयत की पूरी स्वतंत्रता

कोई भी वयस्क अपनी स्वयं अर्जित और पैतृक संपत्ति की 100 प्रतिशत वसीयत अपनी इच्छा से कर सकेगा।

6. लिव-इन रिलेशनशिप के लिए नए नियम

  • साथ रहने के एक महीने के भीतर रजिस्ट्रेशन अनिवार्य।
  • दोनों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष।
  • पहले से विवाहित व्यक्ति लिव-इन में नहीं रह सकेगा।
  • 21 वर्ष से कम उम्र होने पर माता-पिता को सूचना दी जाएगी।
  • रजिस्ट्रार स्थानीय पुलिस को भी जानकारी भेजेगा।

7. महिला और बच्चों को कानूनी सुरक्षा

लिव-इन से जन्मे बच्चों को वैध माना जाएगा। महिला पार्टनर को कानूनी पत्नी की तरह भरण-पोषण का अधिकार मिलेगा। बिना रजिस्ट्रेशन रहने या गलत जानकारी देने पर जेल और जुर्माने का प्रावधान रखा गया है।

मुख्यमंत्री ने क्या कहा?

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रस्तावित समान नागरिक संहिता महिलाओं को समान अधिकार देने, सामाजिक न्याय सुनिश्चित करने और विभिन्न व्यक्तिगत कानूनों में मौजूद असमानताओं को समाप्त करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि धार्मिक परंपराओं और रीति-रिवाजों का सम्मान भी इस संहिता में किया गया है, बशर्ते वे सार्वजनिक नीति और नैतिकता के अनुरूप हों।


Share:

डायल-112 की तत्परता से टली संभावित अनहोनी, रात 3 बजे सुनसान सड़क पर मिली नाबालिग बालिका को सुरक्षित परिजनों से मिलाया

डायल-112 की तत्परता से टली संभावित अनहोनी, रात 3 बजे सुनसान सड़क पर मिली नाबालिग बालिका को सुरक्षित परिजनों से मिलाया 



तीनबत्ती न्यूज: 19 जुलाई, 2026

सागर। सागर पुलिस की सतर्कता और डायल-112 की त्वरित कार्रवाई से एक संभावित अनहोनी टल गई। खुरई क्षेत्र में रात करीब 3 बजे सुनसान सड़क पर अकेली घूम रही 14-15 वर्षीय नाबालिग बालिका को एफआरवी टीम ने सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचाया। बेटी के सकुशल मिलने पर परिजनों ने सागर पुलिस, डायल-112 और एफआरवी टीम का आभार व्यक्त किया।

पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देश पर जिले में बच्चों से संबंधित प्रत्येक सूचना पर सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 18 जुलाई की रात 3:01 बजे डायल-112 के राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम भोपाल से सूचना मिली कि खुरई क्षेत्र के निर्तला पेट्रोल पंप के पास एक नाबालिग बालिका अकेली घूम रही है।

सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम सागर ने एफआरवी-27 खुरई को मौके पर रवाना किया। टीम ने पहुंचकर बालिका से संवेदनशीलता के साथ बातचीत की और उसके परिजनों की जानकारी जुटाई। इसके बाद उसके पिता और भाई से संपर्क कर बालिका को सुरक्षित उसके गांव वेरखेड़ी पहुंचाकर सुपुर्द कर दिया।

पुलिस के अनुसार रात के समय सुनसान सड़क पर अकेली नाबालिग बालिका का होना किसी भी संभावित अपराध, दुर्घटना या अप्रिय घटना का कारण बन सकता था। समय पर एक जागरूक नागरिक द्वारा डायल-112 पर सूचना देना और पुलिस की त्वरित कार्रवाई संभावित अनहोनी को टालने में निर्णायक साबित हुई।

इस कार्रवाई में एफआरवी-27 खुरई के आरक्षक संजय कुमार और पायलट शिव कुमार दांगी की तत्परता एवं मानवीय संवेदनशीलता सराहनीय रही। पुलिस कंट्रोल रूम सागर ने भी सूचना मिलते ही प्रभावी समन्वय स्थापित कर कार्रवाई सुनिश्चित की

