बंसल क्लासेस,सागर +916232102606. +919340574756

कांग्रेस विकास विरोधी इसीलिए उसकी दुर्गति हुई - मंत्री भूपेंद्र सिंह▪️बंडा नगर पालिका और बरा नगर परिषद बनेगी, जल्द होगा नोटिफिकेशन


कांग्रेस विकास विरोधी इसीलिए उसकी दुर्गति हुई - मंत्री भूपेंद्र सिंह

▪️बंडा नगर पालिका और  बरा  नगर परिषद बनेगी, जल्द होगा नोटिफिकेशन



बंडा। कांग्रेस और विकास का आपस में कोई संबंध नहीं, उनकी राजनीति झूठे भावनात्मक मुद्दों और जातिगत विभाजन करके फूट डालो राज करो पर आधारित है जिसे जनता अच्छी तरह समझ चुकी है। इसीलिए कांग्रेस की देश भर में दुर्गति हो रही है। कांग्रेस पर यह टिप्पणी नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह ने यहां प्रतिमा अनावरण और हितग्राही सम्मेलन को संबोधित करते हुए की है। इस भव्य समारोह में मंत्री श्री सिंह ने बंडा नगर परिषद को शीघ्र नगरपालिका बनाए जाने, बरा को नगर परिषद बनाने,  अमृत मिशन के तहत बंडा की पेयजल समस्या के हल हेतु 18 करोड़ 14 लाख रु, नगर में अन्य विकास कार्यों के लिए 6 करोड़ रुपए, सब्जी मंडी की जमीन सहित निर्माण कार्य स्वीकृत किए हैं।

मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह ने समारोह में उपस्थित बड़े जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता आज भी विकास की बात नहीं करते। देश कौन सा टूट गया जो कांग्रेस नेता राहुल गांधी देश को जोड़ने की यात्रा पर निकल गये। ये लोग विकास की बातें नहीं करेंगे इनके मुंह से हिंदुओं का विरोध, भगवान राम का विरोध, भाजपा पर सांप्रदायिक होने के आरोप जैसे विषय ही निकलते हैं। यही कारण है कि देश भर में इनकी दुर्गति हो रही है और कांग्रेस खात्मे की ओर जा रही है। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि कांग्रेस का चुनावी इतिहास देखिए, उनके लिए गरीबी हटाओ, नेताओं की हत्या से उपजी सहानुभूति जैसे विषय चुनावी मुद्दे रहे लेकिन विकास कभी उनका मुद्दा नहीं रहा। जब से भाजपा की सरकारें आईं हैं देश में राजनीति की परिभाषा बदल गई और विकास केंद्रीय मुद्दा हो गया है।



मंत्री श्री सिंह ने कहा कि 2018 में भी कमलनाथ दादा की सरकार झूठ बोल कर बनाई गई। दस दिन में दो लाख का कर्जा माफ करने और बेरोजगारों को 4000 रुपए महीना भत्ता देने का झूठ बोल कर वोट लिया और सत्ता में आ गए। यहां एक भी किसान ऐसा नहीं जिसका दो लाख रुपए कर्ज माफ हुआ हो। किसी बेरोजगार को चवन्नी भी बेरोजगारी भत्ता कमलनाथ सरकार ने दिया हो तो इस सभा में बताए।



मंत्री श्री सिंह ने कहा कि सवा साल कांग्रेस की सरकार रही है,बंडा की जनता उनका कोई एक भी विकास कार्य बता सकती है? जबकि मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान की भाजपा सरकार ने बंडा को 2600 करोड़ रुपए लागत की उल्दन सिंचाई परियोजना दी जिससे बंडा, शाहगढ़ की समृद्धि का द्वार खुल जाएगा। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि यदि कांग्रेस की सरकार नहीं आई होती तो अब तक उल्दन बांध का पानी किसानों को एक खेतों में पहुंच चुका होता। इस परियोजना से 80 हजार हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी। इसमें 47 हजार एकड़ भूमि बंडा, शाहगढ़ क्षेत्र की, 12 हजार हेक्टेयर बक्सवाहा की और 14 हजार 6 सौ एकड़ मालथौन क्षेत्र की कृषि भूमि सिंचित होगी। पूरे इलाके के जलस्तर में वृद्धि होगी। मंत्री श्री सिंह ने बताया कि आगामी जून महीने में इस परियोजना का 50 प्रतिशत काम शुरू हो जाएगा, अगली गर्मियों में बांध में पानी भरा जाएगा और 2024 तक किसानों के खेतों में पाइपलाइन से पानी पहुंच जाएगा। पाइपलाइन डाले जाने का काम शुरू हो चुका है। इससे इतने प्रेशर से सीधे खेत में पानी आएगा कि बिना मोटर पंप के स्प्रिंकलर चल सकेंगे।



