Editor: Vinod Arya | 94244 37885

किराए पर ली कार लौटाने के बजाय की धोखाधड़ी, 11 लाख की हायराइडर बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार

किराए पर ली कार लौटाने के बजाय की धोखाधड़ी, 11 लाख की हायराइडर बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार


तीनबत्ती न्यूज: 25 नवंबर, 2026

सागर।  सागर जिले के खुरई में किराए पर कार लेकर वापस नहीं लौटाने और धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। खुरई शहर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब 11 लाख रुपये कीमत की टोयोटा हायराइडर कार बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में दूसरा आरोपी अभी फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।

पुलिस के मुताबिक खुरई निवासी रोहित पिता चंद्रकुमार यादव ने 22 नवंबर 2026 को थाना खुरई शहर में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि उसकी टोयोटा हायराइडर कार क्रमांक MP 15 ZS 1520 को अमन कुर्मी और प्रतीक सिंह ने विश्वास में लेकर किराए पर लिया था। निर्धारित समय पूरा होने के बाद जब कार वापस मांगी गई तो दोनों ने वाहन नहीं लौटाया।

फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 344/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 316(2) एवं 3(5) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस ने रिमांड पर लेकर की पूछताछ

मामले की गंभीरता को देखते हुए खुरई शहर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने आरोपी अमन कुर्मी पिता निरन कुर्मी निवासी धामोनीपुरा, जिला विदिशा को गिरफ्तार कर न्यायालय से पुलिस रिमांड प्राप्त किया। पूछताछ और विवेचना के दौरान उसके कब्जे से धोखाधड़ी से प्राप्त टोयोटा हायराइडर कार बरामद कर जब्त की गई। वाहन की अनुमानित कीमत 11 लाख रुपये बताई गई है।

इस मामले का दूसरा आरोपी प्रतीक सिंह अभी फरार है। पुलिस टीम उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी खुरई शहर निरीक्षक योगेंद्र सिंह दांगी, उपनिरीक्षक अशोक उपाध्याय, आरक्षक धीरेन्द्र सिंह राजावत एवं आरक्षक अभिषेक नायक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


Share:

राज्यसभा सांसद रजनीश अग्रवाल 25 नवंबर को दो दिवसीय प्रवास पर सागर : प्रथम आगमन पर बुंदेली परंपरा से होगा भव्य स्वागत

राज्यसभा सांसद रजनीश अग्रवाल 25 नवंबर को दो दिवसीय प्रवास पर सागर : प्रथम  आगमन पर बुंदेली परंपरा से होगा भव्य स्वागत



सागर। राज्यसभा सांसद रजनीश अग्रवाल बुधवार, 25 नवंबर को दो दिवसीय प्रवास पर सागर पहुंचेंगे। राज्यसभा सांसद निर्वाचित होने के बाद यह उनका पहला सागर आगमन होगा। उनके स्वागत को लेकर भाजपा संगठन में उत्साह का माहौल है। पार्टी ने उनके स्वागत की व्यापक तैयारियां की हैं। बुंदेली परंपरा के अनुरूप उनका भव्य अभिनंदन किया जाएगा।

यह भी पढ़ें: लोकतंत्र बचाओ–अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत पदयात्रा 29 नवंबर को सागर में : केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा, CM डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल होंगे शामिल • भाजपा ने झोंकी ताकत, जिले भर में बैठके और संपर्क अभियान

स्वागत कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर जिम्मेदारियां सौंपीं और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रजनीश अग्रवाल का प्रथम सागर आगमन कार्यकर्ताओं के लिए गौरव और उत्साह का अवसर है। सभी कार्यकर्ता आत्मीयता के साथ स्वागत कार्यक्रम को सफल बनाएं और बुंदेली परंपरा के अनुरूप उनका अभिनंदन करें।

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सांसद रजनीश अग्रवाल दोपहर 2 बजे राहतगढ़ पहुंचेंगे। यहां पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद दोपहर 2:25 बजे सीहोरा और 2:45 बजे भापेल में फुलेरा मेले में शामिल होंगे।

इसके पश्चात शाम 4:45 बजे वे सागर के मोतीनगर चौराहे पहुंचेंगे। यहां भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी, विधायक शैलेन्द्र  जैन सहित पार्टी के जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बुंदेली परंपरा के अनुसार उनका भव्य स्वागत करेंगे।

जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने सभी पार्टी जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से निर्धारित समय पर पहुंचकर स्वागत कार्यक्रम में सहभागिता करने का आग्रह किया है।

Share:

लोकतंत्र बचाओ–अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत पदयात्रा 29 नवंबर को सागर में : केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा, CM डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल होंगे शामिल • भाजपा ने झोंकी ताकत, जिले भर में बैठके और संपर्क अभियान

लोकतंत्र बचाओ–अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत पदयात्रा 29 नवंबर को सागर में : केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा, CM डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल होंगे शामिल

• भाजपा ने झोंकी ताकत, जिले भर में बैठके और संपर्क अभियान 


तीनबत्ती न्यूज: 24 नवंबर, 2026

सागर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा 29 नवंबर को सागर में आयोजित किए जा रहे ‘लोकतंत्र बचाओ–अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत विशाल पदयात्रा और जनसभा को ऐतिहासिक बनाने के लिए संगठन ने पूरी ताकत झोंक दी है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री और भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की मौजूदगी में होने वाले इस आयोजन को लेकर जिला मुख्यालय से लेकर विधानसभा और बूथ स्तर तक तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने की समीक्षा


भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने धर्मश्री स्थित संभागीय कार्यालय में सभी मोर्चा एवं प्रकोष्ठों की बैठक लेकर पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपीं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में प्रवास कर बूथ स्तर तक बैठकें आयोजित करने और आमजन को कार्यक्रम से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मोर्चा एवं प्रकोष्ठ संगठन की मजबूत कड़ी हैं। सभी कार्यकर्ता आपसी समन्वय और अनुशासन के साथ जुटकर कार्यक्रम को भव्य एवं सफल बनाएं।

बैठक में युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष जसवंत सिंह राठौर, महिला मोर्चा जिला महामंत्री शारदा कोरी, किसान मोर्चा से रामकुमार यादव, अनुसूचित जनजाति मोर्चा जिलाध्यक्ष उमेश गौंड, पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिला महामंत्री राहुल नामदेव और अनुसूचित जाति मोर्चा जिलाध्यक्ष मधुकर जाटव उपस्थित रहे।

तैयारियों को लेकर भाजपा ग्रामीण की बैठक

आयोजन की तैयारियों को लेकर भाजपा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष मोर्चो के अध्यक्ष की तैयारियों पर बिंदुवार चर्चा की गई। आयोजन की व्यवस्थाओं के लिए विधानसभा स्तर पर टोलियां गठित कर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई।

विधायक वीरेन्द्र  लंबरदार ने कहा कि 'लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ' केवल पदयात्रा का नारा नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और जनहित की आवाज बुलंद करने का संकल्प है। लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है और उसकी आवाज का सम्मान होना चाहिए। वरिष्ठ  भाजपा नेता अभिषेक भार्गव ने कहा कि सागर की सड़कों पर निकलने वाली यह विशाल पदयात्रा इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि इस संकल्प को जनांदोलन का स्वरूप देने के लिए पूरी ताकत से जुटें।' बैठक को पूर्व जिलाध्यक्ष जाहर सिंह और गौरव सिरोठिया ने भी संबोधित किया।

मीडिया प्रभारी नवीन भट्ट ने बताया कि कार्यकर्ता अपने-अपने बूथ और शक्ति केंद्र तक सूचना पहुंचाएं। अभी से लोगों को जोड़ने में लगें। बूथ अध्यक्ष और सक्रिय कार्यकर्ता यह सुनिश्चित करें कि ज्यादा से ज्यादा लोग एक साथ सागर पहुंचें।

बैठक का संचालन जिला कार्यालय मंत्री संजय चौबे ने किया आभार जिला उपाध्यक्ष विवेक मिश्रा ने माना । बैठक में प्रमुख रूप से जिला पंचायत के उपाध्याक्ष देवेन्द्र सिंह ठाकुर, जिला महामंत्री राजेन्द्र तिवारी,उमा खटीक, जिला उपाध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह, दौलत यादव, प्रीतम सिंह राजपूत, अमित नायक, लक्ष्मण  सिंह सिलारपुर, महेश पाठक, महेन्द्र  सिंह महूना, रूपेश रोशन खरे, योगेश दुबे, काशीराम यादव, देवेन्द्र  लोधी, काशीराम यादव, कुवंर सिंह राजपूत, नीतेश जैन, राजाराम पटैल, गोपाल अहिरवार, रवीन्द्र  पटैरिया, प्रीति जैन, भरत पंडा, आयुष पांडे, कृष्णा सिंह, राहुल शर्मा उपस्थित रहे। 