सागर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई बच्चा या बच्ची असहाय, भटका हुआ या संदिग्ध परिस्थितियों में दिखाई दे तो तत्काल डायल-112 पर सूचना दें। आपकी एक सूचना किसी मासूम की जिंदगी बचाने और संभावित अपराध को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

Share:

MP IPS Transfer 2026: मध्यप्रदेश में 3 आईपीएस अधिकारियों के तबादले, टीकमगढ़ और श्योपुर के बदले एसपी

मध्यप्रदेश में तीन आईपीएस अधिकारियों के तबादले, टीकमगढ़ और श्योपुर को मिले नए पुलिस अधीक्षक


तीनबत्ती न्यूज:  19 जुलाई 2026

भोपाल:  मध्यप्रदेश शासन के गृह विभाग ने रविवार को भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के तीन अधिकारियों के तबादला आदेश जारी किए हैं। जारी आदेश के अनुसार इन अधिकारियों को आगामी आदेश तक नवीन पदस्थापना पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

जारी आदेश के अनुसार आईपीएस मनोहर सिंह मंडलोई (2012 बैच) को पुलिस अधीक्षक, टीकमगढ़ से स्थानांतरित कर सहायक पुलिस महानिरीक्षक (AIG), पुलिस मुख्यालय भोपाल पदस्थ किया गया है।

वहीं आईपीएस सुधीर कुमार अग्रवाल (2016 बैच) को पुलिस अधीक्षक, श्योपुर से स्थानांतरित कर पुलिस अधीक्षक, टीकमगढ़ बनाया गया है।

इसके अलावा आईपीएस मोती उर रहमान (2018 बैच), जो वर्तमान में सेनानी, 9वीं वाहिनी, विशेष सशस्त्र बल (SAF), रीवा में पदस्थ थे, उन्हें पुलिस अधीक्षक, श्योपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

गृह विभाग द्वारा जारी यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू माना जाएगा।


Share:

20 जुलाई से 26 जुलाई 2026 का साप्ताहिक राशिफल: जानें सभी 12 राशियों का भविष्य, शुभ दिन और ज्योतिषीय उपाय

साप्ताहिक राशिफल: 20 जुलाई से 26 जुलाई 2026 तक कैसा रहेगा आपका भाग्य? जानें पंडित अनिल पांडे से

तीनबत्ती न्यूज : 19 जुलाई, 2026

वर्तमान युग के जागृत देवता श्री हनुमान जी महाराज का प्रताप चारों युगों (सतयुग, त्रेतायुग, द्वापरयुग और कलयुग) में फैला हुआ है। उनकी कीर्ति से समस्त ब्रह्मांड आलोकित है। हनुमान जी को स्मरण करने का सबसे उत्तम उपाय श्री हनुमान चालीसा का पाठ है। इस सप्ताह की विशेष चौपाई है:

"चारों जुग परताप तुम्हारा | है परसिद्ध जगत उजियारा ||"

इस चौपाई का संपुट पाठ करने से जातक के सभी मनोरथ सिद्ध होते हैं और कीर्ति चारों दिशाओं में फैलती है। इन सभी उपायों का विस्तृत विवरण प्रसिद्ध पुस्तक "नाशे रोग हरे सब पीरा" में दिया गया है, जिसे आप साकेत धाम कॉलोनी, मकरोनिया (सागर) से प्राप्त कर सकते हैं।

आइए, प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य एवं वास्तु शास्त्र विशेषज्ञ पंडित अनिल कुमार पाण्डेय (सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता) से जानते हैं कि 20 जुलाई से 26 जुलाई 2026 के सप्ताह में ग्रहों की चाल क्या कहती है और आपकी राशि पर इसका क्या प्रभाव पड़ेगा।

इस सप्ताह का ग्रह गोचर (Planet Transits)