मंत्री श्री सिंह ने कहा कि बंडा के 141 गांवों में घर घर नल की टोंटी से पानी पहुंचाने की जलजीवन मिशन योजना पर काम शुरू हो चुका है। 200 करोड़ रुपए लागत की इस योजना की टेंडर प्रक्रिया संपन्न हो चुकी है। इसके लिए फिल्टर प्लांट का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है आप देख सकते हैं। उल्दन बांध का पानी 141 गांवों के घर घर पहुंचेगा जिससे हमारी माताओं बहिनों के लिए दूर से पानी लाने की समस्या से छुटकारा मिल जाएगा। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि बंडा नगर परिषद में अभी तक 24 करोड़ की लागत से 989 प्रधानमंत्री आवास बन कर तैयार हो चुके हैं। एक हजार और स्वीकृत कर रहे हैं। जितने भी पात्रों की सूची हो वह अविलंब नगर परिषद भेजें ताकि सभी के आवास तुरंत स्वीकृत किए जा सकें। मंत्री श्री सिंह ने मंच पर एसडीएम और तहसीलदार को बुला कर ऐसे आवासीय कब्जेधारियों की सूची बना कर पट्टे जारी करने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए जिनके कब्जे 31 दिसम्बर 2020 से पूर्व के हैं। उन्होंने कहा कि इन सभी आवेदकों को पट्टे मिलेंगे और उन्हीं पर पीएम आवास भी स्वीकृत होगा।

मंत्री श्री सिंह ने कहा कि देश और प्रदेश में इतने लंबे समय तक कांग्रेस का राज रहा कांग्रेस को कभी यह सुन नहीं आई कि गरीब का पक्का मकान हो सके। आज हम सब प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के आभारी हैं कि उन्होंने गांवों और शहरों में ढाई और दो लाख रुपए खातों में डाल कर गरीब के मकान पक्के बनवाने का काम शुरू किया। मंत्री श्री सिंह ने गरीबों और कमजोर वर्गों के लिए मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा शुरू की गई सभी महत्वपूर्ण योजनाओं का उल्लेख कर कहा कि ऐसी योजनाएं कांग्रेसियों के दिमाग में नहीं आतीं उनके दिमागों में चौबीसों घंटे सत्ता हथियाने की साजिशें बनती रहती हैं।


स्व हरनामसिंह राठौर का किया स्मरण

मंत्री श्री सिंह ने बंडा में स्व हरनाम सिंह जी के पहले चुनाव अभियान का स्मरण करते हुए कहा कि मैं स्वयं तब बंडा में डेढ़ महीने रहा और यहां के गांव गांव में काम किया। उन्होंने बताया कि कांग्रेस शासन में एक बार बंडा में चक्काजाम के दौरान एक भाजपा कार्यकर्ता को बचाते समय मुझे पुलिस की लाठियां झेलना पड़ीं। मंत्री श्री सिंह का सागर से बंडा जाते हुए साथ स्थानों पर स्वागत द्वारों और पंडाल लगा कर भव्य स्वागत किया गया। मंत्री श्री सिंह ने बरा चौराहे के पास महाराणा प्रताप की प्रतिमा का अनावरण किया, हितग्राहियों को अनुदान राशि वितरित की।

समारोह में भाजपा जिलाध्यक्ष गौरव सिरोठिया, पूर्व विधायक हरबंस सिंह राठौर, नप अध्यक्ष वैभवराज कुकरेले, जाहर सिंह, विजय जैन, हरिराम सिंह, शिवराजसिंह छापरी, जनपद अध्यक्ष लोकेंद्र सिंह, मंडल अध्यक्ष विवेक मिश्रा, महेंद्र जैन भूसा, रंजोर सिंह बुंदेला, देवपाल सिंह ठाकुर, अजीत सिंह चील पहाड़ी, सुनील जैन,  भैया राम लोधी , राजकुमार जैन ब्रा, अर्जुन सिंह लंबरदार, राघवेन्द्र सिंह, राजेंद्र सिंह गुमाना, लक्ष्मण सिंह लोधी, श्रीमती ऊषा ठाकुर, शीला ठाकुर, शाहगढ़ जनपद अध्यक्ष मनीष यादव, उमेश यादव, राजा भैया, नवीन भट्ट, अनुराग प्यासी, अजय जैन लंबरदार, युवा मोर्चा अध्यक्ष सतेंद्र यादव, सभी पार्षद गण रेखा शंकर पटेल, पीढ़ी राठौर, नारायण खान, श्रीमती अंजना रफीक सिद्दीकी, ऊषा बाई अहिरवार, श्रीमती नीतू मनोहर सिंह, कमला अंतू भैया, राजेश जैन महावीर, शालू अनिल यादव, महेंद्र सिंह लोधी, द्रौपदी प्रेमसिंह, अनिरुद्ध सिंह, किरण मोहन अहिरवार,सांसद प्रतिनिधि अर्जुन सिंह राणा सहित अनेक लोग उपस्थित थे।



_____________________________

एडिटर: विनोद आर्य
________
+91 94244 37885

तीनबत्ती न्यूज़. कॉम की खबरे पढ़ने
  NEW फेसबुक पेज  और ट्वीटर से जुड़ने  लाईक / फॉलो करे





ट्वीटर  फॉलो करें

वेबसाईट



______________________________




Share:

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

Archive