बंसल क्लासेस,सागर +916232102606. +919340574756

मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने शाहगढ़ नगर परिषद को दी 7.40 करोड़ की सौगातें▪️शाहगढ़ में नगर परिषद का शपथग्रहण समारोह सम्पन्न

मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने शाहगढ़ नगर परिषद को दी 7.40 करोड़ की सौगातें

▪️शाहगढ़ में नगर परिषद का शपथग्रहण समारोह सम्पन्न 

शाहगढ़।मध्यप्रदेश शासन के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने नागरिकों के मांग-पत्र पर शाहगढ़ के विकास हेतु 7.40 करोड़ की सौगातें दी हैं। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 850 आवास स्वीकृत करने तथा शाहगढ़ में कौशल विकास उन्नयन केन्द्र खोलने की घोषणा भी की है।_

     शाहगढ़ में नगर परिषद के नवनिर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह में उक्त घोषणा करते हुए मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि जनता ने विश्वास करके आपको चुना है और आपने आज जो शपथ ली है, उसका पालन करते हुए जनता की सेवा का काम करें। पार्षद प्रतिदिन अपने वार्ड का दौरा करें और जनसमस्याएं हल करें। साथ ही शासन की योजनाओं का क्रियान्वयन करायें। 

     मंत्री श्री सिंह ने शाहगढ़ नगर परिषद के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र हेतु 1 करोड़, लांच नदी के सौंदर्यीकरण, घाट निर्माण और गहरीकरण के लिए डेढ़ करोड़, लांच नदी में गिरने वाले गंदे नालों के सेपरेसन व नाला-नाली के सीसी निर्माण हेतु 3.70 करोड़, स्वच्छता हेतु एक जेसीबी, तीन कचरा गाड़ियां, वेक्यूम ट्रेक्टर 70 लाख, वार्डों में विभिन्न कार्याें के लिए 1 करोड़, तीन वार्डों में पार्क निर्माण के लिए 50 लाख रूपए स्वीकृत करने की घोषणा की। इसके अतिरिक्त बस स्टेण्ड हेतु व निस्तार के लिए आवश्यक वन भूमि के हस्तांतरण के प्रस्ताव बनाकर भेजने का निर्देश अधिकारियों को दिया। खेल परिसर व स्टेडियम, आवारा पशुओं के लिए नवीन गौशाला के निर्माण की स्वीकृतियां भी कीं। मंत्री श्री सिंह ने बताया बंडा विधानसभा क्षेत्र के लिए सबसे बड़ी सौगात उल्दन में धसान नदी पर बन रहा बांध है। जिससे 70 हजार हेक्टेयर भूमि की सिंचाई होगी और बण्डा को शत प्रतिशत सिंचित भूमि वाला क्षेत्र बनाने का लक्ष्य प्राप्त होगा। 


     मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि नगरीय निकाय और पंचायत चुनावों में हमें जो सफलता मिली है, उसके लिए भाजपा कार्यकर्ताओं को बधाई और जनता को धन्यवाद देता हूं। बंडा भाजपा का परम्परागत गढ़ रहा है। कांग्रेस की कर्जमाफी के धोखे में जनता समझ नहीं पाई और बंडा से विधानसभा का चुनाव हार गये। लेकिन 2023 के चुनाव में सागर जिले में सर्वाधिक मतों से भाजपा बंडा सीट जीतेगी। 

     मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि देश के इतिहास में यह पहली बार हुआ कि ओबीसी आरक्षण के साथ नगरीय निकाय व पंचायत चुनाव किसी प्रदेश में कराए गए हैं। यह भी पहली बार हुआ कि इतने कम समय में नगरीय निकाय व पंचायत चुनाव दोनों एक साथ करा लिए गए हों। इसके लिए मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह जी अभिनंदन के पात्र हैं जिन्होंने अपनी दृढ़ संकल्प शक्ति से सुप्रीम कोर्ट तक लड़ाई लड़कर ओबीसी वर्ग को आरक्षण दिलाया और कांग्रेस के षडयंत्र को असफल किया। अब सब जगह चुने हुए प्रतिनिधि पहुंच गये हैं। प्रदेश में 23 हजार पंचायतों में से 20600 में भाजपा के सरपंच निर्वाचित हैं। नगर परिषद्, पालिका और नगर निगमों में 85 प्रतिशत प्रत्याशी भाजपा के जीते हैं। उन्होंने कहा कि अब देश में भाजपा का कोई विकल्प नहीं है। प्रधानमंत्री माननीय नरेन्द्र मोदी जी सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के संकल्प को लेकर देश चला रहे हैं। आज दुनिया में अगर सर्वाधिक लोकप्रिय कोई नेता है तो वह माननीय नरेन्द्र मोदी जी हैं। 


     मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि देश से परिवारवादी पार्टियां समाप्त हो रही हैं। आये दिन बड़े नेता कांग्रेस छोड़ रहे हैं। कांग्रेस में अब सिर्फ गांधी परिवार की चापलूसी करने वाले ही बचे हैं। जनता समझ चुकी है कि परिवारवादी पार्टियों ने सिर्फ देश को लूटने का काम ही किया है। माननीय श्री नरेन्द्र मोदी जी ने तय किया है कि भाजपा में परिवारवाद नहीं चलेगा। जो कार्यकर्ता निष्ठा से कार्य करेगा उसे ही आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। 
     मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि वे प्रधानमंत्री माननीय श्री नरेन्द्र मोदी जी का अभिनंदन करते हैं, जिन्होंने देश में प्रधानमंत्री आवास योजना शुरू की। इसलिए आज मध्यप्रदेश के शहरों में 8 लाख आवास स्वीकृत हो चुके हैं। शाहगढ़ में 1250 आवास स्वीकृत हुए हैं, जिनकी लागत 300 करोड़ रूपए है। मंत्री श्री सिंह ने घोषणा की कि आज शाहगढ़ नगर परिषद क्षेत्र में और 850 आवास स्वीकृत किये जाते हैं। 


     उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी ने यह भी निर्णय लिया है कि अभियान चलाकर सभी गरीब परिवारों को मकान के पट्टे दिये जाएंगे, मंत्री श्री सिंह ने शाहगढ़ में कौशल विकास उन्नयन केन्द्र खोलने की घोषणा करते हुए कहा कि इससे युवाओं को रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि महिलाएं स्व सहायता समूह बनायें। काम शुरू करने के लिए नगर परिषद 10 हजार रूपये देगी और 4 प्रतिशत ब्याज पर बैंक से ऋण भी मिलेगा। उन्होंने निर्देश दिये कि अभी शाहगढ़ में जो 16 स्व सहायता समूह हैं, उन्हें एक माह में पैसा मिल जाना चाहिए। मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने शाहगढ़ के नागरिकों द्वारा सौंपे गए मांत्र-पत्र पर मंच से ही 7.40 करोड़ राशि स्वीकृत करने की घोषणा की। साथ ही अन्य मांगों को पूरा कराने के लिए उनके प्रस्ताव बनाने को कहा।


     शाहगढ़ की नगर परिषद के नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को शपथ और पदभार ग्रहण के साथ ही नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह की ओर से करोड़ों रूपए के विकास कार्यों, पीएम आवासों, सफाई मशीनों, उपकरणों, खेल परिसर और लांच नदी प्रोजेक्ट जैसी परियोजनाओं की स्वीकृति की सौगातें मिल गई हैं। इस तरह वर्षों से समग्र विकास के लिए प्रतीक्षा कर रहे शाहगढ़ नगर की जैसे एक साथ ही मन की मुराद पूरी हो गई है। मंत्री भूपेंद्र सिंह ने शाहगढ़ के वरिष्ठ भाजपा नेता रंजोर सिंह बुंदेला द्वारा सौंपे गए मांगपत्र की अधिकांश मांगों को मंजूरी दे दी।
     शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने के लिए शाहगढ़ नगर की जनता में भारी उत्साह देखने को मिला। स्वस्ति वाचन और कन्या पूजन की परंपरा के साथ आरंभ हुए शपथग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आए मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह से नगरवासियों को बड़ी उम्मीदें थीं जो कि पूरी भी हो गई। मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह ने प्रदेश स्तर पर शाहगढ़ नगर का नाम रोशन करने वाली प्रतिभा वान छात्राओं तृप्ति असाटी वह मुस्कान लोधी को सम्मानित किया। दिव्यांग रमेश पटैल को ट्राई साइकिल भी दी। 

     समारोह के पूर्व ही नगर परिषद के निर्वाचित उपाध्यक्ष पुनीत जैन ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। कार्यक्रम के मंच से सचिन भल्ला, पूर्व पार्षद जलील खान, शहजाद खान, प्रीतम आदिवासी, विमलेश अहिरवार, सुनील अहिरवार, निर्दलीय पार्षद कुंजी अहिरवार ने मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह के समक्ष भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा जिलाध्यक्ष गौरव सिरोठिया, महेन्द्र प्रताप, गुलाबचंद गोलन, राजेन्द्र तिवारी, जाहर सिंह, लक्ष्मण सिंह, नेवी जैन, अजीत सिंह, लोकेन्द्र सिंह, चंदाबाई कौशल्या राजदूत, राजकुमार जैन, राजा ठाकुर, विनोद डेवडिया, वृन्दावन पटैल, मुकेश जैन, राजा भैया बुंदेला, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती राधा बाबूलाल खटीक, उपाध्यक्ष पुनीत जैन, नवनिर्वाचित पार्षदगणों सहित विशाल संख्या में नगरवासी उपस्थित थे। 


Share:

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

Archive