इस सप्ताह सूर्य और गुरु कर्क राशि में, मंगल वृष राशि में, शनि मीन राशि में, शुक्र सिंह राशि में और राहु कुंभ राशि में गोचर करेंगे। बुध प्रारंभ में मिथुन राशि में वक्री रहेगा तथा 24 जुलाई की दोपहर 1:36 बजे से मिथुन राशि में ही मार्गी हो जाएगा।

राशिवार साप्ताहिक राशिफल (20 जुलाई से 26 जुलाई 2026)

मेष राशि (Aries)

इस सप्ताह आपकी सामाजिक प्रतिष्ठा में भारी वृद्धि होगी। जनप्रतिनिधियों के लिए यह समय बेहद उत्तम है। नौकरीपेशा जातकों और अधिकारियों को अपने कार्यों में थोड़ी सावधानी बरतनी होगी। कोर्ट-कचहरी के मामलों में सतर्क रहें। संतान पक्ष से सहयोग कम मिल सकता है। भाग्य से आंशिक लाभ होगा। दुर्घटनाओं का कोई भय नहीं है।

  • सफलता के विशेष दिन: 21 जुलाई की दोपहर के बाद से 22 और 23 तारीख।
  • उपाय: प्रतिदिन लाल मसूर की दाल का दान करें और मंगलवार को हनुमान जी के मंदिर में तीन बार हनुमान चालीसा का पाठ करें।
  • शुभ दिन: बृहस्पतिवार।

वृष राशि (Taurus)

भाई-बहनों के साथ संबंध मधुर रहेंगे और उनका पूरा सहयोग मिलेगा। प्रतिष्ठा में वृद्धि के योग हैं। शत्रुओं से सावधान रहने की आवश्यकता है। अधिकारी व कर्मचारी वर्ग अपनी वाणी पर नियंत्रण रखें।

  • सफलता के विशेष दिन: 24 और 25 जुलाई।
  • सावधानी के दिन: 21 की दोपहर के बाद से 22, 23 और 26 जुलाई।
  • उपाय: प्रतिदिन चावल का दान करें और शुक्रवार को मंदिर के पुजारी को सफेद वस्त्र दान दें।
  • शुभ दिन: शुक्रवार।

मिथुन राशि (Gemini)

इस सप्ताह आपकी कुंडली के धन भाव में सूर्य और गुरु की युति से विद्या और राज्य की मदद से प्रचुर धन लाभ का योग बन रहा है। भाई-बहनों से संबंध सामान्य से कम रहेंगे। कचहरी के मामलों में सतर्क रहें, हालांकि आप शत्रुओं को आसानी से पराजित कर देंगे।

  • सफलता के विशेष दिन: 20, 21 और 26 जुलाई। शत्रुओं पर विजय के लिए 24 और 25 तारीख विशेष हैं।
  • उपाय: प्रतिदिन काले कुत्ते को तंदूर की रोटी खिलाएं।
  • शुभ दिन: रविवार।

कर्क राशि (Cancer)

आप आत्मविश्वास से लबरेज रहेंगे और मन में सकारात्मक विचार आएंगे। संतान से पूरा सहयोग मिलेगा। थोड़े से प्रयास से शत्रु पराजित होंगे। भाग्य से सामान्य मदद मिलेगी। नौकरीपेशा जातकों के लिए समय सामान्य रहेगा। भाई-बहनों से वैचारिक मतभेद हो सकते हैं।

  • सफलता के विशेष दिन: 21, 22 और 23 जुलाई लाभदायक हैं। छात्रों के लिए 24 और 25 तारीख परीक्षा हेतु उत्तम है।
  • उपाय: प्रतिदिन काली उड़द की दाल का दान करें और शनिवार को शनि मंदिर में पूजन करें।
  • शुभ दिन: बुधवार।

सिंह राशि (Leo)