विधायक शैलेन्द्र जैन और जिलाध्यक्ष ने किया मार्ग का निरीक्षण

कार्यक्रम संयोजक एवं सागर विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन तथा भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने सरस्वती गार्डन, मोतीनगर पहुंचकर आयोजन की तैयारियों का जायजा लिया। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पदयात्रा मार्ग का निरीक्षण कर यातायात, सुरक्षा, पार्किंग और अन्य व्यवस्थाओं पर चर्चा की। जिला पदाधिकारियों एवं मंडल अध्यक्षों के साथ वर्चुअल बैठक कर भी तैयारियों की समीक्षा की गई।


निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर श्री अविनाश रावत,नगर निगम आयुक्त  राजकुमार खत्री, सिटी मजिस्ट्रेट शैलेश द्विवेदी, एडिशनल एसपी नरेंद्र सोलंकी, सीएसपी  ललित कश्यप, शैलेश केशरवानी, विक्रम सोनी, जगन्नाथ गुरैया,  नरेश धानक, यातायात डीएसपी श्री मयंक चौहान, मोतीनगर टीआई श्री जसवंत सिंह सहित भाजपा पदाधिकारी एवं स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

खुरई से 10 हजार लोगों को जुटाने का लक्ष्य

खुरई विधानसभा क्षेत्र में युवा नेता अविराज सिंह ने मालथौन, बरोदिया कलां और बांदरी मंडलों की बैठकें लेकर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपीं। उन्होंने कहा कि खुरई विधानसभा से कम से कम 10 हजार कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने का लक्ष्य है। बूथ अध्यक्षों, शक्ति केंद्र संयोजकों और कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क तथा व्हाट्सएप समूहों के माध्यम से कार्यक्रम की सूचना पहुंचाने का आग्रह किया गया।


कार्यक्रम में अशोक सिंह बामोरा, अरविंद लोधी मंडल अध्यक्ष मालथोन, जयंत सिंह बुंदेला नपा अध्यक्ष, पुष्पेंद्र परिहार जिला अध्यक्ष, रामकुमार बघेल, मनोहर सोनी, रावराजा राजपूत, जाहर सिंह अहिरवार, एससी मोर्चा मंडल अध्यक्ष, प्रमोद तिवारी, दुरग सिंह परिहार, शंभूदयाल मिश्रा, पुष्पेंद्र तिवारी, प्रदीप पाठक, बलवीर सिंह जनपद उपाध्यक्ष, देवेंद्र सिंह बुंदेला, हरपू आदिवासी, रानी बुंदेला, शिवराज सिंह राजपूत, अशोक यादव, केके अहिरवार, गोलू राय, राघवेंद्र परिहार, हाकम राजपूत, हीरूराजा राजपूत, आकाश जैन, सोनू वाल्मीकि, वीरसिंह यादव, देवेंद्र जैन, इरफान खान, नीतेश यादव मंडल अध्यक्ष, चुन्नीलाल कुशवाहा नपा अध्यक्ष प्रतिनिधि, निरंजन ठाकुर दयाराम चौरसिया, बलराम ठाकुर अजमेर कुशवाहा, कंछेदी सिंह, खुशालचंद्र जैन, कैलाश घोषी, हरिनारायण कुशवाहा, शिवलाल अहिरवार, रविंद्र ठाकुर, उदय राज लोधी, मनीराम लोधी, दीवानसिंह जाट, प्रदीप यादव, अभय लोधी, मनोहर जाट, तोरण राय उपस्थिति रहे।


नरयावली से भी 10 हजार सहभागियों का लक्ष्य

नरयावली विधायक इंजी. प्रदीप लारिया के विधायक कार्यालय रजाखेड़ी बजरिया में विधानसभा स्तरीय संगठनात्मक बैठक आयोजित हुई। इसमें भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी, शहडोल संभाग संगठन प्रभारी गौरव सीरोठिया एवं पन्ना जिला प्रभारी जाहर सिंह शामिल हुए। बैठक में नरयावली विधानसभा से 10 हजार कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों की सहभागिता का लक्ष्य निर्धारित किया गया।


