बंसल क्लासेस,सागर +916232102606. +919340574756

खुरई की प्रसिद्ध शाही बारात में शामिल हुए मंत्री भूपेन्द्र सिंह

खुरई की प्रसिद्ध शाही बारात में शामिल हुए मंत्री भूपेन्द्र सिंह


 खुरई। खुरई के प्रसिद्ध श्री भूतेश्वर महादेव जी मंदिर से निकली भोलेबाबा की ’शाही बारात’ को नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह ने पारंपरिक विधिविधान के साथ रवाना कराया। श्री महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह ने यहां के श्री भूतेश्वर महादेव जी मंदिर में 1 करोड़ की लागत से कराए गए सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण किया साथ ही शाही बारात में शामिल होने वाली भगवान भोलेनाथ की पीओपी प्रतिमा के स्थान पर पीतल की प्रतिमा बनवाने की घोषणा भी मंत्री श्री सिंह ने की। 
     महाशिवरात्रि पर प्रतिवर्ष के अनुसार खुरई पहुंचे मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह ने यहां के प्राचीन भूतेश्वर  महादेव में भगवान शिव का पूर्ण वैदिक अनुष्ठान और मंत्रोच्चारण के साथ अभिषेक किया। तदोपरांत अभिषेक में सम्मिलित विप्रजनों का सम्मान किया। उन्होंने एक करोड़ की लागत से हुए सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण करके मंदिर की यज्ञशाला, उद्यान का अवलोकन किया फिर दूल्हा बने महादेव की आरती कर शाही बारात की निकासी कराई। 


     मंत्री श्री सिंह लंबी दूरी तक शाही बारात में पैदल शामिल हुए और शिवभक्तों के साथ नृत्य भी किया। ढाई किलोमीटर लंबी शिवजी की शाही बारात को खुरई नगर का सबसे बड़ा धार्मिक उत्सव माना जाता है जो मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह के कार्यकाल में प्रतिवर्ष और भव्य रूप लेता जा रहा है।इस वर्ष भी शाही बारात की तैयारियों की जिम्मेदारी मंत्री प्रतिनिधि श्री लखन सिंह को मंत्री श्री सिंह द्वारा सौंपी गई थी। इस वर्ष की शाही बारात में वृंदावन, बनारस, महाराष्ट्र व गुजरात के कलाकारों ने हिस्सा लिया है। बारात में शामिल कुल सौ से ज्यादा झांकियों में 40 ट्रालों पर जीवंत पात्रों की मनोरम झांकियां थीं। महारास लीला, गिरिराज धरण, रामेश्वरम प्रसंग, श्री राधाकृष्ण जी सहित देश गण,ऋषि, मुनि, सुर असुर , अघोरी, भूतपलीत, पिशाचों सहित सभी की झांकियां और पात्रों के साथ ऐसी रचना की गई थी जैसे कि भोलेनाथ की बारात का विवरण पौराणिक आख्यानों में मिलता है। तोप और जेसीबी पर भी झांकियां थीं। 

     शाही बारात खुरई के भूतेश्वर महादेव मंदिर से आरंभ होकर टैगोर वार्ड, पठार, किलागेट, झंडा चौक, परसा चौक, पुरानी गल्ला मंडी होती हुई वापस श्री भूतेश्वर मंदिर पहुंची जहां वैवाहिक अनुष्ठान का आयोजन होता है। इस आयोजन की विशेषता चार पहर तक निरंतर चलने वाला वैदिक मंत्रों के साथ होने वाला शिव अभिषेक है जो रात्रि में संपन्न होता है। शाही बारात में खुरई नगर और आसपास के ग्रामों से भारी संख्या में महिला पुरुष शिव भक्त सम्मिलित होते हैं। इसमें हजारों की संख्या में प्रत्येक वार्ड से आई युवाओं की टीमें ऐसी विविध वेशभूषा में शामिल होकर लगातार नाचते हैं जिससे पूरा वातावरण किसी कार्निवल की तरह शिवत्व मयी दिखाई देता है। सैकड़ों तोरण, प्रसाद, खीर, मिष्ठान और जल के स्टाल विभिन्न संगठनों द्वारा लगाए जाते हैं जिनमें बिना किसी भेद भाव के सभी वर्गों के शिवभक्त शामिल होते हैं।
शाही बारात में पुलिस व प्रशासन ने चुस्त दुरुस्त व्यवस्थाएं की थीं। समारोह में पूरे समय मंत्री प्रतिनिधि लखन सिंह, जनप्रतिनिधियों, भाजपा संगठन पदाधिकारी, कार्यकर्ता और सभी गणमान्यों ने हिस्सा लिया।


Share:

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

Archive