विवाहित जातकों के लिए यह सप्ताह सर्वोत्तम है, विवाह के अच्छे प्रस्ताव आएंगे। प्रेम संबंधों में प्रगाढ़ता आएगी। कोर्ट-कचहरी के कार्यों में सफलता मिलेगी। व्यापार अच्छा चलेगा और धन लाभ होगा। कर्मचारी व अधिकारी सतर्क रहें। समाज में मान-सम्मान बढ़ेगा।

  • सफलता के विशेष दिन: 24 और 25 जुलाई प्रतिष्ठा वृद्धि के लिए उत्तम हैं।
  • उपाय: प्रतिदिन हनुमान चालीसा का पाठ करें और शनिवार को दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में तीन बार पाठ करें।
  • शुभ दिन: रविवार।

कन्या राशि (Virgo)

अल्प प्रयासों से ही धन आगमन के बेहतरीन योग हैं। व्यापारियों के लिए व्यापार उत्तम रहेगा। हालांकि, संतान से सहयोग की कमी और छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं में कम अंक मिलने की आशंका है। शत्रु शांत रहेंगे लेकिन समाप्त नहीं होंगे, इसलिए भाग्य की बजाय कर्म पर भरोसा करें।

  • सफलता के विशेष दिन: 20, 21 और 26 जुलाई फलदायक हैं। 24 और 25 तारीख को भाइयों से संबंध सुधरेंगे।
  • उपाय: प्रतिदिन भगवान शिव के 'रुद्राष्टक' का पाठ करें।
  • शुभ दिन: रविवार।

तुला राशि (Libra)

अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए यह सप्ताह शानदार रहने वाला है। कार्यस्थल पर उचित सम्मान मिलेगा। प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के योग हैं। भाग्य का साथ मिलेगा और सामान्य धन लाभ होगा। शत्रुओं से सावधान रहें और दुर्घटनाओं के प्रति सतर्कता बरतें।

  • सफलता के विशेष दिन: 21 की दोपहर के बाद से 22 और 23 तारीख फलदायक हैं। 24 और 25 को धन प्राप्ति हो सकती है।
  • उपाय: प्रतिदिन 'गणेश अथर्वशीर्ष' का पाठ करें।
  • शुभ दिन: बुधवार।

वृश्चिक राशि (Scorpio)

इस सप्ताह भाग्य आपका भरपूर साथ देगा, जिससे रुके हुए कई महत्वपूर्ण कार्य पूरे हो जाएंगे। संतान से सहयोग कम मिलेगा। नौकरीपेशा जातकों और अधिकारियों को कार्यक्षेत्र में संभलकर रहने की आवश्यकता है।

  • सफलता के विशेष दिन: 24 और 25 जुलाई विशेष लाभप्रद हैं। 21, 22 और 23 तारीख को सावधान रहें।
  • उपाय: प्रतिदिन 'शिव पंचाक्षरी मंत्र' (ॐ नमः शिवाय) का जाप करें।
  • शुभ दिन: रविवार।

धनु राशि (Sagittarius)

आपका और आपके जीवनसाथी का स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। शत्रुओं पर आसानी से विजय प्राप्त करेंगे। व्यापारी, जनप्रतिनिधि और नौकरीपेशा लोगों के लिए सप्ताह सामान्य रहेगा। भाई-बहनों से संबंधों में थोड़ा तनाव आ सकता है। भाग्य की मदद कम मिलेगी।

  • सफलता के विशेष दिन: 20, 21 और 26 जुलाई परिणाममूलक रहेंगे। 24 और 25 तारीख को कोर्ट-कचहरी के मामलों में विशेष सतर्क रहें।
  • उपाय: प्रतिदिन 'शिव पंचाक्षरी स्तोत्र' का पाठ करें।
  • शुभ दिन: रविवार।

मकर राशि (Capricorn)

यह सप्ताह आपके जीवनसाथी के लिए बेहद सफल रहेगा। अविवाहितों के लिए विवाह के सुंदर प्रस्ताव आ सकते हैं। संतान से विशेष सहयोग नहीं मिल पाएगा। आंशिक धन लाभ के योग हैं।