बैठक में 25 नवंबर को भापेल में बाबा फूलनाथ फुलेर मेला महोत्सव, 26 नवंबर को संविधान दिवस और 28 नवंबर को समरसता यात्रा के द्वितीय चरण सहित आगामी संगठनात्मक एवं सामाजिक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा हुई। विधायक प्रदीप लारिया ने कहा कि संगठन की शक्ति कार्यकर्ताओं के समर्पण और जनसंपर्क में निहित है। प्रत्येक कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए पदयात्रा को सफल बनाने में जुटे।

इस अवसर पर जिला महामंत्री चैन सिंह, चेतराम अहिरवार, ऑफिसर यादव, कपिल कुशवाहा, श्याम सुंदर मिश्रा, अंकित तिवारी, सौरभ 

केशरवानी, अशोक पड़रिया, मधुकर जाटव, रामजी राजपूत, भानु प्रताप राजपूत, दिलीप नायक, हरलाल साहू, बंटी राठौर, पूनम साहू, उमा रजक, शिक्षा विश्वकर्मा, रेखा चौधरी,पार्षद, एल्डरमैन, प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

इस दौरान भाजपा के विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, पार्षद, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Share:

सागर पुलिस की सीसीटीवी टीम ने 3-4 घंटे में खोज निकाला ऑटो : सिंगरौली के युवक का खोया बैग लौटाया

सागर पुलिस की सीसीटीवी टीम ने 3-4 घंटे में खोज निकाला ऑटो : सिंगरौली के युवक का खोया बैग लौटाया


तीनबत्ती न्यूज: 24 नवंबर, 2026

सागर। सागर पुलिस के सीसीटीवी कैमरों की सतर्क निगरानी और पुलिस कंट्रोल रूम की तत्परता से सिंगरौली निवासी एक युवक का ऑटो में छूटा बैग सकुशल बरामद कर उसे वापस लौटा दिया गया। बैग में युवक के महत्वपूर्ण मूल शैक्षणिक एवं अन्य दस्तावेज रखे हुए थे। पुलिस टीम ने करीब 3 से 4 घंटे तक शहर के अलग-अलग स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर ऑटो और उसके चालक का पता लगाया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सिंगरौली निवासी प्रदीप शाह सागर के एसवीएन कॉलेज में बीटेक में प्रवेश संबंधी कार्य से आए थे। कॉलेज का काम पूरा करने के बाद वे ऑटो से रेलवे स्टेशन जा रहे थे। रास्ते में कटरा क्षेत्र में उतरकर उन्होंने दूसरा ऑटो कर लिया। इसी दौरान उनका बैग पहले ऑटो में ही छूट गया।

रेलवे स्टेशन पहुंचने पर बैग गायब होने का पता चला तो प्रदीप घबरा गए। बैग में रखे मूल दस्तावेज उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण थे। उन्होंने तत्काल थाना कैंट पहुंचकर पुलिस को जानकारी दी। वहां से उन्हें पुलिस कंट्रोल रूम भेजा गया।

कंट्रोल रूम में प्रभारी उप निरीक्षक (रेडियो) आर.के.एस. चौहान ने युवक को भरोसा दिलाया कि पुलिस बैग खोजने का हरसंभव प्रयास करेगी। उन्होंने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया को घटनाक्रम से अवगत कराया और सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कराई।

महिला प्रधान आरक्षक ने 3-4 घंटे खंगाले फुटेज

कंट्रोल रूम प्रभारी के निर्देशन में महिला प्रधान आरक्षक रेखा रजक को ऑटो की तलाश की जिम्मेदारी सौंपी गई। उन्होंने धैर्य और तकनीकी दक्षता के साथ लगातार 3-4 घंटे तक शहर के विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले।

सबसे पहले उस स्थान के कैमरों की जांच की गई, जहां युवक पहले ऑटो से उतरे थे। इसके बाद एक कैमरे से दूसरे कैमरे तक ऑटो की आवाजाही को ट्रैक किया गया। लगातार फुटेज का मिलान करने के बाद संबंधित ऑटो की पहचान कर उसका रजिस्ट्रेशन नंबर प्राप्त कर लिया गया। ऑटो की फोटो के आधार पर चालक का पता लगाया गया।

