बंसल क्लासेस,सागर +916232102606. +919340574756

अटल जी असाधारण मनुष्य और ईश्वर का वरदान थे- मंत्री भूपेंद्र सिंह▪️ स्व अटल जी की जयंती पर 'सुशासन दिवस' मनाया


अटल जी असाधारण मनुष्य और ईश्वर का वरदान थे- मंत्री भूपेंद्र सिंह

▪️ स्व अटल जी की जयंती पर 'सुशासन दिवस' मनाया



सागर। स्व अटल बिहारी वाजपेई असाधारण मनुष्य और ईश्वर के वरदान थे। उनके जैसे गुण, प्रतिभा और वाक्शक्ति ईश्वर की ओर से विरले व्यक्तित्वों को ही मिली है।  यह उद्गार नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह ने जिला भाजपा कार्यालय में पूर्व प्रधानमंत्री स्व अटल बिहारी वाजपेई की जयंती पर भाजयुमो द्वारा आयोजित सुशासन दिवस समारोह में व्यक्त किए। मंत्री श्री सिंह ने कार्यक्रम में स्व श्री अटल जी की जयंती और डा हरी सिंह गौर की पुण्य तिथि पर दोनों विभूतियों को पुष्पांजलि अर्पित की। सभी ने बड़ी स्क्रीन पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के लोकप्रिय कार्यक्रम मन की बात का सामूहिक रूप से श्रवण किया।

            मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि अटल जी ऐसे महापुरुष थे जिनका संसद में पहला भाषण सुनकर ही पं जवाहरलाल नेहरू ने कहा था कि यह नौजवान आगे चल कर देश का प्रधानमंत्री बनेगा। श्री सिंह ने कहा कि अटल जी की राष्ट्रभक्ति शाश्वत थी। राष्ट्र के प्रति समर्पण में वे दलीय सीमाएं नहीं देखते थे। सन् 1971 के युद्ध के बाद जब बांग्लादेश पाकिस्तान से अलग हुआ तब अटल जी ने तत्कालीन प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी को देवी का अवतार कहा था।



             मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह ने बताया कि अटल जी देश के सबसे सफल विदेश मंत्री थे। उनके प्रखर राष्ट्रवाद, अंतर्राष्ट्रीय विषयों की समझ इतनी अथाह थी कि कांग्रेस सरकार के प्रधानमंत्री  नरसिंह राव ने भारत का प्रतिनिधित्व करने अटल जी को संयुक्त राष्ट्र संघ भेजा था। उनके भाषण को वैश्विक मंचों पर, संसद में और संसद के बाहर पिनड्राप साइलेंस के साथ मंत्रमुग्ध होकर सुना जाता था। ऐसे व्यंग्य बाण और अकाट्य तर्क अटल जी रखते थे कि विपक्ष के पास उनका कोई जबाव नहीं होता था। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि जब विचारधारा के नाम पर समाजवादियों ने जनसंघ से रिश्ता तोड़ कर जनता पार्टी का विखंडन किया तब 6 अप्रैल, 1980 को वाजपेई जी ने मुंबई के समुद्र तट पर भाजपा के स्थापना अधिवेशन में जो भाषण दिया था उस भाषण को सुन कर पता लगता है कि वे कितने दृढ़ संकल्पित, दूरदर्शी और समर्पित नेता थे। उन्होंने वहां उद्घोष किया था कि,' ... अंधेरा छटेगा, सूरज निकलेगा और कमल खिलेगा।' मंत्री श्री सिंह ने कहा कि उनके भाषण की एक एक पंक्ति भविष्य में सच हुई। आज भाजपा विश्व का सबसे विशाल और शक्तिशाली राजनैतिक दल है और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी विश्व के सबसे शक्तिशाली नेता हैं।



              मंत्री श्री सिंह ने युवा कार्यकर्ताओं को अटल जी के व्यक्तित्व और कृतित्व की जानकारी देते हुए कहा कि अटल जी के नेतृत्व में जब पहली 13 दिन की सरकार अविश्वास प्रस्ताव में सिर्फ एक वोट से गिरी तब वे चाहते तो एक की जगह 25 सांसद समर्थन में आ जाते। लेकिन अपने वक्तव्य में उन्होंने कहा था कि गलत तरीके से बनी हुई सरकार को वे चिमटे से भी छूना पसंद नहीं करेंगे। बावजूद इसके कि असम के मुख्यमंत्री मंत्री ने अपात्रता और अनीति के साथ संसद में वोट डाला था। इस घटना क्रम में सदन में  सरकार के खिलाफ भाषण देने वाले सांसद चंद्रशेखर अविश्वास मत एक वोट से हारने पर अटल जी के लिए अपनी सीट पर रो रहे रहे थे। इससे पता चलता है कि अटल जी का व्यक्तित्व कितना विराट और सर्वस्वीकार्य था।

               मंत्री श्री सिंह ने कहा कि अपने छह साल के शासनकाल में अटल जी ने देश की प्रगति के लिए ऐसे क्रांतिकारी निर्णय लिए जो मील का पत्थर साबित हुए। कश्मीर से कन्याकुमारी तक देश को चारों दिशाओं से एक सूत्र में जोड़ने वाला स्वर्णिम चतुर्भुज मार्ग जिसे हम फोरलेन के नाम से जानते हैं, देश के गांवों को शहरों से जोड़ने वाली प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, फसल बीमा योजना, नदी जोड़ो परियोजना जिसकी शुरुआत प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी और मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने केन बेतवा लिंक परियोजना के रूप में बुंदेलखंड से आरंभ किया, पोखरण का एतिहासिक परमाणु परीक्षण, कारगिल युद्ध में विजय ये सभी ऐसे निर्णय थे जिनसे भारत की विश्व में एक जिम्मेदार परमाणु महाशक्ति के रूप में  पहचान बनी। ये सभी अटल जी के नेतृत्व में लिए गए क्रांतिकारी निर्णय थे।



भाजयुमो के कार्यकर्ताओं से मंत्री श्री सिंह ने अटल जी की कविताएं पढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उनकी कविताओं के शब्द, एक एक पंक्ति जीवन में ऊर्जा भरने का काम करती है। मंत्री श्री सिंह ने छूआछूत पर स्व अटल जी के सूत्र वाक्य पर चलने को कहा ,और बताया कि अटल जी ने कहा था कि यदि परमात्मा भी स्वयं आकर मुझसे छुआछूत मानने को कहें तो ऐसे परमात्मा को मानने से मैं इंकार कर दूंगा, हालांकि परमात्मा ऐसा कहेंगे नहीं। मंत्री श्री सिंह ने कार्यक्रम के आयोजक भाजयुमो जिलाध्यक्ष यश अग्रवाल को कहा कि आज अटल जी पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को अटल जी की कविताओं की किताबें पुरस्कार के साथ दें। कोशिश करें कि सभी कार्यकर्ताओं ये किताबें पढ़ें। मंत्री श्री सिंह ने अटल जी की कुछ प्रसिद्ध कविताओं के मुखड़े भी कार्यकर्ताओं को सुनाए।

जिला भाजपा अध्यक्ष गौरव सिरोठिया ने अपने संबोधन में बताया कि मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह ने उनसे कहा है कि जिला भाजपा कार्यालय की ऊपरी मंजिल पर बड़े सभाकक्ष का निर्माण कार्य आरंभ किया जाए जिसमें हम सभी नेता, कार्यकर्ता सहयोग करेंगे।
कार्यक्रम को भाजपा जिलाध्यक्ष गौरव सिरोठिया,  सांसद राजबहादुर सिंह, यश अग्रवाल ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में महापौर प्रतिनिधि डा सुशील तिवारी, निगम परिषद अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, डा वीरेंद्र पाठक,  पार्षद शैलेन्द्र ठाकुर, रूबी पटेल, अर्पित पांडे, सुषमा यादव, मनोरमा उपाध्याय सहित सैकड़ों की संख्या में भाजपा और भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता शामिल थे।



Share:

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

Archive