बंसल क्लासेस,सागर +916232102606. +919340574756

मुख्यमंत्री ने किया खुरई के आक्सीजन प्लांट का वर्चुअल लोकार्पण ★ खुरई सहित मध्यप्रदेश में आज से दस प्लांट प्रारंभ

मुख्यमंत्री ने किया  खुरई के आक्सीजन प्लांट का वर्चुअल लोकार्पण
★ खुरई सहित मध्यप्रदेश में आज से दस प्लांट प्रारंभ

सागर।  मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र खुरई सहित प्रदेश की दस अस्पतालों में आक्सीजन प्लांट का वर्चुअल लोकार्पण किया। इन आक्सीजन प्लांट को पीएम केयर फंड के तहत लगाया गया है। 
भोपाल से वर्चुअल आयोजन में संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में 190 आक्सीजन प्लांट लगाये जा रहे हैं। जिससे 221 मैट्रिक टन आक्सीजन सप्लाई की व्यवस्था हो जाएगी। आज दस प्लांट को शुरू किया जा रहा है। जिससे 550 मरीजों को एक साथ आक्सीजन मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर में आक्सीजन की कमी से देश भर में परेशान होना पड़ा था। प्रधानमंत्री जी ने आक्सीजन की पर्याप्त व्यवस्था की। तब विशेष टेंकरों की व्यवस्था से आक्सीजन पहुंच पाई। 
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि तभी उन्होंने संकल्प कर लिया था कि मध्यप्रदेश में आक्सीजन प्लांट लगाये जाएंगे। आज खुशी है कि अब तक प्रदेश में 65 प्लांट पर आक्सीजन का उत्पादन शुरू हो चुका है और सभी 190 प्लांट को सितम्बर तक क्रियाशील करने का लक्ष्य है। जितनी आक्सीजन हमने बाहर से मंगाई थी, उसकी आधी अब इन प्लांट से प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि आत्म निर्भर मध्यप्रदेश के संकल्प में हम आक्सीजन में भी आत्म निर्भर होंगे। वर्चुअल समारोह में मुख्यमंत्री के साथ भोपाल में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा, लोक निर्माण मंत्री गोपाल भार्गव, चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग, स्वास्थ्य मंत्री प्रभुराम चौधरी उपस्थित थे। 
खुरई में आयोजित समारोह में प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने आक्सीजन प्लांट का पूजन कर लोकार्पण किया। जिसमें सांसद राजबहादुर सिंह एवं कलेक्टर दीपक सिंह भी उपस्थित थे। मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने संबोधन में कहा कि कोरोना की दूसरी लहर में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र खुरई में विधायक निधि से एक करोड़ रूपए जारी कर सभी व्यवस्थाएं कराई गई थी। जिस कारण यहां कोरोना संक्रमित 300 लोग स्वस्थ्य होकर अपने घर वापस गए। तभी उन्होंने तय कर लिया था कि भविष्य की जरूरत को देखते हुए खुरई अस्पताल में आक्सीजन प्लांट लगना चाहिए। तब शासन के साथ ही प्रेमजी फाउंडेशन से बात की गई। खुशी इस बात की है कि दोनों जगह से प्लांट मंजूर हो गए। इनमें से एक प्लांट खुरई में लग गया है और दूसरा प्लांट सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मालथौन में लगाया जाएगा। 
 मंत्री श्री सिंह ने कहा कि प्रदेश में कमलनाथ की सरकार के समय खुरई अस्पताल से डाक्टर पलायन कर गए थे। अतः नये सिरे से डाॅक्टरों की व्यवस्था कराई जा रही है। सोनोग्राफी मशीन और पैथालाजी लैब भी चालू हो गई है। खुरई में अच्छी स्वास्थ्य सेवाएं मिलें, यही हमारा प्रयास है। खुरई के कार्यक्रम में सांसद राजबहादुर सिंह एवं कलेक्टर दीपक सिंह ने संबोधित किया। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि खुरई ने सबसे पहले आक्सीजन प्लांट लगाकर सागर जिले को नई राह दिखाई है। इस आयोजन में विभिन्न विभागों के अधिकारी, भाजपा के स्थानीय वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और नागरिकगण उपस्थित थे। 

Share:

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

Archive