चालक को कंट्रोल रूम बुलाकर लौटाया बैग

पुलिस कंट्रोल रूम ने तत्काल ऑटो चालक से संपर्क किया और उसे कंट्रोल रूम बुलाया। आवश्यक पुष्टि के बाद चालक के पास मौजूद प्रदीप शाह का बैग उन्हें वापस सौंप दिया गया। बैग में रखे सभी मूल दस्तावेज सुरक्षित मिलने पर युवक ने राहत की सांस ली और सागर पुलिस का आभार जताया।

इस पूरी कार्रवाई में कंट्रोल रूम प्रभारी आर.के.एस. चौहान और महिला प्रधान आरक्षक रेखा रजक की विशेष भूमिका रही।पुलिस अधीक्षक संजीव सिंहा के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई से एक बार फिर शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों की उपयोगिता और पुलिस कंट्रोल रूम की सक्रियता सामने आई है। सागर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी परेशानी या आपात स्थिति में घबराएं नहीं, तत्काल पुलिस को सूचना दें।

Share:

लोकायुक्त पुलिस सागर ने उद्यान विभाग के सहायक संचालक को 50 हजार की रिश्वत लेते किया गिरफ्तार : शिक्षा विभाग में पदस्थ पत्नी को बनाया सह आरोपी

पन्ना में लोकायुक्त पुलिस सागर ने उद्यान विभाग के सहायक संचालक को 50 हजार की रिश्वत लेते किया गिरफ्तार  : शिक्षा विभाग में पदस्थ पत्नी को बनाया सह आरोपी

• चक्की-स्पेलर उद्योग की सब्सिडी जारी कराने के एवज में मांगे थे 2 लाख रुपए से अधिक; एक अन्य कर्मचारी पर भी 60 हजार रुपए मांगने का आरोप


तीनबत्ती न्यूज: 24 नवंबर, 2026

पन्ना। मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में सागर लोकायुक्त की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उद्यान विभाग के सहायक संचालक प्रदीप कुमार श्रीवास्तव को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। चक्की-स्पेलर उद्योग के लिए स्वीकृत सब्सिडी जारी कराने के एवज में अधिकारी द्वारा आवेदक से 2 लाख रुपए से अधिक की रिश्वत मांगे जाने का आरोप है। मामले में रिश्वत की रकम के लेनदेन में हेराफेरी के आरोप में  शिक्षा विभाग में पदस्थ उनकी पत्नी रवि खरे को भी आरोपी बनाया गया है।

यह भी पढ़ें: सागर: अधिवक्ता की शिक्षिका पत्नी पर हमला: केस की फीस को लेकर था विवाद:ऑटो चालक की आंखों में झोंकी मिर्ची

सब्सिडी के बदले मांगी जा रही थी रिश्वत

जानकारी के अनुसार, आवेदक भगवत साहू ने चक्की-स्पेलर उद्योग स्थापित करने के लिए आवेदन किया था। इसके लिए पति-पत्नी के नाम पर 11 लाख रुपए से अधिक का ऋण स्वीकृत हुआ था और 4 लाख रुपए से अधिक की सब्सिडी भी मंजूर हुई थी। आरोप है कि सब्सिडी की राशि जारी कराने के एवज में सहायक संचालक प्रदीप कुमार श्रीवास्तव ने भगवत साहू से 2 लाख रुपए से अधिक की रिश्वत की मांग की थी।



शिकायत के मुताबिक, विभाग के एक अन्य कर्मचारी प्रजापति ने भी 60 हजार रुपए की मांग की थी। बताया गया कि सब्सिडी की राशि जारी कराने के लिए रिश्वत मांगी जा रही थी।

ऑनलाइन नंबर से संपर्क कर लोकायुक्त में की शिकायत

रिश्वत की मांग से परेशान भगवत साहू ने ऑनलाइन उपलब्ध नंबर के जरिए भोपाल में संपर्क किया। वहां से सागर लोकायुक्त के निरीक्षक का नंबर मिलने के बाद उन्होंने बात की और सागर लोकायुक्त कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत का गोपनीय सत्यापन करने के बाद लोकायुक्त टीम ने कार्रवाई की रणनीति बनाई।

50 हजार रुपए लेते ही लोकायुक्त ने दबोचा

योजनाबद्ध तरीके से लोकायुक्त की टीम ने जाल बिछाया। जैसे ही सहायक संचालक प्रदीप कुमार श्रीवास्तव ने आवेदक से 50 हजार रुपए की रिश्वत ली, मौके पर मौजूद लोकायुक्त टीम ने उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया।

कार्रवाई के दौरान शिकायतकर्ता भगवत साहू ने रिश्वत की मांग से जुड़ी जानकारी दी। वहीं, सागर लोकायुक्त की निरीक्षक रोशनी जैन ने कार्रवाई के संबंध में जानकारी दी।

यह भी पढ़ें: वृंदावन बाग मठ ट्रस्ट की जमीन का सीमांकन अटका, जर्जर भवन भी बने खतरा • ट्रस्ट की संपत्तियों को संरक्षित करने की मांग को लेकर संत समाज मिलेगा प्रशासन से

पत्नी को बनाया आरोपी

लोकायुक्त इंस्पेक्टर रोशनी जैन ने बताया कि लोकायुक्त टीम द्वारा आरोपी सहायक संचालक के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। मामले में उनकी पत्नी रवि खरे को भी आरोपी बनाया गया है। पत्नी ने रिश्वत की रकम को शासकीय आवास से बाहर फेंका था।


Share:

सागर: अधिवक्ता की शिक्षिका पत्नी पर हमला: केस की फीस को लेकर था विवाद:ऑटो चालक की आंखों में झोंकी मिर्ची

सागर: अधिवक्ता की शिक्षिका पत्नी पर हमला: केस की फीस को लेकर था विवाद:ऑटो चालक की आंखों में झोंकी मिर्ची


तीनबत्ती न्यूज: 23 नवंबर, 2026

सागर। सागर शहर के बाघराज वार्ड स्थित आवासीय कॉलोनी के पास सोमवार सुबह सनसनीखेज मामला सामने आया। यहां ऑटो में बच्चों के साथ स्कूल जा रही एक शिक्षिका पर हमला करने के इरादे से पहुंचे आरोपी ने ऑटो चालक की आंखों में मिर्ची पाउडर झोंक दिया। शुरुआत में बच्चों के अपहरण के प्रयास की सूचना पर पहुंची मोतीनगर थाना पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी अधिवक्ता की पत्नी की हत्या करने की नीयत से वहां पहुंचा था। मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत ने सोमवार दोपहर 3 बजे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि सुबह करीब 9 बजे सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों ने आरोपी अजय तिवारी निवासी ढाना को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था।

जमीन और केस की फीस को लेकर चल रहा था विवाद

पुलिस के मुताबिक, आरोपी का अधिवक्ता  निवासी सनराइज मेगा सिटी से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोपी केस की फीस चुकाने में असमर्थ था, इसलिए उसने अपनी जमीन अधिवक्ता को खेती के लिए दे दी थी। अधिवक्ता ने जमीन पर बोरवेल कराकर उसे उपजाऊ बनाया और खेती शुरू कर दी। इसके बाद आरोपी की नीयत बदल गई और वह जमीन पर दोबारा कब्जा करना चाहता था। इसी बात को लेकर वह अधिवक्ता के परिवार से रंजिश रखने लगा था।

ऑटो चालक की आंखों में फेंका मिर्ची पाउडर

थाना प्रभारी जसवंत सिंह के अनुसार, सोमवार को आरोपी अधिवक्ता की पत्नी की हत्या करने के इरादे से पहुंचा था। वह पेशे से शिक्षिका हैं और बच्चों के साथ ऑटो में स्कूल जा रही थीं। आरोपी ने उन्हें निशाना बनाने के लिए पहले ऑटो चालक की आंखों में मिर्ची पाउडर झोंका और फिर चाकू से हमला करने की कोशिश की। हालांकि, मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और आरोपी अपने इरादे में सफल नहीं हो सका।

पहले भी हत्या और हत्या के प्रयास में जा चुका है जेल

पुलिस के मुताबिक, आरोपी वर्ष 2006 में हत्या और वर्ष 2021 में हत्या के प्रयास के मामले में जेल जा चुका है। यह जानकारी भी सामने आई है कि आरोपी महिलाओं के कपड़े पहनकर और चेहरा ढंककर वारदात को अंजाम देने की तैयारी से आया था। हालांकि, पुलिस को वह मौके पर इस वेशभूषा में नहीं मिला।

फिलहाल मोतीनगर थाना पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।

Share:

जिला महिला कांग्रेस सागर ग्रामीण की नई कार्यकारिणी घोषित: अध्यक्ष ऋचा सिंह ने जारी की सूची

जिला महिला कांग्रेस सागर ग्रामीण की नई कार्यकारिणी घोषित: अध्यक्ष ऋचा सिंह ने जारी की सूची


तीनबत्ती न्यूज: 23 नवंबर, 2026

सागर। जिला महिला कांग्रेस सागर ग्रामीण की नई जिला कार्यकारिणी घोषित कर दी गई है। मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती रीना बोरासी सेतिया के अनुमोदन एवं निर्देशानुसार जिला महिला कांग्रेस ग्रामीण की अध्यक्ष श्रीमती ऋचा सिंह गौड़ ने नई कार्यकारिणी की घोषणा की है। संगठन को मजबूत और सक्रिय बनाने के उद्देश्य से विभिन्न पदों पर महिला कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है।




नई कार्यकारिणी में इन्हें मिली जिम्मेदारी

संगठन महासचिव: ममता यादव

उपाध्यक्ष: ममता अहिरवार, मीना पटेल, दीपमाला कुशवाह, सुनीता राजपूत।

महासचिव: कृष्णा कैथोरिया, आरती ठाकुर, नीलम यादव, संगीता तिवारी, प्रामी जैन, रूकमणी देवी।

सचिव: नीता कुर्मी, अर्चना गोंड, अनुराधा वर्मा, प्रेमवती गोंड, कविता अहिरवार, जरीना बी, सुनाया विश्वकर्मा, शालू यादव, गीतांजलि जैन, विमला लारिया एवं प्रियांशी सिंह।

मीडिया प्रभारी: निकिता लोधी।

सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रभारी: राधा रानी आहूजा।


वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं का जताया आभार

नवनियुक्त पदाधिकारियों के मनोनयन पर जिला महिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष ऋचा सिंह गौड़ ने अखिल भारतीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती अलका लांबा, मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी हरीश चौधरी, पीसीसी अध्यक्ष जीतू पटवारी, जिला कांग्रेस कमेटी सागर ग्रामीण अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह मुहासा, सहित वरिष्ठ कांग्रेसजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि नई कार्यकारिणी संगठन को मजबूत करने और महिला कांग्रेस की गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएगी।

Share:

गौर जयंती पर विश्वविद्यालय में रक्तदान शिविर, 104 यूनिट रक्त संग्रहित • विश्वविद्यालय में ब्लड बैंक स्थापित करने का सुझाव

गौर जयंती पर विश्वविद्यालय में रक्तदान शिविर, 104 यूनिट रक्त संग्रहित

• विश्वविद्यालय में ब्लड बैंक स्थापित करने का सुझाव


तीनबत्ती न्यूज: 23 नवंबर, 2026

सागर। डॉ. हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय में 157वीं गौर जयंती के अवसर पर 23 नवंबर को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। अभिमंच सभागार में विश्वविद्यालय स्वास्थ्य केंद्र द्वारा आयोजित इस शिविर में विश्वविद्यालय परिवार और शहर के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए कुल 104 यूनिट रक्तदान किया। शिविर में प्राध्यापकों, अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने रक्तदान किया। एनसीसी और एनएसएस के स्वयंसेवकों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। आयोजन ने विश्वविद्यालय परिवार की सामाजिक संवेदनशीलता और जरूरतमंदों की मदद के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश दिया।



कुलपति ने किया शिविर का शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति प्रो. नागेश दुबे एवं कुलसचिव तथा शिविर संयोजक डॉ. अभिषेक कुमार जैन ने गौर साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। इसके बाद कुलपति ने दीप प्रज्ज्वलित कर रक्तदान शिविर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर कुलपति प्रो. नागेश दुबे ने रक्तदान के महत्व को बताते हुए सभी से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की। उन्होंने विश्वविद्यालय स्वास्थ्य केंद्र की पहल की सराहना करते हुए बताया कि डॉ. अभिषेक कुमार जैन अपनी स्वर्गीय माता की स्मृति में बिना किसी विश्वविद्यालयीय आर्थिक सहयोग के तीन स्वास्थ्य सेवा कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं। इनमें गौर साहब की जन्मस्थली शनीचरी में स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श शिविर, विश्वविद्यालय में रक्तदान शिविर तथा 24 नवंबर को वृद्धाश्रम में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर शामिल हैं।



विश्वविद्यालय में ब्लड बैंक स्थापित करने का सुझाव

कुलसचिव डॉ. अभिषेक कुमार जैन ने कहा कि रक्तदान ऐसा पुनीत कार्य है, जिसके माध्यम से किसी अनजान जरूरतमंद को जीवनदान दिया जा सकता है।गौर जयंती समारोह के मुख्य समन्वयक प्रो. आशीष वर्मा ने कहा कि दुर्घटनाओं, गंभीर बीमारियों, प्रसव संबंधी जटिलताओं और आपातकालीन परिस्थितियों में रक्त की उपलब्धता जीवन रक्षा का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने सुझाव दिया कि विश्वविद्यालय में स्वयं का ब्लड बैंक स्थापित करने की दिशा में गंभीरता से पहल होनी चाहिए, जिससे विश्वविद्यालय परिसर और सागर क्षेत्र के मरीजों को सुरक्षित रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिल सके।

प्रो. यू.के. पाटिल ने भी रक्तदान को मानवता की सेवा का श्रेष्ठ माध्यम बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।



चिकित्सकीय टीम और सहयोगियों का सम्मान

शिविर के आयोजन में बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज एवं जिला अस्पताल की चिकित्सकीय टीमों का विशेष सहयोग रहा। विशेष चिकित्सकीय सहयोग के लिए प्रो. डॉ. अमर गंगवानी और जिला अस्पताल के डॉ. महेश जैन को सम्मानित किया गया।

इसके अलावा एनसीसी अधिकारी डॉ. सुमन पटेल, श्री गौतम प्रसाद, एनएसएस समन्वयक श्री संजय शर्मा, यंत्री विभाग, एचडीएफसी बैंक मकरोनिया शाखा के श्री पंकज नेमा, एसबीआई के एरिया मैनेजर श्री सुनील कुमार सिंह, एसबीआई विश्वविद्यालय शिक्षण विभाग शाखा के प्रबंधक श्री पंकज श्रीवास्तव, पॉपकॉर्न मेडिकोज के श्री नीरज नागवानी, जय एप्लायंसेज के श्री अनुराग चौधरी तथा ईएमएमआरसी निदेशक डॉ. पंकज तिवारी को भी सम्मानित किया गया।

विश्वविद्यालय परिवार की रही सहभागिता

कार्यक्रम में प्रो. अशोक अहिरवार, प्रो. संध्या पटेल, प्रो. राजेंद्र यादव, प्रो. ऋतु यादव, प्रो. नवीन कांगो, प्रो. अस्मिता गजभिये एवं प्रो. रणवीर सिंह उपस्थित रहे। उपकुलसचिव श्री सतीश कुमार, श्री अनुपी शर्मा, श्रीमती ममता सिंह, श्री माधव चंद्रा, कर्मचारी कल्याण संघ के अध्यक्ष श्री के.के. राव एवं श्री अजब सिंह सहित विश्वविद्यालय के अनेक अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

विश्वविद्यालय स्वास्थ्य केंद्र की टीम ने रक्तदाताओं के पंजीयन, स्वास्थ्य परीक्षण और चिकित्सकीय व्यवस्थाओं सहित शिविर के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम का संचालन डॉ. किरण माहेश्वरी ने किया तथा आभार डॉ. भूपेंद्र पटेल ने व्यक्त किया।


गौर जयंती पर आयोजित इस शिविर में 104 यूनिट रक्त का संग्रह विश्वविद्यालय की सामूहिक सेवा भावना का प्रतीक बना। विश्वविद्यालय की ओर से शनीचरी में स्वास्थ्य परीक्षण, परिसर में रक्तदान और वृद्धाश्रम में स्वास्थ्य शिविर जैसी गतिविधियों के माध्यम से शिक्षा के साथ सामाजिक दायित्वों के निर्वहन का संदेश दिया गया।

Share:

www.Teenbattinews.com

Archive