  • सफलता के विशेष दिन: 21, 22 और 23 तारीख अनुकूल हैं। 24 और 25 तारीख को धन लाभ संभव है। 26 तारीख को सावधान रहें।
  • उपाय: प्रतिदिन भगवान शिव का दूध और जल से अभिषेक करें।
  • शुभ दिन: बुधवार।

कुंभ राशि (Aquarius)

अविवाहित जातकों के लिए विवाह के नए प्रस्ताव आएंगे, लेकिन अंतिम निर्णय लेने से पहले सावधानी बरतें। अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए समय सामान्य है। अपनी सामाजिक प्रतिष्ठा के प्रति सजग रहें।

  • सफलता के विशेष दिन: 24 और 25 जुलाई कार्यों के लिए अनुकूल हैं। 20 और 21 तारीख को विशेष सजगता बरतें।
  • उपाय: प्रतिदिन 'गायत्री मंत्र' का श्रद्धापूर्वक जाप करें।
  • शुभ दिन: शनिवार।

मीन राशि (Pisces)

यह सप्ताह संतान पक्ष के लिए अत्यंत शुभ है। छात्रों की पढ़ाई अच्छी चलेगी और प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता मिलेगी। धन आगमन के योग हैं। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा।

  • सफलता के विशेष दिन: 24 और 26 जुलाई को भाग्य का विशेष साथ मिलेगा। 20 तारीख भी उपयुक्त है। 21 की दोपहर से 22 और 23 जुलाई तक होशियारी से काम लें।
  • उपाय: प्रतिदिन 'राम रक्षा स्तोत्र' का पाठ करें।
  • शुभ दिन: रविवार।

विशेष नोट: यह एक सामान्य ज्योतिषीय भविष्यवाणी है। अपनी कुंडली का व्यक्तिगत, सटीक और विस्तृत विश्लेषण करवाने के लिए आप नीचे दिए गए पते या मोबाइल नंबर पर सीधे संपर्क कर सकते हैं।

मां शारदा आप सभी को सदैव स्वस्थ, सुखी और संपन्न रखें।

- जय मां शारदा -

निवेदक: पण्डित अनिल कुमार पाण्डेय (सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता) प्रश्न कुंडली और वास्तु शास्त्र विशेषज्ञ पता: साकेत धाम कॉलोनी, मकरोनिया, सागर (मध्य प्रदेश) - 470004 मोबाइल नंबर: 8959594400

Share:

BTIRT Sagar Entrepreneurship Workshop: एमएसएमई विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को दिए स्टार्टअप और उद्यमिता के गुर

बीटीआईआरटी सागर में उद्यमिता विकास पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित, स्टार्टअप और इनोवेशन की दी जानकारी



तीनबत्ती न्यूज: 18 जुलाई, 2026

सागर। सागर संभाग के नैक मान्यता प्राप्त प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थान बाबूलाल ताराबाई इंस्टीट्यूट ऑफ रिसर्च एंड टेक्नोलॉजी (BTIRT), सागर के प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट विभाग द्वारा एमएसएमई टेक्नोलॉजी सेंटर, भोपाल के सहयोग से उद्यमिता विकास विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला "वर्कशॉप ऑन एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट" का आयोजन किया गया।

कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों में उद्यमिता के प्रति जागरूकता विकसित करना तथा उन्हें स्टार्टअप, व्यवसाय स्थापना, वित्तीय सहायता, नवाचार और सरकारी योजनाओं की जानकारी देना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। संस्थान के प्राचार्य डॉ. वीरेश कुमार फुसकेले एवं डॉ. जयंत दुबे ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम का परिचय प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट सलाहकार डॉ. सचिन चौधरी ने दिया।

कार्यशाला में एमएसएमई टेक्नोलॉजी सेंटर, भोपाल से आए वरिष्ठ इंजीनियर देवेंद्र कुमार परोहा तथा इंजीनियर (ट्रेनिंग एंड डेवलपमेंट) देवेंद्र कुमार सहगल ने विद्यार्थियों को उद्यमिता विकास, स्टार्टअप की चुनौतियां, व्यवसाय प्रबंधन, वित्तीय सहयोग, इनोवेशन और सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। विशेषज्ञों ने अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को नौकरी तलाशने के साथ-साथ रोजगार सृजक बनने के लिए प्रेरित किया।



कार्यक्रम बीटीआईआरटी के सेमिनार हॉल में आयोजित किया गया, जिसमें सभी संकायों के विद्यार्थियों एवं फैकल्टी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

समापन अवसर पर प्राचार्य डॉ. वीरेश कुमार फुसकेले ने अतिथि विशेषज्ञों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा विद्यार्थियों से प्राप्त ज्ञान को व्यवहार में अपनाकर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

इस अवसर पर बीटी समूह ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन श्री संतोष कुमार जैन 'खंडी', सचिव डॉ. सत्येंद्र कुमार जैन, रजिस्ट्रार डॉ. तरुण कुमार सिंह एवं समूह सलाहकार डॉ. सुबोध कुमार जैन ने कार्यक्रम की सफलता पर प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट विभाग को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में नवाचार, नेतृत्व क्षमता और उद्यमिता की भावना को प्रोत्साहित करते हैं।


Share:

राज्यपाल ने रानी अवंतीबाई लोधी विश्वविद्यालय की कार्य परिषद में चार संकायाध्यक्ष किए नामित

रानी अवंतीबाई लोधी विश्वविद्यालय, सागर की कार्य परिषद में संकायाध्यक्ष नामित किए गए ::चार डीन बने कार्य परिषद सदस्य 



तीनबत्ती न्यूज: 18 जुलाई, 2026

सागर। मध्यप्रदेश के राज्यपाल तथा प्रदेश के समस्त शासकीय विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति द्वारा रानी अवंतीबाई लोधी विश्वविद्यालय, सागर में चार संकायाध्यक्षों को विश्वविद्यालय की कार्य पारिषद के सदस्य नामित किया है। राज्यपाल के उपसचिव द्वारा 17 जुलाई 2026 को जारी पत्र के माध्यम से मध्यप्रदेश विश्वविद्यालय अधिनियम 1973 की धारा 23 की उपधारा 1 के खंड-2 के प्रावधान अन्तर्गत विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायाध्यक्षों में से विज्ञान संकाय के डीन डॉ. आलोक कुमार जैन (प्राध्यापक- भौतिकी) ज्ञानचंद्र श्रीवास्तव शासकीय स्नातकोत्‍तर महाविद्यालय, दमोह,  जीवविज्ञान संकाय की डीन डॉ. गोपा जैन (प्राध्यापक- प्राणीशास्त्र) शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय, सागर, कला संकाय के डीन डॉ. विनय कुमार शर्मा (प्राध्यापक- अंग्रेजी) शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय, सागर और वाणिज्य संकाय के डीन डॉ. सुभाष कुमार अग्रवाल (प्राध्यापक-वाणिज्य) शासकीय स्नातकोत्‍तर महाविद्यालय, दमोह को कार्य परिषद का सदस्य नामित किया गया है।

इस अवसर पर कुलगुरू प्रो. विनोद कुमार मिश्रा ने विश्वविद्यालय में सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि कार्य परिषद में संकाय अध्यक्ष श्रेणी से सदस्यों को नामित किए जाने से कार्य परिषद में अकादमिक प्रतिनिधित्व बढ़ेगा जिससे विश्वविद्यालय के प्रशासनिक और अकादमिक विकास को मजबूती मिलेगी तथा विश्वविद्यालय नए सोपानों को पूर्ण करेगा। 

कुलसचिव प्रो. शक्ति जैन ने सभी का अभिनंदन करते हुए कहा कि किसी भी विश्वविद्यालय के विकास में कार्य परिषद की अहम भूमिका होती है, आप सभी के सहयोग से निश्चित ही विश्वविद्यालय एक श्रेष्ठ शैक्षणिक संस्थान बनेगा।

Share:

www.Teenbattinews.com

Archive