बंसल क्लासेस,सागर +916232102606. +919340574756

प्रदेश के नगरीय निकायों के 107 वार्डों में भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध चुने गए★ निर्विरोध निर्वाचित भाजपा पार्षदों ने मंत्री भूपेन्द्र सिंह का भव्य अभिनंदन किया

प्रदेश के नगरीय निकायों के 107 वार्डों में भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध चुने गए

★ निर्विरोध निर्वाचित भाजपा पार्षदों ने मंत्री भूपेन्द्र सिंह का भव्य अभिनंदन किया

सागर।नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने आज पत्रकारों के समक्ष प्रदेश भर में निर्विरोध निर्वाचित हुए भाजपा पार्षदों के आंकड़े प्रस्तुत करते हुए बताया कि प्रदेश में कुल 107 वार्डों में भाजपा पार्षद निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। इसमें खुरई विधानसभा क्षेत्र की बरोदियाकलां, मालथौन व बांदरी नगर परिषदों के 45 में से 38 वार्डों के निर्विरोध निर्वाचित भाजपा पार्षद भी शामिल हैं। मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह की विकास योजनाओं और नीतियों को श्रेय देते हुए कहा कि इनसे ही भाजपा के पक्ष में एक तरफा माहौल बना है।

मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि भाजपा के पक्ष में निर्विरोध निर्वाचित पार्षदों की यह बड़ी संख्या इस बात का संकेत है कि प्रदेश की अन्य सभी नगर निगमों नगर पालिकाओं व नगर परिषदों में हो रहे चुनाव परिणामों में भाजपा को शानदार सफलता मिलेगी और कांग्रेस का सफाया हो जाएगा। इसकी शानदार शुरूआत हो चुकी है। मंत्री श्री सिंह ने बताया कि प्रदेश की रतलाम नगर निगम में भाजपा से एक पार्षद निर्विरोध निर्वाचित हुआ है। 76 नगर पालिकाओं के 1795 वार्डों में चुनाव चल रहे हैं जिनमें से 12 वार्डों में भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। 255 नगर परिषदों के कुल 3828 वार्डों में से 94 वार्डों में भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। 

     मंत्री श्री सिंह ने पत्रकारों को बताया कि सागर नगर निगम में भी भारतीय जनता पार्टी को शानदार सफलता प्राप्त होगी। आगामी 27 जून को मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह का सागर में रोड शो होगा जिसकी रूपरेखा भाजपा की संचालन समिति और पार्टी कार्यकर्ता तय कर रहे हैं। पत्रकार वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष गौरव सिरोठिया ने जिले के आंकड़े प्रस्तुत करते हुए बताया कि खुरई विधानसभा क्षेत्र की 3 नगर परिषदों के 45 वार्डों में से 38 पर, देवरी नगर पालिका के 15 वार्डों में से 2 पर, बीना नगर पालिका के 25 वार्डों में से 2 पर भाजपा पार्षद प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। इसी प्रकार सुरखी नगर परिषद के 2, बिलहरा नगर परिषद के 2 तथा शाहपुर नगर परिषद के 1 वार्ड में भाजपा पार्षद प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।  

कांग्रेस को नही मिले प्रत्याशी

मंत्री श्री सिंह ने प्रश्न के उत्तर में कहा कि कांग्रेस को खुरई विधानसभा क्षेत्र की नगर परिषदों में प्रत्याशी नहीं मिल सके जिसके कारण उन्होंने सूची भी जारी नहीं की। हम सभी मिलकर खुरई विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस का सफाया कर प्रधानमंत्री मोदी जी के कांग्रेस मुक्त भारत की संकल्प की दिशा में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा एक व्यक्ति की पार्टी नहीं है बल्कि करोड़ों कार्यकर्ताओं से मिलकर बना सुविचारित संगठन है। इसमें व्यक्ति नहीं पूरा संगठन चुनाव लड़ता है और यही सागर नगर निगम के चुनाव परिणामों में भी देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि सागर नगर निगम में भाजपा से 13 अभ्यर्थियों ने महापौर का टिकट मांगा था और अधिकृत प्रत्याशी की घोषणा के बाद शेष सभी दावेदार अपना पूरा समर्थन भाजपा प्रत्याशी श्रीमती संगीता सुशील तिवारी को देकर भाजपा के चुनाव अभियान में जुट गए और उनमें से बहुत से सेक्टर प्रभारी बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन ने चुनाव के लिए कुशलता से व्यूह रचना बनाई है। हमारी संचालन समिति बनी है जिसमें सभी प्रमुख लोग हैं जो प्रतिदिन बैठते हैं। विभिन्न टीमें बनाकर उनके प्रभारी नियुक्त किए गए हैं, सम्मेलन चल रहे हैं। सागर भाजपा का अजेय गढ़ था और अजेय गढ़ रहेगा। 
शहर के विकास को लेकर होगी परिचर्चा

 एक सवाल के जवाब में मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि हम शीघ्र ही विकास-पत्र के माध्यम से विकास का विजन जनता के सामने रखेंगे। इसमें विकास की रूपरेखा होगी। प्रदेश का घोषणा-पत्र जारी होगा। सागर नगर के लिए भी एक घोषणा-पत्र जारी होगा जिसमें भविष्य के विकास की योजनाएं होंगी। एक परिचर्चा आयोजित की जाएगी जिसमें नगर में सभी बुद्धिजीवियों, डाॅक्टरों, इंजीनियरों व उद्यमियों के साथ बैठकर तय किया जाएगा कि सागर के विकास के लिए और क्या-क्या आवश्यक है। वर्तमान के कार्याें के अलावा भविष्य के कार्याें का विजन डाक्यूमेंट भी इसमें दिखाया जाएगा, जो कि मुख्यमंत्री जी पहले ही देख चुके है। इस परिचर्चा में हम बताएंगे कि स्मार्ट सिटी और नगर निगम के जो काम स्वीकृत हुए हैं चल रहे हैं वे बनने के बाद कैसे लगेगें। स्टेडियम, सड़क, एलिवेटेड कारिडोर, पार्क, तालाब कैसा होगा इसका प्रेजेंटेशन भी परिचर्चा में होगा। 

     मंत्री श्री सिंह ने बताया कि लाखा बंजारा तालाब का 90 से 95 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। वर्षा पूर्व इसके कामों को पूरा करके इस साल इसमें पानी भरेंगे। सभी नाले वाहर किए जा चुके हैं। मोंगा बधान के हाईड्रोलिक गेट लगाए जा चुके हैं। तालाब की पिचिंग का कठिन काम था जो लगभग पूरा हो चुका है। एक अन्य सवाल के जवाब में मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि विकास के कामों को मूर्त रूप देने में समय तो लगता है। सड़कें एक दिन में नहीं बनती जो समय लगता है वह तो लगेगा ही। इससे निर्माण के दौरान असुविधा होगी लेकिन जब बनकर सामने आएंगी तो हमारा सागर सुव्यवस्थित और सुंदर दिखाई देगा। 

एक अन्य प्रश्न के उत्तर में कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कांग्रेस और भाजपा का फर्क यह है कि भाजपा कार्यकर्ताओं का संगठन है, जबकि कांग्रेस में कार्यकर्ता नहीं होते वहां सिर्फ नेता ही होते हैं। उदाहरण के लिए मध्यप्रदेश कांग्रेस में 500 महामंत्री व 700 उपाध्यक्ष हैं और भाजपा में यह सिर्फ तीन महामंत्री और आठ उपाध्यक्ष हैं। पत्रकार वार्ता के दौरान सांसद राजबहादुर सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष गौरव सिरोठिया, पूर्व मंत्री नारायण प्रसाद कबीरपंथी और भाजपा नेता नेवी जैन उपस्थित थे। 

अभिमान की सदैव पराजय होती हैः मंत्री भूपेन्द्र सिंह

निर्विरोध निर्वाचित भाजपा पार्षदों ने मंत्री भूपेन्द्र सिंह का भव्य अभिनंदन किया

 मैं बरोदियाकलां, मालथौन और बांदरी की आमजनता के चरणों में शीश नवाता हूं जिन्होंने भारतीय जनता पार्टी, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह जी चैहान के सबका साथ, सबका विकास, सुशासन और गरीब कल्याण के लिए किए गए कार्यों पर विश्वास जताते हुए 45 में से 38 भाजपा पार्षदों को निर्विरोध निर्वाचित होने में सर्वसम्मति से सहयोग और समर्थन जताया है। हम इसी तरह आगे प्रधानमंत्री मोदी जी के कांग्रेस मुक्त भारत के सपने को साकार करने की दिशा में कार्य करते हुए खुरई विधानसभा क्षेत्र को कांग्रेस मुक्त बनाने के लिए एकजुटता से काम करेंगे। नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने यह विचार निर्विरोध निर्वाचित हुए भाजपा पार्षदों के साथ आए सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा आयोजित ऐतिहासिक अभिनंदन समारोह में व्यक्त किए।_

     मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि मैं अपनी चुनावी व्यस्तताओं के एक दिन भी अपने विधानसभा क्षेत्र में नहीं जा सका और आप सभी ने मिलकर एक नगर परिषद व 45 में से 38 भाजपा पार्षदों को निर्वाचित करके गौरव हासिल किया है। यह विकास की जीत है। लेकिन किसी भी पार्षद के मन में यह भ्रम नहीं होना चाहिए कि यह निर्विरोध चुनाव उसने जीता है। सच यह है कि प्रधानमंत्री मोदी जी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह जी के नेतृत्व में जो विकास हुआ उस विकास के लिए यह समर्थन मिला है। इसलिए किसी भी पार्षद के मन में अभिमान और भ्रम नहीं होना चाहिए। इसका संकल्प लेकर ही जनता की सेवा में जुट जाएं। 
     मंत्री श्री सिंह ने कहा कि सभी वार्डों में 8 से 10 योग्य कार्यकर्ता टिकट के आकांक्षी थे और सभी कर्मठ और योग्य थे। चूंकि किसी एक का चयन ही हो सकता था ऐसे में पार्टी के निर्णय पर सभी ने अपनी आस्था और विश्वास जताया है। निर्वाचित पार्षद के मन में यह कभी न आए कि वही योग्य था और बाकी योग्य नहीं थे। स्मरण रखें अभिमान की सदैव पराजय होती है अतः उतनी ही अधिक विनम्रता आप सब में आ जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिन्हें इस बार अवसर नहीं मिल सका वे धैर्य के साथ पार्टी के प्रति विश्वास और निष्ठा रखें क्योंकि भाजपा में देर सबेर सभी को यथा योग्य जिम्मेदारी मिलती ही है। उन्होंने विगत सागर महापौर चुनाव में वर्तमान सांसद राजबहादुर सिंह को पूरी योग्यता के बावजूद टिकट न मिल सकने पर उनके पार्टी के प्रति समर्पण का उदाहरण देते हुए कहा कि राजबहादुर जी टिकट न मिलने से निराश नहीं हुए बल्कि पूरे धैर्य के साथ अधिकृत भाजपा प्रत्याशी के चुनाव अभियान में जुट गए थे। परिणाम आपके सामने हैं कि वे आज भारतीय जनता पार्टी के सांसद हैं। 

    मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि भाजपा किसी एक परिवार की पार्टी नहीं है यह कार्यकर्ताओं की पार्टी है। इसमें कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक अवसर मिले इसलिए ही ऐसे नियम बनाए गए हैं कि किसी नेता, सांसद, विधायक के परिवारों में एक से अधिक पद नहीं दिया जाता। इसी तरह 75 वर्ष से अधिक आयु के नेताओं कार्यकर्ताओं को टिकट नहीं दिया जा सकता। इन कड़े नियमों के चलते भाजपा का टिकट पाने से कई ऐसे कार्यकर्ता भी वंचित हो गए जिनकी जीत सुनिश्चित थी और सर्वे में उनका इकलौता नाम आ रहा था। पर पार्टी ने अपने कड़े नियमों से समझौता नहीं किया। 

     मंत्री श्री सिंह ने कहा कि कांग्रेस की आज जो दुदर्शा है वह परिवारवाद के कारण ही बनी है। प्रधानमंत्री श्री मोदी जी ने कांग्रेस मुक्त भारत का जो संकल्प लिया है वह इसी कारण से है कि कांग्रेस ने अपने 70 वर्ष के परिवारवादी शासन में देश को गरीबी, बेरोजगार, भुखमरी, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की ओर धकेल दिया था। उन्होंने कहा कि खुरई में कुछ महीनों पहले तक कांग्रेसी यह अफवाह फैलाते रहे कि यहां के जिला पंचायत, जनपद पंचायत, नगर पालिका अध्यक्ष, नगर परिषद अध्यक्ष जैसे सारे महत्वपूर्ण पद मंत्री भूपेन्द्र सिंह के परिवार वालों को ही मिलेंगे। लेकिन आप सभी ने देखा कि मेरे परिवार का एक भी सदस्य इन पदों को लेने के लिए आगे नहीं आया और सभी पर खुरई विधानसभा क्षेत्र के भारतीय जनता पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता चयनित हो रहे हैं। यहां तक कि मालथौन नगर परिषद में जो मात्र तीन कांग्रेसी पार्षद प्रत्याशी सामने आए हैं, उनमें भी एक ही परिवार की सगी मां बेटी हैं। 

      मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने निर्विरोध निर्वाचित सभी 38 भाजपा पार्षदों से कहा कि अब वे शेष 7 वार्डों में भाजपा प्रत्याशियों के खिलाफ लड़ रहे प्रत्याशियों की जमानत जब्त कराने की रणनीति पर जुट जाएं और माईक्रो लेबल पर इसके लिए प्रचार की रणनीति तैयार करें ताकि तीनों नगर परिषदें शत-प्रतिशत भारतीय जनता पार्टी के पार्षदों की रहें। मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने इस उपलब्धि के लिए मंत्री प्रतिनिधि लखन सिंह की कड़ी मेहनत और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच उनकी समनवय पूर्ण कार्यशैली की सराहना की। 
कार्यक्रम को सांसद राजबहादुर सिंह और सागर भाजपा जिलाध्यक्ष गौरव सिरोठिया और मंत्री प्रतिनिधि लखन सिंह ने भी संबोधित किया। अभिनंदन समारोह में बरोदियाकलां, मालथौन एवं बांदरी क्षेत्र से आए निर्विरोध निर्वाचित भाजपा पार्षदों और भाजपा के पदाधिकारियों कार्यकर्ताओं ने बड़े-बड़े पुष्प हारों से नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेन्द्र सिंह का अभिनंदन किया और भाजपा के समर्थन में जमकर नारे लगाए। सभी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह जी व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बीडी शर्मा का धन्यवाद और आभार व्यक्त किया। 


Share:

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

Archive