बंसल क्लासेस,सागर +916232102606. +919340574756

ग्राम पंचायत हड़ली को मिला दीनदयाल उपाध्याय पंचायत सशक्तिकरण पुरस्कार, ★ प्रधानमंत्री ने खाते में ट्रांसफर किए 10 लाख रुपये, ★ पधानमंत्री का मंत्री भूपेंद्र सिंह ने किया आभार व्यक्त

ग्राम पंचायत हड़ली को मिला दीनदयाल उपाध्याय पंचायत सशक्तिकरण पुरस्कार, ★ प्रधानमंत्री ने खाते में ट्रांसफर किए 10 लाख रुपये,
★ पधानमंत्री का मंत्री भूपेंद्र सिंह ने किया आभार व्यक्त


सागर। पंचायती राज दिवस पर रविवार को जिले भर में विशेष ग्राम सभा में हुई। मालथौन ब्लॉक की ग्राम पंचायत हड़ली में भी हुई ग्राम सभा यादगार बन गई। भारत सरकार द्वारा ग्राम पंचायत हड़ली को दीनदयाल उपाध्याय पंचायत सशक्तिकरण सम्मान-2022 से नवाजा गया। जम्मू में हुए कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वन क्लिक से हड़ली पंचायत के खाते में 10 लाख रुपए ट्रांसफर किए। ग्राम सभा के दौरान जनपद पंचायत मालथौन के डीईओ एसआर मिश्रा ने हड़ली पहुंच कर पंचायत को भारत सरकार द्वारा दिए गए दीनदयाल उपाध्याय पंचायत सशक्तिकरण सम्मान-2022 का सर्टिफिकेट सरपंच-सचिव को ग्रामीणों की उपस्थिति में दिया।


 गौरतलब है कि इस साल यह सम्मान लेने वाली हड़ली पंचायत जिले की इकलौती पंचायत है। ग्राम सभा के दौरान जम्मू में हुए कार्यक्रम और प्रधानमंत्रीजी के भाषण का लाइव प्रसारण भी किया गया। ग्रामवासियों ने प्रधानमंत्रीजी के संबोधन को चुना और अपनी पंचायत में नवाचार करने और आगे भी नए लक्ष्य हासिल करने का संकल्प लिया। सरपंच अनीता तुलसीराम अहिरवार ने कहा यह जो अवार्ड मिला है, यह बड़ी उपलब्धि है। इससे हमारी जिम्मेदारी और बढ़ जाती है कि हम आगे और अच्छा काम करें। हमें पूर्ण विश्वास है कि सामूहिक रूप से हम हर तरह के नवाचार करते हुए आगे भी सफल होंगे। ऐसा करते हुए ही अपनी पंचायत को सबके लिए रोल मॉडल बनाएंगे। विनोद तिवारी बोबई ने कहा यह सम्मान पंचायत के प्रतिनिधियों, ग्रामवासियों के सामूहिक प्रयासों का फल है। क्षेत्रीय विधायक और नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह द्वारा पंचायत को किए गए निरंतर सहयोग और समय-समय पर पंचायतवासियों द्वारा रखी गई मांगों को पूरा करने से ही यह संभव हो पाया है। 


जनपद के डीईओ एसआर मिश्रा ने कहा ग्राम पंचायत हड़ली ने राष्ट्रीय सम्मान हासिल कर एक मिसाल कायम की है। इसलिए भी यह बड़ी उपलब्धि है क्योंकि यहां की सभी पंच और सरपंच महिलाएं हैं। उन्होंने साबित करके दिखाया है कि वे हर क्षेत्र में क्यों अव्वल हैं। सभी को इनसे प्रेरणा लेते हुए ऐसे ही उत्कृष्ट कार्य करना चाहिए। इस दौरान पंचायत सचिव संतोष विश्वकर्मा और रोजगार सहायक माधुरी तिवारी ने ग्राम सभा के एजेंडे का वाचन किया। पंचायत विकास के लिए कई निर्णय ग्राम सभा के दौरान लिए गए। ग्रामवासियों द्वारा रखे गए मुद्दों को भी इनमें शामिल किया गया। ग्राम सभा में उपसरपंच गुड्डीबाई, झलकन लोधी, सतेंद्र घोषी, प्रताप आठिया, तुलसीराम अहिरवार, मोना अहिरवार, सुनील आठिया, सतीश आठिया, भान सेन, मंटी आदिवासी सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, आशा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।


प्रधानमंत्री जी ने मालथौन ब्लाक की हड़ली पंचायत को सम्मानित किया, मंत्री भूपेंद्र सिंह ने किया आभार व्यक्त

सागर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने आज जम्मू में आयोजित कार्यक्रम में मालथौन ब्लॉक की ग्राम पंचायत हड़ली को भारत सरकार की ओर से पं दीनदयाल उपाध्याय पंचायत सशक्तिकरण सम्मान-2022 प्रदान किया। प्रधानमंत्री जी ने वन क्लिक से हड़ली पंचायत के खाते में 10 लाख रुपए ट्रांसफर किए।

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह ने  खुरई विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत को सम्मानित करने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का कोटिशः आभार व्यक्त करते हुए हड़ली पंचायत के सभी नागरिकों को बधाई दी।

Share:

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

Archive