बंसल क्लासेस,सागर +916232102606. +919340574756

MP: 413 नगरीय निकायों की शिव वाटिका में लगेंगे 23 हजार 360 पौधे : मंत्री भूपेंद्र सिंह

MP:  413 नगरीय निकायों की शिव वाटिका में लगेंगे 23 हजार 360 पौधे : मंत्री भूपेंद्र सिंह



भोपाल,2 मार्च,2023। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के जन्म-दिवस 5 मार्च को सभी 413 नगरीय निकायों में निर्मित “शिव वाटिका“ में 23 हजार 360 पौधे लगाये जायेंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा इसी दिन लाड़ली बहना योजना शुरू की जा रही है। नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने यह जानकारी दी। मंत्री श्री सिंह ने इस आयोजन के संबंध में प्रमुख सचिव नगरीय विकास एवं आवास विभाग श्री नीरज मंडलोई, आयुक्त नगरीय प्रशासन श्री भरत यादव और कमिश्नर नगर निगम भोपाल श्री केवीएस चौधरी के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए।

नगरीय विकास मंत्री श्री सिंह ने कहा कि शिव वाटिका में महिलाओं द्वारा प्राथमिकता से पौध-रोपण किया जायेगा। उन्होंने कहा कि पर्यावरण-संरक्षण और संवर्धन के लिए हर क्षण समर्पित हमारे मुख्यमंत्री के लिए पौध-रोपण जन्मदिन का सबसे बड़ा उपहार है। पौध-रोपण की तैयारी 3 मार्च से शुरू हो जायेगी। स्थानीय प्रजाति के पौधों को प्राथमिकता से लगाया जायेगा।

मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए कहा है कि संपूर्ण मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के शुभारंभ के अवसर पर पौधारोपण कर बहनें अपने लाड़ले भाई, नर्मदा पुत्र श्री शिवराज सिंह चौहान जी का जन्मदिन मनाएंगी। यशस्वी मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना को 5 मार्च 2023 को संपूर्ण प्रदेश में प्रारंभ किया जा रहा है। इस योजना के अंतर्गत पात्र परिवार की महिला को प्रतिमाह 1000 रूपये राज्य सरकार द्वारा प्रदान किये जाएंगे
उसके उपलक्ष्य में महिलाओं द्वारा प्रदेश के सभी 413 नगरीय निकायों में निर्मित ‘‘शिव वाटिका‘‘ में  पौधारोपण होगा।

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री सिंह ने बताया कि प्रदेश भर में देश में 23 हजार 360 पौधे लगाए जाएंगे। यह कार्यक्रम प्रातः 8 बजे संपूर्ण प्रदेश में आयोजित होगा। कार्यक्रम की तैयारियां कल 3 मार्च से ही शुरू हो जाएंगी। स्थानीय प्रजाति के पौधों को प्राथमिकता दी जाएगी।समाज के सभी वर्गों के प्रतिनिधित्व से सभी शिव वाटिका में पौधे रोपित किए जाएंगे।

मंत्री श्री सिंह ने कहा है कि हमारे मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान जी हम सभी के लिए सौभाग्य और वरदान हैं  जिन्होंने समाज के विभिन्न वर्गों की न सिर्फ चिंता की बल्कि विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से उनके जीवन में बदलाव के नए युग की शुरूआत की।  उन्होंने हम मध्यप्रदेश वासियों के लिए ही नहीं बल्कि पर्यावरण के लिए भी अपना जीवन समर्पित कर दिया है। 5 मार्च को माननीय मुख्यमंत्री जी का जन्मदिन है। ईश्वर से हम सभी प्रार्थना करते हैं कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान जी को दीर्घायु प्रदान करें। हम सभी की ऐसी शुभकामनाएं हैं। मुख्यमंत्री जी स्वयं पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रति क्षण समर्पित रहते हैं। विगत 2 वर्ष से अनवरत जारी प्रतिदिन पौधारोपण का उनका संकल्प है। 19 फरवरी को ही उनके संकल्प के 2 वर्ष पूर्ण हुए हैं। 5 मार्च को जन्मदिन के अवसर पर पूरे प्रदेश में समाज के सभी वर्गों की महिलाएं पूरे प्रदेश में वृहद पैमाने पर पौधारोपण कर जन्मदिन मनाएंगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी 413 नगरीय निकायों में शिव वाटिका की तैयारियों को 4 मार्च को अंतिम स्वरूप दिया जाएगा। सायं 5 बजे तक पौधे निर्धारित स्थानों पर पहुंचा दिये जाएंगे। लाड़ली बहना योजना को लेकर प्रदेश की महिलाओं में खासा उत्साह है और वह जन्मदिन के अवसर पर अपने लाड़ले भाई शिवराज सिंह चौहान को उपहार देने को भी उत्सुक हैं। ऐसे में उन्हें शिव वाटिका के माध्यम से यह अवसर प्राप्त होगा।



Share:

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